Home Blog Page 64

*मॉकड्रिल: बाढ़ में डूब रहे लोगों को रेस्क्यू टीम ने तुरंत बचाया*

0

*मॉकड्रिल: बाढ़ में डूब रहे लोगों को रेस्क्यू टीम ने तुरंत बचाया*

*बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारियों को परखा, रामगढ़ में हुआ मॉक एक्सरसाइज*

*स्वास्थ्य, पेयजल, संचार और राहत शिविर तक व्यवस्थाओं का किया गया अभ्यास*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली// भारत सरकार के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशानुसार बाढ़ आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से आज मुंगेली जिले में मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। जिले के ग्राम रामगढ़ स्थित अमृत सरोवर में आयोजित बाढ़ आपदा अभ्यास के दौरान जिला प्रशासन सहित विभिन्न विभागों ने बाढ़ की स्थिति के दौरान राहत, बचाव एवं पुनर्व्यवस्था संबंधी कार्यों का अभ्यास किया। मॉक एक्सरसाइज में संभावित बाढ़ आपदा के दौरान विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया, संसाधनों की उपलब्धता और राहत-बचाव कार्यों की प्रभावशीलता को परखा गया।

इस दौरान बाढ़ में फंसे लोगों का सफल रेस्क्यू कर आपदा के समय सतर्क रहने और सुरक्षित रहने के उपाय बताए गए। मॉकड्रिल में बाढ़ के दौरान बीच नदी में एक नाव पलटने का दृश्य प्रस्तुत किया गया। रेस्क्यू टीम ने तत्काल नाव से कुछ ही मिनटों में लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद उन्हें सीपीआर देकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया तथा एंबुलेंस से बाढ़ राहत शिविर भेजा गया। मॉकड्रिल के दौरान पशुपालन विभाग ने भी पशुपालकों को बाढ़ के समय पशुओं को बीमारियों से बचाने के उपाय बताए।

मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज ने बताया कि अभ्यास के दौरान नगर सेना एवं बचाव दल द्वारा आवश्यक उपकरणों एवं मोटर बोट के साथ बचाव कार्य की तैयारी का प्रदर्शन किया गया। जल संसाधन विभाग द्वारा बाढ़ के दौरान प्राप्त सूचनाओं के संकलन एवं नियंत्रण कक्ष में संचार व्यवस्था का अभ्यास किया गया। वन विभाग को प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने तथा आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई। प्लास्टिक की पानी की बोतलों, केले के थंभों और अन्य तैरने योग्य वस्तुओं की मदद से सुरक्षित स्थान तक पहुंचा जा सकता है। सर्पदंश की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेने की सलाह दी गई।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभ्यास स्थल पर चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, जीवन रक्षक दवाइयों एवं आवश्यक उपकरणों के साथ चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने का अभ्यास किया गया। लोक निर्माण विभाग द्वारा मार्गों से अवरोध हटाने एवं आवागमन सुचारू बनाए रखने तथा पुलिस विभाग द्वारा वायरलेस संचार, यातायात एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की व्यवस्थाओं को परखा गया। पशु चिकित्सा विभाग द्वारा प्रभावित पशुओं के उपचार, विद्युत विभाग द्वारा विद्युत व्यवस्था, खाद्य विभाग द्वारा भोजन पैकेट, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा पेयजल एवं जल निकासी तथा दूरसंचार विभाग द्वारा संचार व्यवस्था से संबंधित तैयारियों का अभ्यास किया गया। परिवहन विभाग द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों के लिए मिनी बस की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।

राजस्व विभाग द्वारा राहत शिविर के संचालन, प्राप्त सूचनाओं के संकलन एवं वरिष्ठ अधिकारियों तक जानकारी पहुंचाने तथा प्रभावित लोगों को सहायता उपलब्ध कराने की कार्यवाही का अभ्यास किया गया। पंचायत एवं नगरीय निकाय द्वारा प्रभावित लोगों के ठहरने एवं आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था को भी मॉक ड्रिल में शामिल किया गया। मॉक एक्सरसाइज के दौरान रिलीफ कैम्प, चिकित्सालय जैसे महत्वपूर्ण आपदा प्रबंधन बिंदुओं को भी अभ्यास में शामिल किया गया। जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों के नोडल एवं पर्यवेक्षण अधिकारियों को निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुरूप आवश्यक अमले एवं उपकरणों के साथ अभ्यास में शामिल किया गया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और एसडीआरएफ टीम तथा नगर सैनिक मौजूद रहे।

