Home Blog Page 729

मानव-हाथी द्वन्द रोकने की दिशा में उठाएं प्रभावी कदम : कलेक्टर

0

मानव-हाथी द्वन्द रोकने हेतु गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक हुई आयोजित।

कोरबा – कलेक्टर श्री अजीत वसंत की अध्यक्षता में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मानव-हाथी द्वन्द्व रोकने हेतु गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। उन्होंने जिले के वनांचल क्षेत्रों में हाथी-मानव द्वंद को कम करने तथा जंगली हाथियों से किसी तरह की जनहानि न हो, इस संबंध में प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र शुक्ला, वनमण्डलाधिकारी कोरबा श्री अरविंद पीएम, वनमण्डलाधिकारी कटघोरा श्री कुमार निशांत, विद्युत, खाद्य, उद्यानिकी, आबकारी सहित अन्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर ने हाथियों को रिहायशी क्षेत्रों से दूर रखने में लगी टीम को सतर्क रहने एवं मुस्तैदी से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने हाथी विचरण क्षेत्रों में वन्य प्राणियों को नुकसान पहुँचाने वाले विद्युत तारों को दुरुस्त कराते हुए निर्धारित ऊँचाई तक बढ़ाने की बात कही। इस हेतु विद्युत विभाग को वन विभाग के माध्यम से प्राप्त सूची के अनुसार इन क्षेत्रों में कम ऊंचाई वाले विद्युत तारों की आवश्यकतानुसार ऊपर बढ़ाने एवं अवैध हुकिंग पर भी कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। उन्होंने हाथी प्रभावित क्षेत्रों में स्थित धान उपार्जन केंद्रों में धान की खरीदी, उठाव एवं परिवहन शीघ्रता से कराने के लिए कहा। साथ ही इन क्षेत्रों में क्रेडा के माध्यम से सोलर हाईमास्ट लाईट लगाने हेतु डीएफओ कटघोरा को ऐसे स्थानों की सूची तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने हाथी विचरण क्षेत्रों में मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देने हेतु उद्यानिकी विभाग को कार्ययोजना तैयार कर पायलट प्रोजेक्ट के रूप में किसी एक गांव में कार्य प्रारंभ करने की बात कही। कलेक्टर ने आबकारी अधिकारी को वनांचलों में अवैध महुआ लाहान, महुआ शराब के निर्माण व भण्डारण पर भी निरंतर कार्यवाही करने के लिए कहा। साथ ही पुलिस विभाग को जिले में हाथियों से जान-माल की क्षति को बचाने के लिए वन विभाग का पूर्ण सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए। बैठक में हाथियों द्वारा किए जाने वाले फसलों एवं जनहानि की घटनाओं पर यथाशीघ्र मुआवजे का वितरण कराने हेतु वन विभाग को निर्देशित किया गया। कटघोरा वनमण्डलाधिकारी श्री कुमार निशांत द्वारा हाथी-मानव द्वन्द रोकने की दिशा में विभाग द्वारा की जा रही कार्यवाही के संबंध में भी विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में जंगली हाथियों के आगमन की सूचना ग्रामीणों को विभाग द्वारा प्राथमिकता से दी जाती है एवं ग्रामीणों को अनावश्यक जंगलों में नहीं जाने हेतु जागरूक भी किया जा रहा है।

राशन वितरण की अनियमितता पर तत्काल जांच कर आवश्यक कार्यवाही करें सुनिश्चित – कलेक्टर

0

अधिकारियों को फील्ड विजिट कर संस्थाओं के संचालन व योजनाओं की प्रगति पर निगरानी रखने के दिए निर्देश।

सभी पंचायतों में आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु लगाए जाएंगे शिविर।

