*कोटमीसोनार क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश, जांच की मांग*

मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर-चांपा :-जिले के कोटमीसोनार पुलिस सहायता केंद्र अंतर्गत आने वाले ग्राम पोड़ी दल्हा, पिपरस्ती एवं कोटमीसोनार क्षेत्र में कथित रूप से अवैध शराब और गांजा बिक्री की शिकायत सामने आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार संचालित हो रहा है, जिससे युवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और सामाजिक माहौल भी प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों ने शैलेश भट्ठे, बृजेश, संतोष बरेठ सहित कुछ अन्य व्यक्तियों के नामों का उल्लेख करते हुए मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र में नशे का दुष्प्रभाव और बढ़ सकता है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि कुछ पुलिस कर्मियों की मिलीभगत से अवैध कारोबार को संरक्षण मिल रहा है। हालांकि इस संबंध में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूत्रों के हवाले से यह भी दावा किया जा रहा है कि दो आरक्षकों द्वारा कथित रूप से वसूली किए जाने की शिकायत सामने आई है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, पुलिस विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।
