Home Blog Page 19

सेवा संकल्प अभियान के तहत लोरमी में लगातार 9वें दिन चला स्वच्छता अभियान

0

सेवा संकल्प अभियान के तहत लोरमी में लगातार 9वें दिन चला स्वच्छता अभियान

*पेंशनर संघ, मनियारी क्रिकेट क्लब सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने बढ़-चढ़कर निभाई सहभागिता*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली// सेवा संकल्प अभियान के घटक “स्वच्छता ही सेवा” के अंतर्गत नगर पालिका लोरमी द्वारा नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से लगातार स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज अभियान के नौवें दिन शुभ पेट्रोल पंप से श्री राम गार्डन तक व्यापक स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। स्वच्छता अभियान में नगर के विभिन्न सामाजिक एवं युवा संगठनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए श्रमदान किया। इस दौरान पेंशनर संघ, मनियारी क्रिकेट क्लब, राजपूत युवा ग्रुप मंझगांव तथा मां महामाया गणेश उत्सव समिति रानीगांव के सदस्यों ने अभियान में शामिल होकर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

अभियान में नगर पालिका अध्यक्ष श्री सुजीत वर्मा सहित नगर पालिका की पूरी टीम ने सक्रिय रूप से सहभागिता की। सभी ने मिलकर सड़क किनारे एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई करते हुए लोगों को सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने के लिए प्रेरित किया। लगातार नौ दिनों से संचालित स्वच्छता अभियान से लोरमी नगर में जनभागीदारी आधारित स्वच्छता की भावना मजबूत हो रही है। सामाजिक संगठनों, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं नगर पालिका के सामूहिक प्रयास से स्वच्छता को लेकर सकारात्मक वातावरण तैयार हो रहा है। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित यह पहल केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को स्वच्छता को अपनी दैनिक जिम्मेदारी और सामाजिक दायित्व के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है। नगर पालिका द्वारा विभिन्न वर्गों को साथ जोड़कर चलाए जा रहे अभियान से “स्वच्छ नगर, सुंदर नगर” के संकल्प को नई गति मिल रही है।

रेडक्रॉस के जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सीखी स्वास्थ्य और प्राथमिक उपचार

0

रेडक्रॉस के जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सीखी स्वास्थ्य और प्राथमिक उपचार

*एचआईवी, एड्स से बचाव, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया और मानव सेवा के मूल्यों पर दिया प्रशिक्षण*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली,// सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के तत्वावधान में जिले के अमोरा स्थित नवीन महाविद्यालय परिसर में स्वास्थ्य जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सुरक्षा, प्राथमिक उपचार, आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों तथा मानव सेवा के मूल्यों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.एन. धुर्वे के मार्गदर्शन में हुआ। इस अवसर पर रेड रिबन क्लब की समन्वयक श्रीमती अंजू कोशले, रेड रिबन क्लब सदस्य श्री सूर्यकांत चेलकर एवं श्री जितेंद्र साहू उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के उद्देश्यों, कार्यों एवं समाज में उसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि दुर्घटना या आपातकालीन स्थिति में समय पर दिया गया प्राथमिक उपचार किसी व्यक्ति के जीवन की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को प्राथमिक उपचार की सामान्य जानकारी होना आवश्यक है। कार्यक्रम में एचआईवी/एड्स जागरूकता पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। आईसीटीसी तखतपुर के परामर्शदाता श्री माजिद अली ने विद्यार्थियों को एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों एवं उपलब्ध उपचार सेवाओं के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने एचआईवी से प्रभावित व्यक्तियों के प्रति सकारात्मक, संवेदनशील एवं मानवीय व्यवहार अपनाने पर जोर दिया। साथ ही एचआईवी से जुड़ी भ्रांतियों एवं सामाजिक कलंक को दूर करने और वैज्ञानिक एवं तथ्यपरक जानकारी को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई।

प्रशिक्षण सत्र में स्वास्थ्य सुरक्षा, प्राथमिक उपचार तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं उचित प्रतिक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और आवश्यकता पड़ने पर आसपास के लोगों की मदद करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि जागरूकता का उद्देश्य केवल जानकारी प्राप्त करना नहीं, बल्कि युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी, सेवा भावना और मानवता के मूल्यों को मजबूत करना भी है। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के मूल उद्देश्य मानव सेवा की भावना से विद्यार्थियों को जरूरतमंदों की सहायता करने तथा समाज में स्वास्थ्य एवं जागरूकता का संदेश प्रसारित करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। महाविद्यालय प्रशासन, रेड रिबन क्लब एवं रेडक्रॉस से जुड़े पदाधिकारियों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