कोरबा – कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा की बैठक में आज कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने विभागीय योजनाओं की कार्य प्रगति एवं विभागवार समय सीमा के लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने जिले में गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारी, आयुष्मान कार्ड निर्माण, आधार अपडेशन, विद्युतविहीन शालाओं आंगनबाड़ी में विद्युतीकरण, पीएम जनमन योजना, राखड़ परिवहन, अतिक्रमण पर नियंत्रण व कार्यवाही सहित अन्य योजनाओं एवं समय सीमा के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर निगमायुक्त सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई, प्रभारी सीईओ जिला पंचायत श्री प्रदीप साहू, अपर कलेक्टर श्री दिनेश नाग सभी एसडीएम सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड विजिट कर शासकीय संस्थाओं के संचालन एवं विभागीय योजनाओं की क्रियान्वयन स्थिति पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा की विभागीय अधिकारी अपने कार्यालयीन कार्य व फील्ड विजिट पर संतुलन बनाते हुए अपने कार्यों का संपादन करें। उन्होंने पंचायतों में राशन वितरण की अनियमितता की मिलने वाली शिकायतों पर सम्बंधित अधिकारियों को तत्काल मामले की पूर्ण जांच कर आवश्यक कार्यवाही करते हुए लोगों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम को पंचायतो में उचित मूल्य की राशन दुकानों का भी नियमित रूप से निगरानी रखने के लिए निर्देशित किया।
कलेक्टर ने बैठक में गणतंत्र दिवस समारोह कार्यक्रम में बैठक व्यवस्था, मंच संचालन, आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम , झांकी, परेड, सम्मानित होने वाले कर्मचारी, पुरस्कार वितरण, सहित अन्य गतिविधियों की जानकारी लेते हुए सभी अधिकारियों को सौपें गए कार्यों का जिम्मेदारी पूर्वक निर्वहन करने के लिए कहा। उन्होंने जिले के ईंट भट्ठा में कार्य करने वाले मजदूर परिवारों के बच्चों को भट्ठा संचालन के दौरान तक बेसिक शिक्षा व स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने के लिए विशेष आंगनबाड़ी की तर्ज पर बालवाड़ी/ पालानागृह संचालित करने की बात कही। साथ ही ऐसे क्षेत्रों में शौचालय एवं पेयजल की भी व्यवस्था सुनिश्चित करने व समय समय पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित के लिए कहा।
कलेक्टर ने जिले में आयुष्मान कार्ड निर्माण की जानकारी लेते हुए सभी जनपदों में शत प्रतिशत राशनकार्डधारियों का आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। साथ ही आधार कार्ड अपडेशन से वंचित लोगों का भी आधार कार्ड प्राथमिकता से पूर्ण कराने के लिए कहा। इस हेतु कलेक्टर ने सभी एसडीएम, जनपद सीईओ को पंचायतो में अभियान चलाने के लिए निर्देशित किया। साथ ही जनपदवार विस्तृत कार्य योजना तैयार कर अलग अलग दिनों में पंचायतों में शिविर आयोजित करने की बात कही। आयोजित शिविर में स्वास्थ्य विभाग, आधार ऑपरेटरों सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने एवं वंचित लोगों को गम्भीरता से लाभान्वित करने के लिए कहा। साथ ही शिविर में लाभार्थियों की आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति एवं आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्तियों को जरूरी सहयोग प्रदान करने के लिए भी कहा। जिससे शिविर का उद्देश्य पूर्ण हो सके। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि किसी भी विभाग में वेतन भुगतान, पेंशन, अनुकम्पा के प्रकरण अनावश्यक लंबित नही होना चाहिए। लंबित प्रकरणों पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने भवन विहीन एवं विद्युतविहीन शालाओं, आंगनबाड़ियों की सूची तैयार कर शीघ्रता से उपलब्ध कराने के लिए कहा। कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में शासकीय भूमि पर किए जा रहे अतिक्रमण पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने भू-विस्थापितों की समस्या को सुलझाने के लिए सम्बंधित उपक्रमों के अधिकारियों की बैठक आयोजित करने के निर्देश अपर कलेक्टर को दिए। समय सीमा के लंबित प्रकरणों की विभागावार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी लंबित प्रकरणों पर नियमानुसार कार्यवाही करते हुए यथाशीघ्र निराकृत करने के निर्देश दिए।

पीएम जनमन योजना से पीवीटीजी वर्ग के वंचित लोगों को प्राथमिकता से लाभान्वित करने के दिए निर्देश –
कलेक्टर ने जिले के विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के हितों के लिए संचालित पीएम जनमन योजना के तहत किए गए कार्याे की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए पीवीटीजी के शिक्षित युवाओं का सर्वे कराने के निर्देश दिए। जिससे उन्हें रोजगार उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनाया जा सके। साथ ही पीएम जनमन योजना के तहत पीवीटीजी वर्ग के वंचित व पात्र लोगों को शत प्रतिशत लाभान्वित करने के लिए कहा। इस हेतु उन्हें प्राथमिकता से आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, वन अधिकार पट्टा, केसीसी, पीएम किसान सम्मान निधि, जनमन खाता से लाभान्वित करने हेतु निर्देशित किया।

