Home Blog Page 122

*भरोसे को मिला सम्मान: मुंगेली की गायत्री को समय पर खाद मिलने से खेती हुई आसान*

0

 

 

*भरोसे को मिला सम्मान: मुंगेली की गायत्री को समय पर खाद मिलने से खेती हुई आसान*

 

*खरीफ तैयारी को मिली रफ्तार, किसानों तक समय पर पहुंच रहा उर्वरक*

मुकेश साहू ब्यूरो लोरमी मुंगेली,// खरीफ सीजन 2026 में किसानों को समय पर खाद एवं बीज उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा की जा रही सतत निगरानी और प्रभावी व्यवस्थाओं का लाभ किसानों को सीधे तौर पर मिल रहा है। किसानों को समय पर खाद मिल रहा है, जिससे खरीफ फसल की तैयारी को रफ्तार मिल रही है। इसी क्रम में मुंगेली निवासी किसान गायत्री देवी साहू को भी समय पर खाद उपलब्ध हुई है, जिससे उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया है। गायत्री देवी साहू ने बताया कि उन्होंने अपनी खेती की आवश्यकताओं के अनुसार पहले चरण में खाद प्राप्त कर खेतों की तैयारी शुरू कर दी थी। इसके बाद अब उन्हें सेवा सहकारी समिति मर्या, मुंगेली से खाद की दूसरी किश्त भी समय पर प्राप्त हो गई है। इससे उन्हें खेती संबंधी कार्यों को निर्धारित समय पर पूरा करने में काफी सुविधा मिल रही है।

उन्होंने कहा कि पहले किसानों को कई बार खाद की उपलब्धता को लेकर चिंता बनी रहती थी, लेकिन इस वर्ष प्रशासन की सक्रियता और बेहतर प्रबंधन के कारण समय पर खाद मिल रही है। इससे किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है और वे निश्चिंत होकर खेती की तैयारी कर पा रहे हैं। गायत्री देवी ने कहा कि समय पर खाद मिलने से फसल उत्पादन की संभावनाएं बेहतर होती हैं और किसान पूरे उत्साह के साथ खेती के कार्यों में जुट पाते हैं। उन्होंने सरकार द्वारा किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी व्यवस्थाएं किसानों के लिए बहुत लाभकारी साबित हो रही हैं।

उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में खाद एवं बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर निगरानी की जा रही है। सहकारी समितियों और निजी विक्रय केंद्रों के माध्यम से किसानों को आवश्यक कृषि आदान समय पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे खरीफ सीजन की तैयारियां सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं। 2.5 एकड़ तक भूमि वाले सीमांत किसानों को निर्धारित मात्रा एकमुश्त उर्वरक प्रदान की जा रही है तथा 2.5 से 05 एकड़ तक भूमि वाले लघु किसानों को उर्वरक दो किश्तों में दिया जा रहा है, जिसमें दूसरी किश्त पहली किश्त के 20 दिन बाद प्रदान की जा रही है। वहीं 05 एकड़ से अधिक भूमि वाले बड़े किसानों को उर्वरक तीन किश्तों में वितरित किया जा रहा है। दूसरी किश्त पहली किश्त के 20 दिन बाद तथा तीसरी किश्त दूसरी किश्त के 20 दिन बाद दी जा रही है।

*सुशासन तिहार: दिव्यांग शकुंतला को मिला आत्मसम्मान*

0

 

 

*सुशासन तिहार: दिव्यांग शकुंतला को मिला आत्मसम्मान*

 

*मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल मिलने से आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में नई शुरुआत*

मुकेश साहू ब्यूरो लोरमी मुंगेली,// शासन तिहार केवल समस्याओं के समाधान का मंच नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास जगाने का माध्यम बन रहा है। शासन की संवेदनशील पहल और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अब अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। इसी कड़ी में लोरमी विकासखंड के ग्राम करूहानार में आयोजित समाधान शिविर दिव्यांग हितग्राही शकुंतला जायसवाल के जीवन में खुशियों की नई सौगात लेकर आया। ग्राम कंसरी निवासी शकुंतला जायसवाल को वर्षों से आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। सीमित शारीरिक क्षमता के कारण उनके लिए घर से बाहर निकलना, बाजार जाना या सामाजिक गतिविधियों में भाग लेना किसी चुनौती से कम नहीं था, लेकिन समाधान शिविर में उस समय उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा, जब उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने उन्हें मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल प्रदान कर आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में एक नई शुरुआत दी।

मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल मिलने के बाद शकुंतला के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। अब उन्हें एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। वे अपने दैनिक कार्य आसानी से स्वयं कर सकेंगी और समाज की मुख्यधारा से और अधिक जुड़ सकेंगी। भावुक होकर शकुंतला ने कहा, पहले कहीं आने-जाने में बहुत परेशानी होती थी। छोटी-सी दूरी तय करने में भी काफी समय लग जाता था। अब यह ट्राईसाइकिल मेरे लिए आजादी और आत्मविश्वास का नया माध्यम बन गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की योजनाएं वास्तव में जरूरतमंद लोगों के जीवन में बदलाव ला रही हैं।

*अनुकंपा नियुक्ति: शिक्षा विभाग में पात्र-अपात्र आवेदकों की सूची जारी*

0

*अनुकंपा नियुक्ति: शिक्षा विभाग में पात्र-अपात्र आवेदकों की सूची जारी*

 

*दावा-आपत्ति 15 जून तक*

 

मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली,/ शिक्षा विभाग में अनुकंपा नियुक्ति के प्राप्त आवेदनों की जांच उपरांत पात्र-अपात्र सूची जारी की गई है। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि अनुकंपा नियुक्ति के लिए प्राप्त आवेदनों में श्रीमती शिव कुमारी खुंटे, श्रीमती मनीषा लाल, श्री दीपक सिंह बघेल, श्री हर्षवर्धन सिंह क्षत्री एवं श्रीमती तनुजा राजपूत के नाम शामिल हैं। उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति, संस्था अथवा अन्य दावेदार को इन आवेदनों के संबंध में कोई दावा अथवा आपत्ति हो तो वे आवश्यक प्रमाण-पत्रों एवं दस्तावेजों सहित 15 जून 2026 तक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, मुंगेली में अपना पक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं। इस संबंध में विस्तृत जानकारी जिला कलेक्टोरेट स्थित जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।

*छात्रवृत्ति भुगतान में संशोधन का अंतिम अवसर, एक सप्ताह में करें बैंक खाता अपडेट*

0

*छात्रवृत्ति भुगतान में संशोधन का अंतिम अवसर, एक सप्ताह में करें बैंक खाता अपडेट*

 

मुकेश साहू ब्यूरो लोरमी मुंगेली,/ आदिवासी विकास विभाग, मुंगेली द्वारा पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति भुगतान से संबंधित त्रुटियों के सुधार हेतु अंतिम अवसर प्रदान किया गया है। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि शासकीय-अशासकीय महाविद्यालयों, आईटीआई तथा पॉलिटेक्निक संस्थानों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अनेक विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति राशि गलत बैंक खाता नंबर, त्रुटिपूर्ण आईएफएससी कोड अथवा बैंक खाते के आधार से सीडिंग नहीं होने के कारण लंबित है।

विभाग द्वारा वर्ष 2021-22, 2022-23, 2023-24, 2024-25 एवं 2025-26 के स्वीकृत प्रकरणों की जांच के दौरान ऐसी त्रुटियों की पहचान की गई है। संबंधित संस्थानों को त्रुटिपूर्ण प्रकरणों की सूची उपलब्ध करा दी गई है तथा यह जानकारी विभागीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर भी प्रदर्शित की गई है। विद्यार्थी अपने शिक्षण संस्थान से संपर्क कर छात्रवृत्ति पोर्टल पर प्रदर्शित त्रुटियों का एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से सुधार कराएं। निर्धारित समयावधि में सुधार नहीं होने की स्थिति में छात्रवृत्ति राशि का भुगतान संभव नहीं होगा तथा आगामी सप्ताह में पोर्टल बंद कर दिया जाएगा।

*पद्म पुरस्कार 2027 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू*

0

*पद्म पुरस्कार 2027 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू*

 

*आवेदन 15 जुलाई तक आमंत्रित*

 मुकेश साहू ब्यूरो लोरमी मुंगेली, // भारत सरकार द्वारा देश के सर्वाेच्च नागरिक सम्मानों में शामिल पद्म पुरस्कार 2027 (पद्म विभूषण, पद्म भूषण एवं पद्मश्री) के लिए नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। जिले के ऐसे प्रतिभाशाली एवं प्रेरणादायी व्यक्ति, जिन्होंने समाज, राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है, वे 15 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। इस संबंध में पात्रता, दिशा-निर्देश एवं आवेदन संबंधी विस्तृत जानकारी padmaawards.gov.in पर उपलब्ध है। किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए 94241-27281 पर संपर्क किया जा सकता है।

