राष्ट्रीय एकता दिवस पर जांजगीर-चांपा जिले में गूंजा एकता का संदेश, अकलतरा सहित कई स्थानों पर हुआ परेड का लाइव प्रसारण

राष्ट्रीय एकता दिवस पर जांजगीर-चांपा जिले में गूंजा एकता का संदेश, अकलतरा सहित कई स्थानों पर हुआ परेड का लाइव प्रसारण

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिलेभर में विशेष व्यवस्था, हजारों नागरिकों ने देखा गुजरात में आयोजित भव्य परेड का सीधा प्रसारण

 मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर चांपा  अकलतरा/जांजगीर-चांपा। लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह एवं भव्य परेड का जांजगीर-चांपा जिले के विभिन्न स्थानों पर लाइव प्रसारण किया गया।

पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय, आईपीएस के निर्देशन में अकलतरा, चांपा, शिवरीनारायण और जांजगीर सहित जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में बड़ी स्क्रीन और प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रसारण की व्यवस्था की गई। इसके तहत अकलतरा मल्टीप्लेक्स, चांपा के मुकुंद सिनेमा हॉल, जांजगीर के मेट्रो सिनेमा हॉल तथा पुलिस लाइन में भी कार्यक्रम दिखाया गया।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन और विभिन्न राज्यों की पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों की भव्य परेड का सीधा प्रसारण किया गया। अनुशासित परेड और सुरक्षा बलों के समर्पण ने उपस्थित नागरिकों में राष्ट्रप्रेम एवं एकता की भावना को मजबूत किया।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और आम लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पुलिस विभाग के अनुसार, जिलेभर में हजारों लोगों ने इस राष्ट्रीय आयोजन का लाइव प्रसारण देखा।

राष्ट्रीय एकता दिवस का उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के प्रति नागरिकों को जागरूक करना है। आयोजन के माध्यम से संदेश दिया गया कि राष्ट्र की मजबूती के लिए आपसी सद्भाव, सहयोग, अनुशासन और प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।

Trending News

Technology