Home Blog Page 74

*थाना साहसपुर लोहारा में पुलिस अधीक्षक का औचक निरीक्षण।*

0

*थाना साहसपुर लोहारा में पुलिस अधीक्षक का औचक निरीक्षण।*

*कार्यालयीन व्यवस्था एवं अभिलेखों के रखरखाव की सराहना, बेहतर कार्य के लिए अधिकारी कर्मचारी पुरस्कृत।*

कबीरधाम– कबीरधाम जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने तथा पुलिस व्यवस्था की समीक्षा के उद्देश्य से नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव (आई.पी.एस.) ने आज दोपहर लगभग 02 बजे थाना साहसपुर लोहारा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना साहसपुर लोहारा में पदस्थ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। थाना प्रभारी विभागीय प्रशिक्षण में शामिल होने के कारण निरीक्षण के समय उपस्थित नहीं थे।

पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले का कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात लगातार विभिन्न थाना एवं चौकियों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है। इसी क्रम में थाना साहसपुर लोहारा पहुंचकर उन्होंने थाना परिसर, कार्यालयीन व्यवस्था तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने रोजनामचा, अपराध पंजी, ड्यूटी रजिस्टर, विभिन्न पंजियों, अभिलेखों एवं कार्यालयीन फाइलों का गहन निरीक्षण किया। थाना में रजिस्टरों, अभिलेखों एवं विभिन्न पंजियों के सुव्यवस्थित संधारण और उत्कृष्ट रखरखाव पर उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की।

इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर, मालखाना, बैरक, शासकीय आवास, शस्त्रागार, शासकीय वाहनों तथा सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, लंबित प्रकरणों एवं शिकायतों की समीक्षा करते हुए अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान श्री यादव ने थाना में पदस्थ सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों से व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पुलिस अधीक्षक स्तर की समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाएगा तथा वरिष्ठ कार्यालय से संबंधित मामलों को आवश्यक कार्यवाही के लिए तत्काल अग्रेषित किया जाएगा।

इस दौरान किसी भी अधिकारी अथवा कर्मचारी द्वारा कोई विशेष समस्या प्रस्तुत नहीं की गई।

पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की सुरक्षा एवं पुलिस के प्रति जनविश्वास बनाए रखना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों, असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर सतत निगरानी रखी जाए तथा प्राप्त शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि थाना आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा उन्हें समय पर न्याय एवं सहायता उपलब्ध कराई जाए।

निरीक्षण के दौरान थाना के मुंशी एवं मददगार द्वारा कार्यालयीन कार्यों, रजिस्टरों, फाइलों एवं पंजियों के उत्कृष्ट रखरखाव तथा सुव्यवस्थित संधारण की पुलिस अधीक्षक ने विशेष प्रशंसा की। उनके उत्कृष्ट कार्य एवं कर्तव्यनिष्ठा को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा उन्हें पुरस्कृत कर उत्साहवर्धन भी किया गया।

पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को सदैव प्रोत्साहित किया जाएगा तथा बेहतर पुलिसिंग और जनसेवा के लिए सभी को टीम भावना के साथ कार्य करना होगा।

*डीएमएफ फंड से सीसी रोड निर्माण का शुभारंभ, ग्राम नवागांव (घु.) में विकास कार्यों को मिली गति*

0

*डीएमएफ फंड से सीसी रोड निर्माण का शुभारंभ, ग्राम नवागांव (घु.) में विकास कार्यों को मिली गति*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली— जनपद पंचायत मुंगेली अंतर्गत ग्राम पंचायत नवागांव (घु.) में जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) फंड के माध्यम से सीसी रोड निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया है। निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है, जिससे ग्रामवासियों में खुशी का माहौल है। इस सड़क के निर्माण से आवागमन सुगम होगा तथा ग्रामीणों को बरसात सहित सभी मौसमों में बेहतर सुविधा मिल सकेगी। ग्राम पंचायत ने बताया गया कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जा रहा है। पंचायत का उद्देश्य ग्रामीणों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए गांव के समग्र विकास को गति देना है। सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद गांव के विभिन्न हिस्सों में आवागमन आसान होगा और लोगों को दैनिक कार्यों में सुविधा मिलेगी।