*थाना सदर फतेहाबाद पुलिस ने 597 ग्राम अफीम सहित एक आरोपी को किया काबू*

0

*थाना सदर फतेहाबाद पुलिस ने 597 ग्राम अफीम सहित एक आरोपी को किया काबू*

 

– एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी को माननीय न्यायालय में किया जाएगा पेश

फतेहाबाद :-थाना सदर फतेहाबाद पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 597 ग्राम अफीम सहित एक आरोपी को काबू करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने एमपी रोही के पीर बाबा रोड स्थित ढाणी निवासी रमेश चन्द्र उर्फ राहुल पुत्र सुभाष चन्द्र को काबू किया है।

थाना सदर फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद ने बताया कि पुलिस टीम गश्त एवं अपराध रोकथाम के दौरान क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी अपने कब्जे में नशीला पदार्थ लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू कर लिया। नियमानुसार की गई तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 597 ग्राम अफीम बरामद हुई।

इस संबंध में थाना सदर फतेहाबाद में अभियोग संख्या 221 दिनांक 07.06.2026 के तहत धारा 18सी/61/85 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।

प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद अफीम आरोपी ने कहां से प्राप्त की थी तथा इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है।

*अकलतरा नगर पालिका में जल आवर्धन योजना के कार्य पर उठे सवाल, वार्डवासियों में नाराजगी*

0

*अकलतरा नगर पालिका में जल आवर्धन योजना के कार्य पर उठे सवाल, वार्डवासियों में नाराजगी*

 मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर चांपा :-अकलतरा (जांजगीर-चांपा)। अकलतरा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 7 में जल आवर्धन योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने का कार्य जारी है, लेकिन इस कार्य को लेकर वार्ड नंबर 7 पार्षद माधुरी देवी पालीवाल को जानकारी नहीं थी मोहल्ले वासी ने दिया लोगों और जनप्रतिनिधियों में असंतोष देखा जा रहा है। वार्डवासियों का आरोप है कि योजना के क्रियान्वयन में न तो वार्ड पार्षद को विश्वास में लिया गया और न ही स्थानीय नागरिकों से पर्याप्त चर्चा की गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के दौरान नगर में पेयजल संकट की स्थिति बनी रही और लोग पानी के लिए परेशान होते रहे। ऐसे समय में योजना के कार्यों में अपेक्षित गति और समन्वय नहीं दिखा। वहीं कुछ स्थानों पर भूमि पूजन या विधिवत शुभारंभ किए बिना ही पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू कर दिए जाने पर भी लोगों ने आपत्ति जताई है।

वार्डवासियों का आरोप है कि ठेकेदार अपनी मनमानी से कार्य कर रहे हैं तथा कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि योजना से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों और कार्यों की जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों को नहीं दी जा रही है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

कुछ नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन पर ठेकेदारों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कार्य की निष्पक्ष जांच कराने और संबंधित अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करने की मांग की है। उनका कहना है कि जल आवर्धन योजना का उद्देश्य नगरवासियों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध कराना है, इसलिए कार्य गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए।

वार्डवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि योजना के कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लिया जाए तथा जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं

*कहां गए पार्षद अपने ही बोर्ड के नीचे कचरे का अंबार, विनोबा भावे वार्ड की बदहाल सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल*

