Home Blog Page 277

*सांवरा जनजाति को आधुनिक चिकित्सा से जोड़ने की अनुकरणीय पहल*

0

*सांवरा जनजाति को आधुनिक चिकित्सा से जोड़ने की अनुकरणीय पहल*

*दाऊकापा में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 142 सांवरा समुदाय के लोगों ने कराया इलाज*

मुंगेली, // आधुनिक चिकित्सा पद्धति के माध्यम से सांवरा जनजाति को स्वास्थ्य सेवाओं की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक अनुकरणीय पहल किया गया। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा के मार्गदर्शन में ग्राम दाऊकापा में विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 142 सांवरा समुदाय के महिला-पुरुष, बुजुर्ग एवं बच्चों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर उपचार कराया, इनमें सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान उच्च रक्तचाप के 12, मोतियाबिंद के 11, दाद-खाज-खुजली के 27, सर्दी-खांसी के 17, बॉडी पेन के 14, मधुमेह के 06, कमजोरी के 13, कान संक्रमण के 06, कुपोषण के 02 मरीज पाए गए। सामान्य रोगियों का मौके पर इलाज किया गया, वहीं गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल में ईलाज कराने परामर्श दिया गया।
डॉ. मनीष बंजारा ने बताया कि यह शिविर केवल उपचार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके माध्यम से समुदाय को स्वास्थ्य, टीकाकरण और सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक कर आधुनिक चिकित्सा से जोड़ने का संवेदनशील प्रयास किया गया। शिविर की विशेष बात यह रही कि परामर्श स्थानीय भाषा और संवेदनशील संवाद के माध्यम से दिया गया, जिससे लोग बिना डर और झिझक के अपनी समस्याएं साझा कर सके। मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, गैर-संचारी रोगों की जांच, मौसमी बीमारियों एवं सर्पदंश से बचाव की जानकारी देते हुए निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
कार्यक्रम के दौरान समुदाय को टोना-टोटका, झाड़-फूंक से इलाज नहीं कराने, सांप काटने पर तुरंत अस्पताल जाने तथा समय पर टीकाकरण कराने प्रेरित किया गया। शिविर में चिकित्सकगण, जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि नट एवं सांवरा जाति के लोग परंपरागत घरेलू उपचार, ओझा-गुणिया एवं झाड़-फूंक पर अधिक निर्भर रहते हैं, जिससे गंभीर बीमारियों में समय पर इलाज न मिलने से जान का खतरा बढ़ जाता है। सर्पदंश, तेज बुखार, संक्रमण, हृदयघात, ब्रेन स्ट्रोक एवं गंभीर चोट जैसी परिस्थितियों में इलाज में देरी जानलेवा साबित हो सकती है।

 

*जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 09वीं एवं 11वीं में प्रवेश हेतु परीक्षा 07 फरवरी को, प्रवेश पत्र जारी*

0

*जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 09वीं एवं 11वीं में प्रवेश हेतु परीक्षा 07 फरवरी को, प्रवेश पत्र जारी*

मुंगेली, // जवाहर नवोदय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 09वीं एवं 11वीं में प्रवेश हेतु पार्श्व चयन परीक्षा 07 फरवरी को आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में प्रवेश पत्र जारी किया गया है। विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि कक्षा 09वीं के लिए 226 और कक्षा 11वीं के लिए 210 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। कक्षा 09वीं के विद्यार्थी https://cbseitms.nic.in/2025/nvsix_9 और कक्षा 11वीं के विद्यार्थी https://cbseitms.nic.in/2025/nvsxi_11 वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन नम्बर व जन्म तिथि अंकित कर प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं।

 

*एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीयन कार्यों की समय-सीमा तय*

0

*एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीयन कार्यों की समय-सीमा तय*

