Home Blog Page 63

 *जांजगीर-चांपा पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को मद्देनजर रखते हुए, रेलवे स्टेशनों पर सघन चेकिंग अभियान, संदिग्धों पर पैनी नजर*

0

*जांजगीर-चांपा पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को मद्देनजर रखते हुए, रेलवे स्टेशनों पर सघन चेकिंग अभियान, संदिग्धों पर पैनी नजर*

* *बिहार की ओर से आने वाली ट्रेनों में विशेष निगरानी — अजनबी बैगों से हथियार बरामद,*

* *जिले के चांपा, अकलतरा, नैला, कोटमीसोनार रेलवे स्टेशनों पर पुलिस की कड़ी निगरानी, अलग -अलग पुलिस टीमों ने संभाला मोर्चा, यात्रियों से सतर्कता की अपील*

 मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर-चांपा:- जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से *पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय IPS* के निर्देशन में जांजगीर -चांपा पुलिस द्वारा रेलवे स्टेशनों एवं आने – जाने वाली ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत चांपा, अकलतरा एवं कोटमीसोनार रेलवे स्टेशनों पर पुलिस टीमों द्वारा यात्रियों, संदिग्ध व्यक्तियों एवं उनके सामान की गहन जांच की गई। विशेष रूप से बिहार की ओर से आने वाली ट्रेनों में सुरक्षा के मद्देनजर सतर्कता बढ़ाते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।

चेकिंग के दौरान कुछ लावारिस बैगों से हथियार भी बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस द्वारा सुरक्षित कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा रेलवे परिसर एवं ट्रेनों में संदिग्ध वस्तु अथवा व्यक्ति दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।

*यात्रियों से पुलिस की अपील*

रेलवे में सफर करते समय किसी भी प्रकार का हथियार अपने साथ लेकर यात्रा न करें। बिना वैध अनुमति हथियार रखना अथवा परिवहन करना कानूनन अपराध है। यात्रियों से अपील है कि वे अपने सामान की स्वयं निगरानी रखें तथा किसी भी लावारिस बैग या संदिग्ध वस्तु को न छुएं और तत्काल पुलिस/रेलवे सुरक्षा बल को सूचना दें।

*जांजगीर-चांपा पुलिस — आपकी सुरक्षा*

*अकलतरा फोटोग्राफर्स एसोसिएशन ने किया वृक्षारोपण, पत्रकारों का किया सम्मान*

0

*अकलतरा फोटोग्राफर्स एसोसिएशन ने किया वृक्षारोपण, पत्रकारों का किया सम्मान*

विश्व फोटोग्राफी दिवस पर मुक्तिधाम में आयोजित हुआ कार्यक्रम

 मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर चांपा :-अकलतरा। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर अकलतरा फोटोग्राफर्स एसोसिएशन द्वारा मुक्तिधाम परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान एसोसिएशन के सदस्यों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही क्षेत्र में पत्रकारिता के माध्यम से समाज की आवाज उठाने वाले स्थानीय पत्रकारों का सम्मान किया गया।

वीओ-1:

हर वर्ष 19 अगस्त को विश्व फोटोग्राफी दिवस मनाया जाता है। यह दिन फोटोग्राफी के गौरवशाली इतिहास को याद करने के साथ-साथ वर्तमान में इसकी भूमिका और भविष्य की संभावनाओं को रेखांकित करने का अवसर है।

विश्व फोटोग्राफी दिवस का इतिहास फ्रांसीसी आविष्कारक लुई डाग्येर द्वारा विकसित फोटोग्राफी प्रक्रिया ‘डाग्येरोटाइप’ से जुड़ा है। 9 जनवरी 1839 को फ्रांसीसी विज्ञान अकादमी में इस प्रक्रिया की घोषणा की गई थी। इसके कुछ महीनों बाद 19 अगस्त 1839 को फ्रांसीसी सरकार ने इस आविष्कार को दुनिया के लिए सार्वजनिक किया। इसी ऐतिहासिक घटना की स्मृति में 19 अगस्त को विश्व फोटोग्राफी दिवस के रूप में मनाया जाता है।

वीओ-2:

