Home Blog Page 27

*“मैं साइबर जागरूक हूं” सेल्फी बोर्ड से दिया साइबर सुरक्षा का संदेश*

0

साइबर जागृति अभियान के तहत कोरबा में “साइबर चौपाल” का आयोजन।

ग्रामीण एवं आमजन को साइबर अपराध से बचाव के प्रति किया गया जागरूक।

कोरबा – छत्तीसगढ़ में चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत आज दिनांक 01 अक्टूबर 2026 को नगर निगम कोरबा के सभागृह में “ *साइबर चौपाल*” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष रूप से ग्रामीण परिवेश एवं आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि माननीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन उपस्थित रहे। इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी,जिला पंचायत CEO श्री प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडे, श्री गोपाल मोदी, सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, छात्र-छात्राएं एवं आमजन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

साइबर ठगी से बचाव के बताए महत्वपूर्ण उपाय।

▪️ पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी ने OTP फ्रॉड, अनजान लिंक, फर्जी APK, QR कोड, डिजिटल अरेस्ट एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए। OTP एवं गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने की समझाइश दी।

▪️ जिला पंचायत CEO श्री प्रतीक जैन ने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर जागरूकता बढ़ाने एवं मोबाइल-इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग पर जोर दिया।

▪️ कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने डिजिटल सुविधाओं का उपयोग करते समय सतर्कता बरतने तथा संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की तत्काल जानकारी देने की अपील की।

▪️ महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने साइबर ठगी के नए तरीकों के प्रति सजग रहने तथा परिवार के सदस्यों को भी जागरूक करने की अपील की।

▪️मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने स्वयं साइबर जागरूक रहने तथा परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

मंत्री जी ने दिलाई साइबर सुरक्षा की शपथ।

मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने उपस्थित जनसमुदाय को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई। उपस्थित लोगों ने OTP साझा नहीं करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा स्वयं एवं दूसरों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक रखने का संकल्प लिया।

“मैं साइबर जागरूक हूं” सेल्फी बोर्ड।

कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए “मैं साइबर जागरूक हूं” सेल्फी बोर्ड पर मंत्री श्री लखन लाल देवांगन, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने हस्ताक्षर एवं सेल्फी लेकर साइबर जागरूकता का संदेश दिया।

 15 अगस्त से लगातार चल रहा साइबर जागरूकता अभियान।

कोरबा पुलिस द्वारा 15 अगस्त 2026 से साइबर जागृति अभियान के तहत जिलेभर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। स्कूल-कॉलेज, बाजार, ग्राम पंचायतों, सार्वजनिक स्थलों एवं गणेश पंडालों में आमजन को साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर संपर्क करें।

साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए 1930 पर संपर्क करें तथा साइबर अपराध की शिकायत cybercrime.gov.in पर दर्ज करें।

**सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन प्रकरण सौंपकर लोक निर्माण विभाग मुंगेली ने पेश की कार्यकुशलता की मिसाल**

