*अकलतरा में गहराया जल संकट, पानी के लिए रातभर जागने को मजबूर नगरवासी*

मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर-चांपा:- जिले के अकलतरा नगर पालिका क्षेत्र में भीषण गर्मी और लगातार गिरते जल स्तर के कारण पेयजल संकट गहरा गया है। हालात ऐसे बन गए हैं कि नगरवासियों को पानी के लिए रात-रात भर जागना पड़ रहा है, इसके बावजूद कई घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार नलों में पानी केवल 10 से 20 मिनट के लिए ही आ रहा है, जिससे सभी परिवारों को जरूरत के अनुसार पानी नहीं मिल पा रहा है। पानी की कमी के कारण लोगों को दैनिक कार्यों में भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नगरवासियों का कहना है कि पानी की समस्या अब अस्थायी नहीं बल्कि गंभीर रूप ले चुकी है। लगातार रातभर जागकर पानी भरने की मजबूरी से लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और कई लोग बीमार पड़ रहे हैं।
अकलतरा नगर के लगभग सभी वार्डों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी जल संकट की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है ताकि लोगों को राहत मिल सके और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचा जा सके
क्षेत्रवासियों का कहना है कि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में जल संकट और भी गंभीर हो सकता है।