इसी अवसर पर अकलतरा में फोटोग्राफर्स एसोसिएशन द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सदस्यों ने मुक्तिधाम परिसर में पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इसके साथ ही क्षेत्र में पत्रकारिता के माध्यम से जनसमस्याओं और सामाजिक सरोकारों को सामने लाने वाले स्थानीय पत्रकारों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर पत्रकारों के योगदान और उनकी जिम्मेदार भूमिका को सराहा गया।

वीओ-3:

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि फोटोग्राफी केवल तस्वीर खींचने का माध्यम नहीं है, बल्कि किसी पल, घटना और भावनाओं को इतिहास के लिए सुरक्षित रखने की कला है। वहीं पत्रकारिता समाज की सच्चाई और जनसरोकार के मुद्दों को सामने लाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

विश्व फोटोग्राफी दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम फोटोग्राफी, पत्रकारिता और पर्यावरण संरक्षण—तीनों के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देता नजर आया।

एंकर आउट:

अकलतरा फोटोग्राफर्स एसोसिएशन की इस पहल ने विश्व फोटोग्राफी दिवस को यादगार बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और पत्रकारों के सम्मान का सकारात्मक संदेश दिया।

बाइट:

शैलेन्द्र श्रीवास — पत्रकार

चिराग शर्मा — सामाजिक कार्यकर्ता

सतीश — फोटोग्राफर

*एजुकेशन और सीखने की क्षमता मजबूत होगी तो हर क्षेत्र में सफलता मिलेगी, शिक्षा के साथ कौशल विकास भी अपनाएं*-

0

 *एजुकेशन और सीखने की क्षमता मजबूत होगी तो हर क्षेत्र में सफलता मिलेगी, शिक्षा के साथ कौशल विकास भी अपनाएं*-

 मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर-चांपा :- आज महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा राजेंद्र कुमार उच्चत्तर माध्यमिक शाला अकलतरा में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं अंतर्गत आयोजित कैरियर मार्गदर्शन एवं काउंसलिंग कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में कक्षा 10 वीं से 12वीं तक की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर विशेषज्ञों द्वारा छात्राओं को विभिन्न शैक्षणिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों, विषय चयन, प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास तथा भविष्य की संभावनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

राजेश्वरी पाटले परियोजना

अधिकारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम बालिकाओं को सही दिशा, उचित मार्गदर्शन तथा अपने भविष्य के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी छात्राएं पूरे उत्साह के साथ काउंसलिंग में भाग लें और विशेषज्ञों से अधिक से अधिक जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के बिना समाज की कल्पना अधूरी है तथा उनके सशक्तिकरण से ही समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव है।

अंकिता तिवारी AI काउंसलर

कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में निर्णय लेने की क्षमता, आत्मविश्वास तथा आर्थिक आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए सही समय पर सही निर्णय लेना आवश्यक है। अपनी रुचि, क्षमता और लक्ष्य के अनुरूप विषय एवं कैरियर का चयन करें। उन्होंने छात्राओं से कहा कि मजबूत बुनियादी शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। यदि भाषा, गणित और सीखने की क्षमता मजबूत होगी तो किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त करना आसान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में बालिकाओं का प्रदर्शन लगातार उत्कृष्ट रहा है, इसलिए उन्हंम अपने भविष्य को लेकर किसी प्रकार का संकोच नहीं करना चाहिए। जो लक्ष्य प्राप्त करना चाहती हैं, उसे लिखें और उसे पूरा करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से प्रयास करें।

मास्टर काउंसलर श्री संदीप सिंह

ने कहा कि गणित, विज्ञान, कॉमर्स, कला सहित सभी विषय समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। छात्राएं स्वयं का आकलन करें कि उनकी रुचि और क्षमता किस क्षेत्र में है तथा उसी के अनुरूप अपने कैरियर का चयन करें। उन्होंने कहा कि आज के समय में केवल सरकारी नौकरी ही नहीं, बल्कि व्यवसाय, विधि (लॉ), आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तथा अनेक उभरते क्षेत्रों में भी बेहतर अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ कम से कम एक कौशल अवश्य विकसित करने की सलाह देते हुए कहा कि कौशल विकास आत्मनिर्भर बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और बदलते समय में यह सफलता की नई संभावनाओं के द्वार खोलता है। इस प्रकार के कैरियर मार्गदर्शन एवं काउंसलिंग कार्यक्रम केवल जिला स्तर तक सीमित न रहें, बल्कि इन्हें विकासखंड स्तर पर भी नियमित रूप से आयोजित किया जाए, ताकि जिले की अधिक से अधिक बालिकाएं

