Home Blog Page 230

*हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार*

0

हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
 घटना में प्रयुक्त एक बांस का डंडा बरामद
 आरोपी को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर जेल
गिरफ्तार आरोपी-
1. अनिल केंवट पिता स्व रामकुमार केंवट उम्र 40 साल निवासी सेलर बरभांठा थाना सीपत जिला बिलासपुर छ0ग0

संदीप साहू ब्यूरो बिलासपुर :-मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है दिनांक 29.03.2026 को सूचक शत्रुहन धुरी निवासी सेलर बरभाठा के द्वारा मर्ग इंटीमेशन दर्ज कराया कि ग्राम सेलर बरभाठा के पानी टंकी के उपर सीढी में राजू धुरी मृत अवस्था पडा है जिस पर मर्ग कायम कर शव का जांच पंचनामा कार्यवाही दौरान घटना स्थल का निरीक्षण कर सूचक एवं गवाहो का कथन लिया गया जांच दौरान मृतक को आरोपी अनिल केंवट द्वारा बांस के डंडा से सिर में मारकर चोंट पहूंचाकर हत्या करना पाये जाने से आरोपी अनिल केंवट को हिरासत में लेकर आरोपी से पूछताछ किया गया, जो ग्राम सेलर बरभाठा पांनी टंकी के उपर रेलिंग में सोता था दिनांक 28.03.2026 को रात्रि करीबन 9.00 बजे खाना खाकर सो रहा था उसी समय मृतक राजू धुरी पानी टंकी के पास आकर आरोपी को आवाज देने पर आरोपी द्वारा मृतक को जाने के लिए बोला तो मृतक वही रूका था इसी बात को लेकर आरोपी गुस्से में आकर पास में रखे बांस के डंडे से सिर में मारकर गंभीर चोंट पहूंचाकर हत्या कर दिया। आरोपी अनिल केंवट पिता स्व रामकुमार केंवट उम्र 40 साल निवासी सेलर बरभांठा थाना सीपत जिला बिलासपुर छ0ग0 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

*श्री माखनलाल पाण्डेय संयुक्त संचालक अभियोजन (बिलासपुर संभाग) की सेवानिवृत्ति पर गरिमामयी विदाई समारोह आयोजित*

0

 *श्री माखनलाल पाण्डेय संयुक्त संचालक अभियोजन (बिलासपुर संभाग) की सेवानिवृत्ति पर गरिमामयी विदाई समारोह आयोजित*
🔹*पुलिस महानिरीक्षक श्री राम गोपाल गर्ग ने किया अभिनंदन*

🔹*श्री पाण्डेय जी को पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में दी गई आत्मीय विदाई*

तिजराम साहू ब्यूरो मुंगेली:- पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय बिलासपुर में श्री माखन लाल पाण्डेय, संयुक्त संचालक अभियोजन (बिलासपुर संभाग) के सेवानिवृत्ति के अवसर पर एक गरिमामय एवं आत्मीय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम श्री राम गोपाल गर्ग पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज, के गरिमामयी सानिध्य में संपन्न हुआ। जिसमें संयुक्त संचालक अभियोजन श्री माखन लाल पाण्डेय, उप संचालक श्रीमती कंचन पाटिल एवं पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय के सभी अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान पुलिस महानिरीक्षक श्री गर्ग ने श्री पाण्डेय के कुशल कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें श्रीफल, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

*अनुकरणीय सेवा सफरः-*
श्री माखन लाल पाण्डेय का कार्यकाल उपलब्धियों भरा रहा है
अपनी सेवाकाल फरवरी 1995 जिला रायपुर से प्रारंभ कर विभिन्न जिलों दुर्ग, महासमुंद, धमतरी, जांजगीर चांपा में सेवा देते हुए फरवरी 2023 से 30 मार्च 2026 तक बिलासपुर संभाग में संयुक्त संचालक अभियोजन के पद पर पदस्थ होकर न्याय प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने पुलिस विभाग के साथ समन्वय कर विवेचना और दोषमुक्ति प्रकरणों की समीक्षा में अपना अमूल्य मार्गदर्शन दिया, तथा उनके द्वारा हमेशा प्रभावी कार्य सदैव संपादित किया गया।

