Home Blog Page 148

*सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्वक करें निराकरण: कलेक्टर*

0

*सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्वक करें निराकरण: कलेक्टर*

*खाद-बीज वितरण में पारदर्शिता, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण और स्वच्छता प्रबंधन पर दिए सख्त निर्देश*

तिजराम साहू ब्यूरो मुंगेली,// कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने आज जिला कलेक्ट्रेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, लंबित प्रकरणों एवं जनहित से जुड़े मुद्दों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्वक एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी विभागीय अधिकारी लंबित आवेदनों का प्राथमिकता देकर निराकरण करें।
बैठक में कलेक्टर ने खरीफ सीजन को देखते हुए खाद एवं बीज की उपलब्धता, भंडारण तथा वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से लक्ष्य के अनुरूप उपलब्ध स्टॉक की जानकारी ली और निर्देश दिए कि किसानों को खाद-बीज का वितरण पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की अनियमितता अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
*ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए करें जागरूक* – कलेक्टर ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (एसडब्ल्यूएम) रूल्स 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। कलेक्टर ने स्वास्थ्य केन्द्रों, गांवों, नगरीय निकायों में जनजागरूकता हेतु अभियान चलाने के साथ ही मैदानी अमले को प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन के लिए जनजागरूकता बढ़ाना आवश्यक है। कचरे के पृथक्करण के लिए शासन के निर्देशानुसार अलग-अलग डिब्बों का उपयोग सुनिश्चित करने तथा सभी नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए गए।
*शासकीय व्यय में मितव्ययिता की दिशा में करें कार्य* – वित्तीय संसाधनों के वित्तीय प्रबंधन और सार्वजनिक व्यय में अनुशासन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर ने वाहनों के उपयोग एवं ईंधन में मितव्ययिता, वर्चुअली बैठक एवं आनलाइन समीक्षा को प्रोत्साहन, कार्यालय में ऊर्जा की बचत, ई-आफिस व डिजीटल कार्यप्रणाली अपनाने पर विशेष जोर दिया।
*स्कूलों के पास सिगरेट एवं तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर करें कार्रवाई* – कलेक्टर ने स्कूल खुलने से पूर्व कोटपा एक्ट के पालन को लेकर भी बैठक में महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्कूलों के 500 मीटर दायरे के बाहर धूम्रपान एवं तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर दुकानों को हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव से सुरक्षित रखा जा सके।
*सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को समय में मिले लाभ* – बैठक में कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को जीपीएफ, पेंशन, अनुकम्पा नियुक्ति सहित अन्य लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी-कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को समयबद्ध लाभ मिलना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
कलेक्टर श्री कुमार ने बैठक में सेवा सेतु केंद्रों की भी समीक्षा की। बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में कुल 54 सेवा सेतु केंद्र संचालित किए जाएंगे, जिसके माध्यम से आम नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने जिले में सीएम हेल्पलाइन सुविधा प्रारंभ की तैयारी की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव, एसडीएम मुंगेली श्री अजय शतरंज, लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

 