राखड़ परिवहन में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनो पर करें कार्यवाही –
कलेक्टर ने समय सीमा की बैठक में कहा कि अव्यवस्थित राखड़ परिवहन पर की जाने वाली कार्यवाही सतत प्रक्रिया है। इस हेतु जिले में अवैध परिवहन एवं डंपिंग करने वाले वाहनों पर कार्यवाही नियमित रूप से चलती रहेगी। उन्होंने एसडीएम और जिला परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया कि राखड़ परिवहन में लगे सभी गाड़िया नियमों का अनिवार्यतः पालन करें। साथ ही नियमों के उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर द्वारा टी.बी. मरीजों को प्रदान किया गया फूड बास्केट।

0

कोरबा – कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने आज प्रधानमंत्री टी.बी मुक्त अभियान के तहत जिले के विकासखण्डों में चिन्हांकित टीबी मरीजों को आवश्यक पोषण सहायता (फूड बास्केट) प्रदान किया। साथ ही मरीजों का स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ एस. एन. केशरी, जिला क्षय नियंत्रण अधिकारी डॉ जी. एस. जात्रा, डब्लूएचओ कंसल्टेंट डॉ. रितु कश्यप, डीपीएम डा अशरफ अंसारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
गौरतलब है कि जिला रेडक्रास सोसायटी द्वारा जिले में 120 चिन्हांकित टीबी मरीजों हेतु निक्षय मित्र बनकर उनके इलाज के दौरान आवश्यक पोषण सहायता के लिए फूड बास्केट प्रदान किया गया है। उन्होंने बताया कि इन प्रदायित फूड बास्केट को प्रत्येक विकासखण्ड के अतिरिक्त पोषण आहार की आवश्यकता वाले 20 चिन्हांकित टी.बी. मरीज को वितरित किया गया है।
सीएमएचओ डॉ. केशरी ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में संपूर्ण देश में प्रधानमंत्री टी.बी मुक्त अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत वर्ष 2025 तक देश से टीबी रोग का उन्मूलन करना है। उन्होंने बताया कि टीबी से लड़ने के लिए दवा के अलावा पोषण युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन भी जरूरी है। इस हेतु योजनांतर्गत एक अभिनव पहल करते हुए जिले के कार्पाेरेट व्यक्ति, जनप्रतिनिधी, अधिकारी, कर्मचारी, समाज सेवक आदि को निक्षयमित्र बनकर टीबी मरीजों को गोद लेकर उनके इलाज के दौरान आवश्यक पोषण सहायता दिए जाने जी व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत सांसद, विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधि, समाज सेवी, उद्योगपति, शासकीय सेवक, रेडक्रास सोसायटी, सी एस.आर. विंग्स व सामान्य नागरिक ऑनलाईन लागिन कर निक्षय मित्र बन सकते हैं। साथ ही जिला क्षय नियंत्रण अधिकारी मेडिकल कॉलेज कोरबा से संपर्क कर भी निक्षय मित्र के रूप में अपना पंजीयन कराकर टीबी मरीजों को 06 महीने (प्रतिमाह 500 रूपये) तक दाल, सोयाबीन बड़ी, तेल, मूंगफली या दूध पाउडर जैसे पोषण आहार उपलब्ध करा सकते हैं।

शुष्क दिवस पर कोरबा पुलिस के द्वारा अवैध शराब पर कार्रवाई।

0

पुलिस की छापेमारी में विभिन्न थाना/चौकी क्षेत्र में 20 लीटर महुआ शराब एवं 11 पाव देसी प्लेन अवैध शराब को किया गया जप्ती।

01 महिला एवं 02 पुरुष आरोपियों पर आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही किया गया।