*बिना प्रोटोकॉल, सीधे बच्चों के बीच—तोखन साहू ने सुने सपने, समझी जरूरतें और जानी विद्यालय की जमीनी हकीकत*

0

*बिना प्रोटोकॉल, सीधे बच्चों के बीच—तोखन साहू ने सुने सपने, समझी जरूरतें और जानी विद्यालय की जमीनी हकीकत*

*अचानक पीपरतराई स्कूल पहुंचे केंद्रीय राज्यमंत्री; विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद के साथ शिक्षा, मध्यान्ह भोजन, खेलकूद और मूलभूत सुविधाओं का लिया जायजा*

संदीप साहू ब्यूरो बिलासपुर:- जनप्रतिनिधि जब औपचारिकताओं और प्रोटोकॉल से आगे बढ़कर सीधे बच्चों के बीच पहुंचता है, तो विकास की तस्वीर कागजों से निकलकर जमीनी हकीकत में दिखाई देती है। ऐसा ही आत्मीय दृश्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पीपरतराई में देखने को मिला, जब केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री एवं बिलासपुर सांसद श्री तोखन साहू बिना किसी पूर्व सूचना और औपचारिक प्रोटोकॉल के अचानक विद्यालय पहुंच गए।

विद्यालय पहुंचकर श्री साहू ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और यह समझने का प्रयास किया कि विद्यार्थियों को वास्तव में किस प्रकार की सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने कक्षाओं, पेयजल, स्वच्छता, शौचालय, विद्युत, बैठने की व्यवस्था सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली।

इसके बाद श्री साहू सीधे विद्यार्थियों के बीच पहुंचे। उन्होंने बच्चों से सहज और आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, परीक्षा की तैयारियों, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में जाना। उन्होंने बच्चों का सुख-दुःख पूछा और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना।

बच्चों की थाली में पोषण, खेल के मैदान में आत्मविश्वास

श्री साहू ने विद्यालय में संचालित मध्यान्ह भोजन व्यवस्था की भी जानकारी ली। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, पौष्टिकता, स्वच्छता और नियमितता पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ मन और बेहतर शिक्षा की आधारशिला है।

उन्होंने खेलकूद की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। श्री साहू ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। खेल बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करते हैं।

हर बच्चे के सपने को मिले सही दिशा

विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए श्री साहू ने कहा कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास सफलता की सबसे मजबूत सीढ़ियां हैं। हर विद्यार्थी के भीतर आगे बढ़ने की क्षमता होती है। आवश्यकता है उसे सही अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने की।

उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों की पढ़ाई के साथ उनके स्वास्थ्य, पोषण, खेलकूद और व्यक्तिगत आवश्यकताओं पर भी संवेदनशीलता से ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा नहीं करते, बल्कि बच्चों के सपनों को दिशा देकर राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करते हैं।

प्रोटोकॉल से परे, जनसेवा की आत्मीय तस्वीर

श्री साहू का बिना पूर्व सूचना विद्यालय पहुंचना और सीधे विद्यार्थियों के बीच जाकर उनसे संवाद करना जनप्रतिनिधित्व की उस संवेदनशील कार्यशैली को सामने लाता है, जिसमें कागजी रिपोर्ट से अधिक महत्व जमीनी अनुभव और लोगों की आवाज को दिया जाता है।

पीपरतराई में बच्चों के बीच बिताया गया समय केवल विद्यालय निरीक्षण नहीं, बल्कि उनके सपनों, जरूरतों और उम्मीदों को समझने का आत्मीय प्रयास रहा। क्योंकि बेहतर भविष्य की शुरुआत सिर्फ बेहतर भवनों से नहीं, बल्कि तब होती है जब किसी बच्चे को यह विश्वास मिले कि उसके सपनों को सुनने और उन्हें दिशा देने वाला कोई उसके साथ खड़ा है।

इसके पश्चात लोरमी प्रवास के दौरान श्री साहू ने विश्राम गृह में पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ताओं एवं साथियों से आत्मीय भेंट-मुलाकात की तथा क्षेत्र के विकास और जनसेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक संवाद किया।

