Home Blog Page 521

*छत्तीसगढ़ में 8.95 लाख मीट्रिक टन धान की हुई खरीदी*

0

*धान खरीदी के एवज में किसानों को 1575.16 करोड़ रूपए का भुगतान*

रायपुर, / मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का सिलसिला अनवरत जारी है। 14 नवम्बर से शुरू हुए धान खरीदी अभियान में अब तक 8.95 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी हो चुकी है। राज्य में अब तक 1.91 लाख किसानों ने अपना धान बेचा है। धान खरीदी के एवज में किसानों को बैंक लिकिंग व्यवस्था के तहत 1575 करोड़ 16 लाख रूपए का भुगतान किया गया है। धान खरीदी का यह अभियान 31 जनवरी 2025 तक चलेगी।

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि इस खरीफ वर्ष के लिए 27.68 लाख किसानों द्वारा पंजीयन कराया गया है। इसमें 1.45 लाख नए किसान शामिल है। इस वर्ष 2739 उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी अनुमानित है। अधिकारियों ने बताया कि 25 नवम्बर को 47296 किसानों से 2.17 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी हुई है। इसके लिए 51170 टोकन जारी किए गए थे। आगामी दिवस के लिए 53439 टोकन जारी किए गए हैं।

*उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने नव दम्पत्तियों को उपहार प्रदान कर शादी की बधाई दी*

0

*महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री*

रायपुर . . उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव आज मुंगेली जिले के लोरमी में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में शामिल हुए। उन्होंने समारोह में 14 नव दंपत्तियों को उपहार और विवाह प्रमाण पत्र प्रदान कर शादी की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के सुखमय दाम्पत्य जीवन की कामना की। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लोरमी के मंगल भवन में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 14 जोड़ों की पारम्परिक रीति-रिवाज से शादी सम्पन्न कराई गई।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने सामूहिक विवाह समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब परिवार की बेटियों के लिए वरदान है। बेटियों का विवाह बिना किसी पारिवारिक खर्च के आसानी से हो, इसके लिए शासन द्वारा 50 हजार रुपए प्रदान किया जाता है। योजना के तहत सभी रीति-रिवाजों और परम्परा का पालन करते हुए विवाह संपन्न कराया जाता है। इस योजना से गरीब परिवारों को अपनी बेटियों के विवाह की चिंता से मुक्ति मिली है।

राज्य शासन की मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह योजना में कन्या के वैवाहिक आयोजन के लिए आठ हजार रुपए, वर-वधू के कपड़े, श्रृंगार सामग्री, जूते-चप्पल, चुनरी, साफा, मंगलसूत्र सहित अन्य आवश्यक सामाग्रियों के लिए सात हजार रुपए और वधू को बैंक से भुगतान के लिए 35 हजार रुपए का ड्रॉफ्ट दिया जाता है। समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और प्रशासनिक अधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

*डबल इंजन की सरकार में तेज रफ्तार से चल रही है छत्तीसगढ़ में विकास की रेल – मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय*

0

रायपुर /मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि डबल इंजन की सरकार में छत्तीसगढ़ में अब तेज रफ्तार से विकास की रेल चल रही है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कल रायपुर से बिलासपुर तक की अपनी ट्रेन यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ के तेजी से विकास के संकल्प को पुनः दोहराया।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पिछले 10 सालों में रेलवे के क्षेत्र में जो सकारात्मक बदलाव हुए, इसने न केवल यात्री सुविधाएं बढ़ी हैं, बल्कि भारतीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिली है। उन्होंने कहा रेलवे के आधुनिकीकरण से रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। रेलवे नेटवर्क के विस्तार से ग्रामीण और सुदूर क्षेत्रों को बड़े शहरों से जोड़ा जा रहा है, जिससे व्यापार और पर्यटन को प्रोत्साहन मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वंदे भारत, तेजस और गतिमान जैसी हाई-स्पीड ट्रेनों ने यात्रा समय को काफी घटा दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे के अधिकारियों ने उन्हें बताया कि आधुनिक ट्रेनों में वातानुकूलित डिब्बे, आरामदायक सीटें, वाई-फाई, ऑनबोर्ड कैटरिंग सुविधा मिल रही है। स्टेशन अब आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हैं, जिसने यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाया है। उन्होंने कहा कि ई-टिकटिंग और डिजिटल भुगतान ने बुकिंग प्रक्रिया को सरल और तेज बना दिया है। सौर ऊर्जा और बायो-टॉयलेट जैसी पहल पर्यावरण को संरक्षित करने में मदद कर रही हैं। भारतीय रेलवे अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स और ऑटोमेशन जैसे आधुनिक तकनीकी उपायों के उपयोग की ओर आगे बढ़ रहा है, ताकि दक्षता और सेवा की गुणवत्ता में सुधार हो सके।