इसका लाभ प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम में, सुश्री अंकिता तिवारी, परियोजना अधिकारी राजेश्वरी पाटले, पर्यवेक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं।

बाईट

1. अंकिता तिवारी AI काउंसलर

2. मास्टर काउंसलर श्री संदीप सिंह

03 राजेश्वरी पाटले परियोजना अधिकारी

04 किरण निर्मलकर छात्रा

*थाना अकलतरा पुलिस की सक्रियता से टली बड़ी आगजनी, 14 लोगों की बचाई जान*

0

*थाना अकलतरा पुलिस की सक्रियता से टली बड़ी आगजनी, 14 लोगों की बचाई जान*

* *बीते देर रात्रि 2:30 बजे दुकान में लगी आग पर अकलतरा पुलिस ने दिखाई तत्परता, 5 परिवारों को सुरक्षित निकाला*

* *रात्रि में गश्त कर रही अकलतरा पुलिस ने समय रहते भांप लिया खतरा, आग में फंसे 14 लोगों का किया सुरक्षित रेस्क्यू*

* *होमगार्ड जांजगीर एवं जे.एस.डब्ल्यू. प्लांट की फायर ब्रिगेड की मदद से करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू।*

* *पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आसपास की दुकानों को आग की चपेट में आने से बचाया गया और बड़ी जनहानि की आशंका टली।*

 मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर चांपा:– जिला  के थाना अकलतरा पुलिस का बीते देर रात्रि गश्त दल करीब रात 2:30 बजे अम्बेडकर चौक स्थित सिसोदिया कॉम्प्लेक्स के पास पहुंचा। इसी दौरान कपड़ा दुकान नीरज कलेक्शंस से आग की लपटें एवं धुआं निकलता दिखाई दिया। पुलिस ने तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दी। दुकान के प्रथम तल पर परिवारों के निवासरत होने की जानकारी मिलते ही पुलिस ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

*सीढ़ी पर आग लिपटे फिर भी पुलिस ने नहीं मानी हार*

प्रथम तल से नीचे आने वाली सीढ़ियों पर आग की तेज लपटें होने के कारण अंदर फंसे लोगों के लिए बाहर निकलना मुश्किल था। पुलिस ने विद्युत विभाग से समन्वय कर सीढ़ी की व्यवस्था कराई और उसके माध्यम से प्रथम तल पर निवासरत 5 परिवारों के 14 सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें 04 बच्चे, 04 महिलाएं एवं 02 पुरुष सहित कुल 14 लोग शामिल थे।

इसके बाद आग को नियंत्रित करने के लिए होमगार्ड जांजगीर एवं जे.एस.डब्ल्यू. प्लांट से फायर ब्रिगेड तत्काल बुलाया गया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। त्वरित कार्रवाई के चलते आसपास की दुकानों को भी आग की चपेट में आने से बचाया गया।

*अकलतरा पुलिस की सजगता, तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता से एक बड़ी घटना टल गई।*

रेस्क्यू किए गए परिवारों एवं क्षेत्रवासियों ने पुलिस की तत्पर कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।

*इनकी रही सराहनीय भूमिका*

उक्त कार्रवाई में निरीक्षक जय कुमार साहू, थाना प्रभारी अकलतरा, आरक्षक शैलेन्द्र राठौर एवं

थानाअकलतरा के पुलिस स्टाफ के साथ अग्निशमन दल होमगार्ड जांजगीर एवं जे.एस.डब्ल्यू. प्लांट फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

*जबलपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता ,2 शातिर झपटमार/वाहन चोर गिरफ्तार*

0

*जबलपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता ,2 शातिर झपटमार/वाहन चोर गिरफ्तार*।।

