More

    *अकलतरा में पुलिस का जागरूकता अभियान, 150 विद्यार्थियों व आमजनों को दी साइबर सुरक्षा की जानकारी*

    अकलतरा में पुलिस का जागरूकता अभियान, 150 विद्यार्थियों व आमजनों को दी साइबर सुरक्षा की जानकारी

    मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल अरेस्ट, नए कानून, महिला सुरक्षा एवं यातायात नियमों को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस ने थाना अकलतरा क्षेत्र के सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल सहित गायत्री स्कूल कटनई, भगत सिंह पब्लिक स्कूल एवं वेल विशर फाउंडेशन में कार्यक्रम आयोजित कर करीब 150 विद्यार्थियों एवं आमजनों को जागरूक किया। इस दौरान ऑनलाइन फार्म भी भरवाए गए।
    पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा श्री विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क एवं श्री उदयन बेहार तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए।
    कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं आमजनों को साइबर फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट से बचाव के संबंध में समझाइश दी गई। पुलिस ने बताया कि ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाता संबंधी जानकारी, एटीएम/डेबिट-क्रेडिट कार्ड की जानकारी एवं अन्य गोपनीय विवरण किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। अनजान लिंक, संदिग्ध फाइल और फर्जी वेबसाइट से सावधान रहने की भी अपील की गई।
    पुलिस ने समझाया कि किसी भी व्यक्ति द्वारा फोन पर पुलिस अधिकारी, सीबीआई, ईडी या अन्य सरकारी अधिकारी बनकर डराने अथवा डिजिटल अरेस्ट की बात करने पर घबराएं नहीं और अपनी निजी अथवा बैंकिंग जानकारी साझा न करें। साथ ही महिला सुरक्षा, नए आपराधिक कानूनों एवं यातायात नियमों का पालन करने के लिए भी जागरूक किया गया।
    पुलिस ने विद्यार्थियों और आम नागरिकों से साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की अपील की। अभियान का उद्देश्य लोगों को साइबर ठगी के नए तरीकों से अवगत कराकर सुरक्षित एवं जागरूक डिजिटल समाज का निर्माण करना है।

    Trending News

    Technology