इस चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार की मंशा है कि प्रदेश की आर्थिक तरक्की के लिए रेल परिवहन के समुचित उपयोग की ओर तेजी से आगे बढ़ा जाए। इसी क्रम में केंद्र सरकार के सहयोग से कई रेल परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है और कई ऐसी परियोजनाएं हैं, जिनको विस्तार दिए जाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा है कि डोंगरगढ़-कवर्धा-कटघोरा रेल लाइन परियोजना के लिए रेल मंत्रालय से मंजूरी मिल चुकी है। यह परियोजना लगभग 295 किलोमीटर लंबी होगी और इसकी अनुमानित लागत 4021 करोड़ रुपये है। इस रेल लाइन का निर्माण छत्तीसगढ़ रेलवे कॉरपोरेशन द्वारा किया जाएगा। वर्तमान में भूमि अधिग्रहण और प्रारंभिक निर्माण कार्यों के लिए 300 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस रेल लाइन में डोंगरगढ़ से कवर्धा के बीच 12 और कवर्धा से कटघोरा के बीच 15 स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा। यह परियोजना न केवल क्षेत्र में यात्री सुविधा बढ़ाएगी बल्कि खनिजों के परिवहन और रोजगार के नए अवसर भी प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि हाल ही में भारत सरकार और रेल मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ में कई नई रेल परियोजनाओं को मंजूरी दी है, जिनका उद्देश्य राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और कनेक्टिविटी बढ़ाना है। कोरबा-अंबिकापुर नई रेल लाइन 180 किलोमीटर लंबी परियोजना है, जिसके सर्वेक्षण और डीपीआर के लिए 16.75 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यह परियोजना सरगुजा क्षेत्र में विकास को गति देगी। उसी प्रकार गढ़चिरौली-बीजापुर-बचेली तक 490 किलोमीटर लंबी रेल लाइन के सर्वेक्षण के लिए 12.25 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। यह परियोजना सुदूर क्षेत्रों को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों से जोड़ने में मदद करेगी। सरडेगा-भालुमुडा डबल लाइन 37 किलोमीटर लंबी परियोजना ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगी। इस परियोजना के लिए 1360 करोड़ रुपये का प्रावधान है।छत्तीसगढ़ में अम्बिकापुर-बरवाडीह, खरसिया-नया रायपुर-परमलकसा, रावघाट-जगदलपुर और धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा रेल परियोजनाओं का डीपीआर तैयार हो रहा है। धरमजयगढ़-लोहरदगा परियोजना के लिए रेलवे द्वारा किए जा रहे सर्वेक्षण का काम अंतिम चरण में है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं न केवल यात्री कनेक्टिविटी को बढ़ाएंगी, बल्कि औद्योगिक और खनिज संसाधनों के परिवहन को भी सुगम बनाएंगी। इनके अलावा, राज्य में कई अन्य छोटी रेल लाइन और मल्टी-ट्रैकिंग परियोजनाएं भी योजना में हैं, जो क्षेत्रीय विकास और आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करेंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में जहां-जहां रेल परिवहन की आवश्यकता महसूस की जाएगी, उस दिशा में तेजी से पहल की जाएगी। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस यात्रा से मुझे बहुत कुछ जानने समझने का सुंदर अवसर मिला था। हम यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाने और उनके समस्याओं के समाधान की दिशा में केंद्र सरकार के सहयोग से आवश्यक कदम उठाएंगे।

*राज्य में अप्रैल 2019 से पूर्व पंजीकृत वाहनों पर एचएसआरपी चिन्ह लगाना अनिवार्य*

0

*सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश का पालन सुनिश्चित करने परिवहन आयुक्त ने ली वेंडरों की बैठक*