ग्राम पंचायत नवागांव (घु.) के सरपंच नारायण साहू ने कहा कि ग्रामवासियों के सहयोग एवं वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन से पंचायत में विकास कार्य लगातार किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी गांव के विकास के लिए इसी तरह जनहित के कार्य प्राथमिकता के साथ जारी रहेंगे। ग्रामीणों ने सीसी रोड निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पंचायत की पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि इस प्रकार के विकास कार्यों से गांव की आधारभूत सुविधाओं में लगातार सुधार होगा।

*शराब पीकर स्कूल पहुंचना शिक्षक को पड़ा भारी, मेडिकल जांच के बाद निलंबन की अनुशंसा*

0

*शराब पीकर स्कूल पहुंचना शिक्षक को पड़ा भारी, मेडिकल जांच के बाद निलंबन की अनुशंसा*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली—- शिक्षा के मंदिर की गरिमा को शर्मसार करने वाले एक मामले में शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) मुंगेली विमित्रा घृतलहरे ने शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला केशलीकला में पदस्थ शिक्षक उमेश कुमार यादव के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए उनका चिकित्सकीय परीक्षण (मेडिकल मुलाहिजा) कराया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर संबंधित शिक्षक के निलंबन की अनुशंसा करते हुए प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया है।

बीईओ कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार 22 जुलाई 2026 को शैक्षिक समन्वयक के आकस्मिक निरीक्षण एवं व्हाट्सएप पर प्राप्त वीडियो के आधार पर शिकायत मिली कि शिक्षक विद्यालय समय के दौरान शराब के नशे में स्कूल पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान विद्यालय खुलने के लगभग आधे घंटे बाद भी शिक्षक विद्यालय से अनुपस्थित पाए गए। वहीं जांच में यह भी सामने आया कि इससे पहले भी वे लगातार दो दिनों तक बिना अनुमति के विद्यालय से अनुपस्थित रहे थे।

शिक्षा विभाग ने इस कृत्य को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के लिए आदर्श होता है। ऐसे में नशे की हालत में विद्यालय पहुंचना न केवल शासकीय कर्मचारी आचरण नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे विभाग की छवि भी धूमिल होती है और विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित होता है। संबंधित शिक्षक को दो दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे तथा स्पष्ट किया गया था कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसी बीच 27 जुलाई 2026 को ग्राम पंचायत केशलीकला के सरपंच ने पुनः दूरभाष के माध्यम से सूचना दी कि संबंधित शिक्षक फिर शराब के नशे में विद्यालय पहुंचे हैं। शिकायत में बताया गया कि शिक्षक के इस व्यवहार से छात्र-छात्राओं में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीईओ ने थाना प्रभारी फास्टरपुर को पत्र भेजकर शिक्षक का तत्काल मेडिकल मुलाहिजा कराने का अनुरोध किया।

चिकित्सकीय परीक्षण की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद शिक्षा विभाग ने पूरे मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित शिक्षक के निलंबन की अनुशंसा उच्च अधिकारियों को भेज दी है। विभाग का कहना है कि जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद जिले में शिक्षा व्यवस्था, विद्यालयों में अनुशासन तथा शिक्षकों की जवाबदेही को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि आरोप सिद्ध होते हैं तो ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई आवश्यक है, ताकि विद्यालयों की गरिमा बनी रहे और विद्यार्थियों के लिए स्वस्थ एवं अनुशासित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

*भोरमदेव पदयात्रा में पूर्व कलेक्टर्स व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी हुए शामिल*

0

*भोरमदेव पदयात्रा में पूर्व कलेक्टर्स व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी हुए शामिल*

कवर्धा— सावन के पहले सोमवार को बूढ़ा महादेव मंदिर से भोरमदेव तक निकली 18 किलोमीटर की पदयात्रा में हजारों शिवभक्तों के साथ जिले में वर्तमान और पूर्व में पदस्थ रहे प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल हुए। वर्षों पहले जिले में सेवाएं दे चुके अधिकारी भी परिवार सहित पदयात्रा में शामिल होने पहुंचे।

