Home Blog Page 119

*13वें ब्रिक्स शहरीकरण फोरम में सम्मिलित होंगे केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू*

0

*13वें ब्रिक्स शहरीकरण फोरम में सम्मिलित होंगे केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू*

नई दिल्ली, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू 11 एवं 12 जून 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले 13वें ब्रिक्स शहरीकरण फोरम में भाग लेंगे। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के अंतर्गत आयोजित यह महत्वपूर्ण मंत्रीस्तरीय मंच ब्रिक्स देशों के मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों, शहरी विकास विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं एवं विभिन्न हितधारकों को एक साथ लाकर समावेशी, सतत एवं लचीले शहरी विकास के विषय पर विचार-विमर्श का अवसर प्रदान करेगा।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “मानवता सर्वोपरि” दृष्टिकोण तथा भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता की थीम “लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण” से प्रेरित यह फोरम “लोगों के लिए शहर: समावेशी और लचीले शहरी भविष्य के लिए ब्रिक्स सहयोग” विषय पर केंद्रित होगा।

फोरम के संबंध में श्री तोखन साहू ने कहा कि ब्रिक्स देशों में तीव्र शहरीकरण के साथ आवास, शहरी गतिशीलता, जलवायु जोखिम, नगर निकायों की क्षमता, शहरी वित्त एवं नागरिक सेवाओं जैसी समान चुनौतियां उभर रही हैं। ऐसे समय में यह मंच सदस्य देशों के बीच अनुभवों के आदान-प्रदान, नवाचारों को साझा करने तथा समावेशी, लचीले एवं सतत शहरों के निर्माण हेतु सहयोग को और सुदृढ़ बनाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है।

फोरम के दौरान श्री साहू विभिन्न आधिकारिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। 11 जून को रूस तथा 12 जून को ईरान के प्रतिनिधिमंडलों के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठकें प्रस्तावित हैं। इसके अतिरिक्त वे ब्रिक्स प्रतिनिधियों के साथ संसद भवन परिसर एवं इंडिया गेट के भ्रमण, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा आधिकारिक रात्रिभोज में भी सहभागिता करेंगे।

श्री साहू सुषमा स्वराज भवन में आयोजित फोरम के दोनों प्रमुख पूर्ण सत्रों में उद्घाटन एवं समापन संबोधन देंगे। इनमें “लचीले और न्यायसंगत शहरों के लिए समावेशी मार्ग बनाना” तथा “जन-केंद्रित शहरों के लिए संस्थानों को मजबूत करना और नवाचारों को व्यापक स्तर पर लागू करना”” विषयों पर चर्चा की जाएगी।

दो दिवसीय फोरम में समावेशी शहरी विकास, जलवायु एवं आपदा-लचीला बुनियादी ढांचा, नगर निकायों की संस्थागत क्षमता सुदृढ़ीकरण तथा डिजिटल नवाचारों के माध्यम से शहरी प्रशासन एवं सेवा वितरण को बेहतर बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श होगा। ये प्राथमिकताएं लोगों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाने तथा भविष्य की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने में सक्षम, सतत एवं नागरिक-केंद्रित शहरों के निर्माण के प्रति ब्रिक्स देशों की साझा प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करती हैं।

भारत की अध्यक्षता में आयोजित यह फोरम वैश्विक दक्षिण के देशों के बीच शहरी सहयोग को नई दिशा प्रदान करने तथा सतत एवं समावेशी शहरी विकास के क्षेत्र में साझी प्रगति को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर सिद्ध होगा।

*केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत समाज के प्रबुद्ध वर्गों से किया संवाद*

0

*केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत समाज के प्रबुद्ध वर्गों से किया संवाद*

 संदीप साहू ब्यूरो बिलासपुर, छत्तीसगढ़ केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री तोखन साहू ने केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित विशेष जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत माननीया केंद्रीय राज्य मंत्री, महिला एवं बाल विकास विभाग, श्रीमती सावित्री ठाकुर के साथ बिलासपुर में विभिन्न प्रबुद्ध एवं प्रतिष्ठित व्यक्तियों से भेंट कर संवाद किया।

