Home Blog Page 701

*राशनकार्ड नवीनीकरण के लिए ऑनलाईन आवेदन 15 मार्च तक*

0

रायपुर,/ छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत वर्तमान में प्रचलित सभी 77 लाख राशनकार्डों के नवीनीकरण का कार्य दिनांक 15 मार्च 2024 तक बढ़ाया गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आम नागरिक की सुविधा का ध्यान रखते हुए राशन कार्ड नवीनीकरण की तारीख बढ़ाने के निर्देश दिए थे। ताकि सभी पात्र हितग्राही अपना आवेदन प्राथमिकता से कर सकें । इसी कड़ी में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने ऑनलाईन नवीनीकरण के आवेदन के लिए तारीख आगामी 15 मार्च 2024 तक बढ़ाने के संबंध में दिशा निर्देश दिए हैं।

खाद्य विभाग के संचालक श्री जितेन्द्र शुक्ला ने सभी जिलों के कलेक्टरों को इस संबंध में दिशा-निर्देश दिए हैं। राशनकार्ड नवीनीकरण के लिए खाद्य विभाग के द्वारा खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोेक्ता संरक्षण विभाग का नया मोबाईल एप्प तैयार किया गया है, इसे प्ले स्टोर में जाकर डाउनलोड किया जा सकता है। हितग्राही द्वारा खाद्य विभाग की वेबसाइट http://khadya.cg.nic.in से डाउनलोड किया जा सकता है। राशनकार्डधारी अपने मोबाईल में इस एप्प के जरिए नवीनीकरण के लिए इलेक्ट्रानिक आवेदन ऑनलाईन प्रस्तुत कर सकते हैं। ऐसे हितग्राही जिनके पास एन्ड्राईड मोबाईल नहीं है अथवा जहां पर मोबाईल कनेक्टिविटी नहीं है वहां उचित मूल्य दुकान स्तर पर ऑनलाईन प्रक्रिया के जरिए राशनकार्डों के नवीनीकरण हेतु इलेक्ट्रानिक आवेदन प्रस्तुत करने की सुविधा भी दी जा रही है।

*डीजे संचालकों के साथ सभी थाना/चौकी में ली गई मीटिंग।*

0

माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर के द्वारा दिए गए निर्देशों को पालन कराने एवं बोर्ड परीक्षाओं को मद्देनज़र रखते हुए दिये निर्देश।

कोरबा – पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय श्री अभिषेक वर्मा एवं नेहा वर्मा के पर्यवेक्षण में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी थाना/ चौकी के द्वारा ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए एवं छात्र-छात्राओं की परीक्षाओं के मद्देनजर रखते हुए डीजे संचालकों की विशेष मीटिंग बुलाकर निर्देशित किया गया।

जिले के थाना/चौकी में डीजे संचालकों का बैठक बुलाया गया जिसमें थाना प्रभारी के साथ कार्यपालिक दंडाधिकारी महोदय भी उपस्थित थे मीटिंग बुलाकर माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर के द्वारा दिए गए निर्देशों को पालन करने एवं डीजे का संचालन करने का निर्देश दिया गया जिसमें डीजे साउंड में साउंड लिमिटर का उपयोग करना सुनिश्चित करने, प्रयोग किया गए वाहन में सिस्टम लगाकर विस्तार मोडिफाइड न करने, साउंड सिस्टम का उपयोग किए जाने के लिए समय पर विशेष ध्यान दिए जो की रात्रि 10:00 बजे तक बजाए जाना सुनिश्चित करें ।तथा माननीय एसडीएम न्यायालय से अनुमति प्राप्त किए गए कार्यक्रम में ही डीजे का संचालन करने का हिदायत दिया गया है। अन्यथा डीजे संचालकों के विरुद्ध कोलाहल अधिनियम के तहत् कार्यवाही करने की कड़ी हिदायत दिया गया।

*चार साल से पैरोल लेकर फ़रार महिला एवं पुरुष बंदी को लेमरू पुलिस एवं साइबर सेल कोरबा की टीम ने किया गिरफ्तार।*