पूर्व कलेक्टर सिद्धार्थ कोमल परदेशी, श्रीमती आर. संगीता, पी. दयानंद और पूर्व सीईओ जिला पंचायत कुंदन कुमार ने बूढ़ा महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर पदयात्रा प्रारंभ की। श्रद्धालुओं के साथ पैदल चलते हुए सभी भोरमदेव मंदिर पहुंचे, जहां भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेश और जिले की सुख-समृद्धि की कामना की। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर श्रद्धा और उत्साह का वातावरण रहा। “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से मार्ग गुंजायमान रहा। विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय नागरिकों ने पदयात्रियों के लिए पेयजल, चाय नाश्ते सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पदयात्रियों का स्वागत भी किया।

बाबा भोरमदेव जिले की आस्था और सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख केंद्र है। यही कारण है कि यहां सेवाएं दे चुके अधिकारी भी सावन माह में परिवार सहित पदयात्रा में शामिल होकर अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हैं। इस वर्ष पदयात्रा के लिए कलेक्टर गोपाल वर्मा और पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव के मार्गदर्शन में विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा पेयजल एवं जलपान सहित जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य सुविधाओं संबंधी व्यवस्थाएं की गई थीं। पूरे मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती रही, जिससे हजारों श्रद्धालुओं ने सुरक्षित ढंग से पदयात्रा पूर्ण की।

*मोर गांव-मोर पानी अभियान से ग्रामीण आजीविका को मिली नई उड़ान*

0

*मोर गांव-मोर पानी अभियान से ग्रामीण आजीविका को मिली नई उड़ान*

*47 आजीविका डबरियां किसानों के लिए बनेंगी संबल, जल संरक्षण के साथ बढ़ेगी आय*

*विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत सिंचाई, मत्स्य पालन और कृषि गतिविधियों को मिलेगा नया आधार*

आशीष कश्यप प्रधान संपादक रायपुर,/ छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शुरू किया गया ‘मोर गांव-मोर पानी’ महाअभियान ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण को एक बड़ा जनआंदोलन बना रहा है। इसके तहत सोख्ता गड्ढे, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, तालाब गहरीकरण और खेत-पोंड जैसी जल संरचनाएं बनाकर भूजल स्तर को बढ़ाया जा रहा है और ग्रामीणों को रोजगार भी मिल रहा है। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में ‘मोर गांव-मोर पानी’ अभियान के तहत ‘नवा तरिया आय के जरिया’ और अन्य जल संरचनाओं के माध्यम से भूजल संवर्धन और जल संरक्षण को जनआंदोलन का रूप दिया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई सुविधा और महिलाओं के लिए आजीविका के नए अवसर बढ़ रहे हैं।

*कृषि एवं मत्स्य पालन के माध्यम से किसानों होंगे आत्मनिर्भर*

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा संचालित मोर गांव-मोर पानी अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण, सिंचाई विस्तार और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में प्रभावी पहल साबित हो रहा है। विकसित भारत जी राम जी योजना के अंतर्गत जांजगीर-चांपा जिले में आजीविका आधारित जल संरचनाओं का निर्माण कर किसानों को कृषि एवं मत्स्य पालन के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं।

*47 आजीविका डबरियों का निर्माण स्वीकृत*

जांजगीर-चांपा जिले में अभियान के तहत कुल 47 आजीविका डबरियों का निर्माण स्वीकृत किया गया है, जिनमें से 35 डबरियों का निर्माण पूर्ण हो चुका है। वर्षा जल से भर चुकी इन डबरियों के माध्यम से किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध हो रहा है, जिससे खेती का रकबा बढ़ने के साथ कृषि उत्पादन में भी वृद्धि हो रही है।

*14 डबरियों में मत्स्य पालन एवं कृषि आधारित गतिविधियां संचालित*

आजीविका डबरियां अब केवल जल संरक्षण का माध्यम नहीं रहीं, बल्कि ग्रामीण परिवारों के लिए अतिरिक्त आय का सशक्त स्रोत भी बन रही हैं। वर्तमान में 14 डबरियों में मत्स्य पालन एवं कृषि आधारित गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। डबरियों की मेड़ों पर दलहन, तिलहन तथा अन्य फसलों की खेती से किसानों को अतिरिक्त उत्पादन और बेहतर आमदनी प्राप्त हो रही है। जिले में 4 डबरियों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन से वर्षा जल संरक्षण, भू-जल स्तर में सुधार तथा सिंचाई सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिली है। इससे किसान अब वर्षभर कृषि एवं मत्स्य पालन जैसी आजीविका गतिविधियों से जुड़कर अपनी आय में निरंतर वृद्धि कर रहे हैं।

