*जांजगीर-चांपा: मुलमुला थाना पारिवारिक विवाद के बीच युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी*

मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर-चांपा:- जिले के अकलतरा तहसील अंतर्गत ग्राम झलमला में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान शंकर यादव (उम्र लगभग 30–35 वर्ष), पिता छतु यादव, निवासी ग्राम झलमला, थाना मूलमुला के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शंकर यादव और उनकी पत्नी संध्या यादव के बीच पूर्व से पारिवारिक विवाद एवं मारपीट की घटनाएं होती रही थीं। बताया जा रहा है कि पूर्व में संध्या यादव ने इसकी जानकारी अपने मायके पक्ष को दी थी, जिसके बाद पुलिस ने समझाइश एवं चेतावनी की कार्रवाई भी की थी।
इसके बाद दोनों पक्षों की सहमति से शंकर यादव अपनी पत्नी को वापस ग्राम झलमला ले आए थे और दोनों साथ रह रहे थे। हालांकि, इसी बीच एक बार फिर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इसी तनाव के बीच शंकर यादव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उनकी पत्नी संध्या यादव अपने मायके में थी।
घटना की सूचना मिलने पर थाना मूलमुला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की। पोस्टमार्टम रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ में कराया जाएगा, जिसके बाद मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
मौके से एक डायरी, पेन एवं मोबाइल फोन बरामद कर पुलिस ने उन्हें अपने कब्जे में ले लिया है। थाना मूलमुला पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
