विश्व शांति के लिए जांजगीर में ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन, 21 अप्रैल को 501 पार्थिव शिवलिंग निर्माण

मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर-चांपा। श्री राम भिक्षुक धर्म जागरण सेवा समिति के तत्वावधान में 21 अप्रैल को शहर के हाई स्कूल मैदान में एक भव्य और ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। इस आयोजन को लेकर शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में समिति के पदाधिकारियों ने विस्तृत जानकारी दी।
समिति के अनुसार, कार्यक्रम में 501 पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण कर भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन, जलाभिषेक और श्रृंगार किया जाएगा। यह आयोजन विश्व शांति, मानव कल्याण और सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से किया जा रहा है।
आयोजन में करीब 501 परिवारों की सहभागिता रहेगी। प्रत्येक परिवार से 2100 रुपये सहयोग राशि निर्धारित की गई है, जिसमें पूजन सामग्री से लेकर महाप्रसाद तक की संपूर्ण व्यवस्था समिति द्वारा की जाएगी। श्रद्धालु 50 ग्राम दूध अर्पित कर भगवान शिव का अभिषेक करेंगे।
पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण पवित्र मिट्टी से किया जाएगा और पूजन के बाद विधिपूर्वक उनका नदी में विसर्जन किया जाएगा। खास बात यह है कि इस पूजा में शामिल होने के लिए पति-पत्नी होना अनिवार्य नहीं है—परिवार के अन्य सदस्य भी एक साथ बैठकर पूजा कर सकते हैं।
आकर्षण और विशेष व्यवस्थाएं:
ड्रोन के माध्यम से पूरे परिसर में गुलाब जल का छिड़काव
सुरक्षा के लिए 4 दमकल वाहनों की तैनाती
श्रद्धालुओं को रुद्राक्ष वितरण
लगभग 5000 लोगों के लिए भव्य भंडारा (महाप्रसाद)
समिति ने बताया कि यह आयोजन पिछले वर्षों में बिलासपुर में सफलतापूर्वक आयोजित हो चुका है और अब पहली बार जांजगीर-चांपा में इतने बड़े स्तर पर किया जा रहा है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में धार्मिक जागरूकता, एकता और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करना है।
समिति ने सभी श्रद्धालुओं से इस पवित्र आयोजन में शामिल होकर विश्व शांति की कामना में सहभागी बनने की अपील की है।