कोरबा – श्रीमान पुलिस महानिदेशक श्री अशोक जुनेजा के द्वारा राज्य में किसी भी प्रकार के अवैध नशा पर प्रभावी कार्यवाही के अभियान चलाकर अवैध शराब, गांजा एवं अवैध नशीली पदार्थ के विरुद्ध सख्ती से कार्यवाही करने का निर्देश दिया गया जिस पर पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर श्री अजय यादव एवं पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री जितेंद्र शुक्ला से मार्गदर्शन प्राप्त कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय श्री अभिषेक वर्मा के पर्यवेक्षण में जिला के सभी थाना/चौकी में सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों पर, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर एवं अवैध शराब पर लगातार कार्यवाही जारी है। गांव में थाना प्रभारीगण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर अवैध शराब की सूचनाएं देने लोगों को प्रेरित किया जा रहा है जिससे कई थाना क्षेत्र से अवैध महुआ शराब बनाने की सूचनाएं पुलिस टीम को प्राप्त हो रही है जिन पर कार्यवाही किया जा रहा है। इसी कड़ी में 22 जनवरी शुष्क दिवस पर थाना उरगा के ग्राम उमरेली , थाना उरगा के ग्राम तरदा, थाना पाली के पाली मरचूरी के पास में संबंधित थानों की टीम के द्वारा रेड किया गया। कई स्थानों पर अवैध महुआ शराब बनाने के ठिकानों पर पुलिस ने छापेमार कार्रवाई कर महुआ पास और भट्टी को नष्ट किया गया है, साथ ही अवैध शराब बनाने, बेचने और पीने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई किया गया। पुलिस टीम की कार्यवाही में मिले 01 महिला एवं 02 पुरुष। कुल 20 लीटर महुआ शराब और 11 पांव देसी प्लेन शराब जप्ती की गई है। 03 आरोपियों पर आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही किया गया है, आगे भी कोरबा पुलिस के द्वारा अवैध शराब पर कार्यवाही जारी रहेगा।

शहर में अवैध रुप से संचालित हुक्का बार पर पुलिस की दबिश।

0

साइबर सेल कोरबा एवं सीएसईबी चौकी की संयुक्त कार्यवाही।


रसूखदार 07 लोगों पर कोटपा एक्ट के तहत कार्यवाही,आरोपियों से भारी मात्रा में हुक्का सामग्री जप्त।

कोरबा – मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 22.01.2024 को मुखबीर के माध्यम से सूचना मिला था टीपी नगर कोरबा में कुछ लोग भारी मात्रा में हुक्का बार का अवैध रुप से संचालन किये है। उक्त सूचना के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियो को अवगत कराया गया। जिसपर पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री जितेन्द्र शुक्ला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री अभिषेक वर्मा के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक दर्री रॉबिन्सन गुडिया व नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री भूषण एक्का के पर्यवेक्षण मे तत्काल त्वरित कार्यवाही करने हेतु चौकी प्रभारी सीएसइबी उप निरी. विनोद खाण्डे एवं सायबर सेल टीम कोरबा को आवश्यक दिशा निर्देष प्राप्त हुआ था।

वरिष्ठ अधिकारियो से प्राप्त दिशा निर्देश के परिपालान में साइबर सेल कोरबा प्रभारी रॉबिंसन गुड़िया एवं सायबर टीम के साथ चौकी प्रभारी सीएसइबी उप निरी. विनोद खाण्डे व टीम के द्वारा मुखबीर से प्राप्त सूचना की तस्दीक मौके पर जाकर किया गया जो मौके पर कुल 07 लड़के हुक्का पीते मिले जो सम्पूर्ण कमरे में हुक्काबार जैसी स्थिति निर्मित कर संयुक्त रुप से भारी मात्रा में सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद सेवन करते पाये गये, जिनसे पुछताछ करने पर अपना-अपना नाम हामीद मेमन, विकास ठाकुर, आयुष सिंह रिषभ अग्रवाल, प्रीतम साहू, ओएश मेमन एवं समीर सिंह बताऐ है, जिन्हे मौके पर इतनी भारी मात्रा में सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद का सेवन करने/कराने के संबंध में धारा 91 दं.प्र.सं. का नोटिस देकर वैध दस्तावेज / अनुज्ञप्ति की मांग किया गया, जिनके द्वारा कोई लायसेंस नही होना लेख कर जवाब प्रस्तुत करने पर समक्ष गवाहों के आरोपीगण के कब्जे से मुताबिक जप्ती पत्रक (01) हुक्का पीने का शीशा कुल 08 सेट तथा 11 नग हुक्का पाईप कीमती करीब 24000/- (02) अलादीन कम्पनी का हुक्का तम्बाकू फ्लेवर कुल 11 पैकेट कीमती करीब 1650/-, (03) अफजल कम्पनी का हुक्का तम्बाकू फ्लेवर कुल 11 पैकेट कीमती करीब 1100/- (04) अल्फाखेर कम्पनी का हुक्का तम्बाकू फ्फेसर 01 किग्रा. वाला 01 डिब्बा कीमती करीब 2449/- (05) अल अयान कम्पनी का हुक्का तम्बाकू फ्लेवर 01 किग्रा. वाला 02 डिब्बा कीमती करीब 4000/- (06) हुक्का में उपयोग किये जाने वाला अल अकबर कम्पनी का चारकोल 250 ग्राम वाला कुल 19 पैकेट कीमती करीब 1900/- कुल जुमला कीमती 35099/- को जप्त कर वजह सबूत में कब्जा पुलिस लिया गया तथा आरोपीगण के विरुद्ध धारा 21 (क) (ख) सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद अधिनियम 2003 (छ0ग0 संसोधन अधिनियम 2023) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