0

दोनों आजीवन कारावास से दंडित है।

कोरबा – मामले का संचित विवरण इस प्रकार है कि थाना लेमरू के अपराध कमांक 02/2015 धारा 363, 366, 370, 372, 365,506 बी, 34 भादवि 4,12 पाक्सो एक्ट 3 (2) (5) एससी/एसटी एक्ट में आजीवन कारावास से दंडित पुरुष बंदी क्रमांक 7966/115 राजेन्द्र कुमार पटेल पिता सीताराम पटेल उम्र 38 वर्ष निवासी ग्राम कनेटी शक्ति जिला शक्ति एवं महिला बंदी कमांक 186/07 श्रीमती ममता बड़ा पति राजेन्द्र कुमार पटेल उम्र- 30 साल सा० ग्राम सारकछार थाना लेमरू हाल मुकाम वार्ड 18 स्टेशन पारा सक्ती जिला-सक्ती जो कि दोनों केन्द्रीय जेल बिलासपुर में आजीवन कारावास की सजा भुगत रहे थे, जहां से जिला दंडाधिकारी कोरबा के आदेशानुसार पर वर्ष 2020 में अस्थाई मुक्ति छुटटी (पैरोल) पर छोड़ा गया था, पुरुष एवं महिला बंदी समय पर वापस जेल दाखिल न होकर फरार हो गए थे।

जिस पर श्रीमान पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय श्री अभिषेक वर्मा एवं नेहा वर्मा के पर्यवेक्षण एवं अनुभागीय अधिकारी श्री बेनेडिक्ट मिंज की मार्गदर्शन में थाना प्रभारी लेमरू सउनि जितेंद्र यादव के द्वारा अपने मातहत कर्मचारियों के द्वारा दोनों फरार बंदियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाकर उनकी पताशाजी की जा रही थी। इस बीच पुलिस टीम को सूचना मिली कि फरार बंदी राजेन्द्र कुमार पटेल को उनके गृह ग्राम शक्ति से दिनांक 11/02/24 को पकड़ा गया उसके निशानदेही पर महिला बंदी को दिनांक 24.02.24 को वार्ड क्रमांक 18 स्टेशन पारा सक्ती थाना व जिला-सक्ती में उसके किराये के मकान से पकड़ा गया है। पुरुष बंदी राजेन्द्र कुमार पटेल एवं महिला दंडित बंदी ममता बड़ा पति राजेन्द्र कुमार पटेल उम्र- 31 साल को पुनः सजा भुगताये जाने हेतु जेल दाखिल किया गया।

संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी लेमरूर सहायक उप निरीक्षक जितेंद्र यादव ,प्रधान आरक्षक अनुज सिंह ,प्रधान आरक्षक राजेश कंवर,आरक्षक दिनेश रत्नाकर, दीपक जगत, महिला आरक्षक रेनू टोप्पो आरक्षक डेमन, आलोक टोप्पो की सराहनीय भूमिका रही।

*सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने कलेक्टर और एसपी ने ली बैठक।*

0

अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने, सड़क पर पानी छिड़काव के दिए निर्देश।

