More

    *27% ओबीसी आरक्षण, जातीय जनगणना और संगठन विस्तार पर बड़ा फैसला, रायपुर में ओबीसी समाज की प्रदेश स्तरीय बैठक संपन्न*

    27% ओबीसी आरक्षण, जातीय जनगणना और संगठन विस्तार पर बड़ा फैसला, रायपुर में ओबीसी समाज की प्रदेश स्तरीय बैठक संपन्न


    रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समाज की प्रदेश स्तरीय कार्यकारिणी बैठक रविवार को रायपुर स्थित चंद्राकार समाज भवन में प्रदेश अध्यक्ष जगन्नाथ साहू की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश, संभाग, जिला, युवा एवं महिला प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों के साथ समाज के वरिष्ठजन एवं विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए।
    बैठक में गांव से लेकर प्रदेश स्तर तक सदस्यता अभियान को तेज करने और बस्तर से सरगुजा तक संगठन का विस्तार करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इसके लिए सभी संभागीय अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में नई कार्यकारिणी के गठन और संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
    बैठक में यह भी तय किया गया कि 18 अक्टूबर को रायपुर में प्रदेश स्थापना दिवस का भव्य आयोजन प्रदेश अध्यक्ष जगन्नाथ साहू के नेतृत्व में किया जाएगा।
    शासन को सौंपा जाएगा संयुक्त मांगपत्र
    प्रदेश कार्यकारिणी ने 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण, जातीय जनगणना और सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग एवं रायपुर संभाग से प्राप्त विभिन्न मांगों को शामिल करते हुए एक संयुक्त मांगपत्र तैयार कर राज्य शासन को सौंपने पर सर्वसम्मति जताई।
    महिला और युवा प्रकोष्ठ की सक्रिय भागीदारी
    बैठक में महिला एवं युवा प्रकोष्ठ की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों को संगठनात्मक जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। अंत में समाज को संगठित, मजबूत और अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।

    बैठक में प्रदेश अध्यक्ष जगन्नाथ साहू, विश्वकर्मा समाज के प्रदेश अध्यक्ष धनीराम विश्वकर्मा, प्रदेश महामंत्री कारियाराम दीवान, प्रदेश संरक्षक दिनेश चंद्राकर, शांतनु साहू और यशवंत आडिल के साथ बिलासपुर संभागीय अध्यक्ष श्री श्यामकार्तिक जायसवाल, रायपुर संभागीय अध्यक्ष प्रवीण साहू, दुर्ग संभागीय अध्यक्ष महेंद्र साहू, युवा एवं महिला प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों सहित प्रदेश, संभाग और जिला स्तर के अनेक पदाधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

    Trending News

    Technology