 जबलपुर से पंकज मोनू जैन की रिपोर्ट :-  थाना हनुमानताल में दिनॉक 19-8-26 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि समीर कंजा तथा अविनाश मण्डी मदार टेकरी कब्रिस्तान के अन्दर बजूखाना के पास खड़े है जो अपने पास कई मोबाईल रखे है जो सम्भवतः चोरी के है, तथा मोबाइल किसी को देने आये है। सूचना पर मण्डी मदार टेकरी कब्रिस्तान के अन्दर बजूखाना के सामने दबिश दी गयी , बजूखाना के सामने एक एक्सिस गाडी तथा एक स्प्पलेण्डर में दो लडके बैठे दिखे जिन्हे घेराबंदी कर पकडा दोनों से नाम पता पूछने पर अपने नाम समीर उर्फ कंजा पिता मुकीम खान उम्र 25 साल निवासी निवासी दरगाह के पास टेडीनीम हनुमानताल तथा अविनाश चौधरी पिता गेदालाल चौधरी उम्र 22 साल निवासी फकीर चंद अखाडा के पास विध्यवासनी मंदिर के सामने सिधी केम्प का रहने वाला बताया।

तलाशी लेने पर मोटर सायकिल पर बैठा समीर 1 आईफोन, 1 वीवो एवं 1 जीओनी कम्पनी का मोबाईल रखे मिला, जिसने पूछताछ करने पर उक्त स्प्लैण्डर मोटर सायकिल से अविनाश के साथ घूम-घूकर उक्त आईफोन एवं मोबाईल को झपटना स्वीकार किया।

इसी प्रकार अविनाश चौधरी एक्सिस गाडी की डिक्की में 3 मोबाइल फोन रेड मी, सेमसंग एवं वीवो कंपनी रखे मिला जिसे उसने चोरी करना स्वीकार किया ।

दोनों को थाने लाकर सघन पूछताछ करने पर 2 ई रिक्शा ग्वारीघाट एवं विजय नगर क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया पुलिस ने मर्ग कायम कर कार्यवाही की।जबलपुर से जिला ब्यूरो पंकज जैन की रिपोर्ट

*दो महीने से बंद राशन दुकान फिर खुली, वार्डवासियों को मिली राहत*

0

*दो महीने से बंद राशन दुकान फिर खुली, वार्डवासियों को मिली राहत*

 मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर चांपा :-अकलतरा। वार्ड नंबर 7 में पिछले करीब दो महीने से बंद पड़ी राशन दुकान को आखिरकार फिर से खुलवा दिया गया है। राशन दुकान बंद होने के बाद वार्ड के हितग्राहियों को राशन लेने के लिए फाटक पार स्थित दुकान तक जाना पड़ रहा था, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

बताया जा रहा है कि पिछले दो महीने से वार्ड नंबर 7 के हितग्राहियों को राशन लेने के लिए फाटक पार भेजा जा रहा था। इसके चलते वार्ड के लोगों को रेलवे पटरी पार करके या फिर ओवरब्रिज के रास्ते लंबा चक्कर लगाकर राशन लेने जाना पड़ता था। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के साथ जाने वाले परिवारों के लिए यह व्यवस्था विशेष रूप से परेशानी का कारण बनी हुई थी।

लोगों की परेशानी को देखते हुए माधुरी देवी पालीवाल ने पहल करते हुए बंद राशन दुकान को दोबारा वार्ड में खुलवाने के लिए प्रयास किया। उनके प्रयास के बाद अब राशन दुकान फिर से शुरू हो गई है, जिससे वार्डवासियों को बड़ी राहत मिली है।

फाटक पार जाने से मिली निजात

राशन दुकान बंद होने के कारण लोगों को अपने ही वार्ड में राशन नहीं मिल पा रहा था। फाटक पार जाने के लिए या तो रेलवे पटरी पार करनी पड़ती थी या ओवरब्रिज से लंबा रास्ता तय करना पड़ता था। इससे समय और परेशानी दोनों बढ़ रही थी।

अब वार्ड में ही राशन दुकान शुरू होने से हितग्राहियों को लंबा रास्ता तय नहीं करना पड़ेगा। लोगों ने दुकान दोबारा खुलवाने के प्रयास के लिए माधुरी देवी पालीवाल का आभार जताया है।

नियमित संचालन की मांग

वार्डवासियों ने अब राशन दुकान का नियमित संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में उन्हें राशन के लिए अपने वार्ड से बाहर ना जाना पड़े राशन जैसी आवश्यक सुविधा वार्ड के लोगों को उनके क्षेत्र में ही समय पर मिलनी चाहिए।

