*अकलतरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल व्यवस्था, जर्जर महिला वार्ड में जान जोखिम में डालकर भर्ती हैं मरीज*

मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर चांपा :-अकलतरा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अकलतरा की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। अस्पताल का महिला वार्ड जर्जर स्थिति में है, जहां डिलीवरी के लिए भर्ती गर्भवती महिलाओं और अन्य मरीजों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है। जर्जर भवन के कारण मरीजों और उनके परिजनों में लगातार चिंता का माहौल है।
वहीं अस्पताल के वैक्सीन स्टोरेज कक्ष की स्थिति भी बेहद खराब बताई जा रही है। स्टोरेज क्षेत्र में पानी भरा होने से वैक्सीन के सुरक्षित रखरखाव को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। यदि समय रहते आवश्यक सुधार नहीं किए गए तो भविष्य में गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
इस संबंध में अस्पताल के बीपीएम अनूप मनहर से जानकारी लेने पर उन्होंने बताया कि इस मामले से बीएमओ को अवगत करा दिया गया है और आगे की कार्रवाई उनके स्तर से की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि अस्पताल की जर्जर भवन व्यवस्था, महिला वार्ड और वैक्सीन स्टोरेज की स्थिति का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य कराया जाए, ताकि मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
