रायपुर. छत्तीसगढ़ कांग्रेस में 11 नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है. इसका आदेश आज AICC ने जारी किया है. राजनांदगांव में भागवत साहू, बस्तर में सुशील मौर्य, कवर्धा में होरी राम साहू को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
सक्ति में त्रिलोक चंद जयसवाल, मनेन्द्रगढ़ में अशोक श्रीवास्तव, मोहला-मानपुर में अनिल मानिकपुरी, कोरिया में प्रदीप गुप्ता, पेंड्रा-मरवाही में उत्तम वासुदेव, खैरागढ़ में गजेंद्र ठाकरे, नारायणपुर में रजनु नेताम को जिला अध्यक्ष बनाए गए हैं.
मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर-चांपा / कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देशन में खनिज जाँच दल द्वारा जिले के पामगढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तनौद (नवागांव) का आज औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में गौण खनिज रेत व मिट्टी (ईट) का अवैध उत्खनन, परिवहन करते हुए पाये जाने पर 9 वाहनों पर कार्यवाही किया गया।
प्रभारी खनिज अधिकारी श्री हेमंत चेरपा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान अवैध उत्खनन कर रहे 02 वाहनों तथा अवैध परिवहन कर रहे 7 वाहनों को जप्त कर कार्यवाही किया गया है। उन्होंने बताया कि खनिज मय वाहनों को जप्त कर पुलिस अभिरक्षा में सौपते हुए वाहन मालिकों के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही किया जा रहा है। ग्राम तनौद ( नवागांव), तहसील पामगढ़ में मौके पर 02 स्थानों पर खनिज रेत मात्रा लगभग 1500 घन मी. का अवैध भण्डारण किया जाना पाया गया। उपरोक्त प्रकरणों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के अंतर्गत दण्डात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर ने अवैध उत्खननकर्ताओं, परिवहनकर्ताओं, भण्डारणकर्ताओ के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन, भण्डारण पर प्रभावी नियंत्रण हेतु खनिज अमलो द्वारा विशेष अभियान चलाकर निरन्तर जॉच किया जा रहा हैै। दल में तहसीलदार शिवरीनारायण, नायब तहसीलदार शिवरीनारायण, खनिज निरीक्षक श्री उत्तम प्रसाद खुटे, खनिज सर्वेयर एवं दल प्रभारी पी0डी0 जाडे शामिल थे।
बिलासपुर| मस्तूरी विकासखण्ड के भू विस्थापित मजदूर किसान सहकारी समिति मर्या. जांजी की सदस्यता सूची का प्रथम प्रकाशन जारी कर दिया गया है। जिसका अवलोकन सोसाइटी कार्यालय के नोटिस बोर्ड, उप पंजीयक सहकारी संस्थायें बिलासपुर एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्या0 शाखा सीपत के सूचना पटल पर किया जा सकता है। सूची के संबंध में दावा आपत्ति 23 अगस्त तक लिखित में सोसाइटी कार्यालय में प्रस्तुत किये जा सकते है। प्राप्त आपत्तियों का निराकरण कर सदस्यता सूची का अंतिम प्रकाशन 24 अगस्त को किया जाएगा
रायपुर| देव भूमि हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन से आई विपदा की स्थिति में पीड़ित लोगों की मदद के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़वासियों की ओर से 11 करोड़ रुपये की सहायता राशि की घोषणा की है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि हिमाचल में भीषण प्राकृतिक विपदा आई है। ऐसे में हम सभी छत्तीसगढ़वासी हिमाचल के लोगों के साथ खड़े है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कल ही हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से फोन पर चर्चा की थी तथा हिमाचल प्रदेश के हालात की जानकारी ली थी। मुख्यमंत्री बघेल ने उनसे कहा कि पूरा देश हिमाचल प्रदेश के लोगों के साथ खड़ा है। हम सब सामूहिक एकजुटता के साथ आपदा का सामना करेंगे और सामान्य स्थिति की बहाली के लिए कार्य करेंगे।
