Home Blog Page 479

*खुद के पास नहीं था धान, बाजार से खरीद कर खपाने का प्रयास, टीम ने जब्त किए 80 क्विंटल धान*

0

*876 क्विंटल धान का कराया गया रकबा समर्पण*

आशीष कश्यप ब्यूरो बिलासपुर, / कलेक्टर अवनीश शरण के निर्देश पर अवैध धान के खिलाफ आज भी तगड़ी कार्रवाई की गई। एक किसान के पास बेचने के लिए धान शेष नहीं था। उन्होंने बाजार से धान खरीदकर केंद्र में बेचने पहुंचा था। संयुक्त टीम ने उन्हें मौके पर पकड़ लिया। किसान का 80 क्विंटल धान बरामद कर लिया गया। इस प्रकार धान नहीं होने के बावजूद ज्यादा पैमाने का टोकन कटाने वाले 10 किसानों का 876 क्विंटल धान का रकबा समर्पण कराया गया। कलेक्टर ने आगे और सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

जिला खाद्य अधिकारी अनुराग भदौरिया ने बताया कि तहसील मस्तुरी स्थित धान उपार्जन केन्द्र चिल्हाटी का भौतिक सत्यापन नायब तहसीलदार द्वारा किया गया। मौके पर उपस्थित कृषक के पास उपलब्ध धान के भौतिक सत्यापन उपरांत धान कम पाये जाने पर 1.580 हेक्टेयर (81 क्विंटल धान) का रकबा समर्पण कृषक की सहमति से कराया गया। इसी प्रकार तहसील सकरी स्थित धान उपार्जन केन्द्र घुरू में तहसीलदार सकरी जॉच हेतु उपस्थित हुए। मौके पर उपस्थित कृषक राधेश्याम शर्मा के पास उपलब्ध धान के भौतिक सत्यापन उपरांत 135 क्विंटल धान का रकबा समर्पण कृषक की सहमति कराया गया। तहसील मस्तुरी स्थित धान उपार्जन केन्द्र सह सेवा सहकारी समिति जोधरा में नायब तहसीलदार द्वारा उपस्थित होकर जाँच किया गया। मौके पर उपस्थित किसानों के पास उपलब्ध धान के भौतिक सत्यापन उपरांत कुल 07 कृषकों से 359.60 क्विंटल धान का रकबा समर्पण कराया गया। तहसील बोदरी स्थित धान उपार्जन केन्द्र सरवानी का निरीक्षण नायब तहसीलदार बोदरी द्वारा किया गया। आज दिनांक हेतु जारी टोकनों का भौतिक सत्यापन किया गया एवं लगभग 300 क्विंटल धान का रकबा समर्पण कृषकों द्वारा किया गया। विकासखण्ड तखतपुर स्थित धान उपार्जन केन्द्र टांडा के कृषक कृष्णादेवी गुप्ता / हरिश्चंद निवासी कोटा के द्वारा 80 क्विंटल धान कोटा से खरीदकर कर लाया जाना पाया गया। अतः उपरोक्तानुसार धान को जप्त किया गया।

*सरगुजा: एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों की विवेचना में उत्कृष्टता हेतु रेंज स्तरीय कार्यशाला सम्पन्न*

0

*सरगुजा: एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों की विवेचना में उत्कृष्टता हेतु रेंज स्तरीय कार्यशाला सम्पन्न*

पुलिस मुख्यालय के निर्देशन पर पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज के पर्यवेक्षण एवं पुलिस अधीक्षक सरगुजा के नेतृत्व में मादक पदार्थों से संबंधित प्रकरणों पर एनसीबी द्वारा पुलिस अधिकारियों को कार्यशाला कर प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला में 112 अधिकारी उपस्थित हुए। जिसमें एनडीपीएस मामलों की जांच, जप्ती, सेम्पलिंग, फाइनेंशियल इंवेस्टीगेशन, डिस्पोजल आदि विषय पर प्रशिक्षण दिया गया।

*बिलासपुर: मादक पदार्थों से संबंधित प्रकरणों पर पुलिस अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण समपन्न*

0

*बिलासपुर: मादक पदार्थों से संबंधित प्रकरणों पर पुलिस अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण समपन्न*

आशीष कश्यप बिलासपुर पुलिस मुख्यालय के निर्देशन पर पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ के पर्यवेक्षण एवं पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज के मार्गदर्शन में मादक पदार्थों से संबंधित प्रकरणों पर एनसीबी द्वारा बिलासपुर रेंज के पुलिस अधिकारियों को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यशाला में एनडीपीएस मामलों की जांच, जप्ती, सेम्पलिंग, फाइनेंशियल इंवेस्टीगेशन, डिस्पोजल आदि विषय पर प्रशिक्षण दिया गया।

*कोरबा पुलिस का विशेष अभियान – सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्यवाही*

0

रवि  शिवहरे ब्यूरो कोरबा – “आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता!” कोरबा पुलिस सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए लगातार अभियान चला रही है।

पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी (भा.पु.से.) के निर्देशन में एवं यातायात एवं क्राइम प्रभारी श्री रविन्द्र कुमार मीना (भा.पु.से.) के नेतृत्व में यातायात पुलिस द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन एवं सड़क सुरक्षा के मद्देनजर विशेष अभियान चलाया गया।

