*त्यौहार से पहले श्रमिकों और हितग्राहियों के शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करें: जिला पंचायत सीईओ*

*त्यौहार से पहले श्रमिकों और हितग्राहियों के शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करें: जिला पंचायत सीईओ*

*निर्माण कार्यों की समीक्षा कर समय-सीमा में एमबी एवं सत्यापन पूरा करने दिए निर्देश*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली,/ कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे ने सभाकक्ष में बैठक लेकर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं के निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति, भुगतान की स्थिति तथा मूल्यांकन एवं सत्यापन कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। बैठक में मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना, 15वें वित्त आयोग, विकसित भारत जी राम जी, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), एनआरएलएम सहित अन्य योजनाओं के तहत संचालित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला एवं जनपद स्तर के अधिकारियों तथा तकनीकी अमले से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला पंचायत सीईओ श्री रावटे ने आगामी त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी श्रमिक, हितग्राही अथवा संबंधित एजेंसी का भुगतान अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने सभी लंबित भुगतानों का नियमानुसार परीक्षण कर त्योहारों से पूर्व शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भुगतान प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो तथा संबंधित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। इससे योजनाओं से जुड़े श्रमिकों एवं हितग्राहियों को समय पर उनकी राशि का लाभ मिल सकेगा।

सीईओ ने निर्माण कार्यों तथा ‘विकसित भारत जी राम जी’ के तहत स्वीकृत एवं पूर्ण कराए गए सभी निर्माण कार्यों का निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत मूल्यांकन (एमबी) एवं सत्यापन पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मूल्यांकन एवं सत्यापन से संबंधित प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित रखना उचित नहीं है। कार्यों की वास्तविक प्रगति का समय पर भौतिक सत्यापन और मूल्यांकन होने से भुगतान प्रक्रिया में तेजी आएगी तथा कार्यों में पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यों के मूल्यांकन एवं सत्यापन में अनावश्यक विलंब पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

सीईओ श्री रावटे ने कहा कि “ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास एवं आजीविका संवर्धन से जुड़े निर्माण कार्य हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता हैं। त्योहारों के समय किसी भी श्रमिक या संबंधित पक्ष का भुगतान रुकना नहीं चाहिए। अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा नियमित रूप से भौतिक सत्यापन करें तथा संबंधित पंचायत के उप अभियंता समय-सीमा के भीतर मूल्यांकन दर्ज करें, ताकि पारदर्शी एवं त्वरित गति से भुगतान की प्रक्रिया पूरी हो सके। उन्होंने जिला एवं जनपद स्तर के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में गति लाने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वीकृत कार्यों को गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप पूरा कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक में उप संचालक पंचायत, कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, जनपद पंचायत मुंगेली, लोरमी एवं पथरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी (आरईएस), सहायक परियोजना अधिकारी (वीबीजी राम जी), जिला समन्वयक (एसबीएम एवं पीएमएवाई-जी), समस्त उप अभियंता, कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक सहित जिला पंचायत के शाखा प्रभारी एवं योजना शाखा के सहायक उपस्थित रहे।

Trending News

Technology