एसआईआर के दौरान अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में छूटे एवं पहली बार मतदान करने वाले युवाओं का होगा पंजीकरण

0

एसआईआर के दौरान अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में छूटे एवं पहली बार मतदान करने वाले युवाओं का होगा पंजीकरण

*मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने 01 माह तक चलने वाले विशेष अभियान को लेकर ली वर्चुअल बैठक*

*कलेक्टर श्री तोपनो ने जिले में विशेष अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली,// भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार प्रदेश में एसआईआर के दौरान अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों तथा पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 01 माह तक चलने वाले इस अभियान की तैयारियों एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आज मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री यशवंत कुमार ने प्रदेश के सभी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों की वर्चुअल बैठक ली।

बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो जिला कलेक्टोरेट स्थित एनआईसी सभा कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। इस दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि अभियान के दौरान एसआईआर के दौरान अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों तथा पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से 17 वर्ष (भावी मतदाता) से अधिक एवं 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके तथा पहली बार मतदान के लिए पात्र युवा मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता एवं पंजीकरण गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मतदाता सूची में नाम जोड़ने के संबंध में निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया गया। साथ ही मतदान केंद्र स्तर पर प्रति सप्ताह में 02 दिवस विशेष शिविर आयोजित करने, विभिन्न कारणों से एसआईआर के दौरान विलोपित की गई प्रविष्टियों को बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर पुनर्सत्यापन करने और नए और युवा मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने जिले में विशेष अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित न रहे, इसके लिए जिले में अभियान को व्यापक रूप से संचालित किया जाएगा। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडेय तिवारी, अपर कलेक्टर श्री अंजोर सिंह पैकरा, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

टीबी मुक्त भारत अभियान को मिलेगी जनभागीदारी की नई ताकत, मुंगेली में ‘जोश टीम’ का हुआ शुभारंभ

0

टीबी मुक्त भारत अभियान को मिलेगी जनभागीदारी की नई ताकत, मुंगेली में ‘जोश टीम’ का हुआ शुभारंभ

*जनजागरूकता से ही टीबी उन्मूलन का लक्ष्य होगा पूरा: विधायक मोहले*

*अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले व्यक्तियों को किया गया सम्मानित*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली, // जिला कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन सभाकक्ष में आज टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत ‘जोश टीम’ के शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में टीबी रोग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, संभावित मरीजों की पहचान कर समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित करना तथा जनभागीदारी के माध्यम से मुंगेली को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास करना रहा। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री श्री जे. पी. नड्डा के द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर जोश टीम के शुभारंभ को दिखाया गया। इस दौरान विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री श्रीकांत पांडेय, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडेय तिवारी, श्री अंजोर सिंह पैकरा, जनपद अध्यक्ष श्री रामकमल सिंह परिहार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) श्री गिरीश कुर्रे, श्री पवन पांडेय, श्री उमाशंकर साहू सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री मोहले ने कहा कि टीबी मुक्त भारत बनाने के लिए जनजागरूकता और जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए शिविर का आयोजन कर गांव-गांव तक पहुंचाना होगा। लोगों को यह जानकारी दी जानी चाहिए कि लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना, कमजोरी या अन्य संबंधित लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही टीबी के खिलाफ लड़ाई को सफल बनाया जा सकता है। विधायक श्री मोहले ने ‘जोश टीम’ के सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर लोगों को टीबी की जांच, उपचार और बचाव के संबंध में जागरूक करें तथा जरूरतमंद मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में सहयोग करें। उन्होंने उपस्थित लोगों को अंगदान की शपथ दिलाई और अंगदान के महत्व को बताते हुए लोगों से समाजहित में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्री श्रीकांत पांडेय ने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में लगातार नई सुविधाएं और तकनीक उपलब्ध हो रही हैं, जिनका लाभ टीबी मरीजों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक टीबी की जांच एवं उपचार की जानकारी पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लोगों को टीबी के लक्षणों और उचित उपचार की जानकारी दी जानी चाहिए। उन्होंने वर्ष 2030 तक टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और आम नागरिकों से मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडेय तिवारी ने कहा कि टीबी उन्मूलन अभियान में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने बताया कि टीबी मरीजों के उपचार के साथ-साथ उनके पोषण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पात्र मरीजों को पोषण संबंधी सहायता उपलब्ध कराई जाती है, जिससे उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत हो और वे बीमारी से बेहतर तरीके से लड़ सकें। उन्होंने कहा कि ‘जोश टीम’ के माध्यम से जिले में टीबी के मरीजों की पहचान, जागरूकता और उपचार को और गति दी जा सकती है। उन्होंने टीम के सदस्यों से आग्रह किया कि वे प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय करते हुए गांव एवं समुदाय स्तर पर लोगों को जागरूक करें।

