
तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) मुंगेली नगर इकाई द्वारा जे.पी. मिश्रा विज्ञान महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं की मूलभूत समस्याओं एवं महाविद्यालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर प्राचार्य के नाम पर मूल-भूत समस्यों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। विद्यार्थी परिषद ने महाविद्यालय प्रशासन का ध्यान विद्यार्थियों को हो रही परेशानियों की ओर आकर्षित करते हुए जल्द से जल्द समस्याओं के निराकरण की मांग की।
विद्यार्थी परिषद ने ज्ञापन के माध्यम से महाविद्यालय में पेयजल की समुचित व्यवस्था, कक्षाओं में बिजली एवं पंखों की मरम्मत, नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त बैठक व्यवस्था तथा प्रयोगशालाओं में आवश्यक उपकरण एवं संसाधन उपलब्ध कराने की मांग उठाई। इसके साथ ही पुस्तकालय में नवीन पाठ्यक्रम के अनुरूप पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं लंबे समय से बंद वाई-फाई सुविधा को पुनः प्रारंभ करने की मांग रखी गई।
छात्राओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए गर्ल्स कॉमन रूम पुनः प्रारंभ करने, सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन स्थापित करने तथा महाविद्यालय में कैंटीन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। वहीं कंप्यूटर लैब में पर्याप्त एवं कार्यशील कंप्यूटर, खेल सामग्री, नियमित सेमिनार, कार्यशालाओं एवं करियर गाइडेंस कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
इसके अतिरिक्त महाविद्यालय परिसर में स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा स्थापित करने, स्मार्ट क्लासरूम एवं प्रोजेक्टर की सुविधा उपलब्ध कराने, विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे एवं सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था करने तथा बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान हेतु उचित जल निकासी व्यवस्था की मांग की गई। परिषद ने महाविद्यालय भवन की रंगाई-पुताई एवं आवश्यक मरम्मत, कॉन्फ्रेंस हॉल की व्यवस्था में सुधार तथा महाविद्यालय में एनसीसी इकाई प्रारंभ करने की मांग भी रखी।
अभाविप ने कहा कि महाविद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण का केंद्र होता है। ऐसे में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, सुरक्षित परिसर एवं आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना महाविद्यालय प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। लंबे समय से विद्यार्थियों को प्रभावित कर रही इन समस्याओं की अनदेखी उचित नहीं है।
विद्यार्थी परिषद ने महाविद्यालय प्रशासन से सभी 21 मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर शीघ्र निराकरण करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं किया गया, तो अभाविप छात्रहित में चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
जिसमें नियमित रूप अभाविप नगर मंत्री अरुण साहू, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य पीयूष नंदन, आर्यन बंजारा, राज केशरवानी, संजू, निखिल, ऋषभ, खिलेश ऑर्गे एवं धीरेन्द्र दिवाकर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, मुंगेली नगर इकाई