*शराब सेवन कर स्कूल पहुंचने की शिकायत पर शिक्षक उमेश कुमार यादव निलंबित*

0

*शराब सेवन कर स्कूल पहुंचने की शिकायत पर शिक्षक उमेश कुमार यादव निलंबित*

मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली— शाला समय में शराब का सेवन कर विद्यालय में उपस्थित होने तथा विद्यालय से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने की शिकायत की जांच के बाद जिला शिक्षा अधिकारी मुंगेली ने शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय केशलीकला में पदस्थ शिक्षक एल.बी. श्री उमेश कुमार यादव के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय मुंगेली द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह कार्रवाई 6 अगस्त 2026 को की गई है। प्राप्त आदेश के मुताबिक उमेश कुमार यादव, शिक्षक एल.बी., शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय केशलीकला, विकासखंड मुंगेली के विरुद्ध 22 जुलाई 2026 एवं 27 जुलाई 2026 को शाला समय में शराब का सेवन कर विद्यालय में उपस्थित होने तथा विद्यालय से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने संबंधी शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत की जांच विकासखंड शिक्षा अधिकारी मुंगेली के माध्यम से कराई गई। जांच के दौरान संबंधित शिक्षक का चिकित्सकीय परीक्षण थाना फास्टरपुर सेतगंगा के माध्यम से कराया गया। प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के अनुसार चिकित्सकीय परीक्षण में यादव के मद्यपान सेवन की पुष्टि की गई। जांच प्रतिवेदन में सामने आए तथ्यों को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने संबंधित शिक्षक के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की।

जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि उमेश कुमार यादव का उक्त कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 (क) के विपरीत गंभीर कदाचार की श्रेणी में आता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के प्रावधानों के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उमेश कुमार यादव का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, मुंगेली, जिला मुंगेली निर्धारित किया गया है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि शाला समय में अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति लापरवाही को गंभीरता से लिया जा रहा है। विद्यालय में शिक्षक की भूमिका विद्यार्थियों के लिए अनुशासन, जिम्मेदारी और आदर्श आचरण से जुड़ी होती है। ऐसे में शाला समय में शराब सेवन कर विद्यालय में उपस्थित होने संबंधी शिकायत की जांच के बाद विभाग द्वारा निलंबन की कार्रवाई की गई है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश के बाद अब संबंधित शिक्षक को निलंबन अवधि में निर्धारित मुख्यालय में उपस्थित रहना होगा।

*मुंगेली बीईओ श्रीमती विमित्रा घृतलहरे ने दिवंगत सहायक ग्रेड-3 अमितेश केशरवानी के परिजनों को दी 50 हजार रुपये की अग्रसिया राशि*

0

*मुंगेली बीईओ श्रीमती विमित्रा घृतलहरे ने दिवंगत सहायक ग्रेड-3 अमितेश केशरवानी के परिजनों को दी 50 हजार रुपये की अग्रसिया राशि*

मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली— विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय मुंगेली में कार्यरत सहायक ग्रेड-3 श्री अमितेश केशरवानी के आकस्मिक निधन पर शिक्षा विभाग में शोक की लहर है। उनके निधन से कार्यालयीन स्टाफ सहित परिजनों, सहकर्मियों एवं परिचितों में गहरा दुख व्याप्त है। इस दुःख की घड़ी में विकासखंड शिक्षा अधिकारी मुंगेली श्रीमती विमित्रा घृतलहरे ने दिवंगत अमितेश केशरवानी के निवास पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस अवसर पर बीईओ श्रीमती विमित्रा घृतलहरे ने कार्यालय में कार्यरत स्टाफ एवं परिवार के सदस्यों की उपस्थिति में दिवंगत कर्मचारी के परिजनों को 50 हजार रुपये की अग्रसिया राशि प्रदान की। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि असमय किसी अपने का चले जाना अत्यंत पीड़ादायक होता है। इस कठिन समय में पूरा शिक्षा विभाग परिवार के साथ खड़ा है और हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर रहेगा। उन्होंने दिवंगत अमितेश केशरवानी के सेवाकाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने कार्यालयीन दायित्वों का निर्वहन जिम्मेदारी एवं लगन के साथ किया। उनके आकस्मिक निधन से विभाग ने एक कर्मठ एवं सहयोगी कर्मचारी को खो दिया है, जिसकी कमी हमेशा महसूस होगी।

बीईओ श्रीमती घृतलहरे ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि विभागीय स्तर पर आवश्यक सहयोग एवं प्रक्रिया में हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान कार्यालय में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारी एवं स्टाफ के सदस्य भी उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत अमितेश केशरवानी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की। परिजनों ने इस कठिन समय में शिक्षा विभाग द्वारा संवेदना व्यक्त करने एवं आर्थिक सहयोग प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल स्मृतियों को याद किया।

*मादक पदार्थ गांजा बेचने वाले आरोपी को कोटा पुलिस ने किया गिरफ्तार *

0

* *मादक पदार्थ गांजा बेचने वाले आरोपी को कोटा पुलिस ने किया गिरफ्तार **

 धारा 20(बी) एन डी पी एस एक्ट

*कुल जप्त – मादक पदार्थ गांजा कुल 01 किलोग्राम कुल कीमती 50000 रुपए ।

नाम आरोपी : –

1- हीरो मेट पिता स्व जंगलिया नेताम उम्र 40 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 01 सूदन पारा कोटा थाना कोटा जिला बिलासपुर 