*15 से 31 जनवरी तक पूरे होंगे अहम सुधार*

मुंगेली,// छत्तीसगढ़ शासन के कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग ने एकीकृत किसान पोर्टल पर कृषकों के पंजीयन से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों के लिए समय-सीमा निर्धारित की है। जारी आदेश के अनुसार, राजस्व विभाग द्वारा किए गए भौतिक सत्यापन के उपरांत “विवरण संशोधन” की सुविधा को 07 जनवरी तक सभी समितियों में लॉगिन के माध्यम से उपलब्ध करा दिया गया है। इसके अतिरिक्त, कृषकों के खसरा, रकबा सुधार, कैरी फारवर्ड, फसल विवरण प्रविष्टि, नवीन पंजीयन एवं संशोधन जैसे कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश में कैरी फारवर्ड एवं वन अधिकार पट्टाधारी कृषकों का नवीन पंजीयन 15 जनवरी तक, सभी प्रकार के संशोधन 31 जनवरी तक, त्रुटिपूर्ण आधार के प्रकरण में पूर्व पंजीयन निरस्त कर नवीन पंजीयन 15 जनवरी तक तथा राजस्व विभाग की जांच व भौतिक सत्यापन के आधार पर कलेक्टर की अनुशंसा से नवीन पंजीयन 15 जनवरी तक किया जाएगा। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने संबंधित अधिकारियों एवं समितियों के माध्यम से इन कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने और निर्धारित समय-सीमा में पंजीयन कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं।

 

*शराब के नशे में स्कूल आने पर शिक्षक निलंबित, प्रशासन की त्वरित कार्रवाई*

0

*शराब के नशे में स्कूल आने पर शिक्षक निलंबित, प्रशासन की त्वरित कार्रवाई*

मुंगेली,// शासकीय प्राथमिक शाला लाखासार में पदस्थ सहायक शिक्षक श्री लक्ष्मण कोलाम को शराब का सेवन कर नशे की हालत में विद्यालय आने के गंभीर मामले में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामला संज्ञान में आते ही कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देश पर त्वरित जांच कराई गई। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा लोरमी विकासखंड शिक्षा अधिकारी को मौके पर भेजकर जांच कराई गई, जिसमें प्रथम दृष्टया यह प्रमाणित हुआ कि संबंधित शिक्षक नशे की अवस्था में विद्यालय में उपस्थित हुआ था। जांच प्रतिवेदन के आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम के अंतर्गत सहायक शिक्षक के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि निलंबन अवधि के दौरान शिक्षक का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय लोरमी निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

*मुंगेली में सीएससी केंद्रों पर गिरी गाज*

0

*मुंगेली में सीएससी केंद्रों पर गिरी गाज*

*मानकों का पालन नहीं करने वाले कई सीएससी आईडी बंद*

मुंगेली— कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) मुख्यालय के निर्देश पर जिले में मानकविहीन एवं नियमों का उल्लंघन कर संचालित सीएससी केंद्रों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जांच के दौरान निर्धारित मापदंडों पर खरे नहीं उतरने वाले 77 सीएससी संचालकों की आईडी तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई है, जिससे जिले के सीएससी संचालकों में हड़कंप मच गया है।
जिला प्रशासन एवं सीएससी जिला कार्यालय द्वारा लंबे समय से केंद्रों की कार्यप्रणाली पर नजर रखी जा रही थी। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई केंद्र बिना स्थायी कार्यालय के संचालित हो रहे थे। इसके अलावा कई केंद्रों में न तो अनिवार्य कॉमन ब्रांडिंग थी और न ही सरकार द्वारा निर्धारित रेट चार्ट प्रदर्शित किया गया था।

