Home अन्य खबरे *सम्मान और प्रशंसा की अपेक्षा से मुक्त होकर सेवा का संकल्प, प्रयास...

*सम्मान और प्रशंसा की अपेक्षा से मुक्त होकर सेवा का संकल्प, प्रयास अ स्माल स्टेप फाउंडेशन ने लिया बड़ा निर्णय*

0
4

*सम्मान समारोहों में अब शामिल नहीं होगी संस्था, प्रशस्ति पत्र और सार्वजनिक अभिनंदन भी नहीं करेगी स्वीकार; जरूरतमंदों के चेहरे की मुस्कान को बताया सबसे बड़ा सम्मान*

तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली। समाजसेवा के क्षेत्र में निःस्वार्थ भाव से कार्य करने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही प्रयास अ स्माल स्टेप फाउंडेशन की पूरी टीम ने एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक निर्णय लिया है। संस्था ने स्पष्ट किया है कि अब जिले में अपने लोगों, समाज और जरूरतमंदों के लिए किए जाने वाले सेवा कार्यों के बदले किसी भी प्रकार का सम्मान, प्रशस्ति पत्र, पुरस्कार अथवा सार्वजनिक अभिनंदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। संस्था के इस निर्णय के पीछे आत्ममंथन और सेवा के वास्तविक उद्देश्य को समझने की भावना जुड़ी हुई है। संस्था की टीम का कहना है कि लंबे समय से वे अपने प्रत्येक सेवा कार्य और सोशल मीडिया पोस्ट में ‘निःस्वार्थ सेवा’ शब्द का उपयोग करते आ रहे हैं, लेकिन कहीं न कहीं मन में यह इच्छा भी रहती थी कि किसी मंच पर उनके कार्यों की प्रशंसा हो, उन्हें सम्मान मिले और सार्वजनिक रूप से उनके योगदान का अभिनंदन किया जाए। टीम ने स्वीकार किया कि यह एक मानवीय स्वभाव है और ऐसी अपेक्षा उनके मन में भी कहीं न कहीं मौजूद थी। हालांकि, आत्ममंथन के बाद टीम को महसूस हुआ कि यदि सेवा वास्तव में निःस्वार्थ है, तो उसके बदले सम्मान, प्रशंसा और पुरस्कार की अपेक्षा भी नहीं होनी चाहिए। इसी विचार के साथ संस्था ने स्वयं को मान-सम्मान की अपेक्षा से मुक्त रखने का संकल्प लिया है। संस्था ने कहा कि अपने जिले के लोगों, समाज और जरूरतमंद परिवारों के लिए सेवा का यह सफर पहले की तरह निरंतर जारी रहेगा, लेकिन अब किसी भी सेवा कार्य के बदले किसी प्रकार के सम्मान या पुरस्कार की अपेक्षा नहीं रखी जाएगी। संस्था ने यह निर्णय सार्वजनिक करने की आवश्यकता इसलिए महसूस की, क्योंकि पिछले एक सप्ताह के भीतर दो अलग-अलग स्थानों से सम्मान समारोह में शामिल होने के आमंत्रण प्राप्त हुए थे, जिन्हें टीम ने विनम्रतापूर्वक अस्वीकार कर दिया। टीम ने यह भी स्वीकार किया कि सम्मान के लिए मिले आमंत्रण को अस्वीकार करना उनके लिए भी आसान नहीं था, क्योंकि आमंत्रित करने वालों के मन में संस्था के प्रति स्नेह, अपनापन और सम्मान की भावना जुड़ी हुई है। संस्था ने सभी आयोजकों एवं शुभचिंतकों की भावनाओं का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए उनसे भविष्य में सम्मान, अभिनंदन एवं प्रशस्ति पत्र प्राप्त करने वालों की सूची में संस्था का नाम शामिल नहीं करने का विनम्र आग्रह किया है। संस्था का मानना है कि किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाना, किसी बच्चे के हाथों में किताब पहुंचाना, किसी पीड़ित को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना और किसी असहाय व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना ही उनके लिए सबसे बड़ा सम्मान है। संस्था ने अपने संदेश में भावपूर्ण शब्दों में कहा कि “सम्मान पाने की अपेक्षा नहीं, बल्कि किसी के जीवन में सम्मान और मुस्कान का कारण बनना ही हमारा उद्देश्य है।” प्रयास अ स्माल स्टेप फाउंडेशन का यह निर्णय समाजसेवा के क्षेत्र में एक सकारात्मक संदेश देता है। संस्था ने स्पष्ट किया है कि सेवा का यह सफर किसी पुरस्कार, प्रशंसा या व्यक्तिगत प्रतिष्ठा के लिए नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से बिना किसी अपेक्षा के निरंतर जारी रहेगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here