🔹इस अवसर पर आईजी श्री गर्ग ने कहा कि, एक सफल अभियोजन अधिकारी न केवल कानून का ज्ञाता होता है, बल्कि वह पीड़ित को न्याय दिलाने की महत्वपूर्ण कड़ी है। पाण्डेय जी ने अपने पूरे कार्यकाल में अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करते हुये सदा अभियोजन और पुलिस विभाग के लिये अपना विशेष योगदान दिया है। उनके आगामी सुखद भविष्य की शुभकामनाए देते आईजीपी श्री गर्ग ने आशा व्यक्त की, कि सेवानिवृत्ति के पश्चात भी श्री पाण्डेय अपने विशाल अनुभव और कानूनी ज्ञान के आधार पर पुलिस विभाग को आवश्यकतानुसार सहायता, मार्गदर्शन ,परामर्श और प्रशिक्षण देते रहेंगे।
श्री पाण्डेय ने इस अवसर पर अपने प्रति दिए गए सम्मान के लिए आईजीपी श्री गर्ग का आभार व्यक्त करते हुए,अपनी इस यात्रा के अनुभव साझा किए,और जिला अभियोजन अधिकारी से संयुक्त संचालक तकनीक सफर के दौरान पुलिस और न्यायालय के साथ अपने अनुभव साझा किए।इन भावुक पलों के श्री पाण्डेय ने,पुलिस विभाग के द्वारा कोई सहायता मांगे जाने पर, सेवानिवृत्ति के बाद भी , हमेशा स्वयं को उपलब्ध रहना बताया।

इस विदाई समारोह में पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग के साथ उप पुलिस अधीक्षक (बिलासपुर रेंज) श्री विवेक शर्मा, निरीक्षक अशोक वैष्णव, निरीक्षक धनेश्वरी दुबे, उपनिरीक्षक रामकुमार पटेल, शंकर कश्यप, संग्राम सिंह,संदीप ठाकुर, रेखा जायसवाल सहित कार्यालय के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने श्री पाण्डेय को भावभीनी विदाई दी।इस गरिमामय कार्यक्रम का संचालन श्री संजय रावत मुख्य लिपिक ने किया।

*दमोह में अभूतपूर्व भक्ति, श्रद्धा और उल्लास के साथ मना भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव*

0

*दमोह में अभूतपूर्व भक्ति, श्रद्धा और उल्लास के साथ मना भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव*

देवेश खरे संवाददाता जिला दमोह…..