इस दौरान श्री साहू ने प्रख्यात नृत्याचार्य एवं पद्मश्री सम्मानित गुरु पंडित रामलाल जी, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता श्री आर. के. केशरवानी, अग्रवाल समाज के अध्यक्ष एवं उद्योगपति श्री शिव कुमार अग्रवाल तथा अपोलो अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक श्री सुनील केडिया से आत्मीय मुलाकात की।

मुलाकात के दौरान केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, सांस्कृतिक संरक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण तथा राष्ट्र निर्माण के विभिन्न क्षेत्रों में किए गए उल्लेखनीय कार्यों एवं उपलब्धियों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों पर आधारित पुस्तिका भी भेंट की गई।

श्री साहू ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रबुद्ध वर्ग, चिकित्सा क्षेत्र, विधि विशेषज्ञों, उद्योग जगत तथा सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े व्यक्तियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने जनभागीदारी को विकसित भारत के संकल्प की आधारशिला बताते हुए सभी वर्गों से राष्ट्र निर्माण की इस यात्रा में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

*केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का किया आह्वान*

0

*केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का किया आह्वान*

 मुकेश साहू ब्यूरो बिलासपुर:-, छत्तीसगढ़ केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री तोखन साहू ने केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता कर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।

श्री साहू ने केंद्रीय राज्य मंत्री, महिला एवं बाल विकास विभाग, श्रीमती सावित्री ठाकुर के साथ सकरी के पुराना बाजारपारा में आयोजित “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान अंतर्गत स्वच्छता कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत मिशन ने स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छ, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

इसके पश्चात श्री साहू ने बिलासपुर के तिफरा स्थित सिद्धपीठ माँ काली मंदिर में दर्शन-पूजन कर विशेष आराधना एवं महाआरती में सहभागिता की। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित किया गया। श्री साहू ने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं यशस्वी नेतृत्व की कामना करते हुए राष्ट्र की निरंतर प्रगति, आत्मनिर्भरता एवं जनकल्याण के लिए प्रार्थना की।

इसी क्रम में श्री साहू ने तिफरा स्थित शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ विद्यालय में आयोजित “एक पेड़ माँ के नाम” वृक्षारोपण अभियान में श्रीमती सावित्री ठाकुर के साथ पौधारोपण किया। उन्होंने नागरिकों से अधिकाधिक पौधारोपण कर हरित एवं स्वच्छ भारत के निर्माण में योगदान देने का आग्रह किया।

श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी आधारित विकास को समर्पित रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

*गांव-शहर चलो अभियान: प्रशासन पहुंचा जनता के द्वार, समस्याओं का होगा समयबद्ध समाधान*

0

*गांव-शहर चलो अभियान: प्रशासन पहुंचा जनता के द्वार, समस्याओं का होगा समयबद्ध समाधान*

*आमजनों को योजनाओं का लाभ दिलाने जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण पहल*

*मैदान में उतरे अधिकारी, योजनाओं की जमीनी हकीकत का लिया जायजा*

मुकेश साहू ब्यूरो  लोरमी मुंगेली // कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में आमजनों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने अभिनव पहल की जा रही है। यह अभियान जिले में प्रशासन और जनता के बीच सतत संवाद एवं प्रभावी संपर्क का मजबूत माध्यम बनकर उभर रहा है। सुशासन तिहार के बाद शुरू किए गए इस विशेष अभियान के तहत विभिन्न विभागों के अधिकारी लगातार क्षेत्र भ्रमण कर जमीनी स्तर पर समस्याओं का निराकरण कर रहे हैं तथा पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।