*सट्टा खेलने एवं खिलाने वालों के विरुद्ध सक्ती पुलिस की प्रभावी कार्यवाही*

0

*सट्टा खेलने एवं खिलाने वालों के विरुद्ध सक्ती पुलिस की प्रभावी कार्यवाही*

ऑनलाइन सट्टा में संलिप्त 02 आरोपी गिरफ्तार

सट्टा में प्रयुक्त 02 नग मोबाइल फोन, कुल कीमत ₹16,000/- जप्त

शक्ति:-श्रीमान पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (भा.पु.से.) द्वारा जिले में अवैध जुआ, सट्टा एवं नशीले पदार्थों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सट्टा खेलने एवं खिलाने वाले व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखते हुए ऐसे तत्वों का परेड लेकर उनकी गतिविधियों की जानकारी संकलित करने तथा उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उक्त निर्देशों के परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पटेल (रा.पु.से.) एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सक्ती डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में थाना सक्ती पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय कर अवैध जुआ एवं सट्टा गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है।

इसी क्रम में दिनांक 19.08.2026 को थाना सक्ती पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बुधवारी बाजार पानी टंकी के पास समीर खान नामक व्यक्ति मोबाइल व्हाट्सएप के माध्यम से सट्टा के अंक लिखवाकर लोगों से रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगवाते हुए सट्टा खिला रहा है।

सूचना पर थाना सक्ती पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की गई। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे समीर खान को पुलिस स्टाफ द्वारा घेराबंदी कर पकड़ा गया। उसके कब्जे से रेडमी नोट कंपनी का 01 नग मोबाइल फोन, अनुमानित कीमत ₹7,000/-, बरामद किया गया।

मोबाइल फोन की जांच करने पर व्हाट्सएप चैट में सुरेश अग्रवाल के मोबाइल नंबर पर सट्टा के अंक लिखकर “कल्याण” में लगाने संबंधी बातचीत पाई गई। सट्टा खिलाने के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु नोटिस दिए जाने पर आरोपी द्वारा कोई वैध दस्तावेज नहीं होना लिखित में स्वीकार किया गया। पूछताछ एवं मेमोरण्डम में आरोपी द्वारा अपने मोबाइल में संबंधित मोबाइल नंबर को “सुरेश खान/सुरेश अग्रवाल” के नाम से सुरक्षित कर व्हाट्सएप के माध्यम से सट्टा के अंक लिखवाकर सट्टा खिलाने की जानकारी दी गई।

इसके पश्चात पुलिस टीम द्वारा सुरेश चंद अग्रवाल की तलाश कर घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया। उसके कब्जे से रियलमी कंपनी का 01 नग मोबाइल फोन बरामद किया गया। मोबाइल की जांच करने पर व्हाट्सएप में समीर खान के मोबाइल नंबर को सुरक्षित कर उसके माध्यम से सट्टा के अंक लिखकर “कल्याण” में लगाने संबंधी बातचीत पाई गई।

प्रकरण में दोनों आरोपियों के कब्जे से सट्टा गतिविधि में प्रयुक्त 02 नग मोबाइल फोन, कुल कीमत ₹16,000/- जप्त किए गए। आरोपियों का कृत्य धारा 6, 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के अंतर्गत पाए जाने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

गिरफ्तार आरोपी

1. समीर खान

पिता – अब्दुल गफ्फार खान, उम्र – 32 वर्ष

निवासी – वार्ड क्रमांक 03, राजापारा, सक्ती, थाना सक्ती, जिला सक्ती (छ.ग.)

2. सुरेश चंद अग्रवाल

पिता – रामकरण अग्रवाल, उम्र – 66 वर्ष

निवासी – वार्ड क्रमांक 09, अखराभाठा रोड, सक्ती, थाना सक्ती, जिला सक्ती (छ.ग.)

सट्टा एवं जुआ के विरुद्ध सक्ती पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी

पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (भा.पु.से.) द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जिले में किसी भी प्रकार के जुआ, सट्टा एवं ऑनलाइन सट्टा कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सट्टा खेलने एवं खिलाने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनका परेड लेकर गतिविधियों की जानकारी संकलित की जा रही है तथा ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

सक्ती पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की जाती है कि वे जुआ, सट्टा एवं ऑनलाइन सट्टे के अवैध कारोबार से दूर रहें तथा ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

