*टोल प्लाज़ा प्रबंधन ने सहयोग से किया इंकार, ‘राष्ट्रीय राजमार्ग वाहन चालक नेत्र परीक्षण सप्ताह’ पर संकट*

मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर-चांपा। जिले में 24 से 29 नवंबर 2025 तक मनाए जाने वाले “राष्ट्रीय राजमार्ग वाहन चालक नेत्र परीक्षण सप्ताह” कार्यक्रम पर बाधा उत्पन्न हो गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार कार्यक्रम अकलतरा स्थित टोल प्लाज़ा में आयोजित होना है, लेकिन वर्तमान टोल प्लाज़ा प्रबंधन ने किसी भी प्रकार का सहयोग देने से स्पष्ट मना कर दिया है।
स्वास्थ्य विभाग के लिए यह स्थिति तब और चिंताजनक हो गई है जब यह सामने आया कि पिछले कई वर्षों से पूर्व टोल प्लाज़ा प्रबंधन द्वारा ऐसे स्वास्थ्य कार्यक्रमों में पूर्ण सहयोग दिया जाता था। पूर्व प्रबंधन हर साल नेत्र परीक्षण शिविर के लिए टेंट, कुर्सी और टेबल सहित आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था करता रहा है। लेकिन इस बार नए प्रबंधन ने किसी भी प्रकार की सामग्री या व्यवस्थात्मक सहयोग देने से इनकार कर दिया है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले ट्रक, बस व अन्य वाहन चालकों के लिए नि:शुल्क नेत्र परीक्षण उपलब्ध कराना है, ताकि दृष्टि संबंधी समस्याओं से होने वाले सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। संसाधनों की कमी के कारण शिविर की तैयारी प्रभावित हो रही है।
विभागीय सूत्रों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो कार्यक्रम की गुणवत्ता पर असर पड़ सकता है।
हालांकि, स्वास्थ्य विभाग द्वारा अन्य विकल्पों पर भी विचार किया जा रहा है ताकि कार्यक्रम सुचारु रूप से संचालित हो सके और वाहन चालकों को आवश्यक सेवा उपलब्ध कराई जा सके।