कलेक्टर ने जिले में गांव-शहर चलो अभियान की पहल करते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को आगामी 15 दिनों तक क्षेत्र भ्रमण कर जमीनी स्तर पर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि सुशासन तिहार के बाद यह अभियान प्रशासन और जनता के बीच सतत संवाद एवं प्रभावी संपर्क का मजबूत माध्यम बनेगा। इससे छूटे हुए पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने प्रयास किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य केवल निरीक्षण करना नहीं, बल्कि मौके पर समस्याओं की पहचान कर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन जनता के द्वार तक पहुंचकर उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं को समझ रहा है, जिससे शासन की योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंच सकेगा।

अभियान के अंतर्गत पशुपालन विभाग, कृषि विभाग, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने अचानकमार टाइगर रिजर्व के कोर एरिया अंतर्गत ग्राम सुरही, महामाई, डगनिया तथा उनके आश्रित पारा डोगरीपारा, नदियापारा और तालाबपारा में ग्रामीणों एवं पशुपालकों को पशुओं में होने वाली मौसमी बीमारियों, टीकाकरण एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों को सभी पशुओं का समय पर टीकाकरण कराने की सलाह दी गई।

अभियान अंतर्गत कृषि विभाग के उपसंचालक ने खाद वितरण केंद्रों एवं निजी उर्वरक विक्रय केंद्रों का निरीक्षण कर किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि किसानों को सुगमता से खाद उपलब्ध कराने के लिए पानी, टेंट एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ रहा है। इसी प्रकार खाद्य अधिकारी एवं डीएम नॉन के द्वारा अचानकमार क्षेत्र के पहुंचविहीन ग्रामों छपरवा, महामाई में संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि इन दुकानों में सितंबर माह तक का खाद्यान्न भंडारण उपलब्ध है तथा निर्धारित समयानुसार वितरण भी किया जा रहा है। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के ग्रामीणों को खाद्यान्न की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित हो रही है। इसी तरह सीसीबी नोडल अधिकारी द्वारा शिवपुर स्थित खाद गोदाम का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय गोदाम में कार्यरत हमालों एवं कर्मचारियों ने पेयजल समस्या से अवगत कराया। अधिकारियों ने खराब हैंडपंप की जानकारी प्राप्त कर उसके शीघ्र सुधार के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए, ताकि श्रमिकों एवं कर्मचारियों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो सके।

*जिले की सेवा सहकारी समितियों में शत-प्रतिशत बीज भंडारण किसानों को नहीं होगी किसी प्रकार की कमी*

0

*जिले की सेवा सहकारी समितियों में शत-प्रतिशत बीज भंडारण*

*किसानों को नहीं होगी किसी प्रकार की कमी*

 मुकेश साहू ब्यूरो लोरमी मुंगेली,// खरीफ सीजन 2026 की तैयारियों के तहत जिले में किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उप संचालक कृषि श्रीमती वीणा ठाकुर ने बताया कि खरीफ फसल के लिए 17 हजार 955 क्विंटल बीज की मांग की गई थी, जिसके विरुद्ध बीज निगम द्वारा 19 हजार 734 क्विंटल बीज उपलब्ध कराया गया है। इससे जिले में बीज की उपलब्धता मांग से भी अधिक हो गई है। उन्होंने बताया कि जिले की सभी 66 सेवा सहकारी समितियों में 15 हजार 630 क्विंटल बीज का भंडारण किया जा चुका है, जो निर्धारित मांग के अनुरूप शत-प्रतिशत से अधिक है।

उपलब्ध बीजों में धान, अरहर, मूंग, मूंगफली एवं ढेंचा जैसी प्रमुख फसलों के बीज शामिल हैं। कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं तथा प्रक्रिया केंद्रों के माध्यम से भी किसानों को बीजों का वितरण लगातार किया जा रहा है। समितियों में अतिरिक्त मांग आने पर बीज निगम द्वारा तत्काल बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही प्रक्रिया केंद्रों से भी नगद वितरण की सुविधा दी जा रही है। जिले में वर्तमान स्थिति में बीज की किसी भी प्रकार की कमी नहीं है और किसानों को आवश्यकतानुसार पर्याप्त मात्रा में बीज उपलब्ध कराया जा रहा है।