*छत्तीसगढ़ में मेसर्स रीयल मेजॉन और रोजमेर्टा सेफ्टी एचएसआरपी चिन्ह लगाने अधिकृत*

रायपुर,/ छत्तीसगढ़ राज्य में अप्रैल 2019 के पूर्व पंजीकृत सभी श्रेणी के मोटर वाहनों पर वाहन स्वामी द्वारा 120 दिवस के भीतर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रीकरण चिन्ह (एचएसआरपी) लगवाया जाना अनिवार्य किया गया है। इस संबंध में परिवहन विभाग द्वारा दो वेंडर क्रमशः मेसर्स रीयल मेजॉन इंडिया लिमिटेड और रोसमर्टा सेफ्टी सिस्टम लिमिटेड को निर्धारित दर पर एचएसआरपी चिन्ह लगाने के लिए अधिकृत किया गया है।

परिवहन आयुक्त श्री एस. प्रकाश की अध्यक्षता में आज महानदी मंत्रालय भवन में आयोजित बैठक में अतिरिक्त परिवहन आयुक्त श्री डी. रविशंकर, उक्त परिवहन आयुक्त श्री मनोज ध्रुव, उप परिवहन आयुक्त सुश्री युगेश्वरी वर्मा, एआरटीओ श्री वाय.व्ही. श्रीनिवास, वरिष्ठ वैज्ञानिक श्री अमित देवांगन, एन.आई.सी कंपनी प्रतिनिधि श्री मुकेश मल्होत्रा चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर, मेसर्स रोसमर्टा सेफ्टी सिस्टम लिमि., श्री विश्वजीत मुखर्जी, डायरेक्टर मेसर्स रियल मेजॉन इंडिया लिमि., श्री कौशल नियाज एवं अनुराग चौधरी उपस्थित थे।

परिवहन विभाग द्वारा समस्त आरटीओ कार्यालयों को जोन-ए और जोन-बी में बांटा गया है। जोन-ए के अंतर्गत शामिल आरटीओ कार्यालयों में अप्रैल 2019 से पूर्व पंजीकृत वाहनों में एचएसआरपी चिन्ह लगाने की जिम्मेदारी मेसर्स रियल मेजॉन इंडिया लिमिटेड को दी गई है। जोन-ए के अंतर्गत गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, बीजापुर, सुकमा, नारायणपुर, बलरामपुर, सूरजपुर, कोण्डागांव, मुंगेली, बेमेतरा, कवर्धा, केारबा, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर एवं रायपुर आरटीओ कार्यालय शामिल हैं। इसी तरह जोन-बी के अंतर्गत आरटीओ कार्यालय रायगढ़, गरियाबंद, जशपुर, धमतरी, बलौदाबाजार, महासमुंद, राजनांदगांव, बालोद, दुर्ग, दंतेवाड़ा, कांकेर, अम्बिकापुर, बैकुण्ठपुर, जदलपुर में पंजीकृत वाहनों पर एचएसआरपी चिन्ह लगाने की जिम्मेदारी मेसर्स रोसमर्टा सेफ्टी सिस्टम लिमिटेड को सौंपी गई है। उक्त दोनों कम्पनियां निर्धारित दर पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगाएंगी। टू-व्हीलर मोटर सायकिल, स्कूटर, मोपेड के अलावा ट्रैक्टर, पॉवर टीलर एवं ट्रेलर पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगाने के लिए जीएसटी सहित 365.80 रूपए, 3-व्हीलर के लिए 427.16 रूपए, लाईट मोटर व्हीकल/पैसेंजर कार के लिए 656.08 रूपए एवं 705.64 रूपए की दर निर्धारित की गई है। सभी भुगतान केवल डिजिटल मोड के माध्यम से किए जाएंगे। आटोमोबाइल डीलरों द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य में 01 अप्रैल 2019 के पूर्व पंजीकृत मोटरवाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रीकरण चिन्ह (आवश्यक तीसरी पंजीकरण प्लेट सहित) प्रत्येक इंस्टालेशन हेतु 100/- अतिरिक्त चार्ज के साथ लगाया जावेगा। घर पहुंच सेवा हेतु अतिरिक्त राशि देनी होगी।

