Home Blog Page 104

*महिला स्व-सहायता समूहों ने लिया नशामुक्त भारत का संकल्प*

0

*महिला स्व-सहायता समूहों ने लिया नशामुक्त भारत का संकल्प*

*नशे के दुष्परिणामों पर किया गया जागरूक*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली, / समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में संचालित एकीकृत पुनर्वास केंद्र (नशा मुक्ति केंद्र) द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत पथरिया विकासखंड के ग्राम मचहा में महिला स्व-सहायता समूह की सदस्यों के लिए व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नशे के दुष्प्रभावों, उससे बचाव के उपायों तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि नशे की लत व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उसकी आर्थिक स्थिति एवं सामाजिक जीवन को भी गंभीर रूप से प्रभावित करती है। महिलाओं को अपने परिवार और समाज में जागरूकता फैलाकर युवाओं को नशे से दूर रखने में सक्रिय भूमिका निभाने समझाइश दी गई।इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने नशामुक्त भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और अपने गांव को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में नशामुक्त भारत की शपथ ली गई।

*जिला शिक्षा अधिकारी ने किया स्कूलों का औचक निरीक्षण,*

0

*जिला शिक्षा अधिकारी ने किया स्कूलों का औचक निरीक्षण,*

*समय से पहले कई स्कूल मिले बंद, शिक्षकों का कटेगा एक दिन का वेतन* 

*शिक्षण व्यवस्था में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई: डी ई ओ*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली। शिक्षा व्यवस्था में अनुशासन एवं शैक्षणिक गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिला शिक्षा अधिकारी श्री एल. पी. डाहिरे ने जिले के विभिन्न विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक शाला केसली, पूर्व माध्यमिक शाला टेढ़ाधौरा एवं हाई स्कूल टेढ़ाधौरा निर्धारित समय से पहले बंद पाए गए।

निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में न तो शिक्षण कार्य संचालित होता मिला और न ही शिक्षक एवं संस्था प्रमुख उपस्थित पाए गए। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित सभी शिक्षकों एवं संस्था प्रमुखों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि संबंधित सभी शिक्षकों एवं संस्था प्रमुखों का उक्त दिवस का वेतन काटा जाएगा तथा उनके विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में समयबद्ध उपस्थिति एवं नियमित शिक्षण कार्य सुनिश्चित करना सभी शिक्षकों और संस्था प्रमुखों की जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी विद्यालयों के शिक्षकों एवं संस्था प्रमुखों को निर्देशित किया है कि वे विद्यालय संचालन में अनुशासन बनाए रखें, निर्धारित समय का कड़ाई से पालन करें तथा विद्यार्थियों के हित में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करें।

*उपमुख्यमंत्री श्री साव ने एटीआर क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में लगाई जनचौपाल*

0

*उपमुख्यमंत्री श्री साव ने एटीआर क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में लगाई जनचौपाल*

*ग्रामीणों की सुनी समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश*

*20 लाख रुपए से अधिक की कई विकास कार्यों की घोषणाएं*

*वनांचल के गावों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने सरकार प्रतिबद्ध : उपमुख्यमंत्री श्री साव*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली, // उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने लोरमी विकासखंड के अचानकमार क्षेत्र के सुदूर वनांचल ग्रामों—जमुनाही, जकड़बांधा, सुरही और बम्हनी, कटामी, अचानकमार आदि वनग्रामों में जनचौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान अनेक विकास कार्यों की घोषणाएं भी की गईं।

ग्राम जमुनाही में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह एक हजार रुपये प्रदान कर रही है तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों के पक्के घर का सपना साकार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिवतराई से केवची तक बहुप्रतीक्षित सड़क को स्वीकृति मिल चुकी है और वर्षा समाप्त होते ही निर्माण कार्य शुरू होगा। वहीं बिजराकछार से औरापानी सड़क को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। ग्रामीणों द्वारा बिजली एवं पेयजल समस्या उठाए जाने पर उन्होंने तत्काल अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने जमुनाही में सड़क की मरम्मत, गांव में 05 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण, देवभूमि में हैंडपंप स्थापना की घोषणा की तथा पेयजल उपलब्ध कराने के लिए टैंकर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपमुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि महतारी वंदन योजना, पेंशन, राशन सहित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश देते हुए मंच निर्माण के लिए 02 लाख रुपये तथा गणेश चौक में गणेश पंडाल हेतु शेड निर्माण के लिए 03 लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने बताया कि कोटरा-पथरा-मनियारी मार्ग पर पुल निर्माण का सर्वे पूरा हो चुका है और कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा। जनचौपाल के दौरान पेयजल समस्या के समाधान के निर्देश देने के साथ ही स्थानीय क्रिकेट खिलाड़ियों को खेल सामग्री भी वितरित की गई।