कोरबा – कलेक्टर श्री अजीत वसंत और पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी ने आज कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए सार्वजनिक उपक्रम एसईसीएल, बाल्को, पीडब्ल्यूडी, नेशनल हाईवे, रेलवे, एनएचएआई, एनएचपीडब्ल्यूडी, इरकॉन, इंडियन ऑयल, परिवहन, यातायात विभाग के अधिकारियों की बैठक ली और निर्देशित किया कि सड़कों पर दुर्घटनाओं को रोकने सभी आवश्यक कदम उठाएं जाएं। उन्होंने अधूरे मार्गों को शीघ्र पूरा करने, आवश्यकतानुसार सड़कों पर संकेतक लगाने, मरम्मत योग्य सड़कों का समय पर मरम्मत करने, धूल उड़ने वाले मार्गों पर नियमित पानी का छिड़काव करने, राख परिवहन वाले भारी वाहनों में गुणवत्तामूलक तिरपाल ढंकने तथा सड़क पर जाम लगने से रोकने के लिए भारी वाहन चलने वाले मार्ग के आसपास पार्किंग की व्यवस्था के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर श्री वसंत ने जिले में सड़क सुरक्षा से संबंधित किए गए प्रयास, सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण, दुर्घटना नियंत्रण के उपाय व सड़क सुरक्षा जागरूकता के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने बैठक में सड़क दुर्घटना रोकने, ओवर स्पीडिंग को नियंत्रित करने तथा आवश्यक सुरक्षा साधनों का उपयोग करने के निर्देश दिए।
बैठक में एनएचपीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि एनएच की सड़कों में जो भी खामियां हैं और मरम्मत की आवश्यकता है वहां संबंधित ठेकेदार के माध्यम से कार्य कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। इस मार्ग पर ब्रेकर तथा संकेतक लगाकर दुर्घटनाओं को रोकने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने परिवहन, यातायात सहित एनएचपीडब्ल्यूडी के अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाकर निरीक्षण के भी निर्देश दिए। बैठक में बाल्को को निर्देशित किया गया कि बाल्को की सड़क पर चलने वाले भारी वाहनों का परिचालन व्यवस्थित तरीके से हो। मार्ग पर अनावश्यक जाम न लगे इसके लिए बाल्को द्वारा सुरक्षा गार्ड पर्याप्त संख्या में लगाई जाए और रिक्त स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। इस मार्ग पर धूल से बचाव हेतु पानी का छिड़काव नियमित रूप से करने के निर्देश भी दिए हैं। कलेक्टर ने सर्वमंगला-इमली छापर मार्ग में अधूरे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने, नियमित रूप से पानी का छिड़काव करने और इस मार्ग पर वाहनों का जाम न लगे इसके लिए एसईसीएल के अधिकारियों को आसपास पार्किंग का स्थान चिन्हित कर वाहन पार्किंग के निर्देश दिए। कलेक्टर ने एसईसीएल के अधिकारियों को निर्देशित किया कि हरदीबाजार-सरईसिंगार सहित एसईसीएल से संबंधित जो भी सड़कें हैं और जहां मरम्मत की आवश्यकता है वहां अनिवार्य रूप से मरम्मत करा ली जाए। उन्होंने बारिश से पूर्व सड़कों को आवागमन की दृष्टि से बेहतर बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने एसईसीएल खदान क्षेत्र की सड़कों से संबंधित लंबित कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के ईई श्री जी.आर. जांगड़े को निर्देशित कि इमलीछापर-सर्वमंगला मार्ग के अधूरे कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करें। बैठक में उरगा से भैंसमा मार्ग में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए सड़क के आसपास अतिक्रमण को हटाने, इंडियन ऑयल डिपो गोपालपुर के सामने लगने वाले भारी वाहनों के जाम को रोकने के निर्देश भी दिए। बैठक में सीएसईबी चौक, कोसाबाड़ी चौक की गोलाई कम करने, बंद पड़े सिग्नलों को प्रारंभ करने, हसदेव ब्रिज के पूर्व संकेतक लगाने, उरगा मार्ग पर वृक्षों की वजह से होने वाले दुर्घटनाओं की रोकथाम के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने दुर्घटनाजन्य ब्लैक स्पॉट पर पोस्टर लगाकर लोगों को जागरूक करने तथा शराब पीकर वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने जिले में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में पहल करते हुए सभी विभागों को सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री संबित मिश्रा, अपर कलेक्टर श्री प्रदीप साहू, श्री दिनेश कुमार नाग, जिला परिवहन अधिकारी श्री शशिकांत कुर्रे सहित पीडब्ल्यूडी, यातायात विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

*प्रधानमंत्री ने जन-जन के लिए योजनायें बनाकर गरीबों को लाभान्वित किया : श्री लखनलाल देवांगन*

0

विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में शामिल हुए उद्योग व श्रम मंत्री।