गौरतलब है कि सर्वाेच्च न्यायालय, नई दिल्ली द्वारा हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रीकरण चिन्ह के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों, केन्द्रीय मोटरयान अधिनियम 1988 एवं केन्द्रीय मोटरयान नियम 1989 के प्रावधानों, सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के परिपालन में छत्तीसगढ़ राज्य में अप्रैल 2019 के पूर्व पंजीकृत प्रत्येक वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रीकरण चिन्ह लगवाए जाने के संबंध में आदेश जारी किया जा चुका है।

हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रीकरण चिन्ह हेतु जारी निर्देशों का पालन नहीं होने पर केन्द्रीय मोटरयान अधिनियम एवं नियमों के अनुसार जुर्माना किया जाएगा। मोटरयान अधिनियम 1988 में दिये गये प्रावधान अंतर्गत दिए गए पेनाल्टी से बचने के लिए केन्द्रीय मोटरयान नियम 1989 के नियम 50 के तहत नकली हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रीकरण चिन्ह समान दिखने वाली प्लेटे/स्मार्ट नंबर प्लेट जैसे होलोग्राम/इंडिया मार्क/इंडिया शिलालेख आदि से लैस सड़क पर चलने वाले वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रीकरण चिन्ह प्लेट से बदलना होगा अनिवार्य होगा। अनाधिकृत रूप से हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रीकरण चिन्ह की बिकी और आपूर्ति करते पाए जाने वाले डीलरों या अन्य व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जावेगी। आम नागरिकों की सुविधा हेतु हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रीकरण चिन्ह आवेदन की प्रक्रिया वेबसाईट में उपलब्ध होगी।

*सरकंडा बंधवापारा निवासी निलेश सिंह ठाकुर ने एक व्यक्ति ऊपर मानसिक प्रताड़ना का लगाया आरोप एस पी रजनेश सिंह से की गई मामले की शिकायत,,,, पढ़े पूरी खबर।*

0

आशीष कश्यप बिलासपुर जिले के सरकंडा बंधवापारा क्षेत्र के निवासी निलेश सिंह ठाकुर जिनका मूल निवास मुंगेली जिले के अंतर्गत ग्राम मुड़पार हैं, उन्होंने बिलासपुर के ही एक व्यक्ति के खिलाफ मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है, व एस पी रजनेश सिंह से मामले की शिकायत की है, बताते चले कि श्रीकांत वर्मा मार्ग पर स्थित एक व्यक्ति जो कि एक प्राइवेट कंपनी में कार्य करते हैं, उनसे यूपीआई के माध्यम से पैसे लिए व उनको ब्याज के तौर पर बीच बीच में रकम वापस भी करते गए, लगभग पांच किश्तों में पैसों का लेन देन किया गया, व रकम वापस करते समय कुछ पैसे यूआपीई के माध्यम से अदा किया गया व कुछ का नगद के तौर पर किया गया, पैसे देते समय स्टाम्प पर लिखा पढ़ी करवाया गया, व लगभग पांच ट्रांजेक्शन करने हुए पांच पांच स्टाम्प का प्रयोग किया गया, व बीच बीच में रकम पीड़ित के द्वारा वापस भी किया गया है, पीड़ित का यह कहना है रकम वापस करते समय पीड़ित से पुराने स्टाम्प को रदद कर दिया हूं कहा गया, जिस अवसर का लाभ उठाते हुए पीड़ित को लगातार फोन पर धमकी गाली गलौच किया जा रहा है जिससे कि पीड़ित का पूरा परिवार सदमे में है, बताते चले कि पीड़ित ने सरकंडा थाने में जाकर इस बात की जानकारी दी गई लेकिन कोई कार्यवाही नहीं होने पर पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक बिलासपुर से की गई है, पुलिस मामले की छान बिन में जुट गई है,

*प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक हैं तो सेफ हैं पर जनता ने लगाई मुहर महाराष्ट्र में भाजपा की जीत जनता की एकजुटता का प्रतीक है: भावना बोहरा*

0

0.महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव और उपचुनाव में मिली भाजपा को ऐतिहासिक जीत जनता की जीत है :-भावना बोहरा।