इस अभियान के तहत नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग, नशे की हालत में वाहन चलाने (Drunk & Drive), बिना हेलमेट/सीट बेल्ट के वाहन चलाने जैसी लापरवाहियों पर कार्रवाई की गई। साथ ही, सड़कों पर व्हाइट पेंट एवं रेडियम पट्टीकरण (Reflective Marking) अभियान भी चलाया जा रहा है।ताकि रात के समय वाहन चालकों को सड़क मार्ग बेहतर ढंग से दिख सके और दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।

✅ नाबालिगों के वाहन चलाने पर कार्रवाई: 7 मामलों में नाबालिग द्वार मोटर वाहन चलाने पर चालानी कारवाही की गई।

✅ ओवरस्पीडिंग पर सख्ती:14 लोगो पर निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वालों पर चालान किया गया। जनवरी माह मे अभी तक कुल 108 लोगो पर ओवरस्पीडिंग पर कारवाही हो चुकी हैं।

✅ ड्रंक एंड ड्राइव पर कड़ा शिकंजा: शराब पीकर वाहन चलाने 10 लोगो पर 185 MV एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की गई। अभी तक जनवरी माह मे कुल 78 185MV एक्ट के तहत कारवाही हो चुकी है।

✅ सड़क सुरक्षा सुधार अभियान – व्हाइट पेंट एवं रेडियम पट्टीकरण: विशेष अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने प्रमुख सड़कों पर सफेद पेंट और रेडियम पट्टीकरण किया जा रहा है जिससे सड़क किनारे एवं डिवाइडर्स रात में स्पष्ट दिखाई दें। इससे खासतौर पर हाईवे और अंधेरे क्षेत्रों में दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी।

*जनता से अपील – “यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें”*

*कोरबा पुलिस सभी नागरिकों से सहयोग की अपील करती है:*

✔ माता-पिता सतर्क रहें! नाबालिग बच्चों को वाहन न दें, यह न केवल उनके जीवन के लिए खतरनाक है, बल्कि कानूनी कार्रवाई का कारण भी बन सकता है।

✔ गति पर नियंत्रण रखें! ओवरस्पीडिंग से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है, जिम्मेदार वाहन चालक बनें।

✔ नशे की हालत में वाहन न चलाएं! अगर कोई व्यक्ति शराब पीकर गाड़ी चला रहा है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।

✔ हेलमेट और सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाएं! यह न केवल कानूनी नियम है, बल्कि आपकी सुरक्षा के लिए भी बेहद जरूरी है।

✔ सड़क सुरक्षा का ध्यान रखें! रेडियम पट्टियों और रोड मार्किंग का सम्मान करें और सड़क पर सतर्कता बनाए रखें।

“आपका सहयोग ही सड़क सुरक्षा की कुंजी है– नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें और दूसरों को भी जागरूक करें!”

*कोरबा पुलिस हमेशा आपकी सेवा में तत्पर है। किसी भी यातायात संबंधी समस्या या जानकारी के लिए तुरंत पुलिस हेल्पलाइन पर संपर्क करें।*

*”यातायात नियमों का पालन करें – जीवन को सुरक्षित बनाएं!”*

*नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अचार संहिता लगेगी आज से*

0

*नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अचार संहिता लगेगी आज से*

योगेश पाठक ब्यूरो रायपुर . छत्तीसगढ़ में आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर आज दोपहर 3 बजे छत्तीसगढ़ निर्वाचन आयोग प्रेस वार्ता करने जा रही है.इस वार्ता में निर्वाचन आयोग के अधिकारी चुनाव की तारीखों समेत तमाम जानकारी साझा करेंगे. वहीं चुनाव तारीखों की घोषणा के साथ ही आचार संहिता लागू हो जाएगी.

*सिंचाई पम्प के लिए निःशुल्क विद्युत सहायता योजना का नाम अब डॉ खूबचंद बघेल किसान विद्युत सहायता योजना : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा*

0

*15 फरवरी तक किसानों को धान खरीदी के अंतर की राशि एकमुश्त देंगे – मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय*

*मुख्यमंत्री श्री साय ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले को दी 137.41 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात*