हितग्राहियों को किया योजनाओं से लाभान्वित।

कोरबा – विकसित भारत संकल्प यात्रा अंतर्गत प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संवाद कार्यक्रम में कोरबावासी भी बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए। सभी ने प्रधानमंत्री श्री मोदी को सुना। कोरबा जिले में घंटाघर आडिटोरियम परिसर मैदान में, रामपुर विधानसभा के कोरकोमा में, पाली विधानसभा के पोड़ी, कटघोरा विधानसभा के भिलाईबाजार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
कोरबा विधानसभा अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग,वाणिज्य और श्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन शामिल हुए। उन्होंने हितग्राहियों को लाभान्वित करने के साथ ही अपने सम्बोधन में कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जन-जन के लिए कल्याणकारी योजनाएं बना रहे हैं। उनकी योजनाओं से गरीबो को फायदा हुआ है। दुनिया में भारत का नाम बढ़ा है। आर्थिक रूप से शक्तिशाली बनने के साथ ही अधोसंरचना के क्षेत्र में भी तेजी से विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में लगातार शिविर का आयोजन करके जरूरतमन्द हितग्राहियों को चिन्हित कर लाभान्वित किया गया। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, राशनकार्ड सहित पीएम विश्वकर्मा योजना आदि से लाभान्वित किया गया। कोरबा जैसे औद्योगिक क्षेत्र में धुंए से मुक्ति के लिए प्रधानमंत्री उज्जवला योजना अंतर्गत गैस कनेक्शन बहुत से परिवारों के लिए लाभदायक सिद्ध हुआ। गरीबों को निःशुल्क चांवल उपलब्ध कराने, कोरोना काल में मुफ्त वैक्सीन उपलब्ध कराने का काम भी किया गया है।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अब डबल इंजन की सरकार है। इससे केंद्र सहित राज्य की योजनाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है। श्री विष्णुदेव साय जैसे सरल और सौम्य व्यक्ति के मुख्यमंत्री बनने से छत्तीसगढ़ का विकास और भी तेजी से होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री बनते ही छत्तीसगढ़ के लोगों की चिंता की और 18 लाख प्रधानमंत्री आवास के निर्माण हेतु केबिनेट में स्वीकृति प्रदान की। दो साल का बकाया धान बोनस की राशि किसानों के खाते में अंतरित की गई है। तेंदूपत्ता संग्राहकों को लाभान्वित करने प्रति बोरा मानक दर को 04 हजार से 5500 किया गया है। इसके साथ ही संग्राहकों को चरण पादुका, साड़ी भी दी जाएगी। विभागों में रिक्त पदों की पूर्ति के लिए अभियान चलाया जा रहा है। सरकार द्वारा सभी महिलाओं के खातों में महतारी वंदन योजना के माध्यम से साल में 12000 देने की शुरूआत होने वाली है। इसके लिए फॉर्म भी भरा लिए गए हैं। जल्द ही पात्र महिलाओं के खातों में राशि अंतरित की जाएगी। मंत्री श्री देवांगन ने सभी लोगों को योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ को 34 हजार 400 करोड़ राशि के विकास कार्यों की सौगात दी गई है। इससे हमारा छत्तीसगढ़ विकास की राह में आगे बढ़ेगा। कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने कहा कि जिले में विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से शिविर लगाकर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में हितग्राही मूलक योजनाओं की जानकारी दी गई। इस यात्रा के माध्यम से अनेक हितग्राही जागरूक हुए और योजनाओं से लाभान्वित भी हुए। इस दौरान पूर्व महापौर श्री जोगेश लांबा, पूर्व सभापति श्री अशोक चांवलानी, पार्षदगण एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकगण उपस्थित थे। कार्यक्रम स्थल पर सेल्फी जोन भी बनाया गया था, जिसमें अनेक लोगों ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री तथा मंत्री श्री लखनलाल देवांगन की तस्वीर के साथ अपनी सेल्फी ली।

विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को किया गया सामग्री का वितरण–
विकसित भारत विकसित छत्तीसगढ़ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने सरकार की अनेक कल्याणकारी योजनाओं से अनेक हितग्राहियो को लाभान्वित किया। जिसके अंतर्गत  नगर निगम कोरबा क्षेत्र की श्रीमती धनमती पटेल, श्रीमती बसंती बाई चंद्रा, श्रीमती सुनिता यादव, श्री राजेश खरे, श्री बलदाऊ प्रसाद खरे को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया गया। इसी प्रकार समाज कल्याण विभाग द्वारा पन्ना लाल बांधे, संदीप लाल, संतराम आदिले, लक्ष्मी प्रसाद निषाद व चमरा दास महंत को मोटराइज्ड ट्राइसायकल प्रदान किया गया। खाद्य विभाग के अंतर्गत श्रीमती श्वेता झा, रेखा देवी, शीला टंडन, श्रद्धा पात्रे, व निशा साह को प्रधानमंत्री उज्जवला गैस कनेक्शन एवं  ममता ठाकुर,  रानी, मेमिन बाई कर्ष, केसर बाई गबेल, जानकी बाई पटेल को राशन कार्ड वितरित किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कृषनी देवांगन, बबिता साहू, दीप माला यादव, संतोषी साहू, सालिक केशरवानी, भावना राठौर, अपर्णा राठौर, लक्ष्मी राठौर, भगवती यादव को आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया। प्रमिला बाई, तुलसी बाई को मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना, श्यामला मंझवार, कुमारी बाई को मिनीमाता महतारी जतन, बिसुन लाल, श्याम बाई राठिया को मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु व दिव्यांग सहायता योजना, नाजिया, झालो देवी, मीना मानिकपुरी को पीएम स्वनिधि योजना एवं मेघा साहू, सरिता साहू, दुर्गा साहू, पूर्णिमा साहू, आंनद बाई यादव, रामेश्वरी साहू, काजल साहू, प्रीति साहू, रीता साहू, भूमिका यादव को पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत प्रशिक्षण उपरांत प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने भी किया संबोधित –
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने उद्बोधन में छत्तीसगढ़ सरकार की सराहना करते हुए कहा कि मोदी की गारंटी को सरकार पूरा कर रही है, जो प्रशंसनीय है। छत्तीसगढ़ के पास परिश्रमी किसान, प्रतिभाशाली नौजवान और प्रकृति का खजाना है। विकसित होने के लिए पहले भी  संसाधन थे और आज भी पर्याप्त संसाधन हैं। पूर्वजों ने जो सपना देखा था उस दिशा में काम करते हुए नया भारत का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रधानमंत्री ने कहा कि अन्नदाता को उर्जा दाता बनाने तथा गरीब किसान, युवा, महिला को सशक्त बनाने की दिशा में सरकार द्वारा प्रयास किया जा रहा है। आज जो सौगात दी गई है इससे छत्तीसगढ़ के युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और आर्थिक विकास का नया दौर प्रारंभ होगा। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ अब सीधे हितग्राहियों को मिलने लगा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ को करोड़ों का सौगात दिए जाने का प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि सरकार बनते ही मोदी की गारंटी को पूरा करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। विकसित भारत विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भागीदारी के लिए संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि आपका स्नेह और अनुग्रह हमेशा हमारे ऊपर रहता है। छत्तीसगढ़ की जनता ने आपकी गारंटी पर भरोसा किय। आपकी गारंटी के सारे कामों को पूरा करने के लिए हम अग्रसर हुए हैं। 18 लाख से अधिक आवास स्वीकृत हुए हैं। 3716 करोड़ रुपए की दो साल की बोनस राशि किसानों को दी है। साथ ही 3100 रुपए धान की कीमत देने का वायदा था इसे पूरा किया। विवाहित महिलाओं को साल का बारह हजार रुपए देने का वायदा पूरा करने का निर्णय भी हमने लिया है। विकसित भारत में हम विकसित छत्तीसगढ़ बनाने हम तत्पर हैं। विकसित भारत संकल्प यात्रा आरंभ हुई। इसमें प्रदेश के बड़ी संख्या में लोग आये। हमारे छत्तीसगढ़ में जो पांच विशेष पिछड़ी जनजाति हैं इनके लिए 15 हजार आवास स्वीकृत हुए हैं। इनके बसाहट के लिए आवागमन की सुविधा हो, इसके लिए सड़कों स्वीकृति हुई है। इस योजना में पीवीजीटी लोगों के 366 बसाहटों में रोड पहुंचेगा।