दमोह – भगवान महावीर स्वामी के पावन जन्मकल्याणक महोत्सव पर दमोह नगर पूर्णतः धर्ममय वातावरण में सराबोर हो उठा। श्री दिगम्बर जैन पंचायत दमोह के नेतृत्व में एवं जैन मिलन नगर प्रमुख शाखा दमोह के संयोजन में यह भव्य आयोजन पूज्य मुनि श्री पद्म सागर जी महाराज ससंघ, गणनी आर्यिका सौम्यनंदनी माता जी ससंघ एवं आर्यिका श्री साधू मति माता जी ससंघ के सानिध्य में अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ।
प्रातःकाल सिटी नल से भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई नसिया जी मंदिर पहुंची, जहां 32 इंद्रों के माध्यम से भगवान श्री जी का भव्य मस्तकाभिषेक संपन्न हुआ। अभिषेक उपरांत शोभायात्रा पुनः पलंदी मंदिर होते हुए सिटी नल पहुंचकर संपन्न हुई। इसके पश्चात सिंघई मंदिर में भगवान का पुनः अभिषेक संपन्न किया गया।
शोभायात्रा में विभिन्न मंदिरों की पाठशालाओं, महिला मंडलों एवं बालिका मंडलों द्वारा अनुशासित एवं आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। दिव्य घोष, भक्ति गीत एवं एकरूप वेशभूषा में किए गए प्रदर्शन ने सभी का मन मोह लिया। सुंदर एवं जीवंत झांकियों में भगवान महावीर के जीवन प्रसंगों का मनोहारी चित्रण किया गया। सुधा सागर व्यायामशाला द्वारा शस्त्र प्रदर्शन एवं गौशाला की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया।
इस अवसर पर क्षुल्लक श्री तात्पर्य सागर जी महाराज ने अपने ओजस्वी प्रवचन में कहा कि तीर्थंकर भगवान का जन्म समस्त जीवों के कल्याण हेतु होता है और यह उनका अंतिम जन्म होता है। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर का “जियो और जीने दो” का सिद्धांत आज भी मानवता के लिए मार्गदर्शक है। यदि हम उनके जीवन आदर्शों को अपनाएं, तो समाज में शांति, अहिंसा और सद्भाव स्थापित हो सकता है।
आर्यिका श्री साधू मति माता जी ने अपने प्रेरणादायी प्रवचन में कहा कि गुरु आज्ञा का पालन ही सच्ची साधना है। समय के साथ चलते हुए धर्म के मार्ग पर दृढ़ रहना ही आत्मकल्याण का पथ है। उन्होंने भगवान महावीर के पंच नामों का आध्यात्मिक महत्व समझाते हुए उन्हें जीवन में उतारने का संदेश दिया।
गणनी आर्यिका सौम्यनंदनी माता जी ने अपने मंगल उद्बोधन में कहा कि धर्ममार्ग पर किया गया प्रत्येक छोटा प्रयास भी महान फलदायी होता है। शोभायात्रा में श्रद्धा से उठाया गया एक-एक कदम पापों के क्षय का कारण बनता है, वहीं देव-शास्त्र-गुरु के सानिध्य में पूरी यात्रा करने से अनंतानंत कर्मों का क्षय होता है।
कार्यक्रम के दौरान समाज सेवा में निरंतर सक्रिय एवं साधु-संतों की सेवा में समर्पित चिकित्सकों—डॉ. स्वदेश जैन, डॉ. गौरव नायक, डॉ. सौरभ चौधरी, डॉ. अभय जैन एवं आनंद जैन पैथोलॉजी सहित फिजियोथेरेपी सेवाएं देने वाले चिकित्सकों का श्री दिगम्बर जैन पंचायत दमोह द्वारा सम्मान किया गया।
सांध्यकाल में पारस पैलेस में महिला मंडलों एवं पाठशालाओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
सम्पूर्ण आयोजन में समाज के सभी वर्गों—पुरुष, महिलाएं, युवक-युवतियां एवं बच्चों—की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। पूरा नगर भक्ति, उल्लास एवं धार्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत नजर आया।
इस भव्य आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि समाज में एकता, अनुशासन और सांस्कृतिक मूल्यों का उत्कृष्ट संदेश भी दिया।

*पुरुष वर्ग हॉकी में छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड एवं मध्यप्रदेश ने सेमीफाइनल में बनाई जगह*

0

*खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026*

*हॉकी महिला वर्ग में मिजोरम, मध्यप्रदेश, झारखंड व ओडिशा सेमीफाइनल में*

*छत्तीसगढ़ ने शानदार आक्रामक खेल का किया प्रदर्शन*

रायपुर,  खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के पांचवें दिन महिला हॉकी मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। मिजोरम, मध्यप्रदेश, झारखंड और ओडिशा की टीमों ने उत्कृष्ट खेल का परिचय देते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। दिन के मुकाबलों में गुजरात ने तमिलनाडु को 10-1 से पराजित किया, जबकि ओडिशा ने झारखंड को रोमांचक मुकाबले में 5-4 से हराया। मिजोरम ने मध्यप्रदेश को 6-0 से शिकस्त दी और छत्तीसगढ़ ने बिहार को 9-0 से हराते हुए शानदार जीत दर्ज की। बेहतर प्रदर्शन के बावजूद गुजरात और छत्तीसगढ़ की टीमें सेमीफाइनल में स्थान नहीं बना सकीं। सेमीफाइनल में झारखंड का मुकाबला मिजोरम से तथा मध्यप्रदेश का सामना ओडिशा से होगा।

पुरुष हॉकी में भी मुकाबले बेहद एकतरफा और आक्रामक रहे। ओडिशा ने असम को 12-1 से हराया, मध्यप्रदेश ने गोवा को 11-2 से परास्त किया, झारखंड ने कर्नाटक को 3-1 से मात दी तथा छत्तीसगढ़ ने आंध्रप्रदेश को 7-0 से हराते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इस प्रकार पुरुष वर्ग में ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और मध्यप्रदेश ने अंतिम चार में जगह बनाई है।

छत्तीसगढ़ की पुरुष टीम ने आंध्रप्रदेश के खिलाफ अपने मुकाबले में बेहद आक्रामक खेल दिखाया। मैच के पहले ही मिनट में गोल दागते हुए टीम ने विपक्ष पर दबाव बना दिया और पहले क्वार्टर में 3-0 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली। पूरे मैच में टीम का तालमेल, गति और रणनीति प्रभावशाली रही, जिससे 7-0 से एकतरफा जीत सुनिश्चित हुई।