*सारंगढ़ में 38 करोड़ से बनेगा जिला अस्पताल: मुख्यमंत्री ने किया भूमिपूजन*

योगेश पाठक ब्यूरो रायपुर/ छत्तीसगढ़ सरकार 15 फरवरी तक धान खरीदी के मूल्य के अंतर की राशि किसानों को एकमुश्त देगी। इसका निर्णय आज केबिनेट की बैठक में ले लिया गया है। इसका लाभ राज्य के लगभग 27 लाख किसानों को होगा। मुख्यमंत्री श्री साय ने आज सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला मुख्यालय में विकास कार्यों के लोकार्पण शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने इस अवसर पर किसानों के सिंचाई विद्युत पंप सहायता योजना का नाम डॉ. खूबचंद बघेल किसान विद्युत सहायता योजना करने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले को 137.41 करोड़ रूपए के विकास कार्यों की सौगात दी, जिसमें 47.87 करोड़ के 84 कार्यों का लोकार्पण और 89.54 करोड़ रूपए के भूमिपूजन कार्य शामिल है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने 38 करोड़ रूपए की लागत से सारंगढ़ में जिला अस्पताल का निर्माण व 18.75 करोड़ की लागत से बनने वाले संयुक्त जिला कार्यालय भवन के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर सारंगढ़-बिलाईगढ़ में उद्योग स्थापना के लिए जमीन आबंटन, डेढ़ करोड़ की लागत से सारंगढ़ मुख्य मार्ग चौड़ीकरण, सरिया में 50 सीटर छात्रावास भवन, सारंगढ़ में उच्च स्तरीय विश्राम गृह भवन निर्माण, कोसीर के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उन्नयन की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर हितग्राहियों को शासन के विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सहायता राशि के चेक व सामग्री प्रदान की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने उद्बोधन में कहा कि 20 वर्षों तक सारंगढ़ मेरी कर्मभूमि रही है। अब मुख्यमंत्री के रूप में सारंगढ़-बिलाईगढ़ सहित छत्तीसगढ़ के विकास की जिम्मेदारी को पूरा करने का कार्य लगातार कर रहे हैं। हमने बीते एक साल में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की गारंटी को पूरा करने का काम किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत आवासों के निर्माण में तेजी आई है। पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख आवासों की स्वीकृति दी गई है। पहले चरण में 8.47 लाख आवास निर्माण को स्वीकृति मिली थी। इनमें से कई हितग्राहियों के आवास पूर्ण हो गए हैं और अब वे गृह प्रवेश कर रहे है। केंद्रीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के छत्तीसगढ़ आगमन पर उन्होंने 3 लाख 88 हजार अतिरिक्त आवास की स्वीकृति दी है। आगामी अप्रैल माह में राज्य को 3 लाख आवासों की स्वीकृति और मिलेगी। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य में आवास प्लस के सर्वे का काम भी शुरू कर दिया है। पीएम आवास के लिए पात्रता का दायरा बढ़ाया गया है। अब जिनके पास दो पहिया वाहन है, 2.5 एकड़ सिंचित भूमि अथवा 5 एकड़ असिचिंत भूमि, 15 हजार तक की मासिक आमदनी वालों को भी आवास मिलेगा। आवास स्वीकृति की प्रक्रिया को सरल बनाने ऑनलाइन ऐप लॉन्च किया गया है। इससे किसी भी व्यक्ति द्वारा घर बैठे ही आवेदन किया जा सकेगा। राज्य सरकार महतारी वंदन योजना में माताओं और बहनों को एक हजार रुपए की राशि प्रतिमाह दे रही है। उन्होंने कहा कि सारंगढ़ के दानसरा की माताएं और बहनें इस राशि से राममंदिर बनवा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पंडित दीनदयाल भूमिहीन कृषि श्रमिक योजना के तहत 5 लाख 62 हजार भूमिहीन कृषि श्रमिक लाभान्वित होंगे। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने पूरे देश में 50 हजार गांवों के 65 लाख ग्रामीणों को स्वामित्व कार्ड प्रदान किया। इससे कई पीढ़ियों से ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी भूमि में निवास कर रहे लोगों को अधिकार पत्र मिल रहा है। छत्तीसगढ़ के दस जिलों में 61 हजार लोगों को स्वामित्व कार्ड वितरण किया गया है। पीएससी घोटाले के दोषियों को सजा दिलाने का कार्य कर रहे हैं। इससे प्रदेश के युवाओं का विश्वास परीक्षा प्रणाली में फिर से लौटा है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा 144 सालों बाद पूर्ण महाकुंभ का संयोग बना है। छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं के लिए प्रयागराज महाकुंभ में साढ़े चार एकड़ में विशाल छत्तीसगढ़ मंडप बनाया गया है। यहां छत्तीसगढ़ के निवासियों के लिए निःशुल्क भोजन एवं ठहरने की व्यवस्था है। मुख्यमंत्री साय ने जिलेवासियों को महाकुंभ में सहभागी बनने का न्यौता दिया।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि हम लगातार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने का काम कर रहे हैं। राज्य सरकार ने गांव से लेकर शहर तक विकास कार्यों को गति देने का काम कर रही हैं। 3100 रूपये में धान खरीदी हो रही है। महतारी वंदन का पैसा हर महीने मिल रहा है। आवास का निर्माण तेजी से हो रहा है। किसानों को 2 साल का बकाया बोनस दिया गया है।

राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में पिछले एक साल में लगातार विकास के कार्य हो रहे हैं। कार्यक्रम को सांसद श्री राधेश्याम राठिया एवं श्रीमती कमलेश जांगड़े ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विधायक सारंगढ़ श्रीमती उत्तरी गनपत जांगड़े, विधायक बिलाईगढ़ श्रीमती कविता प्राण लहरे, पूर्व विधायक श्री शमशेर सिंह, श्रीमती केराबाई मनहर, सुश्री कामदा जोल्हे, श्री ज्योति पटेल, श्री जगन्नाथ पाणिग्राही सहित अन्य जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

*पंडरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के भ्रष्ट अधिकारी रहे पूर्व बीएमओ स्वप्निल तिवारी ने किया लाखो रुपये के गबन अपने चहेते दुकान संचालक को पहुँचाया लाभ निष्पक्ष जांच की शासन से मांग*