प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ को दी करोड़ों रूपए के विकास कार्यों की सौगात –
विकसित भारत विकसित छत्तीसगढ़ अंतर्गत आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा छत्तीसगढ़ को 34 हजार 400 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दी गई। जिसमें 10 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण एवं शिलान्यास शामिल है। प्रधानमंत्री कोयला मंत्रालय अंतर्गत रायगढ़ क्षेत्र में 173.46 करोड़ रूपए की ओपन कास्ट प्रोजेक्ट छाल कोल हेंडलिंग प्लांट, दीपका क्षेत्र में 211.22 करोड़ रूपए की लागत की ओपन कास्ट प्रोजेक्ट दीपका कोल हेंडलिंग प्लांट, रायगढ़ क्षेत्र में 216.53 करोड़ रूपए की लागत के ओपन कास्ट प्रोजेक्ट बरौद कोल हेंडलिंग प्लांट का लोकार्पण किया। इन तीनों ओपन कास्ट प्रोजेक्ट से रेपिड लोडिंग सिस्टम के माध्यम से लोडिंग टाईम में कमी आएगी और ग्रीन हाउस गैस उत्सर्जन कम होगा। श्री मोदी ने प्रधानमंत्री नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय अंतर्गत 907 करोड़ रूपए की लागत से राजनांदगांव जिले के 9 गांवो के 451 एकड़ क्षेत्र में निर्मित 100 मेगावाट एसी/155 मेगावाट डीसी सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट का लोकार्पण किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के अंतर्गत 1007 करोड़ रूपए की 2 प्रोजेक्ट अंबिकापुर से शिवनगर तक 52.40 किलोमीटर लंबाई की सड़क और बनारी से मसनियाकला तक 55.65 किलोमीटर लंबी सड़क (राष्ट्रीय राजमार्ग-49) का लोकार्पण किया। अंबिकापुर-शिवनगर सड़क मार्ग से रायपुर राजधानी और कोरबा ओद्योगिक क्षेत्र के साथ कनेक्टिविटी बढे़गी जिससे क्षेत्र का तेजी से विकास होगा। इसी तरह बनारी-मसनियाकला सड़क मार्ग से बिलासपुर से रायगढ़/उड़ीसा बॉर्डर तक आवागमन में समय और इंधन की बचत होगी और क्षेत्र के गांवों का सामाजिक आर्थिक विकास होगा। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने ऊर्जा मंत्रालय के अंतर्गत 15,799 करोड़ रूपए के 1 प्रोजेक्ट – लारा सुपर क्रिटिकल थर्मल पॉवर प्लांट स्टेज-1 (2 × 800 मेगावॉट) का लोकार्पण किया। यह परियोजना छत्तीसगढ़ राज्य के रायगढ़ जिले में स्थित है। यह प्रोजेक्ट सुपरक्रिटिकल तकनीक पर आधारित है। प्रधानमंत्री ने रेल मंत्रालय अंतर्गत 583 करोड़ रूपए के 2 प्रोजेक्ट का लोकार्पण किया जिसमें 280 करोड़ रूपए की लागत से भिलाई में 50 मेगावाट सोलर पावर प्लांट और 303 करोड़ रूपए की लागत से बिलासपुर-उसलापुर फ्लाईओवर का लोकार्पण शामिल है। 50 मेगावाट सोलर प्लांट की स्थापना से रेलगाड़ियाँ चलाने के लिए सौर ऊर्जा का उपयोग होगा, हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। बिलासपुर-उसलापुर फ्लाईओवर (10.5 किलोमीटर) 303 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। हावड़ा की ओर से आने वाली सभी ट्रेनें बिलासपुर यार्ड से बिना किसी क्रॉसमूवमेंट के और हावड़ा-मुंबई रूट पर आवाजाही में कोई बाधा उत्पन्न किए बिना सीधे कटनी की ओर जा सकेंगी। इससे बिलासपुर में यातायात का दबाव कम होगा। साथ ही ट्रेनों की गतिशीलता में वृद्धि होगी, कृषि उत्पादों की बाजार तक आसानी से पहुंच होगी। नवनिर्मित बिलासपुर-उसलापुर रेल ओवर रेल फ्लाई ओवर पर बिलासपुर से फ्रेट ट्रेन से होकर बिलासपुर से मालगाड़ी को हरी झंडी भी दिखाई । प्रधानमंत्री ने ऊर्जा मंत्रालय अंतर्गत रायगढ़ में लारा सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट स्टेज-2 (2 × 800 मेगावॉट) का शिलान्यास किया। यह परियोजना क्षेत्र में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा करेगी। यह परियोजना आस-पास के क्षेत्र में अधोसंरचना विकास (जैसे पहुंच मार्ग, जल निकासी, संचार, परिवहन सुविधाएं इत्यादि) और सामाजिक अधोसंरचना (जैसे शिक्षा और स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली) की उपलब्धता में और सुधार करेगी।

*आज विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बाजार चारभाठा में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विकसित भारत,विकसित छत्तीसगढ़ वर्चुअल कार्यक्रम में पंडरिया विधायक भावना बोहरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और लाभार्थियों एवं क्षेत्रवासियों के साथ प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।*

0

हिमांशु सिंह ठाकुर:- ब्यूरो रिपोर्ट छत्तीसगढ़।

ब्यूरो रायपुर/कवर्धा:- भावना बोहरा ने महतारी वंदन योजना की पात्र महिलाओं से भेंट किया और केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत योजना एवं राशन कार्ड वितरण कर बधाई दी भावना बोहरा ने प्रधानमंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ के विकास के लिए ₹34,427 करोड़ की 10 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हेतु उनका आभार व्यक्त किया इस अवसर पर भावना बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में डबल इंजन की भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ में छत्तीसगढ़ का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो रहा है सेवा,सुशासन एवं गरीब कल्याण के संकल्प एवं सबका साथ,सबका विकास के उद्देश्य को पूरा करते हुए आज हमारा छत्तीसगढ़ विकास के नए पथ पर अग्रसर हो रहा है केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से आज हर व्यक्तिम वर्ग एवं क्षेत्र का विकास सुनिश्चित हो रहा है और यही विकास एवं जन आकाँक्षाओं की पूर्ति ही विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपनी महती भूमिका निभाएगी।

—————————————-

*उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत विकसित छत्तीसगढ़ कार्यक्रम’ में लोरमी से होंगे शामिल*

