Home Blog Page 232

*एसीबी बिलासपुर की मुंगेली जिले में बड़ी ट्रैप कार्यवाही।*

0

* एसीबी बिलासपुर की मुंगेली जिले में बड़ी ट्रैप कार्यवाही।
* * अचानकमार टाइगर रिजर्व के सुरही रेंज के रेंजर और डिप्टी रेंजर 50000 रुपए रिश्वत लेते हुए पकड़े गए । ** एक मामले में चालान जल्द पेश करने और जप्त वाहन को वापस करने के एवज में मांगी गई थी रिश्वत रकम ।


मुकेश साहू ब्यूरो लोरमी मुंगेली :-एसीबी /आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो द्वारा लगातार छेड़े जा रहे व्यापक ट्रैप अभियान के तारतम्य में आज दिनांक 26.03.26 को एसीबी इकाई बिलासपुर द्वारा मुंगेली जिले में अचानकमार टाइगर रिजर्व के सुरही रेंज के रेंजर श्री पल्लव नायक और डिप्टी रेंजर श्री मनीष श्रीवास्तव को 50000 रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया है।।
**
लोरमी जिला मुंगेली निवासी अजीत कुमार वैष्णव द्वारा
एसीबी इकाई बिलासपुर में इस आशय की शिकायत की गई थी कि माह दिसंबर 2025 में वह अपने साथियों के साथ सुरही रेंज में चार पहिया वाहन लेकर घूमने गया था जहां पर अपराधिक कृत्य के आरोप में उसके तथा उसके अन्य साथियों के विरुद्ध वन विभाग द्वारा कार्यवाही की गई थी तथा उसके वाहन को जप्त कर लिया गया था तथा वे लोग जेल में भी निरुद्ध थे।जेल से जमानत पर छूटने के बाद वह प्रकरण में जल्द चालान पेश करने के लिए सुरही रेंज के डिप्टी रेंजर श्री मनीष श्रीवास्तव से मिला तो श्री श्रीवास्तव द्वारा उसे गुमराह कर अंतिम रिपोर्ट जल्द न्यायालय में पेश करने के लिए 4 से 5 लाख रुपए तक खर्चा आने और वाहन को छोड़ने के एवज में 70 हजार रुपए खर्चा आना बताकर रिश्वत की मांग की गई जोकि वह उक्त राशि रिश्वत के रूप में उन्हें नहीं देना चाहता बल्कि उनके विरुद्ध कार्यवाही चाहता है।
शिकायत का सत्यापन
कराने पर शिकायत सही पाई गई जिस पर ट्रैप की योजना तैयार की गई । आज दिनांक 26.03.26 को प्रार्थी को संबंधित को रिश्वत राशि देने हेतु मित्र मिलन रेस्टोरेंट कोटा में भेजा गया जहां प्रार्थी द्वारा श्री मनीष श्रीवास्तव को मांगी गई रिश्वत राशि में से प्रथम किश्त की राशि 50000 दिया गया जिस पर एसीबी टीम द्वारा श्री मनीष श्रीवास्तव को त्वरित रूप से पकड़ लिया गया। कार्यवाही स्थल पर श्री मनीष श्रीवास्तव के साथ रेंजर पल्लव नायक भी वहां उपस्थित थे जिनके द्वारा भी प्रार्थी से रिश्वत की मांग मौके पर करना पाया गया । प्रार्थी से ली गई राशि 50000 रुपए को आरोपी मनीष श्रीवास्तव से बरामद कर लिया गया है। एसीबी के द्वारा आरोपी मनीष श्रीवास्तव के विरुद्ध धारा 7 और आरोपी पल्लव नायक के विरुद्ध धारा 7,12 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत कार्यवाही की जा रही है।गौरतलब है कि एसीबी के द्वारा भ्रष्ट अधिकारियों /कर्मचारियों के खिलाफ लगातार कार्यवाही की जा रही है इसी अनुक्रम में उक्त बड़ी कार्यवाही आज की गई ।एसीबी द्वारा किसी भी विभाग के लोकसेवक द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने पर तत्काल सूचना एसीबी बिलासपुर को देने हेतु अपील की गई है।।। पिछले 2 वर्षों में एसीबी बिलासपुर की यह लगातार 45 वीं ट्रैप कार्यवाही है।।एसीबी के उक्त ताबड़तोड़ कार्यवाही के बाद आसपास अफरा – तफरी का माहौल निर्मित हो गया।।