 संदीप साहू ब्यूरो बिलासपुर – मामले के संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि चेतना विरुद्ध नशा व चेतना अभियान के तहत समस्त प्रकार के नशा पर त्वरित कार्यवाही हेतु श्रीमान उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) द्वारा निर्देशित किया गया है। दिनांक 19.08.2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुआ कि वार्ड क्रमांक 01 सूदन पारा कोटा में एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ गांजा की अवैध बिक्री कर रहा है कि सूचना प्राप्त होने पर वरिष्ठ अधिकारिओ को अवगत कराया गया जिनके निर्देशानुसार व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह एवं श्रीमती नुपूर उपाध्याय (रा.पु.से.) अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा के मार्गदर्शन में टीम गठित कर वार्ड क्रमांक 01 सूदन पारा कोटा में रेड कार्यवाही कर आरोपी हीरो नेताम पिता स्व जंगलिया नेताम उम्र 40 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 01 सूदन पारा कोटा थाना कोटा के कब्जे से अवैध मादक पदार्थ गांजा कुल 01 किलोग्राम कुल कीमत 50000 रुपए को गवाहों के समक्ष बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

उक्त कार्यवाही में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, सहायक उप निरीक्षक गोपाल प्रसाद खांडेकर, आरक्षक सत्य प्रकाश यादव , आरक्षक 1256 नंद कुमार यादव , आरक्षक 192 धर्मेंद्र साहू, आरक्षक 656 अनिल साहू, आरक्षक 1199 शैलेन्द्र साहू का विशेष भूमिका रही।

*सायबर जागरूकता अभियान में छात्राओं को किया जागरूक*

0

*सायबर जागरूकता अभियान में छात्राओं को किया जागरूक*

🔶 सायबर अपराध से बचाव एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की दी महत्वपूर्ण जानकारी

🔶 शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला पुरानी बस्ती, कोटा में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम

 संदीप साहू ब्यूरो बिलासपुर:- जिले में बढ़ते सायबर अपराधों एवं ऑनलाइन ठगी की घटनाओं के प्रति आमजन, विद्यार्थियों एवं युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से थाना कोटा पुलिस द्वारा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला, पुरानी बस्ती, कोटा में सायबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

माननीय जिला दंडाधिकारी श्री संजय अग्रवाल (भा.प्र.से.), उ.म.नि. एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह (रा.पु.से.) एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्रीमती नूपुर उपाध्याय (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोटा श्री शशिकांत भारद्वाज एवं पुलिस टीम द्वारा आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं एवं विद्यालयीन स्टाफ को सायबर अपराध के विभिन्न स्वरूपों तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

🔷 एसएसपी महोदय ने छात्राओं को किया जागरूक

कार्यक्रम में उ.म.नि. एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) ने छात्राओं को सायबर अपराधों से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि OTP, ATM PIN, UPI PIN, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करनी चाहिए।

उन्होंने सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सावधानीपूर्वक व्यवहार करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने, अनजान एप्लीकेशन डाउनलोड नहीं करने तथा ऑनलाइन लेन-देन करते समय पूरी सतर्कता बरतने की अपील की।

🔷 कलेक्टर महोदय ने कहा—सजगता ही सायबर अपराध से बचाव का सबसे बड़ा उपाय

जिला दंडाधिकारी श्री संजय अग्रवाल (भा.प्र.से.) ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल तकनीक ने हमारे जीवन को आसान बनाया है, लेकिन इसके साथ सायबर अपराध की चुनौतियां भी बढ़ी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से डिजिटल संसाधनों का उपयोग सजगता, जिम्मेदारी एवं सावधानी के साथ करने का आह्वान किया।

उन्होंने छात्राओं को स्वयं सायबर अपराधों से सुरक्षित रहने के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।

🔷 ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें संपर्क

कार्यक्रम में छात्राओं को बताया गया कि ऑनलाइन ठगी होने की स्थिति में घबराएं नहीं और तत्काल सायबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें। साथ ही नजदीकी पुलिस थाना को भी घटना की जानकारी दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई करते हुए ठगी की राशि को होल्ड कराने की प्रक्रिया प्रारंभ की जा सके।