*डिजिटल सेवाओं की नई पहचान: “लोक सेवा केंद्र” अब “सेवा-सेतु केंद्र”*

0

*डिजिटल सेवाओं की नई पहचान: “लोक सेवा केंद्र” अब “सेवा-सेतु केंद्र”*

*एक ही स्थान पर मिलेंगी 442 डिजिटल सेवाएं, आमजन को मिलेगी बड़ी सुविधा*

तिजराम साहू ब्यूरो मुंगेली,// राज्य शासन ने नागरिक सेवाओं को अधिक सुगम, पारदर्शी और डिजिटल रूप से सुलभ बनाने की दिशा में पहल करते हुए प्रदेश में संचालित “लोक सेवा केंद्रों” का उन्नयन कर उन्हें अब “सेवा-सेतु केंद्र” नाम दिया है। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य आम नागरिकों को एक ही स्थान पर अधिकतम शासकीय एवं डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराया जाएगा। पूर्व में लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से 73 सेवाएं उपलब्ध थीं, वहीं अब सेवा-सेतु केंद्रों के जरिए 442 डिजिटल सेवाएं नागरिकों को प्रदान की जा रही हैं। इससे शासन की सेवाएं गांव-गांव और आमजन तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेंगी। नई व्यवस्था से समय, श्रम और संसाधनों की बचत होने के साथ-साथ सेवाओं की पारदर्शिता और गुणवत्ता में भी वृद्धि होगी।
राज्य शासन द्वारा सेवा-सेतु केंद्रों की एक समान पहचान स्थापित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत सभी केंद्रों में एकरूपता के साथ बोर्ड एवं नाम पट्टिकाएं प्रदर्शित की जाएंगी। अब पोर्टल, रसीद एवं आधिकारिक पत्राचार में भी “लोक सेवा केंद्र” के स्थान पर “सेवा-सेतु केंद्र” नाम का उपयोग किया जाएगा। वहीं सेवा-सेतु पोर्टल संचालित करने वाले अधिकृत सेवा प्रदाताओं को “सेवा-सेतु प्रबंधक” कहा जाएगा। मुंगेली में वर्तमान में 24 सेवा-सेतु केंद्र संचालित हैं, जहां नागरिकों के विभिन्न आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से बीपीएल राशन कार्ड जारी करना, एपीएल एवं बीपीएल राशन कार्ड में नाम जोड़ना एवं विलोपन, विवाह पंजीयन, भवन अनुज्ञा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से जुड़ी साफ-सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट सुधार, नाम परिवर्तन हेतु राजपत्र अधिसूचना, आईटीआई स्थानांतरण प्रमाण पत्र तथा मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

 

*खुड़िया समूह जल प्रदाय योजना से बदलेगी धनगांव गोसाई की तस्वीर*

0

*खुड़िया समूह जल प्रदाय योजना से बदलेगी धनगांव गोसाई की तस्वीर*

*प्रशासन की सक्रिय पहल से ग्रामीणों को मिलेगा स्थायी और शुद्ध पेयजल समाधान*

मुंगेली, // विकासखंड मुंगेली के ग्राम धनगांव गोसाई में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से जारी है और स्थायी समाधान के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में ग्राम को खुड़िया समूह जल प्रदाय योजना से जोड़ने की पहल ग्रामीणों के लिए भविष्य में बड़ी राहत साबित होने जा रही है। पीएचई विभाग के कार्यपालन अभियंता ने बताया कि ग्राम धनगांव गोसाई का भूजल खारेपन एवं जल गुणवत्ता से प्रभावित होने के कारण इसे खुड़िया समूह जल प्रदाय योजना में शामिल किया गया है। योजना पूर्ण होने के बाद ग्रामीणों को नियमित, स्वच्छ एवं शुद्ध सतही जल उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे लंबे समय से चली आ रही पेयजल संबंधी चुनौतियों का स्थायी समाधान संभव होगा।
कार्यपालन अभियंता ने बताया कि जल जीवन मिशन अंतर्गत ग्राम में इन-विलेज योजना का कार्य 01 जनवरी 2023 को पूर्ण किया गया था। इसके बाद वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से लगभग 22 माह तक नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की गई। अनुबंधित संचालन एवं संधारण अवधि समाप्त होने के बाद भी अतिरिक्त 13 माह तक जलापूर्ति जारी रखी गई, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके लिए वर्तमान में ग्राम के 03 क्रियाशील हैंडपंप एवं 03 चालू सिंगल फेस पावर पंपों के माध्यम से ग्रामीणों को पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। गांव के शाला परिसर स्थित हैंडपंप का पानी स्वाद में बेहतर होने के कारण ग्रामीण स्वेच्छा से उसी स्रोत को प्राथमिकता दे रहे हैं, जबकि अन्य हैंडपंपों के जल का उपयोग घरेलू कार्यों में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ग्राम में पेयजल संकट जैसी स्थिति नहीं है और खुड़िया समूह जल प्रदाय योजना पूर्ण होते ही नियमित जलापूर्ति प्रारंभ कर दी जाएगी।