0

तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली लोक निर्माण विभाग संभाग मुंगेली द्वारा विभागीय कार्यों के साथ-साथ अपने अधिकारी-कर्मचारियों के हितों एवं उनके सेवानिवृत्ति उपरांत मिलने वाले स्वत्वों के समयबद्ध निराकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसी क्रम में विभाग ने सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन प्रकरण एवं संबंधित दस्तावेज सौंपकर कार्यकुशलता और संवेदनशील प्रशासन का उदाहरण प्रस्तुत किया है।
लोक निर्माण विभाग संभाग मुंगेली में पदस्थ अनुविभागीय अधिकारी, लोक निर्माण विभाग उपसंभाग लोरमी प्रवीण कुमार शुक्ला एवं संभागीय कार्यालय में पदस्थ मानचित्रकार खम्हन सिंह मरकाम अपनी अधिवार्षिकीय आयु पूर्ण कर 30 सितंबर 2026 को सेवानिवृत्त हुए। विभाग द्वारा दोनों सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारी के पेंशन प्रकरण तैयार कर सेवानिवृत्ति के दिन ही सौंपे गए।
कार्यपालन अभियंता शरद कुमार सतपथी के मार्गदर्शन में विभाग द्वारा पेंशन प्रकरणों के समय पर निराकरण की प्रक्रिया पूरी की गई। सेवानिवृत्ति के दिन ही आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होने से दोनों सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी में प्रसन्नता रही। इस पहल को विभाग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, तत्परता और कर्मचारी हितों के प्रति संवेदनशीलता के रूप में देखा जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग संभाग मुंगेली द्वारा जिले में सड़क अधोसंरचना के निर्माण एवं विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी लगातार जोर दिया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विभिन्न परिस्थितियों और चुनौतियों के बीच पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया जा रहा है। इसी कार्यप्रणाली के साथ अधिकारी-कर्मचारियों के सेवानिवृत्ति संबंधी प्रकरणों को भी समय पर पूर्ण करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर आयोजित विदाई समारोह में प्रवीण कुमार शुक्ला एवं खम्हन सिंह मरकाम के परिवारजन, इष्टमित्र तथा लोक निर्माण विभाग संभाग मुंगेली के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों के कार्यकाल में किए गए योगदान को याद करते हुए उनके सुखद एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की। वहीं लोक निर्माण विभाग परिक्षेत्र बिलासपुर के मुख्य अभियंता आर.के. रात्रे द्वारा भी विभाग की इस पहल की सराहना की गई। सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन प्रकरण सौंपे जाने से सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी ने विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
विदाई समारोह के दौरान विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कहा कि सेवानिवृत्ति सरकारी सेवा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। ऐसे समय में कर्मचारी को उसके देय स्वत्व एवं आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है। लोक निर्माण विभाग मुंगेली द्वारा इस दिशा में की गई पहल से अन्य कर्मचारियों में भी सकारात्मक संदेश गया है।
इस प्रकार लोक निर्माण विभाग संभाग मुंगेली ने विकास कार्यों के साथ कर्मचारी हितों को प्राथमिकता देते हुए सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन प्रकरण सौंपने की कार्यप्रणाली के माध्यम से प्रशासनिक तत्परता एवं संवेदनशीलता का उदाहरण प्रस्तुत किया है।

कटरा जंगल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पिकअप के टैंकर में छिपाकर रखा 1000 लीटर अवैध डीजल पकड़ा

0

कटरा जंगल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पिकअप के टैंकर में छिपाकर रखा 1000 लीटर अवैध डीजल पकड़ा

* *डीजल परिवहन में आगे-आगे चल रही आर्टिगा कार भी जब्त, 3 आरोपी गिरफ्तार*

 मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर-चांपा *पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS)* के निर्देशन एवं *अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शडॉ. युलैण्डन यार्क* के कुशल मार्गदर्शन में जिले के थाना बलौदा/अकलतरा पुलिस ने अवैध रूप से डीजल का भंडारण एवं परिवहन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ग्राम बिरगहनी-कटरा जंगल मार्ग से करीब 1000 लीटर डीजल बरामद किया है। पुलिस ने डीजल परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन एवं आगे फॉलो कर रही आर्टिगा कार सहित कुल ₹15 लाख की संपत्ति जब्त करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

*SDOP अकलतरा डॉ मेखलेंद्र प्रताप के नेतृव में रेड कार्यवाही*

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन क्रमांक CG-15- DL-6268 के पीछे डाले में बने लोहे के टैंकर में अवैध रूप से डीजल भरकर हरदीबाजार रोड की ओर ले जाया जा रहा है तथा उसके आगे आर्टिगा कार क्रमांक CG-10-AD-8114 फॉलो कर रही है।

सूचना पर पुलिस टीम को कटरा जंगल रवाना हुआ और पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोककर जांच की।

जांच के दौरान पिकअप वाहन के पीछे लगी ट्रॉली में लोहे का टैंकर मिला, जिसमें करीब 1000 लीटर डीजल, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1 लाख है, रखा हुआ पाया गया। पूछताछ में वाहन में सवार नरेश कुमार भारती, भीमसिंह गोंड़ एवं रामनरेश प्रजापति डीजल के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भीमसिंह गोंड़ के कब्जे से पिकअप वाहन कीमत करीब ₹5 लाख एवं 1000 लीटर डीजल कीमत करीब ₹1 लाख, तथा नरेश कुमार भारती के कब्जे से आर्टिगा कार कीमत करीब ₹9 लाख जब्त की। इस प्रकार कुल ₹15 लाख की संपत्ति जप्त कर आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। बरामद डीजल को वाहन के अंदर ही सीलबंद कर पुलिस कब्जे में लिया गया।