0

*24 फरवरी को नई दिल्ली प्रवास पर जाएंगे*

रायपुर. उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव 24 फरवरी को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत विकसित छत्तीसगढ़’ संवाद कार्यक्रम में मुंगेली जिले के लोरमी से शामिल होंगे। वे 24 फरवरी को सवेरे दस बजे रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा लोरमी के लिए रवाना होंगे। वे सवेरे 10:35 बजे लोरमी पहुंचेंगे।

उप मुख्यमंत्री श्री साव सवेरे पौने 11 बजे लोरमी में प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत विकसित छत्तीसगढ़’ संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे दोपहर पौने एक बजे लोरमी से हेलीकॉप्टर द्वारा रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। वे दोपहर सवा एक बजे वापस रायपुर पहुंचेंगे। श्री साव दोपहर सवा दो बजे रायपुर से नियमित विमान से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। वे शाम चार बजे नई दिल्ली पहुंचेंगे।

*कोरबा पुलिस का शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर बरसा कहर।*

0

दोपहिया, चारपहिया वाहन, पिकअप, टेलर एवं ट्रक को किया गया चेक।

कोरबा पुलिस के द्वारा चेकिंग के दौरान 128 लोगों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्यवाही किया गया।

पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस के द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वाले 69 लोगों के विरुद्ध 185 एमव्ही एक्ट के तहत कार्यवाही किया गया।

जप्त वाहन को न्यायालय में किया जा रहा है पेश

कोरबा – श्रीमान पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर विशेष अभियान चलाकर थाना/चौकी के मुख्य मार्ग, चौक चौराहों पर पेट्रोलिंग किया गया। कोरबा में हो रहे एक्सीडेंट को देखते हुए विशेष अभियान चलाया गया। इसी कड़ी में दिनांक 22/02/2024 को थाने चौकी क्षेत्र अंतर्गत पेट्रोलिंग के दौरान शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के विरूद्ध सख्ति से कार्यवाही करने का निर्देश दिया गया जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय श्री अभिषेक वर्मा एवं नेहा वर्मा के पर्यवेक्षण में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी थाना/ चौकी के द्वारा अवैध गतिविधियों पर कार्यवाही किया गया है।

कोरबा पुलिस के द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर यातायात नियमों के तहत मोटर व्हीकल एक्ट की कार्यवाही किया गया। पुलिस के द्वारा ब्रिथ एनालाइजर के माध्यम से चेक करके शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर पूरे कोरबा जिले के सभी थाना क्षेत्र में कार्यवाही किया गया। कोरबा पुलिस के द्वारा चेकिंग के दौरान 128 लोगों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्यवाही किया गया।शराब पीकर वाहन चलाने वाले 69 लोगों के विरुद्ध 185 एमव्ही एक्ट के तहत कार्यवाही किया गया। लगातार हो रहे एक्सीडेंट में कमी लाने के लिए यह विशेष अभियान को चलाया गया, अभियान के तहत दो पहिया वाहन, चार पहिया वाहन, पिकअप, ट्रक एवं ट्रेलर को चेक किया गया।

कोरबा पुलिस के द्वारा दोपहिया वाहन के विरुद्ध 29 मामले, चारपहिया वाहन जिसमें कार, पिकअप के विरुद्ध 22 मामले एवं हाईवा, ट्रक, ट्रेलर के विरुद्ध 18 मामलों में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध यातायात के नियम के तहत कार्यवाही किया गया, वाहन को जप्त कर न्यायालय में पेश किया गया

कोरबा पुलिस टीम के द्वारा आगे भी विशेष अभियान के तहत् एक्सीडेंट में कमी लाने के लिए शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार आगे भी कार्यवाही की जाएगी।

साथ ही आम जनता से अपील की जाती है कि शराब पीकर वाहन न चलाएँ और न ही अपने परिचित को नशे की हालत में वाहन चलाने दें।

*विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत प्रधानमंत्री का संवाद कार्यक्रम 24 फरवरी को।*

0

प्रधानमंत्री श्री मोदी लाभार्थियों से करेंगे संवाद,जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में किया जाएगा कार्यक्रम का आयोजन।

कोरबा – विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संवाद कार्यक्रम का आयोजन शनिवार 24 फरवरी को दोपहर 12.30 बजे से किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के द्वारा लाभार्थियों से सीधे संवाद भी किया जाएगा। इसके अंतर्गत जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के अलग-अलग स्थानों में प्रधानमंत्री का संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। जिसके अंतर्गत कोरबा नगरीय क्षेत्र स्थित ओपन थियेटर मैदान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इसी प्रकार रामपुर विधानसभा के कोरकोमा, कटघोरा के भिलाई बाजार एवं पाली तानाखार विधानसभा अंतर्गत ग्राम पंचायत पोड़ी में कार्यक्रम आयोजित होगा। कलेक्टर श्री अजीत वसंत के ने कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया है।

