
तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली नवागांव (घुठेरा)—-गांव को शराब एवं अन्य नशे की बुराइयों से मुक्त कर एक स्वस्थ, सुरक्षित और खुशहाल समाज का निर्माण करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत नवागांव (घुठेरा) में नशामुक्ति जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समस्त महिला स्व-सहायता समूहों एवं ग्राम पंचायत के संयुक्त सहयोग से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त पंचायत बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। अभियान के दौरान गांव की माताओं-बहनों एवं महिला समूहों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को शराब और अन्य प्रकार के नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं पारिवारिक नुकसान के बारे में संदेश दिया गया। साथ ही लोगों से नशे की आदत को त्यागकर अपने परिवार, बच्चों और समाज के बेहतर भविष्य के लिए आगे आने की अपील की गई।
इस जनजागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य गांव में नशे की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के साथ-साथ सामाजिक वातावरण को सकारात्मक बनाना है। नशे के कारण कई परिवारों में आर्थिक परेशानियां, घरेलू विवाद, स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं एवं सामाजिक असुरक्षा जैसी परिस्थितियां उत्पन्न होती हैं। ऐसे में ग्रामीण स्तर पर सामूहिक पहल और जनभागीदारी के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश घर-घर तक पहुंचाना आवश्यक है।
*माताओं-बहनों के सम्मान और युवाओं के भविष्य के लिए अभियान*
अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशामुक्त गांव केवल एक व्यक्ति या परिवार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। गांव की माताओं-बहनों का सम्मान, युवाओं का उज्ज्वल भविष्य, बच्चों का सुरक्षित वातावरण और परिवारों में सुख-शांति बनाए रखने के लिए प्रत्येक ग्रामीण को इस मुहिम में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच नारायण साहू ने कहा कि ग्राम पंचायत नवागांव (घुठेरा) को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। गांव में सामाजिक बदलाव लाने के लिए सभी महिला समूहों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामवासियों का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। जब पूरा गांव एकजुट होकर नशे के खिलाफ आवाज उठाएगा, तभी एक स्वस्थ और खुशहाल समाज की परिकल्पना साकार हो सकेगी। उन्होंने इस जनजागरूकता अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने वाली सभी माताओं-बहनों, महिला स्व-सहायता समूहों, ग्राम पंचायत के सहयोगियों एवं समस्त ग्रामवासियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। साथ ही सभी से अपील की कि नशे से दूर रहें और दूसरों को भी नशामुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करें।
*सामूहिक संकल्प से बदलेगी गांव की तस्वीर*
ग्राम पंचायत नवागांव (घुठेरा) में आयोजित यह जागरूकता रैली सामाजिक एकता, महिला सहभागिता और जनभागीदारी का संदेश लेकर सामने आई। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों ने नशामुक्त पंचायत के निर्माण की दिशा में मिलकर प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया। गांव में स्वस्थ परिवार, सुरक्षित समाज और बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील की गई। इस अवसर पर ग्राम पंचायत नवागांव (घुठेरा) सरपंच नारायण साहू सहित ग्रामीणजन मौजूद रहे।