0

0. उप स्वास्थ्य केंद्र पण्डरिया में जीवनदीप समिति तथा एन एच एम व प्राथ स्वा केंद्र के जीवनदीप समिति मद के वित्तीय वर्ष 2022-23 एवं 2023-24 की आय-व्यय में भारी भ्रष्टाचार भ्रष्ट अधिकारी पूर्व बीमाओ स्वप्निल तिवारी को क्यो बचा रही भाजपा।

0.विधानसभा चुनाव में पूर्व भ्रष्ट बीएमओ स्वप्निल तिवारी ने किया था जमकर कांग्रेस का प्रचार प्रसार।

हिमांशु सिंह ठाकुर:- ब्यूरो रिपोर्ट छत्तीसगढ़।

ब्यूरो रायपुर/कवर्धा:- पंडरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पूर्व में रहे पूर्व बी.एम.ओ. डा. स्वपनिल तिवारी द्वारा जीवनदीप समिति पंडरिया में दोनो वित्तीय वर्षों में जीवनदीप समिति में बिना जीवनदीप समिति की बैठक आयोजन किये स्वयं के निर्णय पर बिना नियम के पालन किये अंधाधुंध अकारण व्यय का बिल लगाकर शासकीय राशि गबन किया गया परंतु लगातार मामले की जांच की मांग होने पर भी भ्रष्ट पूर्व बीएमओ पर कार्यवाही नही की गई जो संसय का विषय लगातार लोगों में बनी रही वही आपको बता दे कि पूर्व बीएमओ स्वप्निल तिवारी द्वारा प्रत्येक वित्तिय वर्ष में पंडरिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर 2 साधारण सभाः जिसका कि अध्यक्ष स्थानीय विधायक होते है बावजूद 4 कार्यकारिणी समिति, जिनका कि अध्यक्ष स्थानीय अनुविभागीय अधिकारी (रा.) होते है परंतु बिना बैठक आयोजित किये अस्पताल के रख रखाव व उन्नयन एवं लोकहित में राशि-व्यय किये जाने हेतु समितियों द्वारा प्रस्ताव और व्यय को अनुमोदित किया जाता है जहां व्यय में ध्यान रखने योग्य महत्वपूर्ण बात यह होती है जहां पूरा ध्यान अस्पताल और इलाज हेतु भर्ती मरीजों की सुख सुविधायों का सम्पूर्ण ध्यान रखा जाता है वही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया में दोनो वित्तीय वर्षों में सिर्फ एक बार साधारण सभा की बैठक दिनांक 24/05/23 को वर्ष 2022-23 वित्तीय वर्ष की समाप्ति के बाद बैठक रखकर सिर्फ खानापूर्ति की गई वही वित्तीय वर्ष 2022-2023 में साधारण सभा और कार्यकारीणी सभा के बिना बैठक के बिना पूर्व बी एम. ओ. स्वपनिल तिवारी द्वारा विद्युत मद में लगभग 150,000 / रु. दवाई और उपकरण क्रय में लगभग 200,00० रू और शासकीय वाहन कं० 5060 की रिपेयरिंग डेटिंग, पेंटिंग आदि के 10,0000 रु का व्यय व अस्पताल मरम्मत के नाम पर लगभग 150,000 रूः का व्यय नियम विपरीत व्यय के नाम पर फर्जी बिल लगाकर फर्जी भुगतान दिखाकर राशि गबन किया गया वही अस्पताल हेतु दवाई और उपकरण हेतु राज्य सरकार की संस्था CGMSC कार्यरत है वही सभी उपकरण और दवाइयां शासकीय अस्पतालों में पूर्ति करती है विशेष परिस्थितियों में CGMSC में दवाइया एवं उपकरण नहीं होने की स्थिति में कोई भी संस्था CGMSC से एन.ओ.सी लेकर ही दवाइ‌यों व उपकरण क्रय कर सकता है परन्तु बिना CGMSC से एन.ओ.सी. व बिना जीवन दीप समिति की बैठक के फर्जी बिल लगाकर राशि गबन कर लिया गया बता दे कि पूर्व बी.एम.ओ. को जीवनदीय समिति से अलग अलग मद में अधिकतम राशि 50,000 रु तक व्यय कीये जाने का अधिकार होता है जहां अपनी वित्तीय सीमा से अधिक व्यय किया गया परंतु कोई जांच नही की गई वही भाजपा मंडल के नेता रितेश सिंह ठाकुर द्वारा भी लगातार पूर्व बीएमओ स्वप्निल तिवारी पर आरोप लगते रहे परन्तु कोई जांच नही की गई वही कांग्रेस के शासन में भ्रष्ट पूर्व बीएमओ को कांग्रेस का काफी सहयोग मिलता रहा वही बता दे कि रेगुलर स्टेशनरी होने के बावजूद सिर्फ खानापूर्ति के लिए स्टेशनरी के नाम पर बिल लगाकर लाखो रुपये का फर्जी बिल भुगतान किया गया अगर इन सभी कागजो की जांच की जाए तो पूर्व बीमाओ स्वप्निल तिवारी के भ्रष्टाचार के मामले सामने आ जाएंगे वही बता दे कि पूर्व बीएमओ स्वपनिल तिवारी के ऊपर भ्रष्टाचार के और कर्मचारियों पर दुर्व्यवहार के आरोप लगते रहे है जिसे लगातार समाचार पत्रों में प्रकाशित भी किया गया जहां स्वपनिल तिवारी द्वारा आम लोगो व मरीजों से भी दुर्व्यवहार किया जाता रहा है उनके स्थानीय कांग्रेसी नेताओं से अपनी घनिष्टता व पारिवारिक रूप से काग्रेसी पृष्ठभूमि से जुड़े रहने के कारण तथा पूर्ववती कांग्रेसी शासन में अपनी गहरी पैट रखने के कारण BMO पद पर बने रहे वही सरकार बदलते ही उन्हें पद मुक्त कर वापस कवर्धा मूलपद मेडिकल आफिसर जिला-चिकित्सालय भेज दिया गया परंतु भ्रष्टाचार की जांच तक नहीं की गई जिला चिकित्सालय में फर्जी मेडिकल कांड में भी स्वपनिल तिवारी आरोपी है जिसकी जांच अब तक चल रही है अगर मामले की जांच की जाए तो इनके परत दर परत कई मामले सामने आने की संभावना है