गिरफ्तार आरोपीगण का विवरण :-
(01) हामीद मेमन पिता जाहिद मेमन उम्र 24 साल सा० प्लॉट नं0 37 टीपी नगर कोरबा चौकी सीएसईबी जिला कोरबा
(2) विकास ठाकुर पिता प्रकाश ठाकुर उम्र 24 साल सा० बंछोर क्लीनीक के पिछे कोसाबाड़ी थाना सिविल लाईन रामपुर जिला कोरबा (छ०ग०).
(3) आयुष सिंह पिता स्व० विनोद कुमार सिंह उम्र 22 साल सा० एल.आई.जी-18 आर.पी. नंगर फेस-1 थाना सिविल लाईन रामपुर जिला कोरबा (छ०ग०).
(4)रिषभ अग्रवाल पिता महेश अग्रवाल उम्र 24 साल सा० गांजा गली पुराना बस स्टैण्ड कोरबा थाना कोतवाली जिला कोरबा,
(5) प्रीतम साहू पिता स्व० राम अवतार साहू, उम्र 23 साल सा० एल.सी.एच-40 एस.बी.एस कॉलोनी चौकी मानिकपुर जिला कोरबा,
(6) ओएश मेमन पिता जाहिद मेमन उम्र 21 साल सा० प्लॉट नं0 37 टीपी नगर कोरबा चौकी सीएसईबी जिला कोरबा
(7) समीर सिंह पिता राघवेन्द्र सिंह उम्र 23 साल सा० म.नं.-59 पतेरी थाना पतेरी जिला सतना (म०प्र०) हाल मुकाम विकास ठाकुर का मकान बंछोर क्लीनीक के पिछे कोसाबाडी थाना सिविल लाईन रामपुर जिला कोरबा (छ०ग०)

एनटीपीसी अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर विशाल तिवारी की सड़क दुर्धटना में मौत

0

कोरबा– दर्री थानांतर्गत एक जबरदस्त सड़क हादसा हुआ है। एनटीपीसी के विभागीय अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर विशाल तिवारी की सड़क दुर्धटना में दर्दनाक मौत हो गई। डॉक्टर एनटीपीसी कॉलोनी स्थित अपने घर से कार के माध्यम से कहीं जा रहे थे इसी दौरान उनकी कार एक पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना जबरदस्त था,कि एयर बैग खुलने के बाद भी वह गंभीर रुप से घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए तत्काल विभागीय अस्पताल में भर्ती कराया गया बावजूद इसके उनकी जान नहीं बच सकी।

बताया जा रहा है कि डॉक्टर विशाल तिवारी कार पर अकेले थे दर्री मुख्य मार्ग पर यह हादसा हुआ है कार की रफ्तार काफी तेज था जहाँ अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से सीधे जा टकराया। डॉक्टर खून से लथपथ कार पर बेसुध पड़े हुए थे जब राहगीरों की नजर पड़ी तब उसे तत्काल अस्पताल लेकर विभागीय एनटीपीसी अस्पताल लेकर पहुचे। जहां उसकी हालत को देखते हुए कोरबा के निजी अस्पताल में रेफर किया जहां डॉक्टर ने जांच के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक विशाल मूलता उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और एनटीपीसी के विभागीय क्वार्टर पर अकेले रहते थे। इस घटना के बाद पुलिस ने इसकी सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है। दर्री थाना प्रभारी रूपक शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलती है पुलिस मौके पर पहुंची और जांच कार्यवाही शुरू की। मामले में मर्ग कायम कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

