*अवैध कोयला डंपिंग व डीजल तस्करी पर उठे सवाल*
*करही डीह अवैध कोयला एवं डीजल खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज*

मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर-चांपा:-। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करहीडीह में कथित रूप से अवैध कोयला डंपिंग एवं डीजल तस्करी के मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों के बीच यह मामला लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां भोला कुर्रे नामक व्यक्ति पर अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहने के आरोप लगाए जा रहे हैं। मामले को लेकर प्रशासन से त्वरित जांच एवं कठोर कार्रवाई की मांग उठने लगी है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम करहीडीह में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से कोयला डंप कर उसे आसपास संचालित ईंट भट्ठों तक सप्लाई किए जाने की शिकायत सामने आ रही है। आरोप है कि बिना वैधानिक अनुमति एवं नियमों का पालन किए कोयले का भंडारण एवं परिवहन किया जा रहा है, जिससे शासन के राजस्व को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
वहीं दूसरी ओर, संबंधित व्यक्ति पर अवैध डीजल तस्करी में भी संलिप्त होने के आरोप लगाए जा रहे हैं। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि इस प्रकार की गतिविधियां क्षेत्र में अवैध कारोबार को बढ़ावा देने के साथ-साथ कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी चुनौती बन सकती हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे मामलों पर सख्ती नहीं बरती गई तो अवैध कारोबार का दायरा और अधिक बढ़ सकता है। लोगों ने प्रशासन, खनिज विभाग, खाद्य विभाग एवं पुलिस प्रशासन से संयुक्त जांच कर पूरे मामले की निष्पक्ष पड़ताल करने की मांग की है।
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि अवैध कोयला कारोबार एवं डीजल तस्करी जैसे मामलों पर प्रभावी नियंत्रण आवश्यक है, ताकि क्षेत्र में नियम-कानून का पालन सुनिश्चित हो सके तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर शिकायत को कितनी गंभीरता से लेते हुए जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाता है और दोषी पाए जाने पर क्या कार्रवाई करता है।
(नोट: उपरोक्त समाचार प्राप्त आरोपों एवं स्थानीय चर्चाओं पर आधारित है। मामले की निष्पक्ष जांच एवं संबंधित पक्ष का पक्ष सामने आना शेष है।)
