*बेजा कब्जे के खिलाफ पुलिस का मार्च पास्ट, सड़क में ठेला लगाने वाले लोगों को सख्त हिदायत दी, स्वयं बेजा कब्जा नहीं हटाने पर राजस्व विभाग एवं नगर पालिका के सहयोग से बेजा कब्जा हटाने की कार्रवाई की जाएगी*

बेजा कब्जे के खिलाफ पुलिस का मार्च पास्ट, सड़क में ठेला लगाने वाले लोगों को सख्त हिदायत दी, स्वयं बेजा कब्जा नहीं हटाने पर राजस्व विभाग एवं नगर पालिका के सहयोग से बेजा कब्जा हटाने की कार्रवाई की जाएगी

जांजगीर चांपा ब्यूरो मनोज साहू अकलतरा – नगर में लगातार बढ़ रही यातायात अव्यवस्था और सड़क किनारे हो रहे बेजा कब्जे को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में आज पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ यूलेण्डन यार्क के निर्देश पर एसडीओपी डॉ मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस की टीम द्वारा नगर के रेस्ट हाउस से लेकर आजाद चौक तक मार्च पास्ट किया गया, पुलिस की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य मुख्य मार्गों एवं चौक-चौराहों पर सड़क किनारे किए जा रहे अतिक्रमण को हटाने के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना रहा,

मार्च पास्ट के दौरान पुलिस की टीम ने सड़क किनारे फल, सब्जी एवं अन्य सामग्री का ठेला लगाकर व्यवसाय करने वाले लोगों को स्पष्ट रूप से हिदायत दी कि वे सड़क के आवागमन वाले हिस्से में अपना ठेला लगाकर यातायात बाधित न करें, पुलिस के अधिकारियों ने संबंधित लोगों से स्वयं बेजा कब्जा हटाने और निर्धारित स्थान पर ही व्यवसाय करने की समझाइश दी, साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि संबंधित लोगों द्वारा स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन द्वारा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए बेजा कब्जा हटाया जाएगा,

नगर में मुख्य मार्गों पर सड़क किनारे ठेले, अस्थायी दुकानें तथा अन्य प्रकार के अतिक्रमण के कारण आए दिन यातायात जाम की स्थिति निर्मित होती है, विशेषकर शाम के व्यस्त समय में दोपहिया, चारपहिया वाहनों के साथ पैदल राहगीरों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और लोगों को कुछ दूरी तय करने में भी काफी समय लग जाता है।

नागरिकों ने पुलिस एवं प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए कार्रवाई को निरंतर जारी रखने की मांग की है।

पुलिस के मार्च पास्ट से सड़क किनारे व्यवसाय करने वालों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली, अब देखना होगा कि चेतावनी के बाद संबंधित लोग स्वयं बेजा कब्जा हटाते हैं या प्रशासन को आगे सख्त कार्रवाई के लिए कदम उठाना पड़ता है, फिलहाल पुलिस की इस पहल से नगर में यातायात व्यवस्था को लेकर एक बार फिर उम्मीद जगी है कि मुख्य मार्गों को अतिक्रमणमुक्त कर आम लोगों के लिए सुगम एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जा सकेगा, मार्च पास्ट में थाना प्रभारी जय कुमार साहू एवं पुलिस के स्टाफ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।