*दुकान संचालक को पहुँचाया लाभ लाखो के बिल लगाकर किया आहरण*

वही बता दे कि पूर्व बीएमओ स्वप्निल तिवारी द्वारा एक ही फर्म मुकुन्द केंटिन के नाम पर माह दिसंबर वर्ष 2022 से मार्च वर्ष 2023 तक सिर्फ 4 माह में लगभग 2.50000 रु का व्यय सिर्फ नाश्ते खाने में व्यय किया गया है वही फर्म मुकुन्द कैंटीन को सिर्फ एक दिन में 900 लोगों के प्रशिक्षण हेतु नाश्ते पानी का 99000 रू और इसी फर्म को 600 मितानिनी के प्रशिक्षण हेतु 30,000 रु का भुगतान दर्शाया गया है जो कि पूर्णता असंभव एवं फर्जी है वही सिर्फ एक दिन में 500 लोगों का प्रशिक्षण दिया जाना संभव नहीं है और न ही इतने लोगों का उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर है सिर्फ फर्जी भुगतान हेतु प्रशिक्षण के नाम पर फर्जी बिल लगा कर आहरण किया किया गया वही बता दे माह जनवरी वर्ष 2023 में 16/01/23 17/01/23.और 18/01/23 में सिर्फ 3 दिवस में 26390 रु. का चाय, नाश्ते का खर्च भुगतान दर्शाया गया है वही दिनांक 09/02/23 को बिल क्रमांक 01 में लक्ष्य मीटिंग के नाम पर 8100 रू और 09/02/23 को बिल क 0.02 में लक्ष्य मिटिंग के नाम पर 8100 रु का भुगतान किया गया है वही दिनांक 09/02/23 को पुनः बिल लगाकर 9090 रू का भुगतान किया गया कुल भुगतान 25290 रू का किया गया है जहां आवेदक द्वारा शिकायत पत्र के माध्यम से शिकायत कर डा स्वपनिल तिवारी पूर्व बीएमओ के खिलाफ वित्तीय वर्ष 2022-23 और 2023-24, के सम्पूर्ण वित्तीय जाच कर दोषी पाये जाने पर FIR करने की मांग की गई थी परंतु समय बीत जाने के बावजूद अब तक ऐसे भ्रष्ट पूर्व बीएमओ पर कार्यवाही नही की गई आम जनों में मामले को लेकर काफी चर्चा का विषय बना हुआ है लोगों द्वारा सरकार से काफी उम्मीदें जताई जा रही है कि ऐसे भ्रष्टाचार में लिप्त पूर्व बीएमओ पर तत्काल कार्यवाही की जाए जिससे सत्ता रूढ़ पार्टी सरकार के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ सके।

—————————————-

📌 *राजस्व अभिलेखों में छेड़छाड़ कर शासकीय भूमि को ठगी करने वाले पर बिलासपुर पुलिस का प्रहार।*

0

📌 *भोंदू दास मानिकपुरी के नाम पर चर्चित प्रकरण में 01 अन्य आरोपी को किया गया गिरफ्तार।*

📌 *अपने साथियों के साथ मिलकर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर शासकीय भूमि को बिक्री कर किया था धोखाधड़ी।*

📌 *धोखाधड़ी करने वाले हो जाये सावधान, होगी सख्त कार्यवाही।*

📌 *आरोपी को गिरफ्तार कर किया गया वैधानिक कार्यवाही।*
————————————————–
*नाम आरोपी:-*
भवन लाल कुर्रे पिता स्व. छोटेलाल कुर्रे उम्र 62 वर्ष निवासी वार्ड क्र. 47 पुरानी बस्ती चिल्हाटी, थाना सरकण्डा, जिला बिलासपुर (छ.ग.)
————————————————–

