वन विभाग की जमीन पर रेत माफियाओं का कब्जा, फिर भी विभाग मौन
सेकर में 50 से ज्यादा ट्रिप रेत डंप किए जाने की जानकारी, कार्रवाई पर उठ रहे सवाल

बिलासपुर ब्यूरो चीफ़ मोहनीश सिंह राजपूत की खास रिपोर्ट
बिलासपुर। वन विभाग की जमीन पर कथित रूप से रेत माफियाओं का कब्जा होने का मामला सामने आया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बिलासपुर जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम सेकर में वन विभाग की जमीन पर रेत का अवैध डंप किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि मौके पर 50 से अधिक ट्रिप रेत डंप कर रखी गई है।
स्थानीय स्तर पर इस मामले की जानकारी होने के बावजूद अब तक वन विभाग की ओर से किसी तरह की कार्रवाई नहीं होने की बात सामने आ रही है। इससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। हर वर्ष इसी तरह वन विभाग की जमीन पर रेत डंप किए जाने की शिकायतें सामने आती हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से समय रहते कार्रवाई नहीं होने से कथित रेत माफियाओं के हौसले बढ़ते जा रहे हैं।
अब बड़ा सवाल यह है कि जब वन विभाग की जमीन पर खुलेआम बड़ी मात्रा में रेत डंप की जा रही है, तो जिम्मेदार अधिकारियों की नजर आखिर क्यों नहीं पड़ रही? क्या विभाग को इसकी जानकारी नहीं है या फिर जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही है?
मामले की जांच कर वन विभाग की जमीन पर डंप रेत की स्थिति स्पष्ट करने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग उठ रही है।

