More

    *महिला उद्यमियों को बाजार से जोड़ने अकलतरा में आयोजित हुई एमडीए कार्यशाला*

    मनोज साहू जांजगीर चांपा  अकलतरा— जिले की महिला उद्यमियों को आत्मनिर्भर एवं बाजारोन्मुख बनाने की दिशा में जनपद पंचायत अकलतरा में महिला उद्यमियों हेतु मार्केट डेवलपमेंट असिस्टेंस (Market Development Assistance – MDA) कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों एवं महिला संचालित सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs) को बाजार विकास सहायता योजनाओं से जोड़ते हुए उनके उत्पादों की बिक्री, ब्रांडिंग एवं बाजार विस्तार को बढ़ावा देना था।
    कार्यक्रम का शुभारंभ सीईओ आर.एल. डहरिया एवं बीपीएम देवेंद्र कुमार द्वारा किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि महिला उद्यमिता आज ग्रामीण एवं शहरी अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण से न केवल परिवार बल्कि समाज एवं स्थानीय बाजार व्यवस्था को भी नई दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि मार्केट डेवलपमेंट असिस्टेंस जैसी योजनाएं महिला उद्यमियों को स्थानीय स्तर से राष्ट्रीय बाजार तक पहुंच बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यशाला में महिला उद्यमियों को विभिन्न बाजार विकास योजनाओं की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के मेलों एवं प्रदर्शनियों में भागीदारी की प्रक्रिया, उत्पादों की ब्रांडिंग एवं आकर्षक पैकेजिंग, लेबलिंग सुधार, गुणवत्ता प्रमाणन एवं मानकीकरण के महत्व पर विस्तार से जानकारी साझा की। साथ ही प्रतिभागियों को बी2बी एवं बी2सी मार्केट लिंकज, डिजिटल मार्केटिंग तथा ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से व्यवसाय विस्तार के अवसरों से भी अवगत कराया गया। विशेषज्ञों द्वारा सफल महिला उद्यमियों के प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किए गए तथा बताया गया कि प्रतिस्पर्धात्मक बाजार में अपने उत्पादों को किस प्रकार स्थापित किया जा सकता है। प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें व्यवसाय विस्तार एवं भविष्य की कार्ययोजना तैयार करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से लगभग 30 महिला उद्यमियों, स्वयं सहायता समूह प्रतिनिधियों एवं महिला संचालित एमएसएमई इकाइयों ने सक्रिय भागीदारी की। प्रतिभागियों ने कार्यशाला को अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की। कार्यक्रम में एएफसी इंडिया लिमिटेड से एम.डी. नौशाद आज़मी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अंत में रैंप कार्यक्रम अंतर्गत सीएसआईडीसी एवं एएफसी इंडिया लिमिटेड के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला में उपस्थित सभी प्रतिभागियों, अधिकारियों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।

    Trending News

    Technology