🔷 विद्यालय परिवार की रही सक्रिय सहभागिता

कार्यक्रम में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला पुरानी बस्ती, कोटा की प्राचार्या श्रीमती आशा दत्ता, प्रभारी प्राचार्य श्रीमती अर्पणा लाल, विद्यालय के समस्त व्याख्याता, शिक्षकगण एवं शिक्षिकागण तथा बड़ी संख्या में छात्राओं की उपस्थिति रही।

विद्यालय परिवार ने सायबर जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए छात्राओं को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्राओं एवं विद्यालयीन स्टाफ ने सायबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं तथा स्वयं जागरूक रहने और अपने परिवार एवं समाज को भी सायबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

थाना कोटा पुलिस द्वारा सायबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सायबर जागरूकता अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा सायबर ठगी की स्थिति में तत्काल पुलिस एवं सायबर हेल्पलाइन 1930 से संपर्क करें।

*पुराना बस स्टैण्ड में सजेगा राखी बाजार*

0

*पुराना बस स्टैण्ड में सजेगा राखी बाजार*

0.नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी की पहल।

0.राखी बाजार के लिए पुराना बस स्टैंड में निर्धारित किया गया अस्थायी बाजार।

हिमांशु सिंह ठाकुर:- ब्यूरो रिपोर्ट छत्तीसगढ़।

ब्यूरो रायपुर/कवर्धा:- रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर कवर्धा शहर में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए नगरपालिका परिषद कवर्धा द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से नगरपालिका क्षेत्रांतर्गत राखी व्यवसाय करने वाले सभी दुकानदारों के लिए पुराना बस स्टैंड कवर्धा में अस्थायी रूप से दुकान लगाने हेतु स्थान निर्धारित किया गया है।

*नपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने की अपील*

नगरपालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने सभी राखी व्यवसायियों से अपील की है कि वे नगरपालिका द्वारा निर्धारित स्थल पर ही अपनी दुकानें लगाएं और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें उन्होने बताया कि रक्षाबंधन पर्व के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों एवं सड़कों पर बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है ऐसे में सड़क किनारे एवं मुख्य मार्गों पर अस्थायी रूप से दुकानें लगाए जाने के कारण यातायात बाधित होने की स्थिति निर्मित होती है आम नागरिकों, वाहन चालकों एवं बाजार आने वाले लोगों को जाम और आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है इसी को ध्यान में रखते हुए नगरपालिका परिषद द्वारा राखी व्यवसायियों के लिए एक निर्धारित एवं व्यवस्थित स्थान की व्यवस्था की गई है।

*यातायात समस्या से राहत मिलेगी*

नगरपालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि पर्व के अवसर पर शहरवासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे इसके लिए पुराना बस स्टैंड में राखी व्यवसायियों हेतु अस्थायी दुकान लगाने की व्यवस्था की गई है सभी व्यवसायी निर्धारित स्थल पर अपनी दुकानें लगाकर इस व्यवस्था का पालन करें इससे एक ओर राखी खरीदने आने वाले लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार की राखियां उपलब्ध होंगी वहीं दूसरी ओर शहर की प्रमुख सड़कों पर अनावश्यक भीड़ और यातायात बाधित होने की समस्या से भी राहत मिलेगी।

*निर्धारित स्थान पर नही लगाने वाले के उपर होगी कार्यवाही*

नगर पालिका क्षेत्रांतर्गत राखी व्यवसाय करने वाले सभी दुकानदारों को अपना व्यवसाय पुराना बस स्टैंड स्थित निर्धारित स्थल पर ही लगाना होगा निर्धारित स्थल के अतिरिक्त सड़क किनारे मुख्य मार्गों अथवा ऐसे स्थानों पर दुकान लगाए जाने जहां से यातायात प्रभावित होता हो पर कार्रवाई की जाएगी निर्धारित स्थल पर दुकान नहीं लगाए जाने तथा नगरपालिका की व्यवस्था का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध जुर्माना लगाने एवं सामग्री जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

