More

    *जबलपुर नर्मदा किनारे अवैध रेत खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई; भारी मात्रा में रेत नष्ट*

    *जबलपुर नर्मदा किनारे अवैध रेत खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई; भारी मात्रा में रेत नष्ट*

    ​जबलपुर। जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने नर्मदा नदी के तटीय क्षेत्रों में अवैध रूप से संचालित हो रहे रेत खनन के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मामले की जानकारी देते हुए जबलपुर के एसडीएम अभिषेक सिंह ठाकुर ने बताया कि कलेक्टर महोदय के विशेष निर्देशों के तहत नर्मदा किनारे अवैध खनन गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में जैसे ही टीम को अवैध रेत भंडारण की गुप्त सूचना प्राप्त हुई, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सघन चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान वहां भारी मात्रा में रेत के अवैध भंडार पाए गए, जिन्हें टीम द्वारा तुरंत मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

    ​एसडीएम अभिषेक सिंह ठाकुर ने आगे बताया कि यह कार्रवाई जबलपुर तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम ‘पहोरी’ में की गई, जहां से लगभग 3 से 4 डंपर रेत के अवैध स्टॉक को नष्ट किया गया है। हालांकि, इस छापेमारी के दौरान मौके से कोई नाव या डंपर जैसी मशीनरी बरामद नहीं हुई है। अवैध खनन के इस खेल में शामिल कुछ संदिग्धों के नाम प्रशासन के सामने आए हैं, जिनकी फिलहाल बारीकी से पुष्टि की जा रही है। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि जैसे ही इन नामों की सत्यता प्रमाणित हो जाएगी, दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने यह भी दोहराया कि भविष्य में भी ऐसी सूचनाएं मिलने पर सख्त जब्ती और नष्टीकरण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। जबलपुर से जिला ब्योरो पंकज जैन की रिपोर्ट

    Trending News

    Technology