सेवा संकल्प अभियान के तहत लोरमी में लगातार 9वें दिन चला स्वच्छता अभियान

सेवा संकल्प अभियान के तहत लोरमी में लगातार 9वें दिन चला स्वच्छता अभियान

*पेंशनर संघ, मनियारी क्रिकेट क्लब सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने बढ़-चढ़कर निभाई सहभागिता*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली// सेवा संकल्प अभियान के घटक “स्वच्छता ही सेवा” के अंतर्गत नगर पालिका लोरमी द्वारा नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से लगातार स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज अभियान के नौवें दिन शुभ पेट्रोल पंप से श्री राम गार्डन तक व्यापक स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। स्वच्छता अभियान में नगर के विभिन्न सामाजिक एवं युवा संगठनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए श्रमदान किया। इस दौरान पेंशनर संघ, मनियारी क्रिकेट क्लब, राजपूत युवा ग्रुप मंझगांव तथा मां महामाया गणेश उत्सव समिति रानीगांव के सदस्यों ने अभियान में शामिल होकर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

अभियान में नगर पालिका अध्यक्ष श्री सुजीत वर्मा सहित नगर पालिका की पूरी टीम ने सक्रिय रूप से सहभागिता की। सभी ने मिलकर सड़क किनारे एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई करते हुए लोगों को सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने के लिए प्रेरित किया। लगातार नौ दिनों से संचालित स्वच्छता अभियान से लोरमी नगर में जनभागीदारी आधारित स्वच्छता की भावना मजबूत हो रही है। सामाजिक संगठनों, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं नगर पालिका के सामूहिक प्रयास से स्वच्छता को लेकर सकारात्मक वातावरण तैयार हो रहा है। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित यह पहल केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को स्वच्छता को अपनी दैनिक जिम्मेदारी और सामाजिक दायित्व के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है। नगर पालिका द्वारा विभिन्न वर्गों को साथ जोड़कर चलाए जा रहे अभियान से “स्वच्छ नगर, सुंदर नगर” के संकल्प को नई गति मिल रही है।

Trending News

Technology