हिमांशु सिंह ठाकुर:- ब्यूरो रिपोर्ट छत्तीसगढ़।

ब्यूरो रायपुर/कवर्धा:– शनिवार को महाराष्ट्र व झारखंड में विधानसभा चुनाव सम्पन्न हुए वहीं छत्तीसगढ़,मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों में भी उपचुनाव हुए एक तरफ महाराष्ट्र में भाजपा व महायुति गठबंधन ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की वहीं झारखंड में भाजपा वोट प्रतिशत के हिसाब से सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी लेकिन जेएमएम और कांग्रेस के गठबंधन की सरकार ने वहां जीत दर्ज की इस अवर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा व महायुति को मिला यह जनादेश स्पष्ट करता है कि देश की जनता विकास, सुशासन और राष्ट्रीय हित में लिए गए निर्णयों के साथ दृढ़तापूर्वक खड़ी है।यह गौरवपूर्ण विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन एवं दूरदर्शी नेतृत्व व डबल इंजन सरकार की जन-कल्याणकारी नीतियों तथा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के संकल्प के प्रति नागरिकों के अटूट विश्वास का प्रतीक है झारखंड विधानसभा चुनाव में भी हमने कड़ी मेहनत की लेकिन हमारे अनुरूप परिणाम नही आये परंतु हम जनता द्वारा दिये गए जनादेश को स्वीकार करते हैं झारखंड की जनता ने हमें वोट प्रतिशत में सबसे बड़ी पार्टी का

 

आशीर्वाद दिया है जिसके लिए मैं कृतज्ञता पूर्वक आभार व्यक्त करती हूं पार्टी ने मुझे झारखंड में प्रवासी प्रभारी का दायित्व दिया था जहां जनता ने जमेशपूर्व पूर्वी एवं जमशेदपुर पश्चिम में भाजपा व एनडीए गठबंधन ने जीत दर्ज की मैं जनता जनार्दन द्वारा आशीर्वाद व समर्थन प्रदान करने के लिए हृदय से आभार भारतीय जनता पार्टी सदैव झारखंड के विकास व रोटी, बेटी और माटी के सम्मान, सुरक्षा व समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है सर्वाधिक वोट प्रतिशत वाली पार्टी एवं एक मजबूत विपक्ष के रूप में हम जनजातीय भाई-बहनों समेत जनता के हित के मुद्दे उठाते रहेंगे रायपुर दक्षिण विधानसभा चुनाव में भी जनता ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में भाजपा के सुशासन एवं विकास पर अपनी मुहर लगते हुए सुनील सोनी को ऐतिहासिक जीत का आशीर्वाद देकर लगातार 9वीं बार रायपुर दक्षिण विधानसभा में भाजपा का कमल खिलाया है उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में 9 में से 7 सीटों पर जीत दर्ज की मध्यप्रदेश चुनाव में भी भाजपा ने बुधनी में जीत दर्ज की है वहीं राजस्थान में भी भाजपा ने 7 में से 5 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की यह जनता के अपार विश्वास से ही संभव हुआ है भावना बोहरा ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “एक हैं तो सेफ हैं” के आह्वान पर महाराष्ट्र की जनता ने मुहर लगाते हुए एकजुटता के साथ भाजपा एवं महायुति को प्रचंड जनादेश दिया है जनता ने तुष्टिकरण एवं परिवारवाद की राजनीति को नकार कर विकासवादी एवं सुशासन की भाजपा सरकार को चुना है महाराष्ट्र में भाजपा की ऐतिहासिक और प्रचंड जीत ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनता का भरोसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भारतीय जनता पार्टी के सुशासन मॉडल पर लगातार बढ़ता जा रहा है यह सिर्फ एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि जनता के अपार विश्वास और मोदी जी की लोकप्रियता का प्रमाण है इस जीत ने यह साबित किया है कि विकास, स्थिरता और प्रगति के लक्ष्य पर चलने वाली बीजेपी जनता की पहली पसंद बन चुकी है मोदी मैजिक और बीजेपी का सुशासन मॉडल लोगों के दिलों में गहरी छाप छोड़ रहा है 2025 में बिहार और दिल्ली तथा आगामी नगरीय निकाय व पंचायत चुनावों में भी भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।

—————————————-

*जांजगीर चांपा में खाट पर सोई बुजुर्ग महिला जिन्दा जली:- शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका,जांच में जुटी पुलिस*

0

मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर चांपा……

जांजगीर चांपा जिले के ग्राम सेमरा में मिट्टी के घर में सो रही बुजुर्ग महिला की जिन्दा जलने से मौत हुई है। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना नवागढ़ थाना क्षेत्र की है।

थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने बताया कि,, बुधनी बाई 70 वर्ष की आग में जलने से मौत हुई है। मृतिका के पुत्र विजय कुर्रे ने बताया है शनिवार की रात को खाना खिलाने के बाद मां को मिट्टी के अलग घर में अकेली खाट में सोई थीं। करीबन 11.30 बजे उठा तो देखा कि आग लगी हुई थी,,अंदर जाने की कोशिश की मगर आग तेज होने के कारण अंदर नहीं जा सका। घटना की जानकारी आस पास के लोगो को दी और आग को बुझाने का प्रयास किया गया।

घटना की जानकारी पुलिस को और फायर ब्रिगेड को दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया ।
रविवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना स्थल पर FSL की टीम को बुलाया गया था आखिर शॉर्ट सर्किट की वजह क्या है।

*जांजगीर चांपा में बुजुर्ग व्यक्ति की हुई मौत:- बाइक अनियंत्रित होकर खेत में लगे खंभे से टकराई,एक की हालत गंभीर*

0

मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर चांपा…….

जांजगीर चांपा जिले के अर्जूनी गांव में बाइक अनियत्रित होकर खेत में लगे खंभे से टकराने से बाइक में सवार शावन दास 60 वर्ष की सिर पर गंभीर चोट आने से मौत हुई है। वहीं पुनिराम को गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर किया गया है। घटना अकलतरा थाना क्षेत्र की है।

मिली जानकारी अनुसार,, पुनिरम और शावन दास रिश्ते में मामा भांजा होते है। रविवार की सुबह करीबन 8 बजे दोनो एक बाइक में बैठकर खेतो को देखकर वापस अपने गांव अर्जुनी आ रहे थे। बाइक को पुनीराम चला रहा था इस दौरान तेज रफ्तार होने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर खेत के किनारे लगे खंभे से जा टकराई, हादसे में दोनो बाइक से गिर गए, जिसमे शावन दास की सिर पर गंभीर चोट आने से मौके पर ही मौत हुई है। वहीं पुनीरम को गंभीर हालत में सीएचसी अस्पताल अकलतरा से बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।

अकलतरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्यवाही कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

*विवाह का झांसा देकर दैहिक शोषण करने वाले आरोपी को माननीय न्यायालय से मिली आजीवन कारावास की सजा*

0

📌 *माननीय न्यायालय में आरोपी ने पीड़िता को अपनी पत्नी बताकर आपसी सहमति का मामला बताने का प्रयास किया था*

📌 *आरोपी द्वारा पूर्व में भी 2 अन्य महिलाओं से विवाह कर छोड़ दिया गया था*

📌 *दोनों महिलाओं /पूर्व पत्नियों को बनाया गया साक्षी*

📌 *माननीय न्यायालय ने गंभीर अपराधिक कृत्य मानते हुए आरोपी को आजीवन कारावास के सजा से दंडित किया है।*

📌 *आरोपी के पूर्व पत्नियों के बयान को माननीय न्यायालय ने गंभीर अपराध के लिए आधार माना है ।*

📌 *प्रकरण में दोषसिद्धि के लिए माननीय न्यायालय में साक्ष्य के प्रस्तुतीकरण का तरीका एवं आरोपी का पूर्व इतिहास को साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत करना महत्वपूर्ण होता है ।*