सुरही में उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वनांचल क्षेत्रों में बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने सुरही में 05 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण की घोषणा की। ग्राम बम्हनी में जनचौपाल के दौरान उपमुख्यमंत्री ने बताया कि गांव के 111 किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि तथा 206 महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वनांचल क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और सभी आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है। उन्होंने निवासखार में पुलिया निर्माण के लिए भी शीघ्र प्रयास करने का भरोसा दिलाया।

कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि वनांचल क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विकास शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं है।वनमंडलाधिकारी श्री अभिनव कुमार ने वनवासियों को जल संरक्षण एवं वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करते हुए प्राकृतिक जीवन शैली के महत्व पर प्रकाश डाला। उपमुख्यमंत्री ने सुरही-अतरिया में बोर की व्यवस्था तथा समय पर राशन वितरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

इसी प्रकार उपमुख्यमंत्री ने ग्राम कटामी एवं छपरवा में हैंडपंप एवं पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम बिंदावल में सीसी रोड निर्माण के लिए 05 लाख रुपए की घोषणा की तथा पानी एवं बिजली के पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण जन मौजूद रहे।

*पीआईबी रायपुर की ‘वार्तालाप’ कार्यशाला में केंद्रीय राज्य मंत्री ने बस्तर में विकास, सुशासन और जनकल्याण पर रखे विचार*

0

*पीआईबी रायपुर की ‘वार्तालाप’ कार्यशाला में केंद्रीय राज्य मंत्री ने बस्तर में विकास, सुशासन और जनकल्याण पर रखे विचार*

*’विकास और शिक्षा हमारी सरकार की दो सबसे अहम प्राथमिकताएँ हैं’ : श्री साहू*

आवासन:- एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), रायपुर द्वारा जगदलपुर में आयोजित विशेष मीडिया संवाद कार्यशाला ‘वार्तालाप’ को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित किया। “सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष : नक्सलवाद से विकास और विश्वास की ओर बढ़ता बस्तर” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन की उपलब्धियों तथा बस्तर में हुए व्यापक परिवर्तन पर अपने विचार साझा किए।

अपने संबोधन में श्री तोखन साहू ने कहा कि “हमारी सरकार की दो सबसे अहम प्राथमिकताएँ विकास और शिक्षा हैं। शिक्षा और विकास ही किसी भी क्षेत्र के समग्र एवं स्थायी परिवर्तन के सबसे सशक्त आधार हैं। जब तक विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक नहीं पहुँचता और शिक्षा प्रत्येक नागरिक के जीवन को सशक्त नहीं बनाती, तब तक सुशासन का उद्देश्य पूर्ण नहीं हो सकता।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जिनका लाभ देश के दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों सहित समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचा है। उन्होंने कहा कि बस्तर आज विकास, विश्वास और नए अवसरों के साथ परिवर्तन की नई यात्रा पर अग्रसर है।

श्री साहू ने केंद्र सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि वित्तीय समावेशन के लिए देशभर में 58 करोड़ से अधिक जनधन खाते खोले गए हैं। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत 57 करोड़ से अधिक ऋण स्वीकृत कर स्वरोजगार और उद्यमिता को प्रोत्साहित किया गया है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से 81 करोड़ से अधिक नागरिकों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक ग्रामीण एवं शहरी आवासों का निर्माण कर गरीब परिवारों के अपने घर के सपने को साकार किया गया है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से 11 करोड़ से अधिक महिलाओं को निःशुल्क एलपीजी गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि स्वच्छता अभियान के तहत लाखों गाँवों को खुले में शौच से मुक्त बनाकर बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया गया है। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं ने भी करोड़ों गरीब परिवारों को सुरक्षा कवच प्रदान किया है।

