Home अन्य खबरे लगातार बारिश के बीच 24 घंटे से बाढ़ में फंसे यात्रियों के...

लगातार बारिश के बीच 24 घंटे से बाढ़ में फंसे यात्रियों के लिए मददगार बनी झलमला पुलिस

0
4

लगातार बारिश के बीच 24 घंटे से बाढ़ में फंसे यात्रियों के लिए मददगार बनी झलमला पुलिस।

*झलमला पुलिस ने कार सहित फंसे महिला-पुरुष यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।*

*पुलिस की तत्परता से यात्रियों ने ली राहत की सांस, सुरक्षित मण्डला रवाना।*

 कबीरधाम में चक्रवातीय मौसम सक्रिय होने एवं विगत दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने तथा मार्गों पर जलभराव की स्थिति निर्मित हो रही है। ऐसी परिस्थितियों में आमजन एवं राहगीरों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस टीमों द्वारा नदी-नालों में बाढ़ अथवा रास्ता अवरुद्ध होने की स्थिति में लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

इसी क्रम में दिनांक 25.09.2026 को मण्डला से रायपुर की ओर जा रहे यात्रियों का वाहन भोरमदेव अभ्यारण्य के बांधा गांव से झलमला जंगल के मध्य गुजरने वाले सड़क मार्ग पर बांधा नाला एवं कुकुरगुड़ा नाला के बीच बाढ़ के पानी के कारण फंस गया। वाहन में श्रीमती रिचा झां पति सुयश झां, शिक्षिका, श्री सुयश झां पति स्व. छेमेन्द्र झां, ट्रांसपोर्टर, निवासी मण्डला शहर तथा श्री संदीप पिता रमेश शुक्ला, निवासी मण्डला सवार थे।

लगातार बारिश के कारण आगे एवं पीछे दोनों नालों में बाढ़ का पानी बढ़ जाने से यात्रियों का वाहन सड़क मार्ग के बीच फंस गया। यात्रियों द्वारा स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कंट्रोल रूम कवर्धा को मोबाइल के माध्यम से सूचना दी गई। सूचना प्राप्त होते ही थाना झलमला पुलिस टीम द्वारा बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की कार्यवाही प्रारंभ की गई।

थाना झलमला प्रभारी एवं टीम द्वारा मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने परिस्थितियों का सावधानीपूर्वक आकलन करते हुए यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई और आज दिनांक 26.09.2026 को प्रातः लगभग 11.00 बजे यात्रियों को उनके वाहन सहित सुरक्षित रूप से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से बाहर निकाला।

लगभग 24 घंटे तक बाढ़ के पानी के बीच मार्ग खुलने का इंतजार कर रहे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाले जाने के बाद बड़ी राहत मिली। पुलिस की तत्परता एवं संवेदनशील सहयोग से सभी यात्री सुरक्षित रहे और इसके पश्चात अपने वाहन से मण्डला के लिए रवाना हुए।

यात्रियों द्वारा संकट की घड़ी में समय पर सहायता पहुंचाने एवं सुरक्षित बाहर निकालने के लिए झलमला पुलिस के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पुलिस टीम को बधाई दी गई।

*कबीरधाम पुलिस — कठिन परिस्थितियों में भी आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर।*

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here