More

    *पोड़ी दल्हा पहाड़ मेले में पुलिस की सख्ती, 5500 स्टील के कड़े उतरवाए*

    *पोड़ी दल्हा पहाड़ मेले में पुलिस की सख्ती, 5500 स्टील के कड़े उतरवाए*

     मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर-चांपा:-, 17 अगस्त 2026। थाना अकलतरा क्षेत्र के ग्राम पोड़ी दल्हा पहाड़ में नागपंचमी के अवसर पर आयोजित ऐतिहासिक मेले में करीब एक लाख श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए। पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में मेले के दौरान पुलिस की मुस्तैदी के चलते कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।

    हमले में इस्तेमाल हो सकने वाले 5500 स्टील के कड़े उतरवाए

    ASP डॉ. युलैण्डन यार्क, ASP यातायात श्री उदयन बेहार एवं SDOP अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए युवकों की जांच की। इस दौरान करीब 5500 नग भारी स्टील के कड़े उतरवाकर पुलिस ने जमा कराए। कुछ युवकों के पास स्टील के पंचनुमा हथियार भी मिले, जिन्हें तत्काल अपने कब्जे में लिया गया।

    150 पाव शराब जब्त

    मेले में अवैध शराब के सेवन और उससे होने वाली संभावित अप्रिय घटनाओं की रोकथाम के लिए भी कार्रवाई की गई। अलग-अलग व्यक्तियों द्वारा पाकिट, बैग एवं झोले में छिपाकर ले जाई जा रही करीब 150 पाव देशी प्लेन एवं अंग्रेजी शराब जब्त की गई।

    ड्रोन और CCTV से निगरानी

    पुलिस ने मेले में लगातार पेट्रोलिंग के साथ ड्रोन कैमरे एवं क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों के माध्यम से भीड़भाड़ वाले स्थानों और संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखी। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस बल की लगातार तैनाती की गई।

    साइबर जागरूकता बना आकर्षण

    साइबर जागृति अभियान के तहत श्रद्धालुओं को साइबर फ्रॉड, डिजिटल सतर्कता एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव की जानकारी दी गई। दल्हा पहाड़ के शीर्ष, मंदिर परिसर एवं प्रमुख मार्गों पर साइबर जागरूकता सेल्फी स्टैंड/जोन बनाए गए। श्रद्धालुओं ने “मैं जागरूक हूं, साइबर क्राइम से मुक्त हूं” संदेश के साथ सेल्फी लेकर साइबर जागरूकता का संदेश प्रसारित किया।

    महिला कमांडो और वालेंटियर्स का सराहनीय सहयोग

    मेले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में महिला कमांडो टीम ग्राम पड़रिया, पहाड़ मित्र, वालेंटियर्स, भीम रेजिमेंट, डॉ. अंबेडकर विचार युवा संगठन अकलतरा, आश्रम परिवार समिति एवं वन प्रबंध समिति का सराहनीय सहयोग रहा।

    यातायात व्यवस्था रही चाक-चौबंद

    बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर, बलौदा सहित विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था की गई। पुलिस की यातायात व्यवस्था के चलते श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही सुचारू रही तथा वाहनों को सुरक्षित रखा गया।:::

    Trending News

    Technology