*सेमीफाइनल मुकाबलों पर टिकी सबकी नजरें*

हॉकी प्रतियोगिता में अब मुकाबला और भी रोमांचक होने जा रहा है। सेमीफाइनल में पहुंची टीमें फाइनल में जगह बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकेंगी। खिलाड़ियों का उत्साह और प्रदर्शन खेल प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। सेमीफाइनल में छत्तीसगढ़ का मुकाबला ओडिशा से तथा झारखंड का सामना मध्यप्रदेश से होगा।

*बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता में असम ने सिक्किम और तमिलनाडु ने आंध्रप्रदेश को 3-0 से किया पराजित*

0

*खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026*

*छत्तीसगढ़ सहित झारखंड, अरुणाचलप्रदेश, गुजरात पहुंचे सेमीफाइनल में*

*5वें दिन फुटबॉल में असम और तमिलनाडु ने दिन किया अपने नाम, पर सेमीफाइनल से चुके*

रायपुर,  खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के अंतर्गत आयोजित बालिका वर्ग फुटबॉल प्रतियोगिता के पांचवें दिन रोमांच और प्रतिस्पर्धा का उच्च स्तर देखने को मिला। विभिन्न राज्यों की टीमों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में स्थान सुनिश्चित करने के लिए जोरदार संघर्ष किया।

स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा रायपुर में खेले गए मुकाबले में असम की टीम ने शानदार तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए सिक्किम को 3-0 से पराजित किया। मैच के दौरान असम की खिलाड़ियों ने शुरू से ही दबाव बनाए रखा और विपक्षी टीम को कोई अवसर नहीं दिया।

इसी प्रकार पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम में खेले गए एक अन्य मुकाबले में तमिलनाडु की टीम ने आंध्रप्रदेश को 3-0 से हराकर बेहतरीन प्रदर्शन किया। तमिलनाडु के खिलाड़ियों ने सधे हुए पासिंग, मजबूत डिफेंस और प्रभावी आक्रमण के दम पर मैच को पूरी तरह अपने नियंत्रण में रखा।

प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ और झारखंड की टीमों का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। छत्तीसगढ़ ने ग्रुप ‘ए’ में अपने सभी मैच जीतकर अपराजेय रहते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किया, वहीं झारखंड ने ग्रुप ‘बी’ में शानदार खेल दिखाते हुए सभी मुकाबलों में विजय हासिल कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। अन्य टीमों में अरुणाचल प्रदेश और गुजरात ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अंतिम चार में अपनी जगह बनाई। इस प्रकार अब सेमीफाइनल मुकाबलों की रूपरेखा स्पष्ट हो चुकी है, जिसमें छत्तीसगढ़ का अगला मुकाबला अरुणाचल प्रदेश से तथा झारखंड का सामना गुजरात से होगा। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के इस आयोजन में जनजातीय अंचलों की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्राप्त हो रहा है।

*’मोरवीर’ के साथ युवाओं ने खेले मनोरंजक खेल*

रविवार की छुट्टी के चलते आज मैदान पर बड़ी संख्या में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों और खेल प्रेमियों ने शिरकत की और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के मैस्कॉट मोरवीर के साथ युवा एवं बच्चे मनोरंजक खेल खेलते एवं सेल्फी लेते नजर आए। जहां सभी ने आकर्षक खेलों और क्विज का आनंद लिया। इस बार का मैस्कॉट मोरवीर छत्तीसगढ़ी शब्दों ‘मोर’ (हमारा) और ‘वीर’ (बहादुरी) से बना है, और यह भारत के जनजातीय समुदायों के गर्व, भावना और पहचान का प्रतीक है।

*मुख्यमंत्री ने जिले को दी विकास कार्याें की बड़ी सौगात*

0

*26 करोड़ 93 लाख रुपए से अधिक की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन*

*अटल जी की प्रतिमा उनके ऐतिहासिक व्यक्तित्व से प्रेरणा एवं स्मृतियों को सहेजने की पहल : मुख्यमंत्री श्री साय*

*आधुनिक भारत के स्वप्न दृष्टा भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का किया अनावरण*