 

*कलेक्टर ने अपूर्ण प्रधानमंत्री आवास का किया निरीक्षण,हितग्राहियों से की चर्चा।*

0

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा सहित आंगनबाड़ी केंद्र और स्कूल का निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश।

कोरबा – कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने आज विकासखंड कटघोरा अंतर्गत ग्राम हुंकरा और सलोरा में अपूर्ण प्रधानमंत्री आवास का निरीक्षण किया। उन्होंने पीएम आवास के हितग्राहियों श्री टिकैत राम, इंदर कुमार, मुकेश कुमार आदि से चर्चा की और निर्माणाधीन आवास को शीघ्र पूरा करने कहा। कलेक्टर ने पीएम आवास में नल-जल, शौचालय के संबंध में निर्देश देते हुए आवास निर्माण के दौरान गुणवत्ता पर भी ध्यान देने कहा। कलेक्टर ने ग्राम सलोरा और हुंकरा में आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कार्ड बनाने के कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश देते हुए ग्रामीणों को इसके फायदे बताए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण आयुष्मान कार्ड बनाने से न चूकें और उन्हें आयुष्मान कार्ड से मिलने वाले फायदे की जानकारी हो, इसके लिए दीवार लेखन कराई जाए।

कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा का निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, लेबर रूम सहित मरीजों के वार्ड का अवलोकन किया। कलेक्टर ने जेनेरिक दवाई दुकान और केंद्रीय औषधि केंद्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि मरीजों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर दुकान में कम कीमत पर उपलब्ध जेनेरिक दवाइयां पर्याप्त मात्रा में रखें। उन्होंने केंद्रीय औषधि सेंटर में भी शासन के निर्देशों के तहत दवाईयां उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जीवनदीप समिति अंतर्गत निर्माणाधीन व्यवासयिक कॉम्प्लेक्स के संबंध में भी चर्चा की। कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में संचालित पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने बच्चों की कम संख्या को बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने एनआरसी में सफाई व्यवस्था ठीक रखने और मेन्यू के अनुसार पोषण आहार प्रदान करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने एनआरसी में भर्ती बच्चों के माताओं को दी जाने वाली राशि को समय पर उनके खाते में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र सलोरा और हुंकरा का निरीक्षण किया और निर्देशित कि आंगनबाड़ी केंद्र समय पर संचालित हो। आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान पूरे परिसर का अवलोकन करते हुए केंद्र में दर्ज बच्चों की संख्या, कुपोषित बच्चों की जानकारी, खेल सामग्री, बच्चों की दी जाने वाली गर्म भोजन, ग्रोथ चार्ट ,पोषण ट्रेकर ऐप में एंट्री की जानकारी ली। उन्होंने आंगनबाड़ी में बच्चों को अक्षर ज्ञान एवं प्रारंभिक शिक्षा भी गम्भीरता से प्रदान करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने केंद्र में बच्चों के लिए तैयार किए गर्म भोजन का अवलोकन किया। केंद्र में बच्चों की उपस्थिति पर्याप्त होने के साथ ही समय पर मेन्यू के अनुसार भोजन तथा अन्य पोषण आहार उपलब्ध कराने, खेल गतिविधियों को बढ़ाने, पोषण वाटिका का निर्माण करने और अध्यापन के भी निर्देश दिए।
उन्होंने प्राथमिक शाला हुंकरा में बच्चों से सवाल-जवाब कर अध्यापन के स्तर को परखा और कक्षा में तीन में जाकर विद्यार्थियों से पहाड़ा पूछे, बच्चो द्वारा आठ का पहाड़ा नहीं बता पाने पर उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई का महत्व बताया और कहा कि नियमित अभ्यास करने से सफलता मिलती है, आप सभी अच्छे से पढ़ाई करें और आगे बढ़ें। उन्होंने प्रधानपाठक सहित शिक्षकों को बच्चों के अध्यापन पर ध्यान देने और अभ्यास कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मध्यान्ह भोजन मेन्यू के अनुसार प्रदान करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री संबित मिश्रा, जनपद पंचायत कटघोरा के सीईओ यशपाल सिंह, बीएमओ रूद्र प्रताप सिंह कंवर आदि उपस्थित थे।