0

तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली— नगर पालिका द्वारा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन विनोबा भावे वार्ड क्रमांक 21 की जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। वार्ड में उस स्थान पर, जहां पार्षद के नाम और स्वच्छता संदेश का बोर्ड लगा है, ठीक उसके नीचे कचरे का बड़ा ढेर जमा है। यह दृश्य न केवल नगर पालिका की सफाई व्यवस्था की विफलता को उजागर करता है, बल्कि वार्ड पार्षद की निष्क्रियता पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। क्षेत्र में फैली गंदगी देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि कई दिनों से यहां सफाई नहीं हुई है। सड़क किनारे प्लास्टिक, पॉलिथीन, घरेलू कचरा और अन्य अपशिष्ट खुले में पड़े हुए हैं। कचरे के कारण आसपास दुर्गंध फैल रही है और मच्छर-मक्खियों के पनपने की आशंका भी बढ़ गई है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। सबसे हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर नागरिकों को स्वच्छता का संदेश दिया जा रहा है, उसी स्थान पर गंदगी का साम्राज्य कायम है। इससे नगर पालिका के स्वच्छता अभियानों की गंभीरता और प्रभावशीलता पर प्रश्नचिह्न लगना स्वाभाविक है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सफाई कर्मचारियों की नियमित निगरानी नहीं होने के कारण वार्ड में कई जगहों पर कचरा समय पर नहीं उठाया जाता। शिकायतें करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। रहवासियों का आरोप है कि वार्ड पार्षद केवल बोर्ड और प्रचार-प्रसार तक सीमित हैं, जबकि क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। नागरिकों का कहना है कि यदि पार्षद अपने नाम वाले बोर्ड के आसपास की सफाई तक सुनिश्चित नहीं कर पा रहे हैं, तो पूरे वार्ड की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।
बरसात का मौसम शुरू होने वाला है और यदि समय रहते कचरे का निस्तारण नहीं किया गया तो नालियां जाम होने, जलभराव और बीमारियों के फैलने का खतरा और बढ़ जाएगा। ऐसे में नगर पालिका प्रशासन और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना लाजिमी है। शहर को स्वच्छता रैंकिंग में आगे लाने के दावे करने वाले जिम्मेदारों के लिए विनोबा भावे वार्ड की यह तस्वीर आईना साबित हो रही है। अब देखना यह होगा कि नगर पालिका प्रशासन और वार्ड पार्षद इस गंभीर समस्या पर कब संज्ञान लेते हैं या फिर स्वच्छता के दावे केवल कागजों और बोर्डों तक ही सीमित रहेंगे।

*कैरियर गाइडेंस कार्यशाला एवं प्रतिभा सम्मान समारोह 2026*

0


तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली  डाॅ. भीमराव अम्बेडकर शिक्षण संस्थान छत्तीसगढ़ द्वारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी जिले के शासकीय/अशासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत सभी जाति वर्ग के कक्षा 10वीं तथा 12वीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभावान तथा जेईई, नीट, राज्य एवं भारतीय प्रशासनिक परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए संस्थाध्यक्ष राजेन्द्र दिवाकर, व्यवस्थापक एच.आर.भास्कर के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय एक दिवसीय निःशुल्क कैरियर गाइडेंस कार्यशाला एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन दो सत्रों में डाॅ. भीमराव अम्बेडकर आवासीय विद्यालय परिसर में किया गया। जिसमें जिले के तीनों विकास खण्डों मुंगेली, लोरमी, पथरिया से लगभग 250 छात्र-छात्राओं ने अपने-अपने अभिभावकों के साथ भाग लिया। सर्वप्रथम अतिथियों द्वारा डाॅ. भीमराव अम्बेडकर के छायाचित्र के समक्ष द्वीप प्रज्जवलन एवं माल्यार्पण कर कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। तत्पश्चात दैनिक प्रार्थना के साथ संविधान के प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। संस्थान के पदाधिकारी एवं सदस्यों द्वारा उपस्थित अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी द्वय मुंगेली एल.पी.डाहिरे व बेमेतरा जी.आर.चतुर्वेदी व सेनि. तहसीलदार वेदराम चतुर्वेदी का चंदन लगाकर शाल, श्रीफल एवं पौधे भेंटकर स्वागत व सम्मान किया गया। प्रथम सत्र में बच्चों को कैरियर से संबंधित जानकारी विषय-विशेषज्ञों जितेन्द्र गेंदले, कमलेश घृतलहरे, प्रकाश मनहर, जीवन बंजारा, देवचंद बंजारे आदि द्वारा दी गई। स्वल्पाहार पश्चात उपस्थित अतिथियों द्वारा प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं में 97 प्रतिशत अंक के साथ प्रदेश के टापटेन में आठवाँ स्थान प्राप्त करने वाली हेमा साहू को प्रमाण पत्र, मेडल, स्मृति चिन्ह तथा उनके पिता हृदयराम साहू का चंदन लगाकर शाल, श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। कक्षा 12वीं में रानू लेडवानी 95.6 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। कार्यशाला में उपस्थित छात्रों डाकेश कश्यप, श्रुति साहू, कुणाल कुर्रे, महेश कुमार, टिकेश्वरी साहू, पूनम निषाद आदि ने 10वीं के बाद विषय चयन कैसे करें, जेईई, नीट, बी.एस.सी. नर्सिंग, कलेक्टर, जज, वैज्ञानिक, शिक्षक, भाषा ज्ञान तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कब और कैसे करें, पढ़ाई के दौरान होने वाले कठिनाईयों का समाधान कैसे हो, क्या कोचिंग जरूरी है कोचिंग कहां मिलता है,