श्री साहू ने कहा कि भारत आज विश्व का सबसे बड़ा मोटा अनाज (मिलेट्स) उत्पादक देश बनकर उभरा है, जिसका लाभ बस्तर सहित जनजातीय क्षेत्रों के किसानों को मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है, जो युवाओं में नवाचार, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को नई दिशा प्रदान कर रहा है।

अपने संबोधन के अंत में श्री साहू ने कहा कि केंद्र सरकार शिक्षा, आधारभूत संरचना, आजीविका, महिला सशक्तिकरण तथा सामाजिक सुरक्षा के माध्यम से समावेशी एवं सतत विकास सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनभागीदारी, सुशासन और विकासोन्मुखी नीतियों के बल पर बस्तर आने वाले वर्षों में देश के विकास का एक प्रेरणादायी मॉडल बनकर उभरेगा।

*अवैध शराब बिक्री पर होगी सख्त वैधानिक कार्रवाई, ग्रामीणों को किया गया जागरूक*

0

 सजग कोरबा – सतर्क कोरबा अभियान के तहत नशे के विरुद्ध जनजागरूकता अभियान, रजगामार चौकी पुलिस ने ग्रामीणों के साथ की बैठक।

कोरबा – पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में संचालित “ *सजग कोरबा – सतर्क कोरबा* ” अभियान के तहत थाना बालको क्षेत्र अंतर्गत रजगामार चौकी पुलिस द्वारा अवैध शराब एवं नशे के विरुद्ध लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में रजगामार चौकी प्रभारी विनोद सिंह द्वारा ग्राम बुंदेली में ग्रामीणों की बैठक लेकर नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में जानकारी दी गई। ग्रामीणों को नशा मुक्ति के लिए प्रेरित करते हुए बताया गया कि नशा व्यक्ति, परिवार एवं समाज के लिए नुकसानदायक है तथा इससे दूर रहकर स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग करें।

बैठक के दौरान ग्रामीणों से अपील की गई कि गांव में अवैध रूप से शराब बिक्री या अन्य नशीले पदार्थों की गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें, जिससे समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

वहीं ग्राम कोटवार द्वारा गांव में मुनादी कर लोगों को अवगत कराया गया कि यदि कोई व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेचते पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कुछ दिन पूर्व ही आबकारी एक्ट के तहत रजगारमार चौकी द्वारा कार्यवाही उक्त गांव में की गई थी।

कोरबा पुलिस द्वारा “ *सजग कोरबा – सतर्क कोरबा* ” अभियान के अंतर्गत अपराध नियंत्रण, नशे के विरुद्ध कार्रवाई एवं आमजन में जागरूकता लाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आगे भी ऐसी कार्रवाई एवं जनजागरूकता अभियान जारी रहेगा।

 

*महिलाओं की सूचना पर पुलिस ने कई घरों में दी दबिश, 5 लोगों के विरुद्ध हुई वैधानिक कार्रवाई*

0

*सजग कोरबा – सतर्क कोरबा अभियान के तहत नशे के विरुद्ध जनजागरूकता अभियान, थाना कुसमुण्डा पुलिस ने भैरोताल क्षेत्र की महिलाओं के साथ की बैठक।

कोरबा – जिले में “ सजग कोरबा – सतर्क कोरबा ” अभियान के तहत अवैध शराब, गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।इसी क्रम में दिनांक 25.06.2026 को थाना कुसमुण्डा क्षेत्र के वार्ड क्र. 65 भैरोताल क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं ने पुलिस को अवैध शराब, गांजा एवं अन्य नशे की बिक्री की सूचना दी। महिलाओं की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना कुसमुण्डा पुलिस ने कई घरों में दबिश दी एवं मौका निरीक्षण के आधार पर 5 व्यक्तियों के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई की गई।

थाना प्रभारी कुसमुण्डा निरीक्षक श्री मृत्युजय पाण्डेय स्वयं अपने स्टॉफ के साथ भैरोताल बस्ती पहुँचे एवं सामुदायिक भवन में क्षेत्र की महिलाओं के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में थाना प्रभारी ने सभी महिलाओं को निडर होकर क्षेत्र में हो रही अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने बताया कि सूचना पर पुलिस त्वरित एवं पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी तथा बस्ती में पेट्रोलिंग बढ़ाने का भी आश्वासन दिया।