बिलासपुर। जिले में स्कूल शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। तखतपुर BEO लोकपाल जोगी सहित 6 कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है। बताया जा रहा है कि वित्तीय गड़बड़ी और घोटाले के आरोप में तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार, कोरबा के पोड़ी उपरोड़ा में पदस्थ के दौरान गड़बड़ी का मामला सामने आया था। जिसके बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने जांच की। जांच में पता चला कि 23 लाख रुपए का वित्तीय घोटाला हुआ है। जिसके बाद तत्काल प्रभाव से 6 कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है।
स्वीप गतिविधि के तहत नवविवाहिताओं को मतदान के लिए दिलाई गई शपथ।
हाथों में मेहंदी लगाकर तथा रंगोली बनाकर दिया मतदान जागरूकता का संदेश।
कोरबा – कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सौरभ कुमार के निर्देशन में जिला नोडल स्वीप व मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री विश्वदीप की उपस्थिति में स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत लाईवलीहुड कॉलेज में मतदाता जागरूकता हेतु नवविवाहिता वधुओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिसमें नव विवाहिताओं ने हाथों में मेहंदी लगाकर तथा रंगोली बनाकर स्वीप अभियान, वोट डालने आदि का जागरूकता संदेश दिया। इस अवसर पर सीईओ ने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को मतदान अवश्य करने की शपथ दिलाई। उन्होंने नए मतदाताओं को मतदाता परिचय पत्र बनाने के लिए प्रेरित किया तथा उन्होंने मतदान के अधिकार की महत्ता बताई, साथ ही नवविवाहिताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि मतदान के अधिकार का उद्देश्य लिंग, जातिभेद से ऊपर उठकर समानता लाना भी है।
सीईओ ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपने मताधिकार का उपयोग किया जाना बहुत जरूरी होता है। निर्वाचन में एक-एक मत का महत्व होता है। हमें अपने मत का उपयोग अवश्य करना चाहिए। जिला पंचायत सीईओ श्री विश्वदीप ने सभी मतदाताओं को शपथ दिलाते हुए कहा कि मतदाता की सक्रिय भागीदारी से देश का लोकतंत्र मजबूत एवं स्थायी बनता है। आप सभी अच्छे मतदाता का परिचय देते हुए लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी अहम भूमिका निभाएं। साथ ही किसी भय, प्रलोभन, लालच या बहकावे में आकर मतदान नहीं करें। श्री विश्वदीप ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने, स्थानांतरित करवाने हेतु उपयोग में आने वाले आवेदन फार्म-6, फार्म-7, फार्म-8 की उपयोगिता बताई। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती सीमा पात्रे, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्रीमती प्रीति खोखर चखियार उपस्थित थे।
कैंसर के मरीजों को मिलेगी निःशुल्क डे-केयर कीमोथेरेपी की सुविधा।
कोरबा – कलेक्टर श्री सौरभ कुमार के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस. एन. केशरी एवं अधिष्ठाता डॉ. अविनाश मेश्राम के प्रयास से जिले में कैंसर के ईलाज की सुविधा प्रारंभ हो गई है। जिले के स्व. बिसाहू दास स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय संबंध अस्पताल के ट्रामा सेंटर बिल्डिंग में प्रातः 8 बजे से 2 बजे तक कैंसर रोग- रेडियोथेरेपी विभाग की डे-केयर कीमोथेरेपी की सुविधा मिलेगी। जिससे जिले के कैंसर रोगियों को अब इलाज के लिए बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। अब जिला चिकित्सालय कोरबा में ही कैंसर रोगियों की स्क्रीनिंग तथा डे केयर कीमोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध होगी।
सीएमएचओ डॉ. केसरी ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इसके पूर्व जिले के किसी भी अस्पताल में कैंसर रोगियों के उपचार की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। कैंसर रोगियों के ईलाज हेतु विभाग में डॉ पी. पाणिग्रही (एम.एस.), डॉ. सोनू कुमार साहू (जे.आर.) तथा डॉ. माधवी महत (जे.आर.) की नियुक्ति की गई है। इससे कैंसर रोगियों का कोरबा जिले में ही इलाज हो सकेगा और उन्हें मानसिक और शारीरिक परेशानी के साथ आर्थिक रूप से राहत मिलेगी।