*मोर गांव-मोर पानी अभियान प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण*

मोर गांव-मोर पानी अभियान प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, कृषि उत्पादकता बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल के रूप में उभर रहा है। यह अभियान जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीण विकास को नई गति प्रदान कर रहा है।

 *सायबर टीम की सक्रियता से थाना नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम महत, जगमहंत एवं बम्हनीडीह मंदिर में भी हुई थी चोरी का 48 घंटे के भीतर हुआ खुलासा*

0

 *सायबर टीम की सक्रियता से थाना नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम महत, जगमहंत एवं बम्हनीडीह मंदिर में भी हुई थी चोरी का 48 घंटे के भीतर हुआ खुलासा*

* *मामले में 01 विधि विरुद्ध संर्घषरत बालक तथा 03 मुख्य आरोपी शामिल*

* *आरोपियों द्वारा घटना के एक दिन पूर्व चोरी का योजना बनाकर किये थे*

* *सभी मंदिरों की रेकी घटना स्थलो से लेकर आरोपियों के आने जाने तक की संभावित जगहो की लगभग 100 से अधिक सीसीटीव्ही फुटेज से मिला सुराग*

* *अलग अलग 3 मंदिरों में हुए चांदी के छत्र, मुकुट, चक्र, सोने का आभुषण दान पेटी सहित नगदी रकम कुल 16 लाख 60 हजार रू. की चोरी, आरोपी से शत प्रतिशत माल बरामद किया गया।*

* *आरोपियों से ताला काटने में उपयोग किया किया गया इलेक्ट्रानिक कटर एवं घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल बरामद किया गया।*

* *आरोपीगण लाखों के कर्ज में डूबे रहने से चोरी की घटना को दिया अंजाम*

 *गिरफतार आरोपी* 

01. प्रशांत पटेल पिता अशोक पटेल उम्र 23 साल निवासी घुटिया थाना पामगढ़

02. प्रभात पटेल पिता अशोक पटेल उम्र 18 साल 02 माह निवासी घुटिया थाना पामगढ़

03. परमानंद पटेल पिता बंशी लाल पटेल उम्र 25 साल निवासी घुटिया थाना पानगढ़

 मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर चांपा :-जिले में अज्ञात चोरों ने दिनांक 01-02/08/26 की दरिम्यानी जिले के तीन बडी मंदिरों को निशाना बनाया था। जिसमें पहली चोरी बम्हनीडीह के रामजानकी मंदिर से 02 नग चांदी का छत्र हुई थी। दो चोरियां नवागढ़ थाना क्षेत्र के गावों में हुई थी। दूसरी चोरी थाना नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम महंत के चंडी दाई मंदिर में हुई। जहां अज्ञात चोरों ने देवी मंदिर में 9 माताओं के सिर में सजी चांदी के मुकुट, सोने के जेवर और दान पेटी को पार कर दिया था। इसी तरह तीसरी चोरी नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम जगमहंत के बद्री विशाल मंदिर में एक चांदी का छत्र चोरी हुई थी। जिस पर थाना नवागढ़ में 02 अपराध एवं थाना बम्हनीडीह में 01 अपराध पंजीबद्ध अज्ञात चोरों के विरुद्ध किया गया था। पुलिस ने तीनों मामले में सफलता प्राप्त कर ली, चोरी का सुराग लगाने पुलिस ने कड़ी मेहनत की थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए *पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाडेय (भापुसे)* स्वयं घटना स्थल पहुंचकर निरीक्षण कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं चोरी गये माल की बरामदगी के लिए तत्काल साइबर थाना एवं थाना नवागढ़, बम्हनीडीह पुलिस को निर्देशित किया गया।