*जांच में मिली प्रमुख अनियमितताएं*

जांच के दौरान खुलासा हुआ कि कई सीएससी केंद्रों में स्थायी कार्यालय नहीं था
कॉमन ब्रांडिंग व अधिकृत बैनर का अभाव
रेट चार्ट प्रदर्शित नहीं किया गया। सीएससी आईडी के अलावा अन्य माध्यमों से लेनदेन
सुरक्षा मानकों की अनदेखी किया।
जिला प्रशासन व सीएससी कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में केवल वही सीएससी केंद्र संचालित किए जाएंगे जो सभी निर्धारित शर्तों का पूर्ण रूप से पालन करेंगे। प्रत्येक केंद्र का एक निश्चित एवं स्थायी स्थान होना अनिवार्य होगा।
कॉमन ब्रांडिंग केवल लटकाने या चिपकाने से मान्य नहीं होगी, बल्कि उसे फ्रेम कर सही तरीके से प्रदर्शित करना होगा। केंद्र में स्टेट लोगो, सीएससी आईडी एवं अधिकृत बैनर स्पष्ट रूप से लगे होने चाहिए।
साथ ही पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर शासन द्वारा निर्धारित रेट चार्ट प्रमुखता से प्रदर्शित करना अनिवार्य किया गया है। सुरक्षा मानकों के तहत सभी वीएलई (VLE) का पुलिस वेरिफिकेशन भी आवश्यक बताया गया है।
*बंद आईडी कैसे होंगी पुनः चालू*
जिन संचालकों की सीएससी आईडी बंद की गई है, उन्हें निर्देशित किया गया है कि वे सभी आवश्यक मानकों को पूरा कर प्रमाणों के साथ जिला सीएससी प्रबंधक से तत्काल संपर्क करें। सभी दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही आईडी पुनः चालू की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि आगे भी नियमों की अनदेखी करने वाले सीएससी केंद्रों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

*पंडरिया विधानसभा की समृद्धि और विकास को नई गति देने 9 जनवरी को उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव जी का होगा नगर आगमन*

0

पंडरिया विधानसभा की समृद्धि और विकास को नई गति देने 9 जनवरी को उप मुख्यमंत्रीअरुण साव जी का होगा नगर आगमन

0.9 जनवरी को पंडरिया में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव जी का होगा नगर आगमन।

हिमांशु सिंह ठाकुर:- ब्यूरो रिपोर्ट छत्तीसगढ़।

ब्यूरो रायपुर/कवर्धा:- 9 जनवरी को पंडरिया नगर में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव का आगमन हो रहा है इस अवसर पर उनके मुख्य आतिथ्य में पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कुल मैदान में सुबह 10 बजे से नगर पालिका परिषद् पंडरिया एवं नगर पंचायत पांडातराई अंतर्गत विभिन्न विकास व अधोसंरचना निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा विधायक भावना बोहरा ने बताया की हम सभी के लिए अत्यंत हर्ष का विषय है कि 9 जनवरी को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग मंत्री अरुण साव का आगमन हो रहा है इस दौरान उनके द्वारा पंडरिया विधानसभा वासियों को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी जाएगी उनके आगमन व स्वागत को लेकर तैयारियां जारी है और कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों में उत्साह स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध कलाकार विवेक शर्मा द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया है और मैं पंडरिया विधानसभा की समस्त जनता को भी आमंत्रित करती हूँ की वे इस कार्यक्रम में जरुर पधारें भावना बोहरा ने कहा कि डबल इंजन भाजपा सरकार में पंडरिया विधानसभा को निरंतर विकास कार्यों की सौगात मिल रही है इन विकास कार्यों से विधानसभा वासियों को सुविधा मिल रही रही है वहीं क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो रहा है पंडरिया विधानसभा में सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, अधोसंरचना निर्माण और सामुदायिक संरचनाओं से जुड़े विभिन्न कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं इन कार्यों का लोकार्पण करते हुए उन्हें जनता को समर्पित किया जाएगा वहीं कई नई योजनाओं का भूमिपूजन कर भविष्य के विकसित पंडरिया की आधारशिला रखी जाएगी भाजपा सरकार के लिए विकास, सुशासन और जनकल्याण केवल वादे नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली विकास यात्रा हैं अरुण साव का आगमन पंडरिया विधानसभा के विकास के प्रति सरकार की गंभीरता और प्रतिबद्धता का प्रतीक है केंद्र एवं राज्य में भाजपा के मजबूत नेतृत्व के कारण क्षेत्र के लिए लगातार नई सौगातें मिल रही हैं और अधूरे कार्य तेजी से पूरे हो रहे हैं यह कार्यक्रम कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरेगा और पंडरिया विधानसभा को विकासशील से विकसित पंडरिया की ओर अग्रसर करेगा भावना बोहरा ने आगे कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कुशासन में 5 वर्षों तक उपेक्षित पंडरिया विधानसभा विगत 2 वर्षों में डबल इंजन भाजपा सरकार के कुशल नेतृत्व में पंडरिया विधानसभा में विकास कार्य धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है गांव–गांव में बेहतर सड़कें, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, पेयजल एवं बिजली आपूर्ति और बुनियादी सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण, क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में मजबूत कदम है किसी भी देश की प्रगति का रास्ता गाँव के विकास से होकर गुजरता है इसी उद्देश्य से हम ग्रामीण स्तर पर हर गाँव-गाँव और घर-घर सुविधाओं एवं योजनाओं का विस्तार कर रहें हैं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगातार विकास व अधोसंरचना निर्माण के कार्य प्रगति पर हैं ग्रामीण महिलाओं और किसानों को सशक्त व आत्मनिर्भर बनाने के लिए हमारा प्रयास निरन्तर जारी है कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों की उपस्थिति अपेक्षित है सभी क्षेत्रवासियों से आह्वान है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भाजपा सरकार के विकास के संकल्प को मजबूत करें और पंडरिया के उज्ज्वल भविष्य की इस ऐतिहासिक घड़ी के साक्षी बनें।