*देखरेख एवं संरक्षण की जरूरत वाले बच्चों के लिए फास्टर केयर हेतु आवेदन आमंत्रित*

0

*देखरेख एवं संरक्षण की जरूरत वाले बच्चों के लिए फास्टर केयर हेतु आवेदन आमंत्रित*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली, // किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 के अंतर्गत जिले में संचालित पंजीकृत बाल देखरेख संस्थाओं में निवासरत देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों को सुरक्षित एवं पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फास्टर केयर (पालक देखरेख) योजना के तहत भारतीय दंपतियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने बताया कि किशोर न्याय अधिनियम की धारा 41 एवं धारा 44 तथा मॉडल गाइडलाइन फॉर फोस्टर केयर, 2016 के प्रावधानों के तहत बाल देखरेख संस्थाओं में निवासरत अथवा समुदाय में रह रहे 06 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों को आवश्यकता एवं पात्रता के अनुसार अस्थायी पारिवारिक संरक्षण प्रदान किया जा सकेगा। ऐसे भारतीय दंपति, जो देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों को पारिवारिक वातावरण एवं अस्थायी संरक्षण प्रदान करने के इच्छुक हैं, वे जिला बाल संरक्षण इकाई, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला मुंगेली के कार्यालय में निर्धारित प्रारूप में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।

फास्टर केयर के लिए चयनित परिवार को बच्चे की आवश्यकताओं के अनुरूप उचित भोजन, वस्त्र, सुरक्षित आवास, शिक्षा, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधा, देखभाल और संरक्षण उपलब्ध कराना होगा। साथ ही बच्चे की रुचि एवं आयु के अनुरूप व्यावसायिक प्रशिक्षण तथा उसके समग्र विकास के अवसर उपलब्ध कराने होंगे। फास्टर केयर परिवार को बच्चे को शोषण, दुर्व्यवहार, हिंसा, हानि एवं उपेक्षा से सुरक्षित रखने के साथ-साथ बच्चे और उसके जैविक परिवार की निजता एवं सम्मान का संरक्षण करना होगा। इसके अलावा फास्टर केयर मार्गदर्शिका-2016 में निर्धारित सभी दायित्वों एवं शर्तों तथा बाल कल्याण समिति और जिला बाल संरक्षण इकाई के निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।

*बिहान समूह की महिलाओं ने हुनर को बनाया आमदनी का जरिया*

0

*बिहान समूह की महिलाओं ने हुनर को बनाया आमदनी का जरिया*

*राखी निर्माण और बकरी पालन से बढ़ रही आय, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ाया कदम*

मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली, // राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) से जुड़कर जिले के ग्राम फुलवारी की सरस्वती स्व सहायता समूह की महिलाएं स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही हैं। समूह से जुड़ने के बाद महिलाओं को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। महिलाएं एक ओर बकरी पालन को आय का स्थायी साधन बनाने की दिशा में कार्य कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर स्थानीय संसाधनों और अपने हुनर का उपयोग कर पर्व-त्योहारों के अवसर पर अतिरिक्त आमदनी भी अर्जित कर रही हैं।

रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर सरस्वती स्व सहायता समूह की महिलाओं ने आकर्षक राखियां तैयार कर अपने हुनर को बाजार तक पहुंचाया। महिलाओं द्वारा स्थानीय एवं प्राकृतिक सामग्री का उपयोग कर विभिन्न प्रकार की सुंदर राखियां तैयार की गईं। समूह की महिलाओं ने कलेक्टोरेट के सामने राखी विक्रय के लिए स्टॉल लगाया, जहां जनदर्शन में पहुंचे आमजनों ने महिलाओं द्वारा तैयार राखियों की खरीदारी की और उनके हुनर की सराहना की। राखियों की बिक्री से महिलाओं को अतिरिक्त आमदनी प्राप्त हुई, वहीं अपने हाथों से तैयार उत्पाद को लोगों द्वारा पसंद किए जाने से उनके आत्मविश्वास में भी वृद्धि हुई। महिलाओं ने बताया कि इस तरह के अवसर उन्हें घर-परिवार की जिम्मेदारियों के साथ अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने का अवसर प्रदान कर रहे हैं।

