*किसानों को शासकीय दर पर उपलब्ध कराया गया यूरिया, कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई*

मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर-चांपा:-, 9 जून 2026। किसानों को निर्धारित शासकीय दर पर खाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई है। उप संचालक कृषि राकेश शर्मा के नेतृत्व में जांजगीर स्थित मैसर्स नानकचंद नंद किशोर उर्वरक विक्रय परिसर में निरीक्षण के दौरान यूरिया खाद की बिक्री शासकीय निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर किए जाने का मामला सामने आया।
जानकारी के अनुसार, 2 जून 2026 को उप संचालक कृषि स्वयं किसान बनकर दुकान पहुंचे और पाया कि शासकीय दर 266.50 रुपये प्रति बोरी के स्थान पर यूरिया 850 रुपये प्रति बोरी की दर से बेचा जा रहा था। शिकायत की पुष्टि होने पर विभाग ने संबंधित उर्वरक भंडार में उपलब्ध यूरिया खाद को तत्काल जब्त कर लिया।
खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को खाद की कमी न हो और उन्हें उचित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध हो सके, इसके लिए विभाग ने जब्त किए गए यूरिया का वितरण मंगलवार को शासकीय दर 266.50 रुपये प्रति बोरी में किया। वितरण के दौरान लघु, सीमांत एवं मध्यम किसानों को प्राथमिकता दी गई तथा उनकी कृषि भूमि के रकबे के आधार पर खाद उपलब्ध कराया गया।
उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने बताया कि खरीफ सीजन के मद्देनजर किसानों को खाद की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करने और उर्वरकों की कालाबाजारी तथा अधिक मूल्य पर बिक्री पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग लगातार निगरानी एवं कार्रवाई कर रहा है।
उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए भविष्य में भी ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