*अति. पुलिस अधीक्षक डॉ० यूलेंडन यार्क* के कुशल मार्ग दर्शन में गठित टीम द्वारा घटना स्थल के आने जाने रास्तो का बारिकी से निरीक्षण कर आस-पास के लगभग 100 सीसीटीव्ही कैमरे का फुटेज को खंगाला, जिसमें बम्हनीडीह क्षेत्र से नवागढ़ क्षेत्र के घटना समय के आस पास एक संदिग्ध मोटर सायकल दिखा जिसमें 04 व्यक्ति सवार थे जिनकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने से उनको साइबर तकनीकी के आधार पर आस पास के गांव में मैनुवल इनपुट के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान करते हुए दबिश देकर पकड़ा कर एसडीओपी धान्या श्री लोकेश बंसल एवं सीएसपी योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में पूछताछ करने पर टाल मटोल करने लगे, पुलिस द्वारा मनो वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ किये जाने पर आरोपियों ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि आरोपी प्रशांत पटेल निवासी घुटिया थाना पामगढ़ के घर के पीछे गढ्‌ढे में चोरी का सारा माल छुपा कर रखा है, बाद आरोपियों के निशानदेही में चोरी गयें सोने चांदी का जेवर व छत्र एवं घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रानिक कटर एवं मोटर सायकिल बरामद किया ।

*उपरोक्त कार्यावाही* में थाना प्रभारी साइबर निरीक्षक भास्कर शर्मा, सउनि विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज तिग्गा, राजकुमार चन्द्रा, विवेक सिंह, आरक्षक गिरीश कश्यप, प्रदीप दुबे, सहबाज अहमद, रोहित कहरा, माखन साहू, चिरंजिव कमलेश पदमराज सिंह, थाना नवागढ़ प्रभारी निरी. मणिकांत पाण्डेय, थाना प्रभारी बम्हनीडीह उपनिरी दिलीप सिंह एवं उनके टीम का सराहनीय योगदान रहा।

*श्री राम गोपाल गर्ग पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज ने ली रेंज स्तरीय समीक्षा बैठक*

0

*श्री राम गोपाल गर्ग पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज ने ली रेंज स्तरीय समीक्षा बैठक*

🔹 *डिजिटल पुलिसिंग, ई-समन, ‘न्याय श्रुति’ (VC गवाही), ई-साक्ष्य और अवैध प्रवासियों के सत्यापन पर दिए सख्त निर्देश*

🔹 *पारदर्शिता, लंबित मामलों के त्वरित निपटारे और तकनीक के 100% उपयोग पर विशेष जोर*

मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली:- राम गोपाल गर्ग’पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज द्वारा जिले के वरि. पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षकों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली गई।समीक्षा मीटिंग का आयोजन रेंज स्तरीय पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में किया गया। समीक्षा मीटिंग में श्री रजनेश सिंह उमनि. एवं वरि. पुलिस अधीक्षक, जिला बिलासपुर, श्री शशि मोहन सिंह, उमनि. एवं वरि. पुलिस अधीक्षक, जिला रायगढ़, श्री भोजराम पटेल, वरि. पुलिस अधीक्षक मुंगेली, श्री सिद्धार्थ तिवारी, पुलिस अधीक्षक, जिला कोरबा, श्री मनोज खिलारी, पुलिस अधीक्षक, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही,श्री प्रफुल्ल ठाकुर, पुलिस अधीक्षक, जिला सक्ती, श्री विजय पाण्डेय पुलिस अधीक्षक, जिला जॉजगीर-चाम्पा, श्री. सुनील शर्मा पुलिस अधीक्षक, जिला सारंगढ़, तथा विवेक शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक, रेंज पु.म.नि. कार्यालय बिलासपुर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

पुलिस अधिकारियों की इस उच्चस्तरीय बैठक मे आईजी श्री राम गोपाल गर्ग बिलासपुर रेंज द्वारा न्याय प्रणाली को अधिक सुगम, पारदर्शी और त्वरित बनाने के लिए महत्वपूर्ण प्रशासनिक व तकनीकी दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक में न्यायालयीन समन/वारंट की तामिली, ई-समन, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (न्याय श्रुति) और डिजिटल साक्ष्य संकलन (ई-साक्ष्य), प्रशासनिक व सुरक्षा संबंधी अन्य दिशा निर्देशों की समीक्षा की गई।

*समीक्षा बैठक के प्रमुख बिंदु व प्राथमिकताएं:*

*1* *. समन व वारंट की गूगल शीट से रियल-टाइम मॉनिटरिंग*

न्यायालयीन प्रक्रियाओं में समय की बचत करते हुये अब समन और वारंट की मॉनिटरिंग गूगल शीट (Google Sheet) के माध्यम से की जाएगी। थानों में तैनात कोर्ट आरक्षक इसमें तामिली की स्थिति, अदम तामिली के कारण और गवाहों की उपस्थिति का सटीक ब्योरा दर्ज करेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य अनावश्यक पत्राचार को खत्म कर डेटा को कंपाइल करना है, जिससे हाईकोर्ट में केस लंबित रहने की समस्या का समाधान हो सके।