 

*एसएनजी कॉलेज जीर्णाेद्धार कार्य की शिकायत की होगी निष्पक्ष जांच*

0

*एसएनजी कॉलेज जीर्णाेद्धार कार्य की शिकायत की होगी निष्पक्ष जांच*

*कलेक्टर के निर्देश पर जांच प्रक्रिया शुरू*

मुंगेली, // शासकीय एसएनजी कॉलेज में डीएमएफ मद से कराए गए जीर्णाेद्धार कार्य में अनियमितता संबंधी मामले पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच के निर्देश दिए है। निर्देश के परिपालन में जांच प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायत के परीक्षण हेतु कलेक्टर द्वारा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत लोक निर्माण विभाग, संभाग मुंगेली द्वारा मामले की जांच के लिए अनुविभागीय अधिकारी, लोक निर्माण विभाग उपसंभाग मुंगेली को अधिकृत किया गया है।
जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए अनुविभागीय अधिकारी, लोक निर्माण विभाग द्वारा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, उपसंभाग मुंगेली से संबंधित कार्य के सभी दस्तावेज एवं माप पुस्तिका उपलब्ध कराने के लिए पत्राचार किया गया है। लोक निर्माण विभाग, अनुविभागीय अधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन से प्राप्त निर्देशों का पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ पालन किया जा रहा है। संबंधित दस्तावेज प्राप्त होते ही शिकायतकर्ता की उपस्थिति में कार्यों की विस्तृत एवं निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।

 

➡️ *पुलिस द्वारा मारपीट, जमीन कब्जा विवाद मामले में किया गया त्वरित कार्यवाही*

0

➡️ *पुलिस द्वारा मारपीट, जमीन कब्जा विवाद मामले में किया गया त्वरित कार्यवाही*

मुंगेली ➡️ *04 अनावेदकों को प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया*
प्रार्थिया श्रीमती लता गुप्ता निवासी स्वामी विवेकानंद वार्ड मुंगेली द्वारा थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनके द्वारा घर में सेप्टिक टैंक निर्माण हेतु ईंट मंगाई गई थी। दिनांक 14.05.2026 को सुबह लगभग 10.00 बजे उनका पुत्र राजू मजदूर के साथ ईंट घर के अंदर ला रहा था, तभी गली से ईंट लाने के दौरान आंगन में संतोष गुप्ता, दिनेश गुप्ता द्वारा लोहे की राड से तथा अन्य द्वारा हाथ-थप्पड़ से अश्लील गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई तथा बीच-बचाव करने पहुंची प्रार्थिया एवं उसकी पुत्री नेहा के साथ भी मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई, आरोपियों द्वारा उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने के उद्देश्य से उक्त मारपीट की गई, प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल द्वारा त्वरित एवं विधिवत कार्यवाही करने निर्देशित किया गया जिसके परिपालन मे अति. पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली मुंगेली पुलिस द्वारा प्रकरण मे विवेचना दौरान विधिवत कार्यवाही करते हुये शांति भंग होने की आशंका पर तत्काल पृथक से आरोपीगण/अनावेदकगण 1.संतोष गुप्ता पिता स्व. नारायण उम्र 30 वर्ष 2.दिनेश गुप्ता उम्र 50 वर्ष 3.रमेश गुप्ता पिता स्व. नारायण प्रसाद उम्र 47 वर्ष 4.अभिषेक गुप्ता उर्फ लक्की पिता संतोष उम्र 30 वर्ष सभी निवासी स्वामी विवेकानंद वार्ड क्रमांक 10 मुंगेली को दिनांक 19.05.2026 को प्रतिबंधात्मक धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर धारा 126(बी), 135(3) बीएनएसएस के तहत अधिक से अधिक राशि से बाउंड ओवर की कार्यवाही हेतु माननीय न्यायालय पेश किया गया।
उक्त कार्यवाही मे थाना प्रभारी सिटी कोतवाली मुंगेली नगर निरी. कार्तिकेश्वर जांगड़े, उपनिरी. पारख साहू एवं स्टॉफ की अहम भुमिका रही।

