एसआईआर के दौरान अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में छूटे एवं पहली बार मतदान करने वाले युवाओं का होगा पंजीकरण
*मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने 01 माह तक चलने वाले विशेष अभियान को लेकर ली वर्चुअल बैठक*
*कलेक्टर श्री तोपनो ने जिले में विशेष अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश*

मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली,// भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार प्रदेश में एसआईआर के दौरान अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों तथा पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 01 माह तक चलने वाले इस अभियान की तैयारियों एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आज मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री यशवंत कुमार ने प्रदेश के सभी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों की वर्चुअल बैठक ली।
बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो जिला कलेक्टोरेट स्थित एनआईसी सभा कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। इस दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि अभियान के दौरान एसआईआर के दौरान अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों तथा पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से 17 वर्ष (भावी मतदाता) से अधिक एवं 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके तथा पहली बार मतदान के लिए पात्र युवा मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता एवं पंजीकरण गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मतदाता सूची में नाम जोड़ने के संबंध में निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया गया। साथ ही मतदान केंद्र स्तर पर प्रति सप्ताह में 02 दिवस विशेष शिविर आयोजित करने, विभिन्न कारणों से एसआईआर के दौरान विलोपित की गई प्रविष्टियों को बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर पुनर्सत्यापन करने और नए और युवा मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने जिले में विशेष अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित न रहे, इसके लिए जिले में अभियान को व्यापक रूप से संचालित किया जाएगा। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडेय तिवारी, अपर कलेक्टर श्री अंजोर सिंह पैकरा, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