थाना प्रभारी ने महिलाओं को संबोधित करते हुए अवैध शराब एवं नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी तथा सभी से सामाजिक बुराइयों का त्याग कर समाज की मुख्य धारा से जुड़ने की अपील की। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि अवैध शराब बनाने एवं बिक्री करने वालों पर यथाविधि कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक, पार्षद, मितानिन एवं बुजुर्ग महिलाएं उपस्थित रहीं।

कोरबा पुलिस द्वारा “ सजग कोरबा – सतर्क कोरबा ” अभियान के अंतर्गत नशा मुक्ति, अपराध नियंत्रण एवं जनजागरूकता हेतु इस प्रकार के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

 

*पुलिस वेरिफिकेशन के नाम पर अवैध वसूली के आरोप, अकलतरा थाना में पदस्थ रश्मि की भूमिका चर्चा में* 

0

*पुलिस वेरिफिकेशन के नाम पर अवैध वसूली के आरोप, अकलतरा थाना में पदस्थ रश्मि की भूमिका चर्चा में* 

 *पुलिस की छवि पर उठे सवाल, विभागीय जांच की मांग तेज* 

 मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर-चांपा:- जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में पुलिस वेरिफिकेशन प्रक्रिया को लेकर गंभीर शिकायतें सामने आने से पुलिस महकमे में चर्चा का माहौल बन गया है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना परिसर और उसके आसपास पुलिस वेरिफिकेशन के नाम पर कथित रूप से अतिरिक्त राशि वसूले जाने तथा आवेदकों के साथ अनुचित व्यवहार किए जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाल ही में जिला पुलिस द्वारा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा उद्योगों, किराएदारों एवं बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना है। लेकिन इसी व्यवस्था के बीच कुछ शिकायतें सामने आने से पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े होने लगे हैं।

सूत्रों का दावा है कि अकलतरा थाना के सामने संचालित एक कंप्यूटर केंद्र के माध्यम से पुलिस वेरिफिकेशन का कार्य दो दिनों के भीतर पूरा कराने के नाम पर लगभग 600 रुपये तक लिए जाने की चर्चा है। वहीं एक आवेदक सुनील ने आरोप लगाया है कि थाना में पदस्थ महिला आरक्षक रश्मि द्वारा 100 रुपये लेने के बावजूद उसका कार्य समय पर नहीं किया गया तथा उससे कथित रूप से कहा गया कि “मेरे पास समय नहीं है, समय मिलेगा तो बनाऊंगी।”

हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और न ही संबंधित महिला आरक्षक अथवा पुलिस विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।

गौरतलब है कि हाल ही में क्षेत्र में घटित एक संवेदनशील मामले के बाद जिला पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से व्यापक सत्यापन अभियान प्रारंभ किया है। ऐसे समय में यदि पुलिस वेरिफिकेशन जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता या अवैध वसूली की शिकायतें सामने आती हैं, तो इससे आमजन का भरोसा प्रभावित हो सकता है।

इधर स्थानीय लोगों का कहना है कि अकलतरा थाना प्रभारी भास्कर शर्मा लगातार क्षेत्र में सामाजिक समन्वय, जनसंवाद और सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से सकारात्मक माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में यदि किसी कर्मचारी या व्यवस्था से संबंधित शिकायतें सत्य पाई जाती हैं तो इससे पुलिस की छवि को नुकसान पहुंच सकता है।

अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस विभाग इन शिकायतों को कितनी गंभीरता से लेता है। यदि आरोपों में सत्यता पाई जाती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। वहीं यदि शिकायतें निराधार साबित होती हैं तो भी स्थिति स्पष्ट होने से आमजन के बीच फैली शंकाओं का समाधान हो सकेगा।

फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग विभागीय जांच एवं आधिकारिक स्पष्टीकरण का इंतजार कर रहे हैं।

*अधारताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 14.5 किलो गांजा के साथ विधि-विरुद्ध बालक सहित 4 आरोपी गिरफ्तार*