समूह की सदस्य श्रीमती सुनीता और श्रीमती अंजू धुरी ने बताया कि बिहान समूह से जुड़ने के बाद महिलाओं को विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिला है। समूह की महिलाओं को बकरी पालन के लिए सहायता स्वीकृत हुई है, जिसके माध्यम से वे अपनी आजीविका को मजबूत करने और नियमित आय का साधन विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। बकरी पालन जैसी गतिविधियों से महिलाओं को गांव में ही रोजगार का अवसर मिल रहा है और वे परिवार की आर्थिक जरूरतों में सहयोग कर पा रही हैं। बिहान समूह के माध्यम से महिलाओं को केवल आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने का अवसर ही नहीं मिल रहा, बल्कि उनके हुनर को पहचान और बाजार भी मिल रहा है। राखी निर्माण जैसी मौसमी गतिविधियों से महिलाएं स्थानीय मांग को अवसर में बदलकर अतिरिक्त आय अर्जित कर रही हैं। वहीं बकरी पालन के माध्यम से दीर्घकालिक आजीविका का आधार तैयार कर रही हैं।

*नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र से माताओं और बच्चों को मिलेगी सुविधा*

0

*नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र से माताओं और बच्चों को मिलेगी सुविधा*

 *पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा सेवाओं का मिलेगा लाभ*

*मनरेगा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अभिसरण से 11.69 लाख की लागत से हुआ भवन निर्माण*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली,// जिले के ग्राम बैतलपुर में नवनिर्मित आंगनबाड़ी भवन से महिलाओं और बच्चों के लिए सुविधाओं में विस्तार हुआ है। गांव में आंगनबाड़ी भवन नहीं होने के कारण गर्भवती महिलाओं और बच्चों को करीब 02 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र पर निर्भर रहना पड़ता था। दूरी और आवागमन की कठिनाइयों के कारण कई पात्र हितग्राही शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं, पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं से नियमित रूप से लाभान्वित नहीं हो पाते थे। अब गांव में ही आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-02 का भवन उपलब्ध होने से यह समस्या दूर हो गई है।

गांव में आंगनबाड़ी भवन की आवश्यकता को देखते हुए ग्राम सभा द्वारा सर्वसम्मति से गांव में ही भवन निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया। शासन ने संवेदनशीलता के साथ इस प्रस्ताव पर त्वरित कार्यवाही करते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग की मांग के आधार पर भवन निर्माण के लिए आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की। इसके बाद जिला पंचायत द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत 13 नवंबर 2024 को भवन निर्माण कार्य की स्वीकृति दी गई। अब गर्भवती महिलाओं और बच्चों को लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता नहीं है। गांव में ही पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और प्रारंभिक शिक्षा की सुविधा मिलने से समुदाय में सुविधा के साथ-साथ जागरूकता और विश्वास भी बढ़ा है।

निर्माण कार्य 10 दिसंबर 2024 को प्रारंभ हुआ और निर्धारित समय-सीमा में 7 अप्रैल 2025 को सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया। इस भवन के निर्माण पर कुल 11.69 लाख की राशि व्यय हुई, जिसमें महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 3.69 लाख तथा मनरेगा मद से 08 लाख का प्रावधान किया गया। विभागीय अभिसरण से तैयार यह भवन ग्रामीण विकास और जनकल्याण की प्रभावी मिसाल बनकर सामने आया है।

नवनिर्मित आंगनबाड़ी भवन के संचालन से वर्तमान में 01 गर्भवती महिला, 01 नवजात शिशु, 17 बच्चे 3 वर्ष से 6 वर्ष आयु वर्ग तथा 25 बच्चे 3 माह से 6 वर्ष आयु वर्ग के हितग्राहियों को नियमित रूप से पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। गांव में ही केंद्र उपलब्ध होने से बच्चों और महिलाओं की सेवाओं तक पहुंच आसान हुई है तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका द्वारा योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।

*आंगनबाड़ी केंद्र बना मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य का मजबूत आधार*

आंगनबाड़ी केंद्र की सुविधा मिलने से गांव की महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। एक गर्भवती महिला ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र से नियमित रूप से पौष्टिक आहार मिलने से उनकी एनीमिया की समस्या में सुधार हुआ और उनका प्रसव सुरक्षित एवं सुगमतापूर्वक संपन्न हुआ। इसी तरह आंगनबाड़ी केंद्र से नियमित पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं की आसान उपलब्धता से 12 कम वजन वाले बच्चों के पोषण स्तर में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। इससे गांव में कुपोषण की स्थिति में प्रभावी कमी लाने में मदद मिली है।