गांधी-शास्त्री जयंती पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन

मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली:- डाॅ.भीमराव अम्बेडकर आवासीय विद्यालय मुंगेली द्वारा व्यवस्थापक एच.आर.भास्कर एवं संस्थाध्यक्ष राजेन्द्र दिवाकर के निर्देशन में सेवा, समर्पण और स्वच्छता अभियान के साथ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं द्वितीय प्रधानमंत्री लालबहादूर शास्त्री की जयंती के अवसर पर विद्यालय परिसर में सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम महात्मागांधी एवं लालबहादुर शास्त्री तथा डाॅ.भीमराव अम्बेडकर के छायाचित्र के समक्ष द्वीप प्रज्वलन किया गया। तत्पश्चात सर्वधर्म प्रार्थना की गई। प्रार्थना में प्रातः स्मरण, सरस्वती वंदना, गुरू महिमा, रघुपति राघव राजाराम, जय बोलो सतधर्मों के पश्चात् विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने धर्मों के माध्यम से पूरे देश व समाज में शांति और भाईचारा का संदेश दिया गया । मौन प्रार्थना के साथ वी शैल ओव्हर कम, हर देश में तू, हरवेश में तू और अंत में शांति पाठ किया गया। संस्थाध्यक्ष ने कहा कि बापू के सत्य, अहिंसा व आदर्श को आज भी भारत ही नहीं वरन पूरा विश्व याद करता है। हमें उनके त्याग, बलिदान और आदर्श को याद कर आत्मसात करना चाहिए। लालबहादूर शास्त्री के बारे में कहा कि उन्होंने देश निर्माण के समय कठिन परिस्थितियों में कार्य कर देश को आगे बढ़ाया। ’’जय जवान-जय किसान का नारा’’ देकर युवाओं एवं कृषि जगत को प्रोत्साहित किया। ऐसे दोनों महापुरूषों को सादर नमन। अंत में विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी व सदस्य तथा विद्यालय के प्राचार्य श्रीमती आशा दिवाकर, उपप्राचार्य छत्रपाल डाहिरे, छात्र-छात्रा, शिक्षक-शिक्षिका विशेष रूप से उपस्थित रहे।