*गिरफ्तार आरोपी*

01. नरेश भारती, पिता स्व. पूरन भारती, उम्र 34 वर्ष, निवासी सरईताल बुड़गहन, थाना बलौदा।

02. भीमसिंह, पिता स्व. रूपसिंह गोंड़, उम्र 43 वर्ष, निवासी बुड़गहन, थाना बलौदा।

03. रामनरेश प्रजापति, पिता बलदाऊ प्रजापति, उम्र 31 वर्ष, निवासी बुड़गहन, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा।

*उपरोक्त कार्यवाही* में निरीक्षक मनोहर सिन्हा थाना प्रभारी बलौदा, निरीक्षक जय कुमार साहू थाना प्रभारी अकलतरा, ऐसी रामदुलार साहू, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवर, सायबर टीम एवं थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

कोटा-रतनपुर मार्ग पर 108 एंबुलेंस खराब, मेंटेनेंस पर उठे सवाल

0

कोटा-रतनपुर मार्ग पर 108 एंबुलेंस खराब, मेंटेनेंस पर उठे सवाल

मरिजों को सहारा देने वाली 108 सेवा खुद सड़क पर बनी सहारे की मोहताज, जिम्मेदारों से जवाब की मांग

बिलासपुर ब्यूरो चीफ़ मोहनीश सिंह राजपूत की खास रिपोर्ट 

कोटा। कोटा-रतनपुर के बीच सड़क मार्ग पर उस समय चिंता की स्थिति बन गई, जब मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने वाली 108 संजीवनी एक्सप्रेस एंबुलेंस खराब होकर सड़क पर खड़ी हो गई। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब 108 एंबुलेंस आपातकालीन स्थिति में मरीजों के लिए जीवनरक्षक सेवा है, तो समय-समय पर इसके मेंटेनेंस और फिटनेस की जांच क्यों नहीं की जाती?

अगर एंबुलेंस मरीज को लेकर बीच रास्ते में खराब हो जाए, तो आपात स्थिति में मरीज और उसके परिजनों को कितनी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में 108 एंबुलेंस सेवा के संचालन और रखरखाव को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। 2026 में राज्य सरकार ने हाईकोर्ट के समक्ष बताया था कि नई व्यवस्था के तहत 375 एंबुलेंस राज्य के सभी 33 जिलों में संचालित की जा रही हैं।

ऐसे में कोटा-रतनपुर मार्ग पर खराब हुई 108 एंबुलेंस को लेकर स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सवाल किया है कि आखिर वाहन का नियमित मेंटेनेंस कब किया गया था और सड़क पर चलने से पहले उसकी फिटनेस की जांच हुई थी या नहीं?

लोगों की मांग है कि मामले की जांच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में किसी गंभीर मरीज को बीच रास्ते में एंबुलेंस खराब होने की वजह से परेशानी न उठानी पड़े।

केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने बिल्हा के सरगांव में ‘जन जन सेवा संकल्प यात्रा’ का किया स्वागत; ग्राम सोढार में ‘आंगन मिलन उत्सव’ में हुए सम्मिलित

0

केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने बिल्हा के सरगांव में ‘जन जन सेवा संकल्प यात्रा’ का किया स्वागत; ग्राम सोढार में ‘आंगन मिलन उत्सव’ में हुए सम्मिलित

 संदीप साहू ब्यूरो बिलासपुर/आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने सरगांव, बिल्हा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत वाराणसी से वडनगर तक निकली ‘जन जन सेवा संकल्प यात्रा’ का आत्मीय स्वागत एवं उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर श्री साहू ने कहा कि सेवा का भाव तभी व्यापक रूप से सार्थक होता है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से वह जनआंदोलन का रूप ले। उन्होंने कहा कि सेवा, संवेदना और जनभागीदारी के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सकारात्मक बदलाव पहुंचाने के प्रयासों को गति दी जा सकती है।