*10 हजार नहीं, अब सिर्फ 5 हजार में नियमित होंगे अवैध नल कनेक्शन*

0

*10 हजार नहीं, अब सिर्फ 5 हजार में नियमित होंगे अवैध नल कनेक्शन*

0.आवासीय कनेक्शन के लिए एकमुश्त राशि 5 हजार और व्यवसायिक के लिए 10 हजार।

0.15 अक्टूबर 2026 तक अवैध कनेक्शनों को करा सकेगें वैध।

हिमांशु सिंह ठाकुर:- ब्यूरो रिपोर्ट छत्तीसगढ़।

ब्यूरो रायपुर/कवर्धा:- नगर पालिका परिषद कवर्धा ने शहर में वर्षों से संचालित अवैध नल कनेक्शनों को नियमित करने के लिए बड़ी राहत भरी पहल की है परिषद की बैठक में स्वीकृति के बाद अब 16 अगस्त से 15 अक्टूबर तक विशेष अभियान के तहत अवैध कनेक्शनों का नियमितीकरण किया जायेगा। इसके तहत आवासीय अवैध नल कनेक्शन को मात्र 5 हजार रुपये जमा कर वैध कराया जा सकेगा जबकि व्यवसायिक नल कनेक्शन के नियमितीकरण के लिए 10 हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं इस विशेष अभियान से एक ओर हजारों उपभोक्ताओं को अपने पुराने अवैध नल कनेक्शन को वैध कराने का अवसर मिलेगा वहीं दूसरी ओर नगर पालिका के राजस्व में भी वृद्धि होगी।

*अवैध नल कनेक्शनों का होगा नियमितिकरण-चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी*

नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में बड़ी संख्या में ऐसे नल कनेक्शन संचालित हो रहे हैं जो नगर पालिका के रिकॉर्ड में विधिवत दर्ज नहीं हैं इन कनेक्शनों के नियमित नहीं होने से जलकर के राजस्व वसूली पर प्रभाव पड़ रहा है और जलापूर्ति व्यवस्था के उचित प्रबंधन में भी कठिनाई उत्पन्न हो रही है जिसे देखते हुए नगर पालिका परिषद की बैठक में नगरीय क्षेत्रांतर्गत संयोजित सभी अवैध नल कनेक्शनों के नियमितीकरण को लेकर चर्चा की गई। चर्चा उपरांत परिषद ने शहरवासियों को विशेष अवसर प्रदान करते हुए दो माह की निर्धारित अवधि में कम शुल्क पर अवैध कनेक्शनों को वैध कराने की स्वीकृति सर्वसम्मति से प्रदान की गई 15 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान-सीएमओ

मुख्य नगर पालिका अधिकारी नारायण साहू ने बताया कि नगर पालिका का उद्देश्य शहर के नागरिकों को राहत देने के साथ ही सभी नल कनेक्शनों को रिकॉर्ड में शामिल कर जलकर वसूली व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाना है उन्होनें बताया कि नगर पालिका परिषद ने 16 अगस्त से 15 अक्टूबर तक निर्धारित विशेष अवधि में ही आवासीय कनेक्शन के लिए 5 हजार रुपये तथा व्यवसायिक कनेक्शन के लिए 10 हजार रुपये जमा कर नियमितीकरण कराया जा सकेगा समय-सीमा के उपरांत यदि कोई व्यक्ति अपने अवैध नल कनेक्शन को वैध कराने के लिए आवेदन करता है तो उसे परिषद द्वारा निर्धारित राशि का दोगुना शुल्क जमा करना होगा अर्थात निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद कनेक्शनों के नियमितीकरण हेतु आवासीय हेतु 10 हजार एवं व्यवसायिक हेतु 20 हजार रू. की राशि देना हेागा।

*इन दस्तावेजों के साथ जमा करे आवेदन*

परिषद ने समस्त अवैध नल कनेक्शनों को नियमित करने की स्वीकृति के साथ अवैध कनेक्शनों का नियमितिकरण हेतु दस्तावेज जो अनिवार्य है क्रमशः आधार कार्ड, राशन कार्ड, स्वामित्व दस्तावेज (जहां नल कनेक्शन लगा है जैसे संपत्तिकर/समेकित कर रशीद, पट्टा, स्टाम्प आदि) 50 रू. का स्टाम्प पेपर निर्धारित प्रपत्र में कार्यालय के कक्ष क्रं. 22 में जमा कर एकमुश्त राशि जमा की जा सकती है।

*नगर पालिका की अपील*

नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस विशेष अवसर का लाभ उठाते हुए 15 अक्टूबर से पहले अपने अवैध नल कनेक्शन का नियमितीकरण करा लें इससे भविष्य में अधिक शुल्क और अन्य प्रशासनिक कार्रवाई की स्थिति से बचा जा सकेगा।

*हर कदम शिव को समर्पित, हर श्वास में हर हर महादेव : विधायक भावना बोहरा और कांवड़ियों ने किया भोरमदेव में जलाभिषेक, अमरकंटक से भोरमदेव तक 151 किमी की कांवड़ यात्रा पूर्ण*

0

*हर कदम शिव को समर्पित, हर श्वास में हर हर महादेव : विधायक भावना बोहरा और कांवड़ियों ने किया भोरमदेव में जलाभिषेक, अमरकंटक से भोरमदेव तक 151 किमी की कांवड़ यात्रा पूर्ण*