कोचिंग में कितना खर्च लगता है। वार्षिक परीक्षा के बाद ग्रीष्मावकाश का सदुपयोग कैसे करें। तैयारी का मन तो बनता है पर अर्थाभाव और पालकों के दबाव के कारण मन विचलित होता है कुछ छात्रों ने शेयर किया कि हमें ऐसे कार्यक्रमों की जानकारी ही नहीं थी मित्रों ने बताया। यहां आकर हमें बहुत अच्छा लगा, ऐसे कार्यक्रम होते रहना चाहिए यहां आकर हमारी जिज्ञासा शांत हुई। अभिभावकों ने कहा कि यहां बच्चों के जिज्ञासा का समाधान बेहतर ढंग से किया गया। साथ ही सभी के लिए स्वल्पाहार व पानी की अच्छी व्यवस्था की गई। संस्थाध्यक्ष राजेन्द्र दिवाकर ने कार्यक्रम आयोजन के उद्देश्य के बारे में बताया तथा कहा कि जीवन में सफलता के लिए धैर्य एवं साहस बहुत जरूरी है। ग्रामीण, गरीब, प्रतिभावन छात्रों के लिए यह ग्यारहवां आयोजन है। बच्चों को बड़ी सोंच एवं सपना देखने व उसे पाने के लिए और सिविल सर्विसेस की तैयारी करने संबंधी विस्तार से जानकारी दी। भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित प्रदेश के संजय डहरिया महासमुंद, राजस्व सेवा में नगर के अर्पण चोपड़ा वन सेवा में गुरूदयाल जांगड़े पलानसरी तथा सीडीएस परीक्षा में टेढ़ाधौंरा की बेटी सुप्रिया श्रीनेत जैसे उपलब्धि प्राप्त करने के लिए अभी से लक्ष्य तय करने को कहा। इस ग्रीष्मावकाश में संस्थान द्वारा जेईई, नीट, बी.एस.सी. नर्सिंग,सीयूईटी तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए 45 से 75 दिवसीय निःशुल्क क्रैश कोर्स कोचिंग जाती है। निःशुल्क कोचिंग से गणित संकाय के छात्र विगत सात वर्षों से लगातार जेईई मेंस क्लियर कर एडवांस के लिए क्वालिफाई हो रहे हैं। दोनों शिक्षा अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित होकर छात्रों व अभिभावकों का उत्साहवर्धन किया। एल.पी.डाहिरे ने बच्चों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए कहा कि यह संस्थान क्षेत्र के प्रतिभावान छात्रों के लिए बहुत बेहतर कार्य कर रहा है ऐसे आयोजन से समाज व क्षेत्र को एक दिशा मिल रही है। जेईई, नीट एवं प्रशासनिक सेवाओं की भर्ती में मेहनत करने वाले छात्रों एवं उनके अभिभावकों को अपने लक्ष्य के प्रति सच्चे मन से कठिन परिश्रम कर आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने राज्य एवं भारतीय प्रशासनिक परीक्षा की तैयारी करने के संबंध में बताया कि अन्य प्रदेश की तुलना में यहां अधिकतर छात्र-छात्रा स्नातक, स्नातकोत्तर कक्षा की पढ़ाई पूर्ण करने के बाद इस दिशा में सोंचते हैं तब अपेक्षाकृत सफलता कम मिलती है जबकि ऐसे राज्य व राष्ट्रीय स्तर की कठिन परीक्षाओं के लिए बारहवीं के तुरंत बाद तैयारी में जुट जाना चाहिए। बारहवीं में मेरिट में आना मायने नहीं रखता बल्कि प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी किस स्तर का है यह मायने रखता है। बहुत से ऐसे प्रशासनिक अधिकारी हैं जिनका बारहवीं में 50 प्रतिशत से कम अंक रहे हैं और वे आज देश-प्रदेश में बड़े प्रशासनिक पदों पर विराजित हैं। जिला शिक्षा अधिकारी बेमेतरा जी.आर.चतुर्वेदी ने कहा कि संस्थान द्वारा सभी जातिवर्ग के मेधावी छात्रों एवं प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले तथा उनके अभिभावकों के लिए इस ऐतिहासिक आयोजन के प्रयास को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि छात्र यदि सयय पालन, धैर्यता और निश्चित लक्ष्य के साथ तैयारी करें तो सफलता सुनिश्चित है।