*दुष्कर्म के आरोपी को चौकी मोहारा पुलिस ने किया गिरफ्तार*

0

दुष्कर्म के आरोपी को चौकी मोहारा पुलिस ने किया गिरफ्तार

▪️गिरफतार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल

▪️गिरफतार आरोपी – हरिचंद्र साहू पिता बुधराम साहू उम्र 42 साल ग्राम छपारा चौकी मोहारा थाना डोंगरगढ़ जिला राजनांदगांव छ. ग.।

राजनांदगांव– मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 17.05.2026 को आरोपी हरिचंद्र साहू ने पीड़िता जो अपने नानी की क्रिया कर्म में नानी गांव छपारा आई थी जिसे आरोपी पीड़िता को भांजी बोलता था जिसे बहला फुसलाकर कोलड्रिंक के साथ शराब पिलाकर खेत तरफ ले जाकर पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना डोंगरगढ़ चौकी मोहारा में 64(1), भारतीय न्याय संहिता की धारा में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदया राजनांदगांव द्वारा प्रकरण में त्वरित विवेचना कार्यवाही कर आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने निर्देश दिए जाने व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डोंगरगढ़ के मार्गदर्शन में चौकी मोहारा पुलिस के द्वारा मामले में विवेचना त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी हरिचंद्र साहू पिता बुधराम साहू उम्र 42 साल ग्राम छपारा चौकी मोहारा जिला राजनांदगांव छ. ग. को तलास कर हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर अपराध स्वीकार करना पाए जाने पर दिनांक 18/05/2026 को विधिवत आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायलय के समक्ष पेश किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।

*​मुंगेली में ‘स्वच्छ गाँव – स्वच्छ जीवन’ अभियान को गति: ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 पर जिला स्तरीय कार्यशाला संपन्न*

0

तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), मुंगेली के तत्वावधान में आज जिला पंचायत के सभा कक्ष में ‘ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026’ के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। “स्वच्छ गाँव – स्वच्छ जीवन” के ध्येय वाक्य पर आधारित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले की सभी ग्राम पंचायतों में ठोस कचरा प्रबंधन को अधिक वैज्ञानिक, सुव्यवस्थित और जन-केंद्रित बनाना है।
​कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला पंचायत अध्यक्ष श्री श्रीकांत पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता केवल एक आदत नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन का आधार है। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के तहत अब गांवों में कचरे का निपटान आधुनिक और वैज्ञानिक तरीकों से किया जाएगा, जिससे ग्रामीण परिवेश और अधिक स्वच्छ व आत्मनिर्भर बनेगा।
​मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) जिला पंचायत मुंगेली, श्री प्रभाकर पाण्डेय ने कार्यशाला के तकनीकी सत्रों को संबोधित करते हुए कहा कि इस अभियान की सफलता पूरी तरह से जमीनी स्तर पर नीतियों के सही क्रियान्वयन पर निर्भर करती है। उन्होंने विकासखंड और जिला समन्वयकों को निर्देश दिए कि वे ग्राम पंचायतों में जाकर ग्रामीणों को गीले और सूखे कचरे के पृथक्कीकरण और कम्पोस्टिंग जैसी प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक करें।
​कार्यशाला में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती शांति देवचरण भास्कर, जनपद अध्यक्ष पथरिया श्रीमती चितरेखा मनीष जांगड़े और जिला पंचायत सभापति श्री उमाशंकर साहू ने भी अपने विचार साझा किए और ग्रामीण स्वच्छता के इस महाअभियान में जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
​इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप संचालक (पंचायत), जिला समन्वयक, विकासखंड समन्वयक सहित जनपद सदस्य मुंगेली श्री पवन पाण्डेय, जनपद उपाध्यक्ष/सदस्य लोरमी श्री राजेंद्र साहू, नागेंद्र पटेल, पूर्णिमा फागू साहू, मूलचंद डाहिरे, चंपा प्रदीप साहू, संतोषी प्रदीप गायकवाड़, कुंदनी मदन चंद्राकर और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की पूरी टीम सक्रिय रूप से उपस्थित रही। कार्यशाला के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में ‘स्वच्छ गाँव – स्वच्छ जीवन’ के संकल्प को पूरी निष्ठा से लागू करने की शपथ ली।