—————————————-

*कबीरधाम जिला साहू संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह 9 जनवरी को*

0

हिमांशु सिंह ठाकुर:- ब्यूरो रिपोर्ट छत्तीसगढ़।

ब्यूरो रायपुर/कवर्धा :- कबीरधाम जिला साहू संघ एवं समस्त तहसीलों के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आगामी 9 जनवरी 2026 (शुक्रवार) को दोपहर 1:30 बजे पी.जी कॉलेज ऑडिटोरियम कवर्धा में आयोजित किया जाएगा इस कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ साहू संघ के प्रदेश अध्यक्ष निरेंद्र साहू करेंगे अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. सियाराम साहू,
अशोक साहू राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अ.भा. तैलिक साहू महासभा
विधायक ईश्वर साहू (साजा), दीपेश साहू (बेमेतरा), संदीप साहू (कसडोल) सहित कई पूर्व पदाधिकारी और संरक्षक उपस्थित रहेंगे जिला स्तर पर नवनिर्वाचित पदाधिकारी:
• अध्यक्ष: धरमराज साहू
• उपाध्यक्ष: कौशल साहू एवं मनीषा साहू संगठन सचिव: लोकचंद साहू एवं कौशिल्या साहू
तहसील स्तर के नवनिर्वाचित अध्यक्षों में राधेश्याम साहू (कवर्धा नगर), डॉ. जलेश्वर साहू (पण्डरिया), श्रवण साहू (कुण्डा), गणेशराम साहू (पिपरिया), सहदेव साहू (कवर्धा ग्रामीण), मीलूराम साहू (बोड़ला) विजय साहू (लोहारा पूर्व), रजेलाल साहू (लोहारा पश्चिम) आदि शामिल हैं कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुति के रूप में धरोहर महादेव हिरवानी का प्रदर्शन भी होगा साहू समाज के इस आयोजन से संगठन को नई मजबूती मिलेगा समाज के सभी सदस्यों से बड़ी संख्या में उपस्थित होने की अपील की गई है।