इसी तरह सही मार्गदर्शन मिले तो जिले को एक उत्कृष्टता का पहचान मिलेगी। कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, नगर पालिका परिषद, वन विभाग एन.के.गहरवार, खंड शिक्षा अधिकारी यतेन्द्र भास्कर, संस्था प्रचार्य आशा दिवाकर, एस.पी. कौशिक, योगकुमार पाटले, शत्रुहन कांत, राजेश दिवाकर, जितेन्द्र कुमार, आशिष टंडन, अशोक टोंडे, रोहित डिंडोरे, संजय ओगरे, बेदराम टंडन, सुरेश भास्कर, राजकुमार बनर्जी, रूपनारायण बंजारा, सूर्यकांत गोयल, छ.ग.प्रगतिशील सतनामी समाज जिलाध्यक्ष जीवन बंजारा, अजाक्स जिला अध्यक्ष लक्ष्मीकांत जड़ेजा तथा बड़ी संख्या में उपस्थित मेधावी छात्र-छात्रा, अभिभावक, शिक्षक-शिक्षिका, कोचिंग टीम, संस्थान के सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। मंचसंचालन शैलेष कुर्रे ने किया तथा आभार प्रदर्शन उपप्राचार्य छत्रपाल डाहिरे ने किया।

*नगर पालिका की सक्रियता से राजेन्द्र वार्ड सारथीपारा में पाइपलाइन मरम्मत कार्य पूर्ण, अब मिलेगा स्वच्छ पेयजल*

0

तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली— नगर पालिका परिषद की तत्परता और सक्रिय पहल से राजेन्द्र वार्ड के सारथीपारा क्षेत्र में लंबे समय से बनी हुई दूषित पेयजल की समस्या का समाधान कर दिया गया है। क्षेत्र में क्षतिग्रस्त पाइपलाइन के कारण नाली का पानी पेयजल पाइपों में मिल जाने की शिकायतें सामने आ रही थीं, जिससे वार्डवासियों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा था। मामले की जानकारी सामने आने और समस्या उजागर होने के बाद नगर पालिका प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए तत्काल कार्रवाई की तथा क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को हटाकर नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा कर लिया। जानकारी के अनुसार सारथीपारा क्षेत्र में कई स्थानों पर पुरानी पाइपलाइन जर्जर हो चुकी थी। पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण आसपास की नालियों का दूषित पानी पेयजल आपूर्ति लाइन में प्रवेश कर रहा था। इससे लोगों के घरों तक पहुंचने वाला पानी प्रदूषित हो रहा था और जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया था। स्थानीय नागरिकों द्वारा लगातार इस समस्या को उठाया जा रहा था। समस्या खबर प्राकशित होने के बाद नगर पालिका की टीम ने मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया और तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराया।
नगर पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों की निगरानी में पुराने और क्षतिग्रस्त पाइपों को निकालकर नई पाइपलाइन स्थापित की गई। मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद अब क्षेत्र में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल आपूर्ति शुरू हो गई है। इससे वार्डवासियों को बड़ी राहत मिली है और लंबे समय से चली आ रही परेशानी समाप्त होने की उम्मीद जगी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दूषित पानी की समस्या के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। कई परिवारों को पीने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही थी। बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बनी हुई थी। अब नई पाइपलाइन लगने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है और नगर पालिका प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।


वार्डवासियों का कहना है कि समय पर कार्रवाई नहीं होती तो बारिश के मौसम में समस्या और गंभीर हो सकती थी। नगर पालिका द्वारा त्वरित निर्णय लेकर पाइपलाइन बदलने का कार्य किए जाने से संभावित स्वास्थ्य संकट को टाल दिया गया है। लोगों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका परिषद का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में इसी प्रकार संवेदनशीलता और सक्रियता बनाए रखी जानी चाहिए। नगर पालिका प्रशासन ने भी नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति, पाइपलाइन लीकेज या दूषित पानी जैसी समस्या दिखाई दे तो तत्काल सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक सुधार कार्य किया जा सके। प्रशासन का कहना है कि शहरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए निरंतर निगरानी एवं रखरखाव का कार्य किया जा रहा है। सारथीपारा में पाइपलाइन मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद अब क्षेत्र के लोगों को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। नगर पालिका की इस पहल को वार्डवासियों ने जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया है।