*तोखन साहू का सिदली-चिरांग में चुनावी शंखनाद — एनडीए की एकजुटता से हर बूथ पर विजय का संकल्प*

0

*तोखन साहू का सिदली-चिरांग में चुनावी शंखनाद — एनडीए की एकजुटता से हर बूथ पर विजय का संकल्प*

मुकेश साहू ब्यूरो छत्तीसगढ़ कोकराझार/चिरांग (असम),

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने सिदली-चिरांग विधानसभा क्षेत्र के सिगनेट पार्क मेघना में आयोजित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की महत्वपूर्ण समन्वय बैठक को संबोधित किया। बैठक में भारतीय जनता पार्टी, बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) एवं असम गण परिषद (एजीपी) के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

बैठक में आगामी चुनावों के मद्देनज़र विस्तृत रणनीतिक चर्चा की गई, जिसमें बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा गठबंधन के घटक दलों के बीच प्रभावी तालमेल स्थापित करने पर विशेष बल दिया गया।

अपने संबोधन में श्री साहू ने कहा कि एनडीए सरकार विकास, स्थिरता और जनविश्वास की मजबूत आधारशिला पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का असम में प्रभावी क्रियान्वयन हुआ है, जिससे समाज के सभी वर्गों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि आवासन एवं शहरी विकास से जुड़ी योजनाओं सहित विभिन्न केंद्रीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए आवश्यक है कि संगठन के कार्यकर्ता घर-घर संपर्क स्थापित कर योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं।

बैठक में संयुक्त चुनाव प्रचार की रूपरेखा, मतदाता संपर्क अभियान तथा गठबंधन के भीतर समन्वित प्रयासों के माध्यम से वोटों के प्रभावी स्थानांतरण को सुनिश्चित करने पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

 

श्री साहू ने कार्यकर्ताओं के समर्पण और एकजुटता की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि संगठित प्रयासों के माध्यम से सिदली-चिरांग क्षेत्र में एनडीए को प्रचंड समर्थन प्राप्त होगा तथा क्षेत्र में विकास की गति और तेज होगी।

*शराब पीने के लिए पैसा नहीं देने पर बहन को हथौड़े से मारपीट करने वाला आरोपी भाई कोनी पुलिस की गिरफ्त मे*

0

*शराब पीने के लिए पैसा नहीं देने पर बहन को हथौड़े से मारपीट करने वाला आरोपी भाई कोनी पुलिस की गिरफ्त मे*

✨🔶 त्वरित कार्यवाही आरोपी गिरफ्तार भेजा गया जेल ✨🔶

*अपराध क्रमांक* 116/2026
*धारा -* 296,115(2),119(1),351(3) BNS

*गिरफ्तार आरोपी*
आरोपी मानेश्वर मनहर पिता स्व. शिव नारायण उम्र 33 वर्ष सा. आनंद मार्ग स्कूल के पास कोनी, थाना कोनी जिला बिलासपुर

संदीप कुमार साहू ब्यूरो बिलासपुर :-श्रीमान पुलिस उप महानिरीक्षक व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशानुसार व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री पंकज कुमार पटेल व नगर पुलिस अधीक्षक श्री गगन कुमार के मार्गदर्शन में अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्यवाही करने के अनुक्रम में पीड़िता कु.मिनेश्वरी मनहर में थाना आकर रिपोर्ट किया कि दिनांक 24/03/2026 को अपने देव नगर कोनी स्थित घर अकेली सोई थी उसी दिन रात्रि लगभग 10/11 बजे को उसका भाई मानेश्वर मनहर शराब के नशे में गाली गलौज करते आया उसके बाल को पकड़कर खींचकर बाहर निकाला शराब पीने के लिए पैसे मांगा पैसा नहीं देने पर पास में रखे हथौड़े से सिर, हाथ व पीठ में मारा चोट से बेहोश हो गई पीड़िता की रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी मानेश्वर मनहर को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ करने पर जुर्म स्वीकार किया जिससे घटना में प्रयुक्त हथौड़ा जप्त किया गया आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर रिमांड में जेल भेजा गया।