कैंसर का इलाज न सिर्फ शारीरिक रूप से परेशान करने वाला होता है बल्कि आर्थिक रूप से भी परिवार को कष्ट देता है। कैंसर के मरीज का बाहर किसी चिकित्सालय में इलाज हेतु कीमोथेरेपी की आवश्यकता होती है जिसकी एक डोज पर 5 से 26 हजार रूपये खर्च आता है। साथ ही ईलाज के दौरान दी जाने वाली दवाई और आने-जाने का खर्च अतिरिक्त रूप से मरीज को वहन करना पड़ता है। एक मरीज को कीमो का 6 से 7 डोज दिया जाता है। इससे मरीज को बहुत अधिक आर्थिक बोझ सहना पड़ता है। स्व बिसाहू दास स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय संबंध अस्पताल के ट्रामा सेंटर में कैंसर रोग-रेडियोथेरेपी विभाग की डे-केयर कीमोथेरेपी की सुविधा प्रारंभ होने से मरीजों को उक्त खर्चों से पूरी तरह छुटकारा मिलेगा एवं उनकी आर्थिक बचत होगी। कैंसर यूनिट में कैंसर रोग की स्क्रनिंग के साथ साथ-साथ कीमोथेरेपी की सुविधा तथा इसके साथ इससे संबंधित अन्य दवाईयों भी निःशुल्क दी जायेगी।
डॉ. केशरी ने कैंसर के लक्षण की पहचान के संबंध में बताया कि इसका लक्षण बहुत विविधतापूर्ण हो सकता है। उन्होंने बताया कि कैंसर का लक्षण हो सकता कि वे बिल्कुल ना पाए जाए। इसी प्रकार कुछ मरीजों में असमान्य गाँठे, समझ ना आने वाला बुखार रात में पसीना आना या अनजाने में वजन में हुई वृद्धि या कमी, पाचन संबंधी समस्या कब्ज या दस्त होना, आवाज बदल जाना, लिम्फ नोड्स में सूजन, त्वचा के रंग में बदलाव इसके लक्षण में शामिल हैं। ऐसे लक्षणों वाले मरीज स्व बिसाहू दास स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय सबंध अस्पताल कोरबा के ट्रामा सेंटर बिल्डिंग, प्रथम तल में प्रातः 8 से दोपहर 2 बजे तक में कैंसर रोग-रेडियोथेरेपी विभाग की डे-केयर में इलाज की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सेक्टर अधिकारियों की बैठक में मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की, दिए जरूरी निर्देश।
कोरबा – कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सौरभ कुमार ने आज जिला पंचायत सभाकक्ष में आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 के संबंध में सेक्टर अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कलेक्टर ने सेक्टर अधिकारियों को उनके चिन्हांकित मतदान केंद्रों का स्थल निरीक्षण करके भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों का अवलोकन करके उन केंद्रों पर मोबाइल नेटवर्किंग, मतदान केंद्रों की कंट्रोल टेबल एवं ईएमएफ/एएमएफ, वल्नेरेबल मैपिंग मतदान केंद्रों की स्थिति तथा मतदान केंद्रों में अभिहित अधिकारी की उपस्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सभी सेक्टर अधिकारियों को मतदान केंद्रो पर पारदर्शिता के साथ चुनाव प्रक्रिया कराने के लिए इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने अधिकारियों को मतदान केंद्रों के पहुंच मार्ग (रास्ता) का भी निरीक्षण करने के लिए कहा है ताकि मतदान दल आसानी से उन केंद्रों तक पहुंच सकें। कलेक्टर ने संवेदनशील, अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की भी जानकारी के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सेक्टर अधिकारियों से विधानसभावार मतदान केन्द्रों की स्थिति और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को अपने संबंधित मतदान केंद्रों में एक दिन पूर्व मतदान दलों के साथ सामग्री को पूर्ण रूप से सुरक्षित पहुंचाना और अपने रिटर्निंग अधिकारी को रिपोर्टिंग करने की भी जिम्मेदारी होगी। इसे देखते हुए सभी सेक्टर अधिकारी