हिमांशु सिंह ठाकुर:- ब्यूरो रिपोर्ट छत्तीसगढ़।

ब्यूरो रायपुर/कवर्धा:- पैरों में माहुर रंग एक हाथ में राष्ट्र ध्वज तिरंगा और दूसरे हाथ में कांवड़ के साथ पंडरिया विधायक भावना बोहरा और 600 कांवड़ियों ने यात्रा के अंतिम दिन बाबा भोरमदेव के जलाभिषेक के लिए प्रस्थान किया इसके साथ ही 16 अगस्त को अपने अंतिम पड़ाव के लिए बोड़ला से निकली यह यात्रा भोरमदेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के साथ माँ नर्मदा मंदिर अमरकंटक से भोरमदेव तक 151 किलोमीटर की कांवड़ पदयात्रा पूर्ण हुई 10 अगस्त को माँ नर्मदा मंदिर अमरकंटक से शुरू हुई इस यात्रा में भारतीय संस्कृति के साथ-साथ आस्था, श्रद्धा, राष्ट्रप्रेम और सनातन संस्कृति के अद्भुत संगम का साक्षी बना भोरमदेव धाम जहां पंडरिया विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में अमरकंटक स्थित माँ नर्मदा मंदिर से प्रारंभ हुई 151 किलोमीटर की ऐतिहासिक कांवड़ पदयात्रा का आज भव्य एवं भावपूर्ण समापन हुआ विधायक भावना बोहरा एवं 600 कांवड़ यात्रियों ने भगवान भोलेनाथ के जयघोष के साथ भोरमदेव मंदिर पहुंचकर माँ नर्मदा के जल से जलाभिषेक किया इस दौरान विगत वर्ष से भी अधिक भक्तों की भीड़ मंदिर परिसर में देखने को मिली हजारों की संख्या में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं का मंदिर में कांवड़ यात्रा के स्वागत एवं भोलेनाथ के दर्शन हेतु आगमन हुआ इतनी विशाल संख्या में उमड़े जनसैलाब से पूरा क्षेत्र शिवभक्ति में रम गया और हर हर महादेव एवं बोल बम के नारे से पूरा कबीरधाम जिला भक्तिमय हो उठा कांवड़ यात्रियों के भोरमदेव पहुंचते ही पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव, बोल बम और भारत माता की जय के जयघोष से गूंज उठा हजारों श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों ने पुष्पवर्षा कर कांवड़ यात्रियों का भव्य स्वागत किया सड़क के दोनों ओर उमड़े जनसैलाब ने यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया और भोरमदेव की धरती आस्था एवं राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आई माँ नर्मदा के उद्गम स्थल अमरकंटक से भगवान भोरमदेव तक की इस 151 किलोमीटर की पदयात्रा में श्रद्धालुओं ने कठिन वनांचल मार्गों, पहाड़ी रास्तों नदियों, तेज बारिश और अनेक चुनौतियों के बीच भी अपनी आस्था और संकल्प को कमजोर नहीं होने दिया यात्रा के दौरान प्रकृति के बीच से गुजरते हुए कांवड़ियों ने भगवान भोलेनाथ का स्मरण करते हुए निरंतर पदयात्रा जारी रखी पैरों में पड़े छालों और थकान के बावजूद श्रद्धालुओं के कदम रुके नहीं बल्कि हर-हर महादेव के जयघोष के साथ उनका उत्साह लगातार बढ़ता गया इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह यात्रा मेरे लिए केवल 151 किलोमीटर की पदयात्रा नहीं बल्कि माँ नर्मदा और भगवान भोलेनाथ के प्रति अटूट आस्था, सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण और राष्ट्र के प्रति गौरव की अनुभूति का आध्यात्मिक संकल्प था जब कांवड़ में माँ नर्मदा का पावन जल लेकर हम भोरमदेव की ओर बढ़ रहे थे तब मन में यह भाव था कि हमारी आस्था और हमारी राष्ट्रभक्ति एक-दूसरे की पूरक हैं तिरंगा हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और गौरव का स्मरण कराता है वहीं भगवा ध्वज हमारी सनातन संस्कृति, त्याग और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है माँ नर्मदा का जल लेकर भोरमदेव महादेव के चरणों तक पहुंचना मेरे जीवन के अत्यंत भावुक और अविस्मरणीय क्षणों में से एक है इस यात्रा में लगभग 600 कांवड़ियों के साथ चलना, उनके उत्साह और भक्ति को देखना और रास्तेभर ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं का स्नेह मिलना इस यात्रा को और भी विशेष बना दिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि इस कांवड़ यात्रा के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति खुशहाली और प्रत्येक परिवार के मंगल की कामना भगवान भोलेनाथ से की गई है भोरमदेव में कांवड़ यात्रियों के स्वागत के लिए उमड़ा जनसैलाब इस यात्रा की भव्यता का साक्षी बना। जगह-जगह पुष्पवर्षा जयघोष और श्रद्धालुओं के स्वागत से वातावरण भक्तिमय हो गया 151 किलोमीटर की इस यात्रा ने केवल दूरी तय नहीं की बल्कि आस्था, अनुशासन, प्रकृति प्रेम, सनातन संस्कृति और राष्ट्रभक्ति के भाव को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। भगवान भोलेनाथ और माँ नर्मदा के आशीर्वाद से और कबीरधाम जिला के शिवभक्तों, कांवड़ यात्रियों के अपार स्नेह,अपनत्व और सहयोग से यह यात्रा आज पूर्ण हुई है जिसके लिए मैं सभी का हृदय से आभार व्यक्त करती हूँ इसके साथ ही उन्होंने यात्रा में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं, ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, प्रशासनिक अमले एवं सेवा में जुटे लोगों का आभार व्यक्त किया भोरमदेव मंदिर में विधिवत जलाभिषेक के साथ यात्रा पूर्ण होने पर विधायक भावना बोहरा एवं सभी कांवड़ यात्रियों ने भगवान भोरमदेव से प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की प्रार्थना की विदित हो कि 15 अगस्त के दिन विधायक भावना बोहरा और कांवड़ यात्रियों ने ग्राम डोंगरिया शासकीय विद्यालय में ध्वजारोहण एवं मंदिर में पूजा-अर्चना कर बोड़ला तक की यात्रा पूरी की इस दौरान उनकी यात्रा पांडातराई नगर, गंडईकला रोड, कुसुमघटा, नेऊरगांव कला, तरेगांव मैदान रोड, खंतीपारा रोड होते हुए बोड़ला पहुंची जहाँ से यात्रा के अंतिम दिन विधायक भावना बोहरा और 600 कांवड़ यात्रियों ने बोड़ला से यात्रा प्रारंभ की जो सुकवापारा, जैताटोला रोड, खैरबना खुर्द, घोंघा, चौरा होते हुए भोरमदेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक और छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि की कामना संग यह पुण्य यात्रा भव्य स्वागत के साथ पूर्ण हुई इस अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा भोरमदेव मंदिर में पधारे कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं हेतु भंडारा एवं प्रसादी की व्यवस्था भी की गई थी जहाँ हजारों की संख्या में कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं ने भोजन व प्रसादी ग्रहण किया।