🚨 कोनी पुलिस की जनअपील

सभी नागरिकों से निवेदन है कि —
👉 अवैध कार्य में लिप्त अपराधियों की सूचना तुरंत स्थानीय थाना या डायल 112 पर दें।

*चोरी की वाशिंग मशीन बरामद, आरोपी पुलिस को देखकर फरार – प्रकरण दर्ज, तलाश जारी*

0

“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोतवाली पुलिस की रात्रि गश्त में त्वरित कार्यवाही।

कोरबा – जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के मार्गदर्शन में थाना/चौकी स्तर पर लगातार कार्यवाही की जा रही है।

इसी क्रम में “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस द्वारा दिनांक 24-25.03.2026 की दरमियानी रात्रि गश्त की जा रही थी। रात्रि गश्त के दौरान आरक्षक 11 भूपेन्द्र साय पैकरा एवं आरक्षक 513 गगेश्वर राय को सीतामणी चौक पाईंट पर तैनात किया गया था, जहां उप निरीक्षक महासिंह धुर्वे द्वारा चेकिंग उपरांत टीम के साथ पुराने बस स्टैंड, सीतामणी चौक, रेलवे स्टेशन, इमलीडुग्गु, सोनालिया चौक, राताखार एवं तुलसीनगर क्षेत्र में गश्त की जा रही थी।

गश्त के दौरान रात्रि करीब 02:45 बजे बायपास रोड से सर्वमंगला बस स्टैंड की ओर आते समय एक संदिग्ध व्यक्ति वाशिंग मशीन को पीठ में लादकर ले जाते हुए दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर आरोपी पुलिस को देखकर वाशिंग मशीन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। आरोपी का पीछा किया गया, किन्तु वह पकड़ में नहीं आ सका।

पुलिस द्वारा उक्त वाशिंग मशीन को जप्त कर थाना लाया गया। दिनांक 25.03.2026 को जांच के दौरान राजू पटेल पिता रेशम लाल पटेल उम्र 40 वर्ष निवासी राताखार द्वारा बताया गया कि उसके घर से रात्रि करीब 02:00 बजे हायर कंपनी की वाशिंग मशीन (कीमत लगभग ₹15,000) तथा उसके पड़ोसी के घर से सैमसंग कंपनी का मोबाइल (कीमत लगभग ₹10,000) अज्ञात आरोपी द्वारा चोरी किया गया है। बरामद वाशिंग मशीन को उसने अपनी होना पहचान किया।
प्रकरण में रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 283/26 धारा 321(4), 305 बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आरोपी की पतासाजी हेतु पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं तथा शीघ्र गिरफ्तारी की संभावना है।

कोरबा पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

*जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष बने संजय यादव, कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर*

0

तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली— छत्तीसगढ़ में संगठन को मजबूत करने की दिशा में कांग्रेस पार्टी लगातार नए निर्णय ले रही है। इसी क्रम में मुंगेली जिले के सक्रिय और जुझारू कार्यकर्ता संजय यादव को जिला कांग्रेस कमेटी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के बाद जिले भर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं यादव समाज में हर्ष और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।
यह नियुक्ति छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के मार्गदर्शन में प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा के नेतृत्व में की गई है। संगठन के विस्तार और मजबूती को ध्यान में रखते हुए जिले के कई कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिनमें संजय यादव का नाम प्रमुख रूप से शामिल है।
संजय यादव लंबे समय से कांग्रेस पार्टी के प्रति समर्पित रहे हैं और पूर्व में जिला महामंत्री के रूप में भी उन्होंने संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। उनकी सक्रियता, संगठन क्षमता और जनसंपर्क को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी नेतृत्व को विश्वास है कि उनके अनुभव और कार्यशैली से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। उपाध्यक्ष बनाए जाने पर संजय यादव ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए गर्व और जिम्मेदारी का विषय है। उन्होंने कहा, “युवा का विपरीत शब्द वायु होता है, संघर्षों के साए में इतिहास हमारा पलता है और जवानी चलती है तो जमाना भी साथ चलता है।” उन्होंने आगे कहा कि वे पार्टी द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
इस अवसर पर जिले के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संजय यादव को बधाई एवं शुभकामनाए देते हुए
ओबीसी यादव समाज के बड़े चेहरे हैं इससे पार्टी को फायदा एवं मजबूती मिलेगा। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पार्टी को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। साथ ही आने वाले समय में कांग्रेस संगठन और अधिक सशक्त होकर जनहित के मुद्दों पर प्रभावी भूमिका निभाएगा। संजय यादव की नियुक्ति को लेकर सोशल मीडिया पर भी बधाइयों का दौर जारी है। समर्थकों ने इसे जिले के लिए गौरव की बात बताते हुए कहा कि यह निर्णय युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। संजय यादव के जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष बनने से मुंगेली जिले में कांग्रेस संगठन को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

*उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स देखने पहुंचे*

0

*विजेताओं को दिए पदक, खिलाड़ियों से मिलकर हौसला अफजाई की*

रायपुर. . उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव आज रायपुर के पंडित रविशंकर विश्वविद्यालय मैदान पहुंचकर खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के अंतर्गत आयोजित वेट-लिफ्टिंग स्पर्धा देखने पहुंचे। उन्होंने विभिन्न प्रदेशों से आए खिलाड़ियों से मिलकर उनकी हौसला अफजाई भी की। श्री साव ने आज के वेट-लिफ्टिंग स्पर्धा के विजेताओं को पदक भी वितरित किए। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव श्री यशवंत कुमार भी इस दौरान मौजूद थे।

*मुंगेली कांग्रेस की नई कार्यकारिणी घोषित, अभिलाष सिंह फिर बने उपाध्यक्ष*

0

तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली।जिला कांग्रेस कमेटी मुंगेली की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के अनुमोदन के बाद पदाधिकारियों की सूची जारी की। नई कार्यकारिणी में संगठनात्मक संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है, जिससे कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।

जारी सूची में कई अनुभवी और युवा चेहरों को मौका दिया गया है, जिससे संगठन को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। खास बात यह रही कि अभिलाष सिंह को लगातार दूसरी बार जिला कांग्रेस का उपाध्यक्ष बनाया गया है।

गौरतलब है कि अभिलाष सिंह इससे पूर्व भी सागर सिंह बैस के जिलाध्यक्ष कार्यकाल में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। दोबारा इस महत्वपूर्ण पद पर नियुक्ति उनके सक्रिय संगठनात्मक कार्य और पार्टी के प्रति समर्पण को दर्शाती है। पार्टी के अंदर यह चर्चा है कि उनकी कार्यशैली और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ के कारण ही उन्हें लगातार जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।

इस अवसर पर अभिलाष सिंह ने प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, सह प्रभारी विजय जांगिड़, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत तथा जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा का आभार प्रकट करते हुए कहा कि वे संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे।

नई कार्यकारिणी की घोषणा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और संगठन को आगामी चुनावों के मद्देनज़र और अधिक सक्रिय व मजबूत बनाने की तैयारी शुरू हो गई है।

*“रमजान की रूह के साथ नन्हे रोजेदारों का सम्मान – इबादत, तालीम और इंसानियत से रोशन हो रही नई पीढ़ी: मोहम्मद सिराज”*