*मुख्यमंत्री ने रिमोट बटन दबाकर विभिन्न विकास कार्यों का किया लोकार्पण*


संदीप साहू ब्यूरो बिलासपुर, /प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर प्रवास के दौरान शहर को विकास की नई दिशा देने महत्वपूर्ण सौगातें दी। इस अवसर उन्होंने अरपा रिवर व्यू के पास नवनिर्मित अटल परिसर में आयोजित समारोह में 26.93 करोड़ की लागत के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री द्वारा इनमें लगभग 12.43 करोड़ रुपए की लागत से पूर्ण हुए कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें प्रमुख रूप से 50 लाख रुपए की लागत से बने अटल परिसर निर्माण कार्य, 73.22 लाख से निर्मित वार्ड क्रमांक 18 में मराठी कन्या शाला भवन में प्रथम तल निर्माण, इमलीपारा में 10 करोड़ की लागत से नवनिर्मित व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स निर्माण तथा 1.20 करोड़ से बने रक्षित आरक्षी केंद्र निर्माण का लोकार्पण शामिल हैं। ये सभी कार्य शहरी अधोसंरचना को सुदृढ़ करने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश के मुखिया श्री विष्णु देव साय ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ के निर्माता भारत में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण हम सभी के लिए सौभाग्य का विषय है। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी कवि साहित्यकार प्रखर राजनेता थे, उन्होंने अपने वादे के अनुरूप 1 नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ का निर्माण किया। अटल जी की प्रतिमा उनके ऐतिहासिक व्यक्तित्व से प्रेरणा एवं स्मृतियों को सहेजने की पहल है। छत्तीसगढ़ अलग राज्य बनने के कारण इसका तेजी से विकास हो रहा है, हमने राज्य के सभी नगरीय निकायों में अटल परिसर के निर्माण का निर्णय लिया है। पिछले 25 दिसंबर को 115 निकायों में अटल परिसर का लोकार्पण किया गया। 26 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों से निश्चित रूप से जिले की तस्वीर बदलेगी। हमारी सरकार बिलासपुर के सर्वांगीण विकास के संकल्पित है। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध की स्थिति बनी है जिसका प्रभाव पूरे विश्व सहित हमारे देश में भी पड़ा है लेकिन हमारा सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता के कारण हम सुरक्षित हैं। हमारे देश की विदेश नीति अच्छी है, आपूर्ति व्यवस्था में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आएगी इसके लिए विचार विमर्शकर कार्य योजना बनाई गई। उन्होंने आम जनों को अफवाह एवं भ्रामक सूचनाओं से दूर रहने की अपील की।
केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोख़न साहू ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अटल परिसर का लोकार्पण हमारे लिए गौरव की बात है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सभी नगरीय निकायों में अटल परिसर के निर्माण का निर्णय लिया गया है इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का धन्यवाद दिया। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी राजनीति के अजातशत्रु थे, उनके योगदान को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता उन्होंने भारत को परमाणु संपन्न राष्ट्र बनाया, शिक्षा को गांव-गांव तक पहुंचाने का काम अटल जी ने किया, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से गांव को सड़क से जोड़ने का काम किया। छत्तीसगढ़ की जनता की खुशहाली के लिए राज्य का निर्माण अटल जी की देन है।
कार्यक्रम में बिलासपुर विधायक श्री अमर अग्रवाल ने कहा कि आज अंतर्राष्ट्रीय परिदृश्य में विश्व युद्ध के संकट से जूझ रहा है लेकिन ऐसी स्थिति में भारत पूरी दृढ़ता और मजबूती के साथ खड़ा है। इसका श्रेय स्वर्गीय भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को जाता है। आज के इस कार्यक्रम में अटल जी के प्रतिमा के अनावरण का साक्षी बनने का अवसर मिला यह हमारे लिए गौरव का क्षण हैं।
नगर निगम महापौर श्रीमती पूजा विधानी ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि आज छत्तीसगढ़ के निर्माता युग पुरुष अटल जी के प्रतिमा का अनावरण किया गया है। अटल जी कवि, और प्रखर राष्ट्रवादी राजनेता के रूप में जाने जाते हैं। अटल जी की प्रतिमा न केवल मूर्ति है बल्कि उनके ऐतिहासिक व्यक्तित्व की स्मृतियों को सहेजने की और उनसे प्रेरित होने की एक पहल है।