जरूरी व्यवस्थाएं करने समय पर सूचित करें। कलेक्टर श्री सौरभ कुमार ने सभी सेक्टर अधिकारियों को मतदान केंद्र से संबंधित बीएलओ एवं अन्य जरूरी लोगों से संपर्क करने, मतदाता सूची का अध्ययन करने, ईव्हीएम, व्हीव्हीपैट का संचालन तथा मशीन के संबंध में पर्याप्त जानकारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने नेटवर्क कनेक्टिविटी के लिए भी ग्रामीणों से पर्याप्त जानकारी रखने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री प्रदीप साहू, एसडीएम श्री श्रीकांत वर्मा, उप निर्वाचन अधिकारी श्रीमती सीमा पात्रे आदि उपस्थित थे।
आशीष कश्यप बिलासपुर,,पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र जयसवाल, राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन, डीएसपी लाइन मंजुलता केरकेट्टा के नेतृत्व में पुलिस लाइन बिलासपुर बिलासगुड़ी में सुबह 6:30-7:30 तक योगा शिविर का आयोजन किया जा रहा है जिसमें मानसिक और शारीरिक संतुलन बनाने और बेहतर स्वास्थ्य के लिए पुलिस परिवार, पुलिस स्टाफ, सीएएफ,रेडियो, MT वर्कशॉप के महिला बच्चे और अधिकारी कर्मचारी शामिल हो रहे हैं जिसमें प्रशिक्षित योग गुरु अंकित, नीलम भंडारी, आरक्षक अरुण कुमार के माध्यम से यह कार्यक्रम आयोजित हो रही है।
प्रतिदिन सुबह 6:30-7:30 तक पुलिस लाइन मीटिंग हॉल में शामिल होकर योगशिविर का लाभ ले सकते है| निजात अभियान के तहत् पुलिस परिवार और स्टाफ के लिए जो अवैध नशा ड्रग्स नारकोटिक्स के लत का त्याग कर बेहतर जीवन यापन करना चाहते हैं और उनसे जुड़े लोग जो दूसरो को इनसे बचने के लिए प्रेरित करने के साथ साथ शारीरिक और मानसिक संतुलन बनाये रख कर अपने दैनिक कर्तव्य और दैनिक जीवन बेहतर करने हेतु यह प्रयास किया गया जिसका लाभ सभी अधिकारी कर्मचारी और इनके परिवार के सदस्य उठा सकते है।
Chhattisgarh Weather Alert: Heavy rain alert issued in many districts of the state
रायपुर| छत्तीसगढ़ के कई जिलों में आज और कल भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कांकेर, बीजापुर और नारायणपुर के लिए ऑरेंज अलर्ट और दंतेवाड़ा, बस्तर, राजनांदगांव, बालोद, दुर्ग, धमतरी और रायपुर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को भी राजधानी रायपुर समेत धमतरी, गरियाबंद, बस्तर, कोंडागांव और कांकेर जिलों के कुछ जगहों पर भारी बारिश हुई है। इसके अलावा बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में भी जमकर बादल बरसे।
रायपुर में तालाब बनी सड़कें,घरों में घुसा पानी
रायपुर में कुछ ही घंटे तेज बारिश में सड़कों का हाल तालाब जैसा हो गया। कई इलाकों में लोगों के घरों के भीतर पानी घुस गया। नगर निगम ने ढेर सारे दावे जरूर किए थे लेकिन तेज बारिश ने सारे दावों की पोल खोल दी। कुशालपुर, प्रोफेसर कॉलोनी, चंगोराभाठा,एनआईटी रोड, जयस्तंभ और तेलीबांधा के आसपास के इलाकों में पानी भर गया। लोगों ने जलभराव का वीडियो शेयर कर नगर निगम की व्यवस्था और महापौर पर नाराजगी जाहिर की। यहां कुछ ही घंटों की बारिश ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा दी। राजधानी रायपुर में दोपहर तक 85 मिलीमीटर, कांकेर में 68 और रामानुंजगंज में 60 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसूनी द्रोणिका का पश्चिमी छोर हिमालय की तराई में है और पूर्वी छोर माध्य समुद्र तल पर बाराबंकी, देहरी, रांची, दीघा और उसके बाद दक्षिण-पूर्व की ओर उत्तर- पूर्व बंगाल की खाड़ी तक है। एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन गया है, इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रवात 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इस मौसम में तंत्र के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए मध्य छत्तीसगढ़ से गुजरने की संभावना है।