*15 वर्षों से बंद हैंडपंप को कराया चालू, पार्षद रोशन सोनी की पहल से वार्डवासियों में खुशी*

0

तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली— एंड्रुज वार्ड क्रमांक 19 के पार्षद रोशन सोनी ने जनसेवा की मिसाल पेश करते हुए लगभग 15 वर्षों से बंद पड़े हैंडपंप को पुनः चालू करवाकर वार्डवासियों को बड़ी राहत दिलाई है। लंबे समय से खराब पड़े हैंडपंप की जांच करवाकर उसमें नई मोटर डलवाई गई, जिसके बाद अब लोगों को पुनः स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने लगा है। हैंडपंप चालू होने से वार्ड में खुशी का माहौल है तथा नागरिकों ने पार्षद की इस पहल की जमकर सराहना की है। वार्डवासियों ने पार्षद रोशन सोनी को सक्रिय, शिक्षित एवं समझदार जनप्रतिनिधि बताते हुए कहा कि उन्होंने भीषण गर्मी और जल संकट के समय लोगों की मूलभूत आवश्यकता को प्राथमिकता देते हुए सराहनीय कार्य किया है। नागरिकों का कहना है कि वर्षों से बंद पड़े हैंडपंप को लेकर कई बार मांग उठी थी, लेकिन समाधान नहीं हो पाया था। अब पार्षद की पहल से लोगों को राहत मिली है।
शिक्षक पिंटू सोनी ने इस कार्य को दूरदर्शी एवं वैज्ञानिक सोच का परिचायक बताते हुए कहा कि जल संरक्षण और पेयजल व्यवस्था को लेकर इस प्रकार की पहल समाज के लिए प्रेरणादायक है। वहीं शिक्षक संतोष यादव ने पार्षद रोशन सोनी का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधि का होना वार्डवासियों के लिए सौभाग्य की बात है।
इस कार्य के लिए नगर पालिका के सीएमओ होरी सिंह का भी विशेष आभार व्यक्त किया गया। पार्षद रोशन सोनी ने बताया कि सीएमओ द्वारा तत्काल जल सामग्री उपलब्ध कराने एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के कारण यह कार्य शीघ्र संभव हो सका। पार्षद रोशन सोनी ने कहा कि वर्तमान समय में जल संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है। उन्होंने वार्डवासियों से अपील करते हुए कहा कि पेयजल का दुरुपयोग न करें तथा जिन घरों में पर्याप्त स्थान उपलब्ध है, वहां वर्षा जल संचयन (वॉटर हार्वेस्टिंग) प्रणाली अवश्य बनवाएं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी नागरिक को वॉटर हार्वेस्टिंग व्यवस्था बनाने में किसी प्रकार की परेशानी आती है, तो वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। शासन की योजना के तहत आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की मूलभूत सुविधाओं के लिए वे लगातार कार्य करते रहेंगे तथा वार्डवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।

*भाजपा नेता अमर सुल्तानिया पर अवैध उत्खनन का आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की शिकायत*

0

भाजपा नेता अमर सुल्तानिया पर अवैध उत्खनन का आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की शिकायत