6वीं के छात्र की लाश फांसी के फंदे में लटकी मिली।

0

कोरबा – सीएसईबी चौकी अंतर्गत बुधवारी बस्ती में रहने वाले 6वीं के छात्र की फांसी के फंदे में लटकी लाश मिली हैं। मृतक का नाम शुभांशु टेकाम बताया जा रहा हैं। बालक की मृत्यु से पूरा परिवार सदमे में है। बताया जा रहा है कि शाम के समय मृतक अपनी मां के साथ भोग-भंडारा खाने के लिए गया हुआ था। वहां से वह पढ़ाई करने के नाम पर घर आ गया।मां जब वापस घर लौटी तब पता चला की उसके बेटे ने फांसी लगा ली है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कार्यवाही कर रही है।

सड़क एवं नाली निर्माण के कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराएं: कलेक्टर।

0

निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश।

कोरबा –  कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में निर्माण विभागों की समीक्षा बैठक लेकर स्वीकृत व अपूर्ण निर्माण कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा निर्वाचन को ध्यान में रखते हुए सभी निर्माण विभाग सीसी रोड निर्माण, नाली निर्माण जैसे छोटे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराएं। साथ ही स्कूलों एवं आश्रम-छात्रावासों के मरम्मत कार्य को भी गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द पूर्ण करें। इस हेतु उन्होंने आरईएस एवं सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने नगरीय निकाय, पीएमजीएसवाई, पीडब्ल्यूडी, सेतु विभाग, आरईएस, आदिवासी विकास विभाग, गृह निर्माण विभाग, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी आदि के विभागीय कार्यों, डीएमएफ मद के कार्यों तथा सीएसआर मद के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की तथा विभागों में स्वीकृत व अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थल विवाद के कारण निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। इस हेतु स्थल विवाद के प्रकरण संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं तहसीलदार के सहयोग से प्राथमिकता से निराकृत करा लिए जाएं जिससे निर्माण कार्य शीघ्रता से पूर्ण किए जा सकें। साथ ही सभी विभागीय अधिकारी निर्माण कार्यों में लगे क्रियान्वयन इकाई की समय-समय पर बैठक लेकर कार्य प्रगति की समीक्षा करें।
स्कूल जतन योजना के तहत विद्यालयों के जीर्णोद्धार कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि जीर्णोद्धार कार्य फरवरी माह तक पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने मुआवजा भुगतान से संबंधित सड़क निर्माण या अन्य निर्माण कार्य को मुआवजा भुगतान के बाद ही प्रारंभ करने की बात कही। ग्राम पंचायतों में शासकीय निर्माण कार्यों के लिए भूमि अनुपलब्धता या भूमि विवाद की जानकारी संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के संज्ञान में लाकर निराकृत किए जाएं। कलेक्टर ने विद्युत विभाग को जिले में विद्युत विहीन बसाहटों का सर्वेक्षण कर बिजली सुविधा उपलब्ध कराने निर्देश दिए। बैठक में निगम आयुक्त सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई, सहायक आयुक्त आदिवासी विभाग श्री श्रीकांत कसेर सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

कोरबा पुलिस की ओर से 26 जनवरी को रोड सेफ्टी बाइक रैली।

0

यह रैली CSEB ग्राउंड से शुरू होगी घंटाघर के ओपन एयर थिएटर में समाप्त होगी।

कोरबा – आपको 26 जनवरी 2024 को सायं 3:00 बजे होने वाले ‘रोड सेफ्टी बाइक रैली’ में हमारे साथ जुड़ने के लिए आमंत्रित किया जाता है! यह रैली CSEB ग्राउंड से शुरू होगी और हम TP नगर, पुराने बस स्टैंड, महाराणा प्रताप चौक, आईटीआई चौक से होकर और फिर घंटाघर के ओपन एयर थिएटर में समाप्त होगी। इस महत्वपूर्ण क्षण में हमें आपके साथ देखने का सतर्कता और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता की आवश्यकता है।