*ग्राम सोढार में ‘आंगन मिलन उत्सव’ में हुए सम्मिलित*

इसके पूर्व श्री तोखन साहू ने जिला मुंगेली के ग्राम सोढार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित ‘आंगन मिलन उत्सव’ में सहभागिता की। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिन बहनों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की हितग्राही माताओं-बहनों का सम्मान किया।

श्री साहू ने बच्चों के साथ न्यौता भोज में सहभागिता की तथा उन्हें खिलौने वितरित किए। उन्होंने ‘एक आंगनबाड़ी–एक मुनगा पेड़’ पहल के तहत पौधरोपण भी किया।

इस अवसर पर श्री साहू ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सेवा और समर्पण बच्चों के पोषण, देखभाल एवं प्रारंभिक विकास के साथ समाज के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव तैयार करता है। उन्होंने जनभागीदारी के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों को और सशक्त बनाने पर जोर दिया।

विकसित ग्राम पंचायत कार्ययोजना से गांवों के विकास को मिलेगी नई दिशा

0

विकसित ग्राम पंचायत कार्ययोजना से गांवों के विकास को मिलेगी नई दिशा

*मैदानी अमले को दिया गया प्रशिक्षण*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली,// विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका की गारंटी मिशन (ग्रामीण) वीबी-जी-रामजी के अंतर्गत विकसित ग्राम पंचायत कार्ययोजना तैयार करने एवं उसके प्रभावी क्रियान्वयन की प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझाने के उद्देश्य से जिला पंचायत मुंगेली में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण में जिले के तीनों विकासखंडों के अनुविभागीय अधिकारी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, कार्यक्रम अधिकारी, सहायक प्रोग्रामर, तकनीकी सहायक तथा विभिन्न लाइन विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्राम पंचायतों की स्थानीय आवश्यकताओं, उपलब्ध संसाधनों एवं विकास प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यकता आधारित कार्ययोजना तैयार करना तथा स्वीकृत कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करना रहा।

प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर श्री के.के. साहू, एपीओ वीबी-जी-रामजी एवं श्री नवीन जायसवाल, कंप्यूटर प्रोग्रामर ने वीजीपीपी तैयार करने की प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। मास्टर ट्रेनरों ने ग्राम पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की पहचान, स्थानीय जरूरतों के अनुरूप कार्यों का चयन तथा उपलब्ध संसाधनों के आधार पर कार्यों को प्राथमिकता क्रम में शामिल करने की प्रक्रिया समझाई। इसके साथ ही योजनांतर्गत कार्यों के चयन, आवश्यक प्रावधानों, कार्ययोजना तैयार करने तथा स्वीकृत कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मार्गदर्शन दिया गया। प्रशिक्षण में बताया गया कि ग्राम पंचायत की कार्ययोजना तैयार करते समय ग्रामीणों की वास्तविक जरूरतों और स्थानीय प्राथमिकताओं को केंद्र में रखना आवश्यक है। इससे उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए ऐसे विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा सकेगी, जिनका प्रत्यक्ष लाभ ग्रामीण समुदाय को प्राप्त हो।

प्रशिक्षण में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को केवल सैद्धांतिक जानकारी तक सीमित न रखते हुए मैदानी स्तर पर कार्ययोजना तैयार करने की व्यवहारिक प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। ग्राम पंचायत की आवश्यकताओं की पहचान से लेकर कार्यों के चयन, प्राथमिकता निर्धारण और कार्ययोजना को अंतिम रूप देने तक की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि ग्राम पंचायतों में संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों में तालमेल बनाते हुए उपलब्ध संसाधनों का अधिक प्रभावी उपयोग किया जा सके। प्रशिक्षण सत्र के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वीजीपीपी तैयार करने, कार्यों के चयन, प्राथमिकता निर्धारण एवं योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित विभिन्न प्रश्न एवं जिज्ञासाएं रखीं। मास्टर ट्रेनरों ने सभी प्रश्नों का समाधान करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