आशीष कश्यप बिलासपुर:-मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि पीड़िता के द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि आरोपी अशोक राजवाड़े के द्वारा पीड़िता को कहा गया कि वह उसे अत्यधिक प्रेम करता है और विवाह करना चाहता है । फिर बिलासपुर लाकर नोटरी के माध्यम से इकरारनामा तैयार कर स्वयं को पीड़िता का पति बताते हुए पीड़िता से लगभग 03 वर्ष तक शारीरिक शोषण किया । इस दौरान पीड़िता को ज्ञात हुआ कि आरोपी पूर्व से शादीशुदा है, उसकी 01 पुत्री भी है , यह भी ज्ञात हुआ कि आरोपी के द्वारा पहली पत्नी को छोड़ने के बाद एक अन्य महिला से भी विवाह किया गया था उसको भी छोड़ दिया है । इस संबंध में आरोपी से पूछताछ करने पर उसने पीड़िता को मारपीट किया और जान से मारने की धमकी दिया । पत्नी के रूप में रखने से इंकार कर दिया । पीड़िता के रिपोर्ट पर पुलिस चौकी सी एस ई बी थाना कोतवाली कोरबा में आरोपी अशोक राजवाड़े के विरुद्ध अपराध क्रमांक 539/2020 धारा 376(2)(n),417, 294,506 (b) भादवि के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ,पीड़िता अनुसूचित जाति की थी अतः धारा 3(2)(5) अनु. जाति/अजजा अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा लगाया गया । प्रकरण के विवेचना के दौरान विवेचना अधिकारी द्वारा पीड़िता के साथ घटित घटना के संबंध के साक्ष्य एकत्रित करने के साथ साथ आरोपी के दोनों पूर्व पत्नियों का भी कथन लेकर माननीय न्यायालय में साक्ष्य कथन कराया गया ।
प्रकरण का विचारण माननीय विशेष न्यायाधीश अ जा/अ ज जा अत्याचार निवारण अधिनियम न्यायालय कोरबा में हुआ , जिसका निर्णय दिनांक 19 .11.2024 को घोषित हुआ है । माननीय न्यायालय के द्वारा आरोपी को धारा 376(2)(n),417, 294,506 (b) भादवि के अंतर्गत आजीवन कारावास एवं 25000 रुपए का जुर्माना तथा धारा 3(2)(5) अनु. जाति/अजजा अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत आजीवन कारावास एवं 25000 के जुर्माना से दंडित किया गया है ।
दैहिक शोषण के ऐसे मामले जिनमें पीड़िता बालिग हो, आरोपी एवं पीड़िता के मध्य विवाह के संबंध में कोई इकरारनामा आदि तैयार किया गया हो, ऐसे मामलों मे आपसी सहमति का मामला मानकर आरोपी माननीय न्यायालय से दोष मुक्त हो जाते हैं । किंतु इस प्रकरण में पीड़िता एवं आरोपी के मध्य तैयार किया गया इकरारनामा ही दोष सिद्धि का आधार बना । इसका मुख्य वजह यह रहा की विवेचना अधिकारी के द्वारा आरोपी के पूर्व कृत्य को माननीय न्यायालय में प्रमुखता से उजागर किया गया एवं आरोपी के द्वारा जिन 02 महिलाओं से विवाह कर छोड़ दिया गया था, उन दोनों महिलाओं को न्यायालय में साक्षी के रूप में प्रस्तुत किया गया ।
इस प्रकरण की पीड़िता उच्च शिक्षित और बालिग थी । आरोपी एवं पीड़िता के मध्य विवाह संबंधी इकरारनामा भी तैयार हुआ था, किंतु माननीय न्यायालय ने माना कि दोनों के मध्य दी गई सहमति में पीड़िता के द्वारा दी गई सहमति स्वच्छ अंतःकरण से दी गई सहमति थी किंतु आरोपी द्वारा छल पूर्वक सहमति दी गई थी ।
प्रकरण का विवेचना पुलिस चौकी सीएसईबी में पदस्थ रहे तत्कालीन चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कृष्णा साहू द्वारा किया गया है , जो वर्तमान में थाना सरकंडा में पदस्थ है , विवेचना में आरक्षक देवनारायण कुर्रे द्वारा सहयोग किया गया था । माननीय न्यायालय में प्रकरण की पैरवी विशेष लोक अभियोजक श्री कमलेश उपाध्याय द्वारा किया गया है ।

*बिना अनुमति ड्रोन ऑपरेट करने वाले ड्रोन चालकों के खिलाफ हुई कार्यवाही*

0

आशीष कश्यप बिलासपुर:-सिविल लाइन थाने में प्रबंतीधक धाराओं के तहत कार्यवाही कर दो ड्रोन किए गए जप्त

नो फ्लाइंग जोन में अरपा रिवर व्यू कार्यक्रम के दौरान बिना अनुमति के चल रहे ड्रोन ।

नाम ड्रोन संचालक

1 ताहा भारमल पिता तुराब भारमल उम्र 23 साल निवासी तेलीपारा काली मंदिर के पास

2 अदनान सैफी पिता बुरहानुद्दीन उम्र 23 साल निवासी फजलबाड़ा गांधी चौक के पास थाना कोतवाली