यह रैली सुरक्षित सड़कों के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने का एक प्रभावशाली माध्यम है जो हमारी सड़कों को सुरक्षित बनाए रखने के लिए एक मिशन का हिस्सा बना है। हम आप सभी से यहाँ जुड़ने की आवश्यकता महसूस करते हैं ताकि हम एक मिलनसर रैली का आयोजन कर सकें जिसमें सभी को सुरक्षा के महत्वपूर्ण सिद्धांतों के बारे में शिक्षा मिले।

इस रैली का उद्देश्य न केवल रोड सुरक्षा के महत्व को बढ़ाना है, बल्कि हमें एक सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन की दिशा में एक कदम और बढ़ाना है। इस मौके पर आपकी भागीदारी से हम एक सुरक्षित और सड़कों में जागरूक समुदाय बना सकते हैं, जिसमें हर व्यक्ति सड़कों पर सवारी करते समय उचित सुरक्षा मानकों का पालन करेगा।

सुरक्षा के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करते हुए, हम सभी को यह समझाना चाहते हैं कि हमारी शक्ति हमारे हाथों में है, और हमें इसे सुधारने का एक सामूहिक प्रयास करना है। रैली में भाग लेकर आप सब एक बड़े सामाजिक परिवर्तन का हिस्सा बन सकते हैं और आपका साथ हमें और भी सशक्त करेगा।

साथ ही, इस रैली में हिस्सा लेते समय हम सभी को अपनी जिम्मेदारी का आभास करने के लिए प्रेरित करते हैं और दूसरों के साथ सहयोग और समर्थन में एकजुट होने की आवश्यकता को भी महसूस करते हैं। इस रैली में हम सभी को एक संघर्ष और एकता की भावना के साथ सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को बढ़ाने के लिए एक संगीत बना सकते हैं।

*पुलिस टीम द्वारा साइकिल चोर के मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार*

0

⏺️ *आरोपी के कब्जे से 01 और रेंजर साइकिल जप्त कुल 11 नग रेंजर साइकिल कीमती ₹65000 ।*

नाम आरोपी:-
(1) *हीरा सिंह नेताम पिता मुकुंद उम्र 48 साल साकिन पेंडरी थाना तखतपुर, जिला बिलासपुर(छ.ग.)*

आशीष कश्यप बिलासपुर:- श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय बिलासपुर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा जिले में चोरी के मामले में त्वरित कार्यवाही करने हेतु आदेशित किया गया है, जिसके अंतर्गत श्रीमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती अर्चना झा एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कोटा श्री सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोटा श्री टी.एस.नवरंग के नेतृत्व में कोटा पुलिस टीम द्वारा आज दिनांक 22.01.2024 को साइकिल चोर के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर 01 और चोरी की रेंजर साइकिल जप्त किया गया।

विवरण- प्रार्थी नरेंद्र कुमार भारती साकिन डाकबंगला कोटा थाना कोटा दिनांक 19.01.2024 को थाना उपस्थित आकर रिपोर्ट दर्ज कराया की मेरे नाती का रेंजर साइकिल को दिनांक 13.01.2024 के रात्रि में कोई अज्ञात चोर चोरी कर ले गया है। प्रार्थी के रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना कार्यवाही में लिया गया। पूर्व में भी रेंजर साइकिल चोरी होने की मोबाइल के माध्यम से मौखिक शिकायत थाना प्रभारी कोटा को मिल रहा था जिसके परिप्रेक्ष्य में थाना प्रभारी कोटा द्वारा पुलिस टीम बनाकर थाना कोटा क्षेत्रों में सतत् निगाह रखी जा रही थी, मुखबिर से सूचना के आधार पर दिनांक 20.01.2024 को ग्राम भरारी के संजय दास मानिकपुरी तथा ग्राम नेवरा के बलिराम खांडे को गिरफ्तार किया गया था मुख्य आरोपी फरार था। जिसे आज दिनांक 22.01.2024 को 01 और चोरी के सायकल सहित गिरफ्तार किया गया।आरोपीगणों के कब्जे से कुल 11 नग रेंजर साइकिल अनुमानित कीमत₹65000 को पृथक-पृथक जप्त किया गया है। मामले के मुख्य आरोपी हीरा सिंह नेताम को आज दिनांक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।

⏩⏩ उपरोक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी कोटा निरीक्षक टी.एस. नवरंग, सउनि ओंकार बंजारे, आरक्षक संजय कश्यप, खेंमंत पाल का सराहनीय योगदान रहा।