पीएम विश्वकर्मा योजना: मुन्ना प्रजापति के कुम्हारी हुनर को मिला नया संबल

0

पीएम विश्वकर्मा योजना: मुन्ना प्रजापति के कुम्हारी हुनर को मिला नया संबल

*योजना के तहत प्राप्त सहायता राशि से मिट्टी के दीये और मूर्तियां बनाने के व्यवसाय को मिली मजबूती*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली, // नगर पालिका मुंगेली तिलक वार्ड, वार्ड क्रमांक 17 निवासी श्री मुन्ना लाल प्रजापति पारंपरिक रूप से कुम्हारी का कार्य करते हैं। मिट्टी से दीये और विभिन्न प्रकार की मूर्तियां तैयार करना उनका पारंपरिक हुनर है। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से जुड़कर उन्हें अपने इस पारंपरिक व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए आर्थिक सहयोग मिला है। श्री मुन्ना लाल प्रजापति ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत 05 प्रतिशत की छूट पर 01 लाख रुपये की ऋण प्राप्त किया। इस सहयोग से उन्हें अपने कुम्हारी व्यवसाय को बेहतर ढंग से संचालित करने तथा आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था करने में मदद मिली। योजना से मिले सहयोग ने उनके पारंपरिक काम को आगे बढ़ाने के लिए नया उत्साह दिया है।

श्री प्रजापति मिट्टी से आकर्षक दीये, देवी-देवताओं की मूर्तियां एवं अन्य उपयोगी वस्तुएं तैयार करते हैं। हाथों की कला और वर्षों से अर्जित अनुभव के माध्यम से वे मिट्टी को सुंदर कलाकृतियों का रूप देते हैं। त्योहारों और विशेष अवसरों पर मिट्टी से बने दीयों एवं मूर्तियों की मांग बढ़ने से उनके पारंपरिक व्यवसाय को स्थानीय स्तर पर बाजार भी मिलता है। उन्होंने कहा कि कुम्हारी का काम केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही कला और संस्कृति को जीवित रखने का माध्यम भी है। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के माध्यम से आर्थिक सहयोग मिलने से इस पारंपरिक हुनर को आधुनिक जरूरतों के अनुरूप आगे बढ़ाने का अवसर मिला है।

श्री मुन्ना लाल ने बताया कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना ने पारंपरिक कारीगरों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन दिया है। योजना से निवेश करने और व्यवसाय को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने में सहयोग मिला है। इससे उनके भीतर अपने हुनर को और बेहतर बनाने तथा आय के साधन को मजबूत करने का आत्मविश्वास बढ़ा है। उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कारीगरों के पारंपरिक हुनर को पहचान और आर्थिक सहयोग मिलना उनके लिए उत्साहवर्धक है।

समूह की महिलाएं कर रही मशरूम की खेती, आर्थिक रूप से हो रही सशक्त

0

समूह की महिलाएं कर रही मशरूम की खेती, आर्थिक रूप से हो रही सशक्त

*राधा-कृष्ण स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने अपनाया नवाचार

 *20 से 25 किलोग्राम तक मशरूम का हो रहा उत्पादन*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली,// जिले के ग्राम गीधा की स्व सहायता समूह की महिलाओं ने आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाया है। राधा-कृष्ण स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने मशरूम उत्पादन का व्यवसाय शुरू किया। पारंपरिक आजीविका के साथ आय के अतिरिक्त साधन के रूप में अपनाई गई मशरूम की खेती अब समूह की महिलाओं के लिए आर्थिक गतिविधि का माध्यम बन रही है। समूह की अध्यक्ष श्रीमती रीना निषाद ने बताया कि समूह के माध्यम से महिलाओं को एक साथ मिलकर काम करने और नए आजीविका साधन अपनाने का अवसर मिला। इसी क्रम में समूह के सदस्यों ने मशरूम की खेती शुरू की। मेहनत और नियमित देखभाल से समूह द्वारा एक उत्पादन चक्र में लगभग 20 से 25 किलोग्राम तक मशरूम का उत्पादन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि तैयार मशरूम की बिक्री से समूह की महिलाओं को आमदनी प्राप्त हो रही है, जिससे उनमें अपने स्तर पर व्यवसाय करने का आत्मविश्वास बढ़ा है। समूह की गतिविधियों ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्रिय होने के साथ-साथ मिल-जुलकर कार्य करने और अपनी आय के साधन विकसित करने का अवसर दिया है।