0

तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली। ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वाधान में आज मुंगेली जिले में एक प्रेरणादायक और भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष मोहम्मद अलीम के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में “नन्हे रोजेदार सम्मान एवं ईद मिलन समारोह” मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। इस अवसर पर माहे रमजान की पवित्रता और इबादत के जज़्बे को सम्मानित करते हुए 11 वर्ष से कम उम्र के 50 से अधिक नन्हे बच्चों को प्रोत्साहित किया गया, जिन्होंने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ रोज़े रखे।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिराज, रायपुर संभाग सचिव मोहम्मद शबाना, मुस्लिम समाज के मुतवल्ली सैय्यद वाजिद, सदर इशहाक खान, पंडरिया अध्यक्ष हमीदुल्लाह खान, अल्पसंख्या नीति मंच के प्रदेश मंत्री मोहम्मद आलम सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं बच्चे उपस्थित रहे। वक्ताओं ने रमजान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह महीना सब्र, त्याग, इबादत और इंसानियत का संदेश देता है। विशेष रूप से छोटे बच्चों द्वारा रोज़ा रखना उनके अच्छे संस्कार और धार्मिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो पूरे समाज के लिए गर्व की बात है। साथ ही बच्चों को अच्छी शिक्षा प्राप्त करने के लिए भी प्रेरित किया गया, ताकि वे धार्मिक मूल्यों के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा में भी आगे बढ़ सकें।
इस दौरान नन्हे रोजेदारों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रमाण पत्र और आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया। बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था। अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में सकारात्मक सोच, अनुशासन और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं।
कार्यक्रम में ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिराज ने अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “माहे रमजान हमें सब्र, त्याग और इंसानियत की सीख देता है। नन्हे बच्चों द्वारा रोज़ा रखना उनकी लगन और ईमानदारी को दर्शाता है, जो काबिले-तारीफ है। हमारी संस्था का उद्देश्य समाज में शिक्षा, एकता और सेवा की भावना को मजबूत करना है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से हम नई पीढ़ी को सही दिशा देने का प्रयास कर रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “नन्हे रोजेदार हमारे समाज का भविष्य हैं। इनके उत्साह को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अच्छी शिक्षा के लिए प्रेरित करना भी बेहद जरूरी है, ताकि वे एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बन सकें।”
कार्यक्रम को सफल बनने में AMWF के सचिव नईम खान, अख्तर अली, मोहम्मद आरिफ, शेख आबिद, इरफान खान, हाशिम मिर्ज़ा, सुहैल खान, हैदर अली, सलमान खान, अदनान अली , अहद शेख, मुकीम रिज़वी , सहित अन्य लोग शामिल रहे ।

*बिलासपुर में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के लिए प्रयास, प्रदेश बनेगा खेल हब : उप मुख्यमंत्री अरुण साव*

0

*नेशनल ट्राइबल गेम्स से अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी को मिलेगा बल : उप मुख्यमंत्री अरुण साव*


संदीप साहू ब्यूरो बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव आज राजा रघुराज सिंह स्टेडियम, बिलासपुर में स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल जी की स्मृति में आयोजित अखिल भारतीय रात्रिकालीन ड्यूस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल जी का जीवन अनुशासन और समाजसेवा का प्रेरक उदाहरण है। उनका कार्य के प्रति समर्पण और संगठन क्षमता सभी के लिए सीखने योग्य है। उन्होंने बताया कि पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ विधायक श्री अमर अग्रवाल के प्रयासों से यह प्रतियोगिता आयोजित हो रही है, जिसमें 8 टीमों ने भाग लिया है। इससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है और बिलासपुर की पहचान भी बढ़ रही है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेलों का माहौल तेजी से विकसित हो रहा है। राज्य में खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स का ऐतिहासिक आयोजन हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। यह आयोजन भविष्य में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी के मद्देनजर एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों और खेल मैदानों की कमी नहीं है, और आने वाले समय में छत्तीसगढ़ खेलों का बड़ा केंद्र बनेगा।

श्री साव ने बताया कि बिलासपुर में अंतर्राष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। शहर में खेल सुविधाओं के विकास के लिए स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) से चर्चा हुई है। इससे खेल अधोसंरचना मजबूत होगी और बिलासपुर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

श्री साव ने यह भी कहा कि हाल ही में आयोजित युवा महोत्सव जैसे कार्यक्रमों से शहर में खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला है। भविष्य में इससे भी बड़े आयोजन किए जाएंगे।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष (शहर) श्री दीपक सिंह, जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) श्री मोहित जायसवाल जी, श्री आदित्य अग्रवाल जी, श्री प्रकाश यादव जी, श्री राजेश सिंह जी, श्री प्रकाश सर्वे जी, श्री प्रवीण दुबे जी , आयोजन समिति के साथी गण एवं खेल प्रेमी साथी उपस्थित रहे।
…

*श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम: खर्रीपारा का मां काली मंदिर बना भक्तों का आस्था का केंद्र*