कार्यक्रम के दौरान क्षय उन्मूलन अधिकारी श्री सुदेश रात्रे ने जिले में टीबी उन्मूलन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने जिले में टीबी मरीजों की स्थिति, रोग की पहचान, जांच एवं उपचार की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव-गांव जाकर संभावित मरीजों की पहचान की जा रही है तथा आवश्यकतानुसार बलगम जांच सहित अन्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि टीबी की जांच को अधिक प्रभावी और सुलभ बनाने के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित कर लोगों की जांच की जा रही है, ताकि बीमारी की पहचान प्रारंभिक स्तर पर ही हो सके और मरीजों को तत्काल उपचार से जोड़ा जा सके।

इस दौरान 06 व्यक्तियों ने तत्काल नेत्रदान एवं 04 व्यक्तियों ने अंगदान हेतु स्वयं को पंजीकृत कराया। कार्यक्रम में टीबी मुक्त भारत अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले व्यक्तियों एवं सहयोगियों को सम्मानित किया गया। निक्षय मित्र बनकर 04 वर्षों तक टीबी मरीजों को पोषण आहार हेतु योगदान देने पर श्रीमती रमा मसीह को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इसी प्रकार टीबी मितान श्री शशिकपुर पात्रे एवं श्री मुरली मनोहर साहू का भी सम्मान किया गया, जिन्होंने टीबी मरीजों को परामर्श एवं पूर्ण उपचार लेने हेतु विशेष योगदान दिया। जिले में टीबी मुक्त ग्राम पंचायत कार्यक्रम के अंतर्गत जिले की कुल 367 ग्राम पंचायतों में से 170 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त किया गया है। वर्ष 2025 में लगातार दो एवं तीन वर्षों तक टीबी मुक्त रहने वाली ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं ग्राम सचिवों को महात्मा गांधी जी की रजत एवं स्वर्ण लेपित प्रतिमा तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीकेश गुप्ता ने बताया कि टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिले में अब तक 01 लाख 89 हजार 470 लोगों की स्क्रीनिंग कर 01 हजार 385 टीबी मरीजों का निदान किया गया है। साथ ही जिले में उच्च जोखिम समूह वाले व्यक्तियों का हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से गांव-गांव में शिविर लगाकर एक्स-रे किया जा रहा है। कार्यक्रम में उपस्थित ‘जोश टीम’ के सदस्यों, एनसीसी कैडेट्स एवं माय भारत वालंटियर्स को संवेदनशील बनाते हुए जिले को टीबी मुक्त बनाने में सहयोग हेतु प्रेरित किया गया। इस दौरान सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं ‘जोश टीम’ के सदस्यों ने जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच की सुविधा पहुंचाने का संकल्प लिया। मंच संचालक श्री अशोक सोनी ने किया। आभार प्रदर्शन डीपीएम श्री गिरीश कुर्रे ने किया।

कोटा में प्रधानमंत्री आवास योजना-1.0 के प्रकरण का समाधान, 25 लाख रुपये की केंद्रीय हिस्सेदारी जारी*

0

*कोटा में प्रधानमंत्री आवास योजना-1.0 के प्रकरण का समाधान, 25 लाख रुपये की केंद्रीय हिस्सेदारी जारी*

 संदीप साहू ब्यूरो बिलासपुर, । कोटा में प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित प्रकरण का केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के स्तर पर समाधान किया गया है। नगर पालिका अध्यक्ष कोटा श्रीमती सरोज दुर्गेश साहू द्वारा यह प्रकरण केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू के संज्ञान में लाया गया था।

प्रकरण पर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना-1.0 के तहत 25 लाख रुपये की केंद्रीय हिस्सेदारी जारी कर दी गई है। यह राशि आगामी दिनों में पात्र हितग्राहियों को वितरित की जाएगी।

केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू की पहल से प्रकरण के समाधान के साथ पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। यह कार्रवाई जन-समस्याओं के त्वरित निराकरण तथा पात्र हितग्राहियों तक केंद्र सरकार की आवास योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

अंबिकापुर में केंद्रीय कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने ‘सेवा ज्योति यात्रा’ में की सहभागिता

0

अंबिकापुर में केंद्रीय कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने ‘सेवा ज्योति यात्रा’ में की सहभागिता

*सेवा, सुशासन और राष्ट्र प्रथम के 25 वर्ष विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा दे रहे हैं: श्री तोखन साहू*

अंबिकापुर,आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू अंबिकापुर के कला केंद्र मैदान में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रेरणादायी संबोधन को सुना। इसके पश्चात श्री साहू ने क्षेत्र में आयोजित ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के मशाल जुलूस में भी सहभागिता की।

श्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा, सुशासन और राष्ट्र प्रथम की गौरवशाली यात्रा देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ प्रधानमंत्री जी की 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ-साथ वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने कहा कि ‘सेवा ज्योति यात्रा’ सेवा, त्याग, निष्ठा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक है। विभिन्न क्षेत्रों से निकलकर अंबिकापुर पहुंची यात्राओं में ग्रामीणों, युवाओं और कार्यकर्ताओं की सहभागिता जनभागीदारी की भावना को प्रदर्शित करती है।

श्री साहू ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘सेवा सेतु’ जैसी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सेवा और जनकल्याण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है। स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, ‘एक पेड़ माँ के नाम’, दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिक सेवा तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने जैसे कार्य भी अभियान का हिस्सा हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में भारत अपनी स्वतंत्रता की 100वीं वर्षगांठ मनाएगा। तब तक भारत को समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का साझा दायित्व है।

हरर अंचल में पहुंचेगी विकास की बयार: केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू जी की पहल पर 1.44 करोड़ के 18 निर्माण कार्यों की स्वीकृति, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी का जताया आभार*

0

*हरर अंचल में पहुंचेगी विकास की बयार: केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू जी की पहल पर 1.44 करोड़ के 18 निर्माण कार्यों की स्वीकृति, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी का जताया आभार*

छत्तीसगढ़ में ग्रामीण अधोसंरचना को सुदृढ़ करने एवं विकास की गति को तीव्रता प्रदान करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लिया गया है। ‘छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण’ के अंतर्गत 1 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से कुल 18 विकास कार्यों के पुनराबंटन की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू जी की अनुशंसा एवं विशेष पहल पर स्वीकृत इन जनोपयोगी निर्माण कार्यों के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया है।

केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू जी ने बताया कि राज्य सरकार की प्राथमिक मंशा अंतिम व्यक्ति तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के कुशल नेतृत्व में प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों का कायाकल्प हो रहा है, जिससे आम जनमानस के जीवन स्तर में गुणात्मक सुधार आ रहा है।

जारी वित्तीय मंजूरी के तहत विभिन्न क्षेत्रों में जन-सुविधाओं के विस्तार के लिए विस्तृत बजट आवंटित किया गया है।

इसके अंतर्गत ग्राम पंचायत घुठेली (लोकईपुर) में सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 10.00 लाख रुपये, ग्राम पंचायत नवागांव केवट में महामाया मंदिर के समीप शेड निर्माण हेतु 7.00 लाख रुपये, ग्राम पंचायत रबेली में महामाया मंदिर से मुक्तिधाम मार्ग तक सी.सी. रोड निर्माण हेतु 10.00 लाख रुपये, ग्राम पंचायत मोहतरा तेली में कुबेर सोनी के निवास से गन्नू साहू के निवास तक नाली निर्माण हेतु 10.00 लाख रुपये, ग्राम चिल्फी(सहसपुर)में सतनाम समाज संगम मेला स्थल के समीप बाउंड्रीवाल निर्माण हेतु 10.00 लाख रुपये, ग्राम पंचायत मनोहरपुर में मिडिल स्कूल से मुख्य मार्ग तक सी.सी. रोड निर्माण हेतु 10.00 लाख रुपये, ग्राम पंचायत चारभांठा में सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 10.00 लाख रुपये, ग्राम पंचायत देवगांव में शासकीय प्राथमिक शाला परिसर में अहाता निर्माण हेतु 6.00 लाख रुपये, ग्राम पंचायत परसदा में संतोष के निवास से नदी तक सी.सी. रोड निर्माण हेतु 6.00 लाख रुपये, ग्राम पंचायत पालचुआ में जनक सपरे के निवास से मंतराम सपरे के निवास तक सी.सी. रोड निर्माण हेतु 5.00 लाख रुपये तथा ग्राम पंचायत करही (चमारी) में डामर रोड से महामाया तक सी.सी. रोड निर्माण हेतु 5.00 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