आशीष कश्यप बिलासपुर:-घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि आवेदक प्रकाश सिंह द्वारा ग्राम मोपका, चिल्हाटी, लगरा के भूमि पर फर्जी तरीके से नाम दर्ज कराने की प्रस्तुत शिकायत के आधार पर श्रीमान् पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर द्वारा गठित टीम द्वारा की गई, टीम द्वारा जांच के आधार पर ग्राम मोपका स्थित भूमि खसरा नम्बर 224/3 एवं 232/12 रकबा 4 एकड़ 95 डिसमिल एवं 01 एकड़ भूमि जो कि शासकीय भूमि थी उक्त भूमि के रिकॉर्ड में छेड़छाड़ आकर आरोपियों द्वारा गुलाल उमर पिता सुधवा के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार किया गया ,इसके बाद भोंदू दास मानिकपुरी के नाम पर फर्जी रजिस्ट्री दस्तावेज तैयार कर रोहन खेडिया एवं नूतन खेडिया के नाम पर बिक्री कर आर्थिक लाभ प्राप्त करना पाये जाने पर तत्कालीन तहसीलदार संदीप ठाकुर वर्तमान डिप्टि कलेक्टर कबीरधाम द्वारा लिखित रिपोर्ट दर्ज कराने पर अपराध सदर कायम कर विवेचना में लिया गया, प्रकरण की विवेचना दौरान आरोपी भोंदूदास मानिकपुरी, राम कुमार यादव, सुरेश उर्फ बब्बू मिश्रा, हैरी जोसेफ की संलिप्तता पाये जाने पर आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार किया जाकर अभियोग पत्र न्यायालय पेश किया गया है। प्रकरण में धारा 173(8) जा.फौ. के तहत् विवेचना जारी रखते हुये प्रकरण की विवेचना कार्यवाही नगर पुलिस अधीक्षक महोदय सरकण्डा, श्री सिद्धार्थ बघेल द्वारा किया जा रहा था।
श्रीमान् पुलिस अधीक्षक महोदय बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भापुसे) द्वारा धारा 173(8) जा.फौ. के लंबित प्रकरणों के संबंध में समीक्षा बैठक दौरान शीघ्र निराकरण करने आदेशित किये थे जिसके परिपालन में प्रकरण की विवेचना दौरान आरोपी भवनलाल कुर्रे के विरूद्ध साक्ष्य सबूत एकत्र कर पार्याप्त साक्ष्य पाये जाने से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर अति.पुलिस अधीक्षक महोदय बिलासुर श्री उदयन बेहार, के दिशा निर्देशन में सी.एस.पी. सरकंडा श्री सिद्धार्थ बघेल के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरी. निलेश पाण्डेय, उनि कृष्णा साहू के हमराह टीम भेजकर आरोपी भवनलाल कुर्रे को आज दिनांक 18.01.2025 को उनके सकुनत में घेराबंदी कर पकड़ा गया, जिससे घटना के संबंध में पूछताछ करने पर घटना कारित करना स्वीकार करने पर विधिवत् गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।

*शासकीय भूमि पर कब्जा छोड़ने एवं आरोपियों के पक्ष में बिक्री पर सहमति देने के एवज में 35 लाख रुपए प्राप्त करने के आरोप में किया गया गिरफ्तार*

*विवरण*
विवेचना दौरान पाया गया कि ग्राम चिल्हाटी स्थित उक्त शासकीय भूमि पर आरोपी भवन लाल कुर्रे का कब्जा था ,जिसे आरोपीगण सुरेश मिश्रा ,हैरी जोसेफ ,राम यादव वगैरह के द्वारा आरोपी भोंदू दास मानिकपुरी के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर बिक्री करने का प्रयास किया था , तब आरोपी भवन लाल कुर्रे को इसकी जानकारी होने पर तहसील और sdm कार्यालय में आपत्ति लगाया था , किंतु बाद में आरोपीगण से समझौता करते हुए भूमि क्रेता रोहन खेडिया और नूतन खेडिया से उक्त भूमि पर अपना कब्जा छोड़ने एवं बिक्री करने हेतु सहमति देने के एवज में कुल 35 लाख रुपए प्राप्त किया , जिसमें से 05 लाख रुपए नगद एवं 7 लाख 50 रुपए के कुल 4 चेक के माध्यम से 30 लाख रुपए अपने बैंक खाता में प्राप्त किया । बैंक के मिले दस्तावेजी साक्ष्य के आधार पर आरोपी भवन कुर्रे को गिरफ्तार किया गया है ।

*नगरीय निकायों के पेंशनर्स के महंगाई राहत में वृद्धि, 1 अक्टूबर 2024 की तिथि से मिलेगा लाभ*

0

*सातवें वेतनमान के पेंशनर्स के महंगाई राहत में 4 प्रतिशत और छटवें वेतनमान के में 9 प्रतिशत की बढ़ोतरी*

*नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा आदेश जारी*

रायपुर. . राज्य शासन ने नगरीय निकायों के पेंशनर्स और परिवार पेंशनर्स के महंगाई राहत में वृद्धि की है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने सातवें वेतनमान के अनुसार पेंशन प्राप्त करने वालों की महंगाई राहत में चार प्रतिशत और छटवें वेतनमान के अनुसार पेंशन प्राप्त करने वाले पेंशनर्स के महंगाई राहत में नौ प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। दोनों वेतनमानों के पेंशनर्स और परिवार पेंशनर्स को 1 अक्टूबर 2024 से इस वृद्धि का लाभ दिया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद आज विभाग ने मंत्रालय से इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। राज्य शासन द्वारा महंगाई राहत में बढ़ोतरी के बाद सातवें वेतनमान और छटवें वेतनमान के पेंशनर्स का महंगाई राहत क्रमशः 50 प्रतिशत और 239 प्रतिशत हो जाएगा। वर्तमान में सातवें वेतनमान के पेंशनर्स को 46 प्रतिशत और छटवें वेतनमान के पेंशनर्स को 230 प्रतिशत महंगाई राहत दी जा रही है।