0

*अधारताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 14.5 किलो गांजा के साथ विधि-विरुद्ध बालक सहित 4 आरोपी गिरफ्तार*

जबलपुर:- के अधारताल थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 किलो 500 ग्राम गांजा के साथ एक विधि-विरुद्ध बालक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो बिना नंबर की जुपिटर स्कूटी, चार मोबाइल फोन तथा करीब पांच लाख रुपये मूल्य का गांजा और अन्य सामग्री जब्त की है। पुलिस के अनुसार करौंदा बायपास स्थित दाऊ मैरिज गार्डन के पास संदिग्ध अवस्था में खड़ी दो स्कूटियों पर बैठे युवकों को पकड़कर तलाशी लेने पर उनके बैग से गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने फरार आरोपी पवन बागरी से गांजा लाकर अन्य आरोपियों को सप्लाई करने की बात स्वीकार की। सभी आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।जबलपुर से जिला ब्यूरो पंकज जैन की रिपोर्ट

*हिट एंड रन मुआवजा योजना के संबंध में बैठक आयोजित*

0

*हिट एंड रन मुआवजा योजना के संबंध में बैठक आयोजित*

*मुआवजा प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने की गई चर्चा*

मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली, // सुप्रीम कोर्ट के एस. राजसीकरण बनाम यूनियन ऑफ इंडिया प्रकरण में 12 जनवरी 2024 को पारित आदेश तथा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के अनुपालन में जिला न्यायालय परिसर में हिट एंड रन मुआवजा योजना-2022 के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में अज्ञात वाहनों से प्रभावित मृतकों एवं गंभीर रूप से घायल पीड़ितों को समयबद्ध मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती गिरिजा देवी मेरावी ने हिट एंड रन मामलों में पीड़ितों एवं उनके आश्रितों को निर्धारित मुआवजा समय पर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुर्घटना से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज समयबद्ध ढंग से तैयार कर पुलिस एवं परिवहन विभाग के समन्वय से सक्षम प्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए जाएं, ताकि पात्र हितग्राहियों को बिना अनावश्यक विलंब के क्षतिपूर्ति मिल सके।

बैठक में पीड़ित पक्षकारों के क्षतिपूर्ति आवेदन, दुर्घटना में मृत्यु अथवा गंभीर चोट के मामलों में मुआवजा निर्धारण तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि हिट एंड रन मुआवजा योजना का उद्देश्य सड़क दुर्घटना पीड़ितों एवं उनके परिवारों को त्वरित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है, इसलिए सभी संबंधित विभाग संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करें। बैठक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए न्यायपालिका, प्रशासन, पुलिस एवं परिवहन विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा प्रत्येक पात्र प्रकरण में समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।

*पल्स पोलियो अभियान: 28 से 30 जून तक*

0

*पल्स पोलियो अभियान: 28 से 30 जून तक*

*810 पोलियो बूथ में 1.19 लाख बच्चों को मिलेगी सुरक्षा की दो बूंद*

मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली, // कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में 28 से 30 जून 2026 तक तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत जिले के तीनों विकासखण्डों में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 01 लाख 19 हजार 505 बच्चों को पोलियो की जीवन रक्षक खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कलेक्टर ने पंचायत, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, नगरीय प्रशासन, राजस्व, आयुष एवं स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। कलेक्टर ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 05 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य ले जाएं और पोलियो की दो बूंद पिलाकर उन्हें आजीवन अपंगता से सुरक्षित रखने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि अभियान के प्रथम दिवस 28 जून को जिले में 810 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां अभिभावक अपने बच्चों को लेकर पोलियो की दवा पिला सकेंगे। इसके बाद 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाए। अभियान को सफल बनाने के लिए जिले में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मितानिनों द्वारा गांवों में दीवार लेखन के माध्यम से जनजागरूकता फैलाई जा रही है, वहीं शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में माइकिंग कर लोगों को अभियान की जानकारी दी जा रही है। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. कमलेश कुमार ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए 01 हजार 620 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है तथा उनकी निगरानी के लिए 100 पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। जिला एवं विकासखण्ड स्तर के सभी कर्मचारियों को पूर्व प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा चुका है।