इसी कड़ी में अधोसंरचना को और मजबूती देने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत लोखंडी के देहान पारा में शेड निर्माण हेतु 5.00 लाख रुपये, ग्राम पंचायत गतौरा में सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 10.00 लाख रुपये, ग्राम पंचायत मझगांव में रमजान सिंह पोट्टाम के निवास से राम जी ध्रुव के निवास तक सी.सी. रोड निर्माण हेतु 10.00 लाख रुपये, ग्राम पंचायत सोनसरी में गांव तालाब से सोन मार्ग नारायण पटेल के निवास तक विकास कार्य हेतु 10.00 लाख रुपये, ग्राम पंचायत विजयपुर में सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 10.00 लाख रुपये, ग्राम पंचायत नवागांव में भरत यादव के निवास से संजय के निवास तक सी.सी. रोड निर्माण हेतु 5.00 लाख रुपये एवं ग्राम पंचायत चितावर में होलिका चौक से धन सिंह के निवास तक सी.सी. रोड निर्माण हेतु 5.00 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

गरबा की वेशभूषा में सिगरेट का सेवन एवं पिस्टलनुमा वस्तु का प्रदर्शन वायरल वीडियो पर थाना सिविल लाईन में अपराध दर्ज

0

गरबा की वेशभूषा में सिगरेट का सेवन एवं पिस्टलनुमा वस्तु का प्रदर्शन वायरल वीडियो पर थाना सिविल लाईन में अपराध दर्ज

 संदीप साहू ब्यूरो बिलासपुर /सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो के संबंध में एक शिकायतकर्ता द्वारा थाना उपस्थित होकर लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई कि :-

एक महिला एवं उसके महिला/पुरुष सहयोगियों द्वारा गरबा नृत्य की वेशभूषा में सिगरेट का सेवन करते हुए तथा पिस्टल जैसी वस्तु हाथ में लेकर गरबा टिकट/मेकअप के प्रचार-प्रसार हेतु वीडियो तैयार कर उसे Instagram एवं Facebook पर प्रसारित किया गया। वीडियो में भारतीय सांस्कृतिक के विपरीत, अशोभनीय ओर गलत चीजो को महिमामंडित किया गया है जिससे समाज मे युवाओ पर गलत असर पड़ने की आशंका व्यक्त की गयी।

प्राप्त शिकायत एवं उपलब्ध वीडियो के आधार पर पुलिस द्वारा अपराध क्रमांक 1390/2026, धारा 196, 299 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ओर 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है सभी आरोपियों के विरुद्ध पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्यवाही कर ज्यादा से ज्यादा राशि से बाउंड ओवर भी कराया जा रहा है

*बिलासपुर पुलिस की सख्त चेतावनी*

धार्मिक आस्था, परंपरा एवं सांस्कृतिक प्रतीकों का उपयोग प्रचार-प्रसार अथवा मनोरंजन के नाम पर इस प्रकार न किया जाए, जिससे किसी वर्ग की भावनाएं आहत हों एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति निर्मित हो।

सोशल मीडिया पर लाइक, व्यूज अथवा प्रचार हासिल करने के लिए धार्मिक प्रतीकों का आपत्तिजनक प्रदर्शन, अशोभनीय सामग्री अथवा हथियारनुमा वस्तुओं का प्रदर्शन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बिलासपुर पुलिस सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली आपत्तिजनक एवं भ्रामक सामग्री पर सतत निगरानी रख रही है। किसी भी व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया गया तो उसके विरुद्ध कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस आमजन से अपील करती है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें तथा आपत्तिजनक सामग्री को बिना सत्यापन आगे प्रसारित न करें।