*अनियमितता और लापरवाही पर सरकार सख्त, बीजापुर से लेकर रायपुर तक अधिकारियों पर कार्रवाई*

0

*बीजापुर में सड़क निर्माण में गड़बड़ी, भ्रष्टाचार, मिलीभगत, शासकीय राशि के अपव्यय और गुणवत्ताहीन कार्यों पर दोषी अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर के निर्देश, तत्काल प्रभाव से निलंबन भी*

*रायपुर में मोवा ओवरब्रिज की मरम्मत में अमानक एवं गुणवत्ताहीन कार्य और अनियमितता पर पांच अधिकारी निलंबित, ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस*

रायपुर. राज्य शासन ने सड़क निर्माण और ओवरब्रिज मरम्मत कार्य में गड़बड़ी, लापरवाही, गुणवत्ताहीन कार्य और अनियमितता पर सख्ती बरतते हुए आज लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के विरूद्ध बीजापुर से लेकर रायपुर तक कड़ी कार्रवाई की है। राज्य शासन ने बीजापुर में सड़क निर्माण में गड़बड़ी, भ्रष्टाचार, मिलीभगत, शासकीय राशि के अपव्यय और गुणवत्ताहीन कार्यों के दोषी अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर के साथ ही निलंबन की भी कार्रवाई की है। एक अधिकारी को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। वहीं रायपुर में मोवा ओवरब्रिज की मरम्मत में अमानक एवं गुणवत्ताहीन कार्य और अनियमितता पर पांच अधिकारियों को निलंबित किया गया है।

राज्य में भ्रष्टाचार और गडबड़ी पर जीरो टॉलरेंस पर अमल करते हुए सरकार ने आज कई अधिकारियों के विरूद्ध बड़ी कार्रवाई की है। बीजापुर में आर.आर.पी.-1 (एल.डब्ल्यू.ई.) योजना के अंतर्गत 54.40 किमी लंबाई के अति महत्वपूर्ण प्रगतिरत नेलसनार-कोडोली-मिरतुल-गंगालुर मार्ग के कार्य के संबंध में गठित जाँच दल से प्राप्त प्रतिवेदन में पाई गई गड़बड़ियों के गंभीर होने एवं संबंधित अधिकारियों के मिलीभगत होने के कारण सड़क निर्माण में शासकीय राशि के अपव्यय, गबन, त्रुटिपूर्ण मूल्यांकन प्रतिवेदन देने एवं ठेकेदार/निर्माण एजेंसी के साथ मिलकर भ्रष्टाचार करने के प्रथम दृष्टया साक्ष्य हैं। राज्य शासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सड़क निर्माण कार्य में गड़बड़ियों, गंभीर भ्रष्टाचार, मिलीभगत कर शासकीय राशि के अपव्यय एवं जानबूझकर गुणवत्ताविहीन निर्माण कार्य किए जाने के कारण तत्कालीन कार्यपालन अभियंता श्री बी.एल. ध्रुव, अनुविभागीय अधिकारी श्री आर.के. सिन्हा और उप अभियंता श्री जी.एस. कोड़ोपी तथा अन्य संबंधित अधिकारियों के विरूद्ध प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम एवं अन्य सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कराकर तत्काल लोक निर्माण विभाग को सूचित करने के निर्देश बस्तर परिक्षेत्र, जगदलपुर के मुख्य अभियंता को दिए हैं।

नेलसनार-कोडोली-मिरतुल-गंगालुर मार्ग के कार्य के संबंध में गठित जाँच दल द्वारा बस्तर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एवं बस्तर मंडल के अधीक्षण अभियंता के साथ विगत 8 जनवरी और 9 जनवरी को कार्यस्थल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कई कमियां पाई गईं। मार्ग के निर्माण कार्य में 29.00 किमी से 32.00 किमी एवं 50/10 तक कुल 4.20 किमी बी.टी. (OGPC+SEAL COAT) कार्य में अधिकांश जगह सील कोट (SEAL COAT) उखड़ गए हैं, जो डी.एल.पी. 06/2025 तक में है। किमी 41/2 से 50/10 मार्ग के विभिन्न फर्लांग (Furlong) में 41/10, 42/2, 42/6, 42/8, 42/10, 43/2, 43/4, 43/8, 44/6, 44/8, 45/4, 45/6, 45/8, 45/10, 46/6, 47/2, 47/10 एवं 50/8 सड़क सतह सिंक पोथोल्स (SINK POTHOLES) उत्पन्न हो गए हैं, जो डी.एल.पी. 06/2025 तक में है। किमी 28/4, 30/6 एवं 40/2 में पुल के एप्रोच स्लैब अपर्याप्त मोटाई (Inadequate Thickness) एवं बिना रिइनफोर्समेंट (Reinforcement) के बैक फीलिंग मटेरियल (Back filling material) के कमजोर कॉम्पेक्शन (Poor compaction) होने से सेटल्ड (Settled) हो गया है। इस प्रकार निर्धारित मानक एवं मापदण्ड का पालन किए बिना ही कार्य कराया जाकर अनुविभागीय अधिकारी एवं उप अभियंता द्वारा अधिकार का दुरूपयोग कर अपने पदीय कर्तव्य के निर्वहन में अनियमितता बरती गई है। इस पर कठोर कार्रवाई करते हुए विभाग ने अनुविभागीय अधिकारी श्री आर.के. सिन्हा, और उप अभियंता श्री जी.एस. कोड़ोपी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनका मुख्यालय नवा रायपुर स्थित लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता कार्यालय निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि में दोनों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

