राहौद की नन्ही प्रतिभा रिद्धांशी ने बढ़ाया क्षेत्र का गौरव, बनी स्टेट लेवल अबेकस चैंपियन

मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर चांपा शिवरीनारायण/राहौद। छोटी उम्र में बड़ी उपलब्धि हासिल कर 9 वर्षीय रिद्धांशी साहू ने क्षेत्र का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। कक्षा तीसरी की छात्रा रिद्धांशी ने राज्य स्तरीय अबेकस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विजुअल कैटेगरी में चैंपियन का खिताब जीता, जबकि लिस्निंग प्रतियोगिता में प्रथम रनर-अप रही।
रायगढ़ के अग्रसेन धाम में आयोजित इस प्रतियोगिता में रिद्धांशी ने अपनी तेज गणनात्मक क्षमता और एकाग्रता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उसकी विशेष उपलब्धि यह है कि वह मात्र 10 मिनट में गणित के 200 प्रश्न हल करने की क्षमता रखती है, जो उसकी मेहनत और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।
रिद्धांशी ने जांजगीर की अबेकस प्रशिक्षक रेणुका शर्मा के मार्गदर्शन में ऑनलाइन प्रशिक्षण प्राप्त किया। माता-पिता विश्वा साहू और रिंकी साहू बताते हैं कि शुरुआत में वह गणित में सामान्य विद्यार्थियों की तरह थी, लेकिन नियमित अभ्यास और अबेकस प्रशिक्षण ने उसकी सोचने और गणना करने की क्षमता को काफी विकसित कर दिया। आज वह अपने से बड़ी कक्षाओं के विद्यार्थियों को भी गणित में कड़ी चुनौती देती है।

प्रशिक्षक रेणुका शर्मा के अनुसार, अबेकस प्रशिक्षण 6 से 13 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए बेहद लाभकारी है। सप्ताह में दो दिन ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से नौ स्तरों की विशेष प्रशिक्षण प्रणाली सिखाई जाती है, जिससे बच्चों की गणितीय दक्षता के साथ-साथ सुनने, समझने, याद रखने और लिखने की क्षमता में भी उल्लेखनीय सुधार होता है। फ्लैश कार्ड गतिविधियों और ब्रेन डेवलपमेंट एक्सरसाइज के जरिए बच्चों के मानसिक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।
रिद्धांशी की इस सफलता से परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। उसकी उपलब्धि अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है और यह साबित करती है कि लगन, मेहनत और सही मार्गदर्शन से छोटी उम्र में भी बड़ी सफलताएं हासिल की जा सकती हैं।
