*अमृत भारत स्टेशन की हकीकत: सर्वसुविधायुक्त शौचालय वर्षों से बंद, यात्री परेशान*

मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर चांपा :-अकलतरा, जांजगीर-चांपा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किए जा रहे अकलतरा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। स्टेशन परिसर में बना सर्वसुविधायुक्त शौचालय वर्षों से बंद पड़ा है, जिससे प्रतिदिन आने-जाने वाले यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
इस गंभीर समस्या को लेकर अकलतरा निवासी जयदीप सिंह बैस ने मंगलवार को स्टेशन प्रबंधक को लिखित आवेदन सौंपकर बंद पड़े शौचालय को तत्काल चालू कराने की मांग की। आवेदन में बताया गया है कि स्टेशन से प्रतिदिन सैकड़ों यात्री सफर करते हैं, लेकिन शौचालय बंद होने के कारण विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांग यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि जब रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है, तब वर्षों से शौचालय का बंद रहना इस योजना के उद्देश्य और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावों पर सवाल खड़े करता है। स्वच्छता और यात्री सुविधा के दावों के बीच स्टेशन पर मूलभूत सुविधा का अभाव यात्रियों में नाराजगी का कारण बना हुआ है।
जयदीप सिंह बैस ने मांग की है कि बंद पड़े शौचालय की तत्काल सफाई एवं मरम्मत कर उसे आम यात्रियों के लिए खोला जाए तथा पानी, बिजली और नियमित रखरखाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
स्टेशन प्रबंधक ने आवेदन प्राप्त कर उस पर प्राप्ति की मुहर लगाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब यात्रियों को उम्मीद है कि रेलवे प्रशासन शीघ्र इस समस्या का समाधान करेगा, ताकि अकलतरा रेलवे स्टेशन वास्तव में “अमृत भारत स्टेशन” की अवधारणा के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं यात्रियों को उपलब्ध करा सके।