*2. ई-समन और तकनीकी सुधार*

जारी अधिसूचना के अनुसार ई-समन को अब WhatsApp के माध्यम से भी तामिल कराया जा सकता है, जिसमें प्राप्तकर्ता का ‘OK’ मैसेज का स्क्रीनशॉट मान्य होगा। नए गठित जिलों में आ रही डेटा मैपिंग की तकनीकी समस्याओं और सुदूर थानों में नेटवर्क व लैट-लॉन्ग अपलोड करने की चुनौतियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।

*3. न्याय श्रुति (VC) से गवाही और सुरक्षा*

न्यायालयीन गवाही प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए थानों को वीसी (Video Conferencing) से जोड़ने और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए । माननीय न्यायालयों से समन में ही गवाही के माध्यम (वीसी या भौतिक उपस्थिति) का उल्लेख करने का अनुरोध किया जाएगा।

*4. ई-साक्ष्य और ‘आइडियल CCTNS थाना’*

भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 105 के तहत जब्ती, तलाशी और गवाहों के बयानों की वीडियो रिकॉर्डिंग (ई-साक्ष्य) अनिवार्य की गई है। प्रत्येक जिले में एक थाने को ‘आइडियल CCTNS थाना’ के रूप में विकसित किया जाएगा, जहाँ विवेचक स्वयं सभी ऑनलाइन प्रविष्टियाँ करेंगे।

*5. प्रशासनिक व सुरक्षा संबंधी अन्य निर्देश*

*नागरिक सत्यापन:* समाधान ऐप के जरिए अवैध प्रवासियों, किरायेदारों और फेरीवालों का नियमित सत्यापन अनिवार्य होगा। जिसका साप्ताहिक रिपोर्ट रेंज को देना होना।

*संपत्ति अपराध* : बाइक चोरी जैसी अपराधों में एफआईआर दर्ज करते समय इंजन और चेसिस नंबर की प्रविष्टि करने निर्देश दिए गये हैं ताकि सशक्त app का database update हो सके।

*आईजी श्री गर्ग ने बिलासपुर रेंज के सभी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस अधीक्षकों को स्पष्ट किया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य पुलिसिंग में पारदर्शिता, डिजिटल प्रगति और लंबित मामलों का त्वरित निपटारा सुनिश्चित करना था। टीम भावना के साथ कार्य करते हुये* *प्रत्येक मॉड्यूल में शत-प्रतिशत गुणवत्ता, शुद्धता एवं समयबद्धता बनाए रखने का आह्वान किया। तकनीकी माध्यमों के प्रयोग से पुलिसिंग की गुणवत्ता में सुधार होगा और थानों में पेंडेंसी कम होगी । सभी अधिकारियों को इन निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने की सख्त हिदायत दी है।* *

*शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा गया न्यायिक रिमांड पर*

0

*शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा गया न्यायिक रिमांड पर*

सक्ती, पुलिस अधीक्षक महोदय सक्ती श्री प्रफुल ठाकुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय सक्ती के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चंद्रपुर श्री सुमित गुप्ता के नेतृत्व में थाना डभरा पुलिस द्वारा दुष्कर्म के गंभीर प्रकरण में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।

थाना डभरा में अपराध क्रमांक 284/2026, धारा 64(2)(m) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था। प्रकरण में पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी खगेश्वर प्रसाद चंद्रा, पिता भागीरथी चंद्रा, 27 साल निवासी ग्राम फरसवानी, थाना डभरा, द्वारा उसे विवाह का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध स्थापित किया गया। बाद में जब पीड़िता ने विवाह करने का प्रस्ताव रखा, तब आरोपी ने विवाह करने से स्पष्ट रूप से इंकार कर दिया। पीड़िता की रिपोर्ट पर दिनांक 03.08.2026 को अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

