
तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली। जिला स्तरीय एक दिवसीय राज्योत्सव कार्यक्रम का आयोजन शहिद वीर धनंजय सिंह स्टेडियम में किया गया। जिले के युवा अधिवक्ता सूरज शर्मा को विधि के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से ग्रामीण अंचलों सहित स्कूलों व महाविद्यालयों में कानूनी जागरूकता सहित उत्कृष्ट मंच संचालन की प्रतिभा के लिए जिला स्तरीय राज्योत्सव कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। जिले के प्रमुख शासकीय कार्यक्रमों में सूरज उत्कृष्ट मंच संचालन करते हैं। यह सम्मान उनके विधिक क्षेत्र में सक्रिय योगदान, प्रभावशाली व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में निरंतर सहभागिता का प्रतीक है। सूरज शर्मा वर्तमान में जिला एवं सत्र न्यायालय मुंगेली में अधिवक्ता के रूप में विधि क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने विधिक क्षेत्र में अपनी कार्यकुशलता, समर्पण एवं जनसामान्य को कानूनी विषयों के प्रति जागरूक करने की दिशा में उल्लेखनीय प्रयास किए हैं। विधि के क्षेत्र में उनकी सक्रियता के साथ-साथ सार्वजनिक मंचों पर प्रभावशाली अभिव्यक्ति और उत्कृष्ट मंच संचालन की क्षमता ने उन्हें एक बहुआयामी युवा व्यक्तित्व के रूप में पहचान दिलाई है। वे पूर्व में भारत की संसद में आयोजित राष्ट्रीय युवा संसद कार्यक्रम सहित अनेक राष्ट्रीय कार्यक्रमों में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं। यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत प्रयासों की सराहना है, बल्कि जिले के युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है। सूरज की उपलब्धि पर विधायक मुंगेली, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, एसएसपी भोजराम पटेल, अध्यक्ष जिला पंचायत, सीईओ जिला पंचायत, अपर कलेक्टर सहित वरिष्ठ अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित किया।