बीज प्रबंधक श्री टी.आर.सोनकर ने बताया कि कृषकों को आत्मनिर्भर बनाने और गुणवत्तायुक्त बीज उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बीज उत्पादन प्रोत्साहन योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं महिला कृषकों का 01 से 5 हेक्टेयर तक निःशुल्क पंजीयन किया जा रहा है। पात्र किसान इस योजना के माध्यम से 930 रुपये से 3,275 रुपये तक का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इच्छुक किसान कृषि विभाग अथवा बीज प्रक्रिया केंद्र धरमपुरा में संपर्क कर निःशुल्क पंजीयन कराते हुए योजना का लाभ ले सकते हैं।

*आयुष्मान भारत योजना का लाभ हर पात्र परिवार तक पहुंचाना प्राथमिकता: सीएमएचओ डॉ. साहा*

0

*आयुष्मान भारत योजना का लाभ हर पात्र परिवार तक पहुंचाना प्राथमिकता: सीएमएचओ डॉ. साहा*

*100 प्रतिशत आयुष्मान उपचार सुनिश्चित करने के दिए निर्देश*

मुकेश साहू ब्यूरो लोरमी मुंगेली , // कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले में क्लेम यूटिलाइजेशन बढ़ाने तथा पात्र हितग्राहियों को योजना का अधिकतम लाभ सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सीएमएचओ कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिला कार्यक्रम प्रबंधक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डॉ. गिरीश कुर्रे ने अस्पतालवार आयुष्मान कार्ड उपयोग एवं क्लेम यूटिलाइजेशन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा प्रस्तुत की। समीक्षा के दौरान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और अधिकाधिक हितग्राहियों तक निःशुल्क उपचार की सुविधा पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. साहा ने सभी विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपचार हेतु आने वाले प्रत्येक पात्र मरीज का आयुष्मान कार्ड बनवाकर एवं सत्यापित कर शत-प्रतिशत उपचार आयुष्मान कार्ड के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए संजीवनी साबित हो रही है, इसलिए कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। बैठक में मितानिनों के माध्यम से गांव-गांव में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा पात्र परिवारों को आयुष्मान कार्ड के उपयोग के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। गर्भवती महिलाओं की संस्थागत प्रसूति, डॉग बाइट, एनिमल बाइट, ड्रेसिंग एवं अन्य डे-केयर पैकेजों के अंतर्गत पात्र मरीजों को अधिकतम लाभ दिलाने तथा संबंधित क्लेम समय पर प्रस्तुत करने पर भी विशेष बल दिया गया।

डॉ. साहा ने कहा कि जिले के पंजीकृत निजी अस्पतालों में उपलब्ध आयुष्मान उपचार सुविधाओं की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर हितग्राही समय पर निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार प्राप्त कर सकें। उन्होंने अस्पतालों में भर्ती होने वाले सभी पात्र मरीजों की नियमित स्क्रीनिंग कर उन्हें योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। बैठक में बीएमओ, बीपीएम, जिला समन्वयक, मितानिन ब्लॉक समन्वयक एवं मितानिन प्रतिनिधियों की उपस्थिति में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समन्वित प्रयासों पर सहमति व्यक्त की गई। अधिकारियों को क्लेम यूटिलाइजेशन बढ़ाने तथा जिले में आयुष्मान भारत योजना की पहुंच को और सशक्त बनाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए। उल्लेखनीय है कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। योजना से संबंधित जानकारी, पंजीकृत अस्पतालों की सूची अथवा शिकायत दर्ज कराने के लिए टोल-फ्री नंबर 104 एवं 14555 पर संपर्क किया जा सकता है।

*“समस्या तुंहर, समाधान हमर”: अब एक कॉल पर मिलेगा समस्याओं का समाधान*

0

*“समस्या तुंहर, समाधान हमर”: अब एक कॉल पर मिलेगा समस्याओं का समाधान*

*मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 सेवा शुरू, शिकायतों का होगा त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण*