मामले की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक महोदय सक्ती श्री प्रफुल ठाकुर के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने तत्परता एवं सतर्कता से कार्यवाही करते हुए आज दिनांक 04.08.2026 को आरोपी खगेश्वर प्रसाद चंद्रा को गिरफ्तार किया। आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करने के उपरांत आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक श्री राजेश पटेल, सहायक उप निरीक्षक (ASI) नीलमणि कुसुम, प्रधान आरक्षक रमेश चंद्रा, आरक्षक मिरिश साहू, हरिहर सिंह, राजेश धीरहे सहित थाना डभरा पुलिस स्टाफ की सराहनीय एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सक्ती पुलिस महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों के प्रति संवेदनशील है तथा ऐसे मामलों में त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी वैधानिक कार्यवाही के लिए प्रतिबद्ध है।

*नगरीय क्षेत्रों में विकास कार्यों को मिलेगी गति*

0

*नगरीय क्षेत्रों में विकास कार्यों को मिलेगी गति*

*योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता*

*कलेक्टर ने लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के दिए निर्देश*

मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली, // जिला कलेक्टोरेट परिसर स्थित एनआईसी सभाकक्ष में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिले के सभी नगरीय निकायों में संचालित विकास कार्यों एवं मूलभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में संयुक्त संचालक श्री राकेश जायसवाल एवं अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव भी मौजूद रहे। कलेक्टर ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें तथा विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें।

कलेक्टर ने अटल परिसर, प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत मिशन, मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत स्वीकृत कार्य, सीएम हेल्पलाइन, पीएम स्वनिधि योजना, राजस्व वसूली, 15वें वित्त आयोग के कार्य, गौरव पथ निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान संयुक्त संचालक ने लंबित निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए आवश्यक फिलिंग कार्य समय पर पूरा करने को कहा, ताकि बारिश के बाद निर्माण कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा सके और पात्र हितग्राहियों को जल्द आवास का लाभ मिल सके।

इस दौरान संयुक्त संचालक श्री जायसवाल ने सभी प्रगतिरत विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन निर्माण एजेंसियों अथवा ठेकेदारों द्वारा कार्यों में अनावश्यक विलंब किया जा रहा है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

बैठक में अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव ने सभी नगरीय निकायों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने, क्षतिग्रस्त सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने तथा स्ट्रीट लाइटों के सुचारू संचालन और नियमित रखरखाव के निर्देश दिए। साथ ही पट्टा अधिनियम के तहत सर्वे कार्य शीघ्र पूरा करने पर भी विशेष जोर दिया गया। सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिले के सभी नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

*अमृत भारत स्टेशन की हकीकत: सर्वसुविधायुक्त शौचालय वर्षों से बंद, यात्री परेशान*

0

*अमृत भारत स्टेशन की हकीकत: सर्वसुविधायुक्त शौचालय वर्षों से बंद, यात्री परेशान*

मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर चांपा :-अकलतरा, जांजगीर-चांपा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किए जा रहे अकलतरा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। स्टेशन परिसर में बना सर्वसुविधायुक्त शौचालय वर्षों से बंद पड़ा है, जिससे प्रतिदिन आने-जाने वाले यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

इस गंभीर समस्या को लेकर अकलतरा निवासी जयदीप सिंह बैस ने मंगलवार को स्टेशन प्रबंधक को लिखित आवेदन सौंपकर बंद पड़े शौचालय को तत्काल चालू कराने की मांग की। आवेदन में बताया गया है कि स्टेशन से प्रतिदिन सैकड़ों यात्री सफर करते हैं, लेकिन शौचालय बंद होने के कारण विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांग यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।

आवेदन में यह भी कहा गया है कि जब रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है, तब वर्षों से शौचालय का बंद रहना इस योजना के उद्देश्य और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावों पर सवाल खड़े करता है। स्वच्छता और यात्री सुविधा के दावों के बीच स्टेशन पर मूलभूत सुविधा का अभाव यात्रियों में नाराजगी का कारण बना हुआ है।

जयदीप सिंह बैस ने मांग की है कि बंद पड़े शौचालय की तत्काल सफाई एवं मरम्मत कर उसे आम यात्रियों के लिए खोला जाए तथा पानी, बिजली और नियमित रखरखाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

स्टेशन प्रबंधक ने आवेदन प्राप्त कर उस पर प्राप्ति की मुहर लगाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब यात्रियों को उम्मीद है कि रेलवे प्रशासन शीघ्र इस समस्या का समाधान करेगा, ताकि अकलतरा रेलवे स्टेशन वास्तव में “अमृत भारत स्टेशन” की अवधारणा के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं यात्रियों को उपलब्ध करा सके।