*भूमिपूजन से विकास को मिलेगा और गति*
इसके साथ ही मुख्यमंत्री श्री साय लगभग 14.50 करोड़ रुपए की लागत वाले नए विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया। इनमें 12.95 करोड़ की लागत से प्रस्तावित अरपा क्षेत्र में सड़क, नाला एवं पिचिंग निर्माण कार्य, 1.04 करोड़ से बननेवाले जरहाभाठा क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण व नवीनीकरण कार्य तथा उसलापुर क्षेत्र में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा एवं चबूतरा निर्माण के लिए भूमिपूजन कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं से शहर के बुनियादी ढांचे में मजबूती आएगी, यातायात व्यवस्था बेहतर होगी तथा नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही सांस्कृतिक एवं सामाजिक पहचान को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक, तखतपुर विधायक श्री धरमजीत सिंह, बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला, पूर्व सांसद श्री लखनलाल साहू, श्री दीपक सिंह, मोहित जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, कमिश्नर श्री सुनील जैन, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, एसएसपी श्री रजनेश सिंह, नगर निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, नगर निगम सभापति श्री विनोद सोनी, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री रजनीश सिंह, सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

*दीनदयाल कालोनी मंगला बना अपराधियों का गढ़ बाइक की हुई चोरी इससे पहले भी मोटरसाइकिल की हुई चोरी की गुत्थी अब तक नहीं सुलझी ,,,,, पढ़े पूरी खबर।*

0

दीनदयाल कालोनी मंगला बना अपराधियों का गढ़ बाइक की हुई चोरी इससे पहले भी मोटरसाइकिल की हुई चोरी की गुत्थी अब तक नहीं सुलझी ,,,,, पढ़े पूरी खबर।

 


संदीप साहू ब्यूरो बिलासपुर = दीनदयाल कालोनी मंगला इन दिनों अपराधियों का गढ़ सा बनता जा रहा है दीनदयाल कालोनी में अपराधों की श्रृंखला में पुनः आज मोटरसाइकिल ct 100 LIG मकान के सामने से चोरी हुई है, वैसे भी दीनदयाल कालोनी में सभी तरह के अपराध जैसे कि खुलेआम नशाखोरी, नशीले पदार्थों का विक्रय, छेड़खानी, कुछ अनाधिकृत व्यक्तियों द्वारा दिन पूर्व ही नाबालिक लड़की को बहला फुसलाकर लेजाने की घटना सामने आई थी, व होली के एक दिन पूर्व चालू जप्ती की घटना घटित हुई थी, एक के बाद एक इस तरह के अनेक प्रकार के मामले आए दिन दीनदयाल कालोनी मंगला में देखने को मिलता है, किंतु इसमें प्रशासन उदासीन व लाचार प्रतीत होता है, उक्त मामलों में ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है, जिससे कि आवासीय कालोनी में भय का माहौल बना हुआ है, पूर्व में भी बाइक की चोरी की गुत्थी अब तक नहीं सुलझी है, बताते चलें कि 6 महीने पूर्व हुई 2 बाइक की चोरी की गुत्थी अब तक नहीं सुलझी है, दिनदहाड़े भी घटना कालोनी में लगातार गठित हो रही है,

*प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण (ToT) कार्यक्रम का समापन*

0

प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण (ToT) कार्यक्रम का समापन :