रीना निषाद ने बताया कि स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद महिलाओं में अपने पैरों पर खड़े होने और कुछ नया करने का उत्साह बढ़ा है। समूह की महिलाएं मिलकर मशरूम उत्पादन की प्रक्रिया में सहभागिता करती हैं और उत्पादन की देखरेख से लेकर तैयार उत्पाद की बिक्री तक के कार्यों में सहयोग करती हैं। मशरूम उत्पादन के माध्यम से समूह ने कम स्थान में आजीविका का नया विकल्प विकसित किया है। इससे महिलाओं को स्थानीय स्तर पर काम करने का अवसर मिल रहा है और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में भी सहयोग मिल रहा है। रीना निषाद ने कहा कि स्व-सहायता समूह से जुड़कर उन्हें अपने हुनर और मेहनत को आय के साधन में बदलने का अवसर मिला है। उनका कहना है कि समूह की एकजुटता, नियमित मेहनत और नए आजीविका साधनों को अपनाने की सोच से महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की नई राह खुल रही है।

ग्राम भरूवागुड़ा में अस्पृश्यता निवारण सद्भावना शिविर 02 अक्टूबर को

0

ग्राम भरूवागुड़ा में अस्पृश्यता निवारण सद्भावना शिविर 02 अक्टूबर को

*गांधी जयंती के अवसर पर सामाजिक समरसता और समानता का दिया जाएगा संदेश*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली, // महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर 02 अक्टूबर 2026 को नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम, 1955 एवं अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण योजना के अंतर्गत विकासखंड मुंगेली के ग्राम भरूवागुड़ा में अस्पृश्यता निवारण (सद्भावना) शिविर का आयोजन किया जाएगा। आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि शिविर का उद्देश्य समाज में व्याप्त छुआछूत एवं भेदभाव जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के साथ-साथ सामाजिक समरसता, समानता और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देना है। शिविर के माध्यम से लोगों को उनके अधिकारों, कानूनों तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जाएगा। आम नागरिकों को शिविर में उपस्थित होकर सामाजिक सद्भाव एवं समानता के संदेश को मजबूत करने कहा गया है।

छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान के लिए आवेदन 30 अक्टूबर तक

0

छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान के लिए आवेदन 30 अक्टूबर तक

*लोककला सहित 14 क्षेत्रों में उत्कृष्ट युवाओं को मिलेगा राज्य स्तरीय सम्मान*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली, // राज्य शासन द्वारा प्रदेश के युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों द्वारा सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षणिक, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने और उन्हें राज्य स्तर पर पहचान प्रदान करने के उद्देश्य से ‘छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान योजना’ संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों को सम्मानित किया जाएगा। वरिष्ठ खेल अधिकारी ने बताया कि योजना के तहत सामान्य एवं विशिष्ट सेवा कार्य के लिए एक उत्कृष्ट युवा एवं एक स्वैच्छिक संगठन को ‘छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान’ प्रदान किया जाएगा।

इसी प्रकार सामाजिक सेवा, साहित्य, उद्योग, शिक्षा, खेल, पर्यावरण, महिला एवं बाल विकास, मीडिया, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, दिव्यांगजन, कला एवं संगीत तथा लोककला सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं को युवा रत्न सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास क्षेत्र के युवा रत्न सम्मान के लिए केवल महिलाओं एवं बालिकाओं को पात्र माना गया है।

युवा रत्न सम्मान के लिए आवेदक का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना आवश्यक है। योजना के लिए निर्धारित पात्रता के अनुसार युवा की आयु संबंधित वित्तीय वर्ष के 01 अप्रैल को 15 वर्ष पूर्ण तथा 31 मार्च को 29 वर्ष से कम होनी चाहिए। युवा रत्न सम्मान के लिए इच्छुक युवा एवं पात्र स्वैच्छिक संगठन 01 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2026 तक कार्यालयीन समय में अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला कलेक्टोरेट स्थित वरिष्ठ खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण, कक्ष क्रमांक 241 में सम्पर्क किया जा सकता है।