पिंकी कश्यप संपादक रायपुर अकलतरा। जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुड़पार के ग्रामीणों ने भाजपा नेता अमर सुल्तानिया के खिलाफ जिला कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर रामसागर जलाशय से अवैध मुरुम उत्खनन कराने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि जलाशय से निकाली जा रही मुरुम का उपयोग मुड़पार में निर्माणाधीन श्री श्याम एथेनाल एंड स्प्रीट लिमिटेड फैक्ट्री में कराया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, इस मामले की शिकायत पूर्व में 9 जनवरी 2026 को अकलतरा एसडीएम सुमित बघेल से भी की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर अब जिला कलेक्टर से हस्तक्षेप की मांग की गई है।
शिकायत में ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले रात करीब 10 बजे जब वे रामसागर जलाशय पहुंचे, तब वहां एक चेन माउंटेन मशीन और तीन हाइवा वाहनों के जरिए मुरुम निकाली जा रही थी। ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर स्वयं अमर सुल्तानिया मौजूद थे। ग्रामीणों ने जब इसका विरोध किया तो कथित रूप से उन्हें धमकाया गया। शिकायत में कहा गया है कि अमर सुल्तानिया ने स्वयं को मुख्यमंत्री का करीबी बताते हुए ग्रामीणों को झूठे मामलों में फंसाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि तिलई से मुड़पार तक बनी बीएमडब्ल्यू सड़क भारी वाहनों के लगातार आवागमन से खराब हो चुकी है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामवासियों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध उत्खनन पर कार्रवाई करने की मांग की है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है।
इस मामले में जब भाजपा नेता अमर सुल्तानिया से पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। वहीं अकलतरा एसडीएम सुमित बघेल से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। ग्रामीणों का आरोप है कि एसडीएम के संरक्षण में यह कार्य संचालित हो रहा है।

*मुंगेली: AIOCD के आह्वान पर कल बंद रहेंगी दवा दुकानें, केमिस्ट एसोसिएशन ने की पूर्ण बंद की अपील*

0


तीजराम साहू ब्यूरो ​मुंगेली। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के देशव्यापी आह्वान पर कल, 20 मई (बुधवार) को मुंगेली जिले सहित देश भर की दवा दुकानें पूरी तरह से बंद रहेंगी। जिला औषधि विक्रेता संघ, मुंगेली के अध्यक्ष विनोद नागदेव ने जानकारी देते हुए बताया कि स्थानीय स्तर पर सभी केमिस्ट साथियों से एकजुटता दिखाने और अपनी दुकानें बंद रखने की विनम्र अपील की गई है।
​केमिस्टों के हितों की रक्षा के लिए बड़ा कदम
​संघ के अध्यक्ष विनोद नागदेव के अनुसार, यह बंद दवा विक्रेताओं और केमिस्टों के हितों से जुड़ी विभिन्न मांगों को पूरा करवाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। जिला औषधि विक्रेता संघ मुंगेली के पदाधिकारियों का कहना है कि केमिस्टों की जायज मांगों पर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए सामूहिक रूप से यह कदम उठाना बेहद जरूरी हो गया है।
​देश भर के 12.50 लाख दवा विक्रेता होंगे शामिल
​अध्यक्ष विनोद नागदेव द्वारा जारी अपील में बताया गया है कि 20 मई को होने वाले इस बंद में अकेले मुंगेली ही नहीं, बल्कि देश भर के करीब 12.50 लाख दवा विक्रेता अपनी दुकानें बंद रखकर इस आंदोलन को अपना समर्थन देंगे।
​संघ ने सभी स्थानीय दवा व्यवसायियों से आग्रह किया है कि वे इस देशव्यापी आह्वान को सफल बनाने के लिए बुधवार को पूर्ण रूप से अपने व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रखें और केमिस्ट एकता का परिचय दें।
​नोट: कल बुधवार को दवा दुकानें बंद रहने के कारण आम नागरिकों को दवाओं की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। आपातकालीन स्थिति से बचने के लिए लोग अपनी जरूरी दवाइयां आज ही एडवांस में खरीद कर रख लें।