—————————————-

*ग्राम अमोरा में छापेमार कार्यवाही कर 7.20 लीटर देशी मदिरा प्लेन जब्त*

0

*ग्राम अमोरा में छापेमार कार्यवाही कर 7.20 लीटर देशी मदिरा प्लेन जब्त*

मुंगेली, // जिले में अवैध शराब पर नियंत्रण हेतु कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देश पर आबकारी विभाग की कार्यवाही लगातार जारी है। इसी तारतम्य में आबकारी विभाग पथरिया द्वारा ग्राम अमोरा में छापेमार कार्यवाही कर 7.20 लीटर देशी मदिरा प्लेन जब्त किया गया।
जिला आबकारी अधिकारी श्री रविशंकर साय ने बताया कि आरोपी दिलहरण धुरी के विरूद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की गैर जमानती धारा 34(1)(क), 34(2) तथा 59(क) के तहत वैधानिक प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले में अवैध शराब एवं अपराधिक गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है तथा आगे भी ऐसी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। कार्रवाई में आबकारी वृत्त पथरिया प्रभारी श्रीमती उम्मी रूमा एवं विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

 

*कोटपा एक्ट के तहत 15 दुकानों में की गई चालानी कार्रवाई*

0

*कोटपा एक्ट के तहत 15 दुकानों में की गई चालानी कार्रवाई*

मुंगेली,// राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए कोटपा एक्ट के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. शीला साहा के मार्गदर्शन में प्रवर्तन दल द्वारा लोरमी में कोटपा एक्ट के धारा 4 एवं 6 के तहत् 25 दुकानों मे कार्रवाई की गई, जिसमें 10 दुकानों में चेतावनी देकर छोडा गया तथा शेष 15 दुकानों में 02 हजार 200 रूपए की चालानी कार्रवाई की गई। उक्त कार्रवाई के दौरान संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

*बिहान योजना से आत्मनिर्भर बनीं ईश्वरी साहू, बनी ‘लखपति दीदी’*

0

*बिहान योजना से आत्मनिर्भर बनीं ईश्वरी साहू, बनी ‘लखपति दीदी’*

*प्रतिमाह कमा रही 30 से 50 हजार रूपए*

मुंगेली, // राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत बिहान योजना ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसी क्रम में जिले के विकासखण्ड पथरिया अंतर्गत ग्राम रोहराकला निवासी श्रीमती ईश्वरी साहू ने बिहान योजना से जुड़कर आत्मनिर्भरता की दिशा में सफलता प्राप्त की है। स्व-सहायता समूह से जुड़ने से पूर्व ईश्वरी साहू की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर थी। परिवार की आय सीमित थी तथा दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु उन्हें साहूकारों से ऊंची ब्याज दर पर ऋण लेना पड़ता था, जिससे परिवार पर कर्ज का बोझ बना रहता था।
बिहान योजना के अंतर्गत ईश्वरी साहू ‘ज्योति गंगा स्व-सहायता समूह’ से जुड़ीं, जहां उन्होंने समूह की कार्यप्रणाली, नियमित बचत एवं वित्तीय अनुशासन को समझा। समूह के माध्यम से उन्हें रिवॉल्विंग फंड, कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड तथा बैंक लिंकेज के जरिए ऋण की सुविधा प्राप्त हुई। प्राप्त ऋण एवं मार्गदर्शन का सदुपयोग करते हुए ईश्वरी साहू द्वारा मछली पालन, जिमी कांदा की खेती एवं मिनी राइस मिल संचालन जैसी आजीविका गतिविधियाँ प्रारंभ की गईं, जिससे उनकी आय में निरंतर वृद्धि हुई। वर्तमान में ईश्वरी साहू की व्यक्तिगत मासिक आय 03 हजार रुपये से बढ़कर 30 हजार से 50 हजार रुपये तक हो गई है, जबकि उनके परिवार की कुल मासिक आय लगभग 60 हजार रुपये हो चुकी है। उनके द्वारा साहूकारों का संपूर्ण ऋण चुका दिया गया है तथा अब वे बच्चों की शिक्षा एवं स्वास्थ्य पर बेहतर व्यय कर पा रही हैं। आर्थिक सशक्तिकरण के फलस्वरूप ईश्वरी साहू आज एक आत्मनिर्भर महिला के रूप में पहचान बना चुकी हैं तथा उन्हें ‘लखपति दीदी’ के रूप में जाना जा रहा है। वे अन्य ग्रामीण महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जुड़ने एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए निरंतर प्रेरित कर रही हैं।