 मुकेश साहू ब्यूरो लोरमी मुंगेली, // मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध निराकरण के लिए “समस्या तुंहर, समाधान हमर” थीम पर सीएम हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली सेवा प्रारंभ की गई है। इस नई व्यवस्था के माध्यम से जिले के नागरिक अब केवल एक फोन कॉल के जरिए अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे और उसकी निरंतर मॉनिटरिंग भी कर पाएंगे। नागरिक राज्य के भीतर 1076 नंबर तथा राज्य के बाहर से 1800-233-3300 नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा शिकायतें वेब पोर्टल, मोबाइल एप, व्हाट्सएप एवं भौतिक पत्र के माध्यम से भी दर्ज की जा सकेंगी। कॉल सेंटर में 24 घंटे एवं सप्ताह के सातों दिन कर्मचारी कार्यरत रहेंगे। शिकायत दर्ज कराने के लिए शिकायतकर्ता को अपना मोबाइल नंबर दर्ज कराना अनिवार्य होगा।

*शिकायत दर्ज होते ही मिलेगा टोकन नंबर*

नई शिकायत प्रबंधन प्रणाली के तहत प्रत्येक शिकायत को एक विशेष टोकन नंबर दिया जाएगा, जिससे शिकायतकर्ता अपनी शिकायत की स्थिति हर स्तर पर ट्रैक कर सकेंगे। शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा तथा समाधान के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक भी लिया जाएगा। शासन स्तर पर अधिकारियों द्वारा की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा भी की जाएगी, जिससे जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।

*इन मामलों में शिकायत स्वीकार नहीं होगी*

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध निराकरण किया जाएगा। सूचना का अधिकार से संबंधित प्रकरण, न्यायालय में विचाराधीन मामले, मांग संबंधी आवेदन, विभागीय स्थापना संबंधी प्रकरण तथा केंद्र सरकार से जुड़े मामलों में शिकायत स्वीकार नहीं की जाएगी।

*सुशासन तिहार: समाधान शिविर में सचिन यादव का बना श्रम कार्ड अब सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का मिलेगा लाभ*

0

 

*सुशासन तिहार: समाधान शिविर में सचिन यादव का बना श्रम कार्ड*

*अब सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का मिलेगा लाभ*

 मुकेश साहू ब्यूरो लोरमी मुंगेली,// मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप आयोजित सुशासन तिहार के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया। साथ ही समाधान शिविर शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बना। जिला मुख्यालय स्थित सतनाम भवन में आयोजित समाधान शिविर में नगर पालिका मुंगेली के एन्ड्रूज वार्ड निवासी सचिन यादव को श्रम विभाग की महत्वपूर्ण योजना का लाभ मिला और उनका श्रम कार्ड बन गया। सचिन यादव ने बताया कि वे असंगठित क्षेत्र में कार्य करते हैं और लंबे समय से श्रम कार्ड बनवाने की इच्छा रखते थे, लेकिन आवश्यक प्रक्रिया और कार्यालयों के चक्कर लगाने की वजह से यह कार्य नहीं हो पा रहा था। सुशासन तिहार के दौरान आयोजित समाधान शिविर में उन्होंने आवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर त्वरित कार्यवाही करते हुए उनका श्रम कार्ड तैयार किया गया।

श्रम कार्ड प्राप्त होने पर सचिन यादव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें श्रमिकों के लिए संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, बीमा सुविधाओं एवं अन्य कल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर के माध्यम से एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से आम नागरिकों का समय और श्रम दोनों बच रहा है। सचिन यादव ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, जिला प्रशासन एवं श्रम विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार वास्तव में आम लोगों की समस्याओं का समाधान करने वाला जनहितकारी अभियान है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अब सीधे जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो रहा है।

*पंडरिया के ग्राम नवाटोला में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 84 ग्रामीणों का किया गया निःशुल्क उपचार*

0

*पंडरिया के ग्राम नवाटोला में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 84 ग्रामीणों का किया गया निःशुल्क उपचार*