*अकलतरा में सजेगा बाबा श्याम का भव्य दरबार, होगा श्याम संकीर्तन*

0

*अकलतरा में सजेगा बाबा श्याम का भव्य दरबार, होगा श्याम संकीर्तन*

 मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर चांपा:-अकलतरा। सभी श्याम प्रेमियों के लिए सावन शुक्ल पक्ष सप्तमी के पावन अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। दिनांक 19 अगस्त 2026, बुधवार को श्री झूलेलाल चालीहो महोत्सव 2026 के अंतर्गत पूज्य सिंधी पंचायत धर्मशाला, अकलतरा में बाबा श्याम का भव्य दरबार सजाया जाएगा।

इस अवसर पर बाबा श्याम की ज्योत प्रज्वलित की जाएगी तथा श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक श्याम संकीर्तन किया जाएगा। आयोजन का शुभारंभ रात्रि 8:01 बजे से होगा। आयोजकों ने सभी श्याम प्रेमियों से दरबार में उपस्थित होकर कीर्तन का लाभ लेने एवं पुण्य के भागीदार बनने की अपील की है।

आयोजकों ने कहा कि सभी श्रद्धालु बाबा श्याम एवं श्री झूलेलाल जी के दरबार में अपनी हाजिरी लगाकर उनकी कृपा प्राप्त करें।

स्थान: पूज्य सिंधी पंचायत धर्मशाला, अकलतरा

समय: रात्रि 8:01 बजे से

आयोजन के निवेदक श्री झूलेलाल सेवा समिति, श्री झूलेलाल महिला सेवा समिति एवं पूज्य सिंधी पंचायत अकलतरा हैं। वहीं श्री श्याम संकीर्तन समिति, अकलतरा द्वारा “घर-घर कीर्तन, हर घर कीर्तन” का संदेश दिया गया है।

करने वाले श्याम, कराने वाले श्याम।