0

*नवरात्र की आज सप्तमी दिन माँ काली की होगी भव्य महाआरती*

तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली-— जिले के काली माई वॉर्ड खर्रीपारा स्थित मां काली मंदिर श्रद्धा, आस्था और विश्वास का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। विशेषकर चैत्र एवं कुँवार नवरात्र के दौरान यहां भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है और पूरे क्षेत्र में भक्ति का वातावरण देखने को मिलता है। मंदिर की स्थापना की कहानी भी उतनी ही चमत्कारी और प्रेरणादायक है, जो लोगों की आस्था को और मजबूत करती है। नवरात्र की आज सप्तमी दिन मां काली की भव्य महाआरती होगी। जिसमें आसपास के बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।
जानकारी के अनुसार, सन् 1945 के पूर्व कुम्भकार समाज के लोग जनता मार्केट स्थित ओंसवाल भवन गली के आसपास निवास करते थे। उसी क्षेत्र में मां काली की एक छोटी मड़िया (स्थल) स्थित थी, जहां कुम्भकार समाज के लोग नियमित रूप से पूजा-अर्चना किया करते थे। सन् 1945 के बाद जब सर्व कुम्भकार समाज खर्रीपारा में आकर बसा, तब वह मड़िया धीरे-धीरे उपेक्षित हो गई। समय बीतने के साथ वहां कचरे का ढेर लग गया और मां काली की प्रतिमा उसी में दबकर रह गई। लंबे समय तक कोई देखरेख नहीं होने के कारण वह स्थान पूरी तरह से वीरान हो गया। इसी बीच, कुछ वर्षों बाद कुम्भकार समाज के बुजुर्ग स्वर्गीय सरहा राम कुम्भकार को लगातार स्वप्न आने लगे। सपने में मां काली बार-बार प्रकट होकर कहती थीं कि वे कचरे के ढेर में पड़ी हैं और उन्हें वहां से निकालकर उचित स्थान पर स्थापित किया जाए। शुरू में इस पर किसी ने विशेष ध्यान नहीं दिया, लेकिन जब यह सपना बार-बार आने लगा, तब इसे गंभीरता से लिया गया।
चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर जब घर-घर में जोत-जवारा बोया जा रहा था और भक्ति का माहौल था, तब सरहा राम के घर में भी माता की विशेष पूजा और भजन-कीर्तन हो रहा था। इस दौरान कई लोगों पर देवी का आवेश (देवी चढ़ना) हुआ और सभी के मुख से “जय मां काली” का उद्घोष होने लगा। यह संकेत मानते हुए समाज के बुजुर्गों ने निर्णय लिया कि अब मां काली को उनके पुराने स्थान से लाकर पुनः स्थापित किया जाए।
इसके बाद समाज के लोगों ने एक महाराज (पुरोहित) से संपर्क किया और पूरी विधि-विधान से पूजा की तैयारी की गई। सभी लोग गाजे-बाजे और पूजा सामग्री के साथ ओंसवाल भवन के पास पुराने स्थल पर पहुंचे। वहां मां काली की विधिवत पूजा-अर्चना कर उन्हें साथ चलने का निवेदन किया गया। प्रारंभ में जब प्रतिमा को उठाने का प्रयास किया गया, तो वह नहीं उठी। इसके बाद भक्तों ने सच्चे मन से प्रार्थना की और जयकारा लगाया—“जय मां काली”। कहते हैं कि इसके बाद प्रतिमा सहज ही उठ गई, जिसे मां की कृपा और स्वीकृति माना गया।
इसके पश्चात मां काली की मड़िया को पूरे विधि-विधान और उत्साह के साथ गाजे-बाजे में खर्रीपारा लाया गया और सन् 1965-66 के आसपास वहां स्थापित किया गया। धीरे-धीरे इस स्थान पर श्रद्धालुओं की आस्था बढ़ती गई और दानदाताओं के सहयोग से एक भव्य मंदिर का निर्माण कराया गया।
अब यह मंदिर “काली माई वार्ड स्थित मां काली मंदिर” के नाम से पूरे मुंगेली जिले में प्रसिद्ध है। यहां चैत्र और कुँवार नवरात्र में विशेष पूजा-अर्चना, जोत-जवारा बोने की परंपरा और भागवत कथा का आयोजन किया जाता है। नवरात्र के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और उल्लास का अद्भुत माहौल रहता है।
इसके अलावा दीपावली की मध्यरात्रि 12 बजे मां काली की विशेष पूजा और भव्य आरती आयोजित की जाती है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं और प्रसाद वितरण किया जाता है।
वर्तमान में यह मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं का भी प्रतीक बन चुका है। हर वर्ष यहां आने वाले भक्तों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, जो मां काली के प्रति लोगों की अटूट श्रद्धा को दर्शाता है। यह जानकारी सोशल मीडिया प्रचारक कोमल देवांगन द्वारा साझा की गई है।