जबलपुर रेलवे में प्लेटफॉर्म चेकिंग के दौरान महिला से 5 पैकिट गांजा हुआ बरामद

0

 जबलपुर रेलवे में प्लेटफॉर्म चेकिंग के दौरान महिला से 5 पैकिट गांजा हुआ बरामद

जबलपुर :-त्योहारों की भीड़ भाड़ को देखते हुए घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक रेल जबलपुर सुंदर सिंह कनेश व अति पुलिस अधीक्षक रेल आशुतोष मिश्रा एवं उप पुलिस अधीक्षक रेल अंकिता सुल्या * के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत द्वारा लगातार स्टेशन पर चैकिंग कराई जरही है जिसके तारतम्य में दिनांक 07.10.2026 को थाना जीआरपी जबलपुर पुलिस स्टाफ द्वारा रेलवे स्टेशन जबलपुर में प्लेटफॉर्म चेकिंग के दौरान प्लेटफॉर्म क्रमांक 02-03 इटारसी एंड पर एक महिला संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी, जिसके हाव-भाव एवं गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उसे रोककर पूछताछ की गई।

महिला द्वारा अपना नाम बैदेही बाई पति सुजीत शिल्पी, उम्र 35 वर्ष बताया गया। महिला के पास रखे कपड़े के थैले में मादक पदार्थ होने का संदेह होने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान थैले में सफेद रंग के कपड़े में लिपटे हुए 05 पैकेट मिले, जिन्हें खोलकर देखने पर उनमें मादक पदार्थ गांजा होना पाया गया।

बरामद गांजे को इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे से तौल करने पर कुल वजन 5.342 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,33,550/- है। बरामद पांचों पैकेटों को विधिवत जप्त किया गया।

।जबलपुर से जिला ब्यूरो पंकज जैन की रिपोर्ट

खेलों से मिलती है शारीरिक मजबूती, अनुशासन और करियर की नई राह : राज्यपाल श्री रमेन डेका

0

खेलों से मिलती है शारीरिक मजबूती, अनुशासन और करियर की नई राह : राज्यपाल श्री रमेन डेका

*नवभारत फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन में शामिल हुए राज्यपाल, विजेता और उपविजेता टीमों को किया सम्मानित*

आशीष कश्यप प्रधान संपादक रायपुर,/राज्यपाल श्री रमेन डेका नवभारत परिवार द्वारा आयोजित 17वीं अखिल भारतीय फुटबॉल एवं जिला स्तरीय विद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में शामिल हुए। उन्होंने फाइनल मुकाबला देखा और विजेता तथा उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। अखिल भारतीय प्रतियोगिता के फाइनल में तमिलनाडु पुलिस ने दल्लीराजहरा माइंस को 1-0 से हराकर खिताब जीता। विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में सेंट जेवियर्स स्कूल भरनी ने नवीन पिछड़ा वर्ग क्रीड़ा परिसर को पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

राज्यपाल श्री डेका ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल शारीरिक मजबूती के साथ अनुशासन, टीमवर्क और खेल भावना विकसित करते हैं। नियमित रूप से मैदान में खेलने से शरीर स्वस्थ और सक्रिय रहता है। उन्होंने कहा कि खेल अब करियर का भी महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं। खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर आगे बढ़ने के अवसर बढ़े हैं। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की सहभागिता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ के खेलों के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं।

श्री डेका ने कहा कि फुटबॉल हमें सिखाता है कि लक्ष्य पाने के लिए प्रत्येक खिलाड़ी को अपनी भूमिका निभानी होती है। एक-दूसरे का साथ देना, नियमों का सम्मान करना और अंतिम मिनट तक प्रयास करते रहना ऐसे गुण हैं, जो जीवन के हर क्षेत्र में उपयोगी होते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल का आनंद लें, मेहनत करते रहें और हार से सीखकर फिर मैदान में उतरें। आपकी लगन ही आपकी सबसे बड़ी पूंजी है।

राज्यपाल ने कहा कि विद्यालय स्तर की प्रतियोगिताएं बच्चों की प्रतिभा निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इन्हीं बच्चों में से खिलाड़ी आगे चलकर राज्य और देश का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं। जिला और राज्य स्तर के मुकाबलों से अनुभव मिलता है, जबकि अखिल भारतीय प्रतियोगिताओं में विभिन्न राज्यों की टीमों के साथ खेलने से खेल का स्तर बेहतर होता है और आगे की तैयारी की दिशा मिलती है। ऐसे आयोजनों का सिलसिला जारी रहना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिले।

समापन समारोह में विभिन्न विभाग के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी दर्शक उपस्थित थे।