0.विधायक प्रतिनिधि मनोज चंद्राकर की उपस्थिति में हुआ कार्यक्रम संपन्न।

ब्यूरो रायपुर/कवर्धा:-पंडरिया खंड चिकित्सा अधिकारी के निर्देशन में गुरुवार को ग्राम नवाटोला (बिरहुल्डीह) में एक दिवसीय विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया जिसमे मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सीधे तौर पर लोगों तक पहुँचाना और ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों के प्रति जागरूक करना वही बता दे कि शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पंडरिया विधायक प्रतिनिधि मनोज चंद्राकर उपस्थित रहे वही उन्होंने डॉक्टरों की टीम का उत्साहवर्धन किया और ग्रामीणों से चर्चा कर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा भी लिया।

*84 मरीजों का किया गया उपचार और दवा वितरण**

वही स्वास्थ्य शिविर कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया व डॉक्टरों की टीम द्वारा कुल 84 मरीजों की गहन पूर्वक स्वास्थ्य जाँच की गई और उन्हें मौके पर ही निःशुल्क दवाइयाँ वितरित की गईं।

*स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक*

कार्यक्रम में पंडरिया खंड चिकित्सा अधिकारी द्वारा ग्रामीणों को बदलते मौसम में खान-पान का ध्यान रखने पानी उबालकर पीने और व्यक्तिगत साफ-सफाई रखने की सलाह भी दी गई साथ ही गर्भवती महिलाओं को विशेष पोषण और नियमित जाँच कराने जागरूक किया गया वही

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि मनोज चंद्राकर ने स्वास्थ्य विभाग की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में इस तरह के शिविरों के आयोजन से गरीब और जरूरतमंद ग्रामीणों को समय पर इलाज मिल सकेगा शिविर को सफल बनाने में स्थानीय जनप्रतिनिधि ,स्वास्थ्य कर्मचारी व ग्रामीणों का विशेष योगदान रहा।

*एशियन ट्रेडर्स में हुई चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार।*

0

लगभग ₹2.50 लाख मूल्य के चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी।

त्वरित कार्रवाई कर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों को भेजा जेल।

कोरबा – पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लखन पटले तथा नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में संचालित “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस को चोरी के एक महत्वपूर्ण प्रकरण में सफलता प्राप्त हुई है।
दिनांक 09.06.2026 को प्रार्थी विमल जाजोदिया निवासी पावर हाउस रोड, कोरबा द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनकी दुकान एशियन ट्रेडर्स में अज्ञात चोरों द्वारा पीछे से प्रवेश कर डायनेक्स कंपनी का इन्वर्टर, बिरला ओपस पेंट के डिब्बे, बॉश कंपनी की ड्रिल मशीन, ब्रेकर मशीन सहित अन्य सामान चोरी कर लिया गया है। रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 507/2026 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर सूचना के आधार पर मनीष यादव (19 वर्ष) एवं प्रकाश चौहान (19 वर्ष), दोनों निवासी लक्ष्मणबन तालाब, को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों द्वारा चोरी की घटना स्वीकार करते हुए चोरी गया मशरूका अपने कब्जे से बरामद कराया गया।
पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से लगभग ₹2.50 लाख मूल्य का चोरी गया संपूर्ण मशरूका (100 प्रतिशत रिकवरी) बरामद किया गया है। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

कोरबा पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई

घटना के कुछ ही समय में आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी एवं चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी कोरबा पुलिस की सतर्कता, सक्रियता एवं अपराध नियंत्रण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

सराहनीय भूमिका

उक्त कार्रवाई में नगर निरीक्षक एम.बी. पटेल के नेतृत्व में प्र.आर. 311 वासुदेव आदित्य, प्र.आर. 423 भूपेंद्र लहरे, आर. 685 चंद्रकांत गुप्ता, आर. 575 रामविलास, आर. 91 रमेंद्र वर्मन एवं आर. 725 चंद्रप्रकाश तंवर की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।