लोक निर्माण विभाग ने नेलसनार-कोडोली-मिरतुल-गंगालुर मार्ग के कार्य में निर्धारित मानक एवं मापदण्ड का पालन किए बिना ही कार्य कराए जाने को कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, उदासीनता एवं स्वेच्छाचारिता को गंभीर कदाचार मानते हुए बीजापुर के सेवानिवृत्त प्रभारी कार्यपालन अभियंता श्री बी.एल. ध्रुव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्हें जारी नोटिस में विभाग ने कहा है कि क्यों न उक्त कृत्य के लिए आपके विरूद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाए। उन्हें इस संबंध में अपना लिखित प्रतिवाद नोटिस प्राप्ति के 15 दिवस की समयावधि में प्रस्तुत करने को कहा गया है। लिखित प्रतिवाद निर्धारित समयावधि में प्राप्त नहीं होने पर संबंधित के विरूद्ध नियमानुसार एकपक्षीय कार्यवाही की जाएगी।

*मोवा ओवरब्रिज मरम्मत कार्य में गडबड़ी पर पांच अधिकारी निलंबित, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कार्य का निरीक्षण कर जांच के दिए थे आदेश*

लोक निर्माण विभाग ने रायपुर के मोवा रेलवे ओवरब्रिज की मरम्मत में अमानक एवं गुणवत्ताहीन कार्य तथा अनियमितता पर भी बड़ी कार्रवाई की है। जांच के बाद विभाग ने पांच अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। गुणवत्ताहीन कार्य के लिए ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

ओवरब्रिज में डामरीकरण कार्य में शिकायतों का संज्ञान लेकर उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव ने कार्य का औचक निरीक्षण किया था। उन्होंने निरीक्षण के दौरान कार्यस्थल पर गुणवत्ताहीन कार्य/खराबी पाई थी। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के सेतु परिक्षेत्र, रायपुर के मुख्य अभियंता द्वारा केन्द्रीय गुणवत्ता एवं अनुसंधान प्रयोगशाला, लोक निर्माण विभाग, रायपुर से जांच प्रतिवेदन प्राप्त की गई, जिसमें औसत बिटुमिन कंटेंट, कंबाईन्ड डेन्सिटी, मटेरियल के ग्रेडेशन मानक स्तर से कम पाया गया। इस प्रकार अमानक स्तर एवं गुणवत्ता के मापदण्डों का पालन किए बिना ही डामरीकरण का कार्य कराया जाकर कार्यपालन अभियंता, अनुविभागीय अधिकारी एवं उप अभियंताओं द्वारा अधिकार का दुरूपयोग कर अपने पदीय कर्तव्य के निर्वहन में अनियमितता बरती गई है। इस पर कड़ी कार्रवाई करते हुए विभाग ने कार्यपालन अभियंता श्री विवेक शुक्ला, अनुविभागीय अधिकारी श्री रोशन कुमार साहू तथा उप अभियंता श्री राजीव मिश्रा, श्री देवव्रत यमराज और श्री तन्मय गुप्ता को निलंबित किया है। निलंबन अवधि में इन सभी का मुख्यालय नवा रायपुर स्थित लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता कार्यालय निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

विभाग ने गुणवत्ताहीन कार्य के लिए ठेकेदार केशवदास आर. जादवानी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विभाग ने ठेकेदार को जारी नोटिस में कहा है कि ओवरब्रिज में डामरीकरण के बाद यातायात प्रारंभ होने पर गिट्टी निकलने लगी जिससे कार्य की गुणवत्ता पर विपरीत प्रभाव पड़ा। इसमें ठेकेदार की लापरवाही स्पष्ट परिलक्षित होती है। इसके लिए मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग, सेतु परिक्षेत्र रायपुर द्वारा ठेकेदार के पंजीयन को निलंबित/पदावनत करने की अनुशंसा की गई है।

विभाग ने नोटिस में ठेकेदार को कहा है कि आपका कृत्य शासन एवं लोकहित के विपरीत है। इसलिए क्यों न इस कृत्य के लिए आपके पंजीयन को निरस्त/पदावनत/निलंबित किया जाए? ठेकेदार को कारण बताओ सूचना का जवाब 15 दिन के अंदर प्रमुख अभियंता कार्यालय को प्रस्तुत करने कहा गया है। दी गई समयावधि में उत्तर प्राप्त नहीं होने की स्थिति में इस संबंध में ठेकेदार को कुछ नहीं कहना है, यह मानकर एकपक्षीय कार्यवाही की जाएगी।