संदीप साहू ब्यूरो बिलासपुर स्थित आकृति इंस्टिट्यूट ऑफ़ फैशन डिजाइनिंग में 23 से 27 मार्च 2026 तक आयोजित 5 दिवसीय प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण (Training of Trainers – ToT) कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ उद्यमिता विकास केंद्र (CGEDC) के अंतर्गत, भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (EDII) अहमदाबाद द्वारा क्रियान्वित किया गया तथा वाणिज्य एवं उद्योग विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रायोजित था।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए कुल 30 प्रतिभागियों ने सक्रिय एवं उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को उद्यमिता विकास के क्षेत्र में दक्ष प्रशिक्षक के रूप में विकसित करना, उनके प्रशिक्षण कौशल को सुदृढ़ करना तथा उद्यमियों के लिए प्रभावी मेंटरिंग एवं हैंडहोल्डिंग समर्थन प्रदान करना था। प्रशिक्षित एवं कुशल प्रशिक्षक ही जमीनी स्तर पर उद्यमिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतिभागियों को प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का उपयोग अपने-अपने क्षेत्रों में करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में मुकुल वेदी (कार्यक्रम समन्वयक, EDII) एवं गुरुकल्याण नायक (CGEDC समन्वयक) की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने पूरे प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों का मार्गदर्शन एवं समन्वय सुनिश्चित किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को उद्यमिता विकास की प्रक्रिया, व्यवसायिक अवसरों की पहचान, व्यवसाय योजना निर्माण, वित्तीय सहायता एवं बैंक लिंकेज, डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग तथा मेंटरिंग एवं हैंडहोल्डिंग के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। साथ ही समूह चर्चा, प्रेजेंटेशन एवं व्यवहारिक गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षण को सहभागितापूर्ण एवं परिणामोन्मुख बनाया गया।
समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सुझाव प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें सभी अतिथियों, संसाधन व्यक्तियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

*पवन मिश्रा बने भाजपा किसान मोर्चा के मुंगेली मडल अध्यक्ष*

0

तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली भारतीय जनता पार्टी संगठन मैं कसावट लाने और किसानों के मुद्दों को प्रखरता से उठाने के उद्देश्य से नियुक्तियां का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में संगठन द्वारा पवन मिश्रा को किसान मोर्चा मुंगेली मंडल का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है उनकी इस नियुक्ति में क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं और किसान में उत्साह का माहौल है। पवन मिश्रा की सक्रियता और किसानों के प्रति उनके समर्पण को देखते हुए भाजपा जिला नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। नियुक्ति की घोषणा होते ही समर्थकों उन्हें बधाई देते हुए विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व मैं किसान मोर्चा क्षेत्र मैं और अधिक सशक्त हगा। अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए। नवनियुक्त मडल अध्यक्ष पवन मिश्रा ने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है।

वह उसे पर पूरी निष्ठा से खरा उतरेंगे। उन्होंने कहा कि मेरी पथमिकता किसने की समस्याओं को शासन पशासन तक पहुंचाना और केंद्र व राज्य सरकार की जनहित कारी योजनाओं लाभ अंतिम छोर के किसान तक सुनिश्चित करना है

*सांसद संतोष पांडेय ने गंभीर बीमारी से ग्रसित मरीज के ईलाज हेतु दिलाई तीन लाख रुपए की वित्तीय सहायता*

0

सांसद संतोष पांडेय ने गंभीर बीमारी से ग्रसित मरीज के ईलाज हेतु दिलाई तीन लाख रुपए की वित्तीय सहायता

0.मरीज के परिजनों ने सांसद संतोष पांडेय का जताया आभार।

हिमांशु सिंह ठाकुर:- ब्यूरो रिपोर्ट छत्तीसगढ़।

ब्यूरो रायपुर/कवर्धा :- क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडेय ने एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता दिखाते हुए गंभीर बीमारी से ग्रसित एक मरीज के ईलाज हेतु तीन लाख रुपए की वित्तीय सहायता दिलाई है कवर्धा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम झलका के निवासी दिनेश मोहले की एक किडनी खराब हो गयी है इनका उपचार बालाजी हॉस्पिटल रायपुर में चल रहा है चिकित्सक द्वारा किडनी ट्रांसप्लांट की सलाह दिया गया है ये आर्थिक रूप से बहुत कमजोर है इन्होंने क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडेय से मुलाक़ात कर अपनी समस्या से अवगत कराया और ईलाज हेतु सहायता की गुहार लगाई सांसद संतोष पांडेय ने तत्काल संवेदनशीलता दिखाते हुए दिनांक 14 फरवरी 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मरीज दिनेश मोहले के किडनी ट्रांसप्लांट कराने हेतु प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से वित्तीय सहायता प्रदान करने का आग्रह किया था इसके बाद उक्त मरीज के ईलाज हेतु प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से तीन लाख रुपए की वित्तीय सहायता प्रदान की है इस राशि से मरीज के ईलाज में सहायता मिलेगी इससे पहले भी सांसद पांडेय कई मरीजों के ईलाज हेतु वित्तीय सहायता दिला चुके हैं मरीज के परिजनों ने उक्त सहायता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व सांसद संतोष पांडेय का धन्यवाद व आभार व्यक्त किया।

—————————————