*ब्लूप्रिंट के अनुरूप तैयारी, नियमित अभ्यास एवं सतत मूल्यांकन पर दिया गया जोर*

तीजराम साहू ब्यूरो मुंगेली—- आगामी वर्ष 2027 की वार्षिक परीक्षाओं में विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को बीआरसी भवन मुंगेली में विकासखंड स्तरीय विषय विशेषज्ञों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. मोहन लाल पटेल के मार्गदर्शन तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी विमित्रा धृतलहरे एवं बीआरसीसी सूर्यकांत उपाध्याय की उपस्थिति में संपन्न हुई।
बैठक में वर्ष 2027 की वार्षिक परीक्षाओं में विद्यार्थियों के बेहतर प्रदर्शन के लिए विषयवार शैक्षणिक रणनीति एवं कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। विषय विशेषज्ञों ने संबंधित विषयों के ब्लूप्रिंट के अनुसार प्रश्नों के स्वरूप, अंक विभाजन, महत्वपूर्ण अध्यायों एवं परीक्षा की तैयारी के प्रभावी तरीकों पर विचार-विमर्श किया। बैठक में विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों में सुधार, परीक्षा संबंधी कठिनाइयों को दूर करने तथा उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम प्राप्त करने के लिए सामूहिक प्रयासों पर विशेष जोर दिया गया। विषय विशेषज्ञों को निर्देशित किया गया कि वे विद्यार्थियों को ब्लूप्रिंट के अनुरूप व्यवस्थित तैयारी कराएं तथा कठिन विषयों एवं महत्वपूर्ण प्रश्नों पर विशेष ध्यान दें। इसके साथ ही विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई, निरंतर अभ्यास, लिखित कार्य, मॉडल प्रश्नपत्रों के अभ्यास तथा समय-समय पर मूल्यांकन के माध्यम से उनकी शैक्षणिक दक्षता बढ़ाने पर बल दिया गया। विषय विशेषज्ञों से कहा गया कि विद्यार्थियों की विषयवार कमजोरियों को चिन्हांकित कर उनके निराकरण के लिए आवश्यक शैक्षणिक गतिविधियां संचालित की जाएं। शिक्षा विभाग द्वारा आशा व्यक्त की गई कि विषय विशेषज्ञों के आपसी समन्वय, शिक्षकों के समर्पित प्रयास एवं विद्यार्थियों की नियमित मेहनत से जिले के वार्षिक परीक्षा परिणाम में सकारात्मक सुधार आएगा और शैक्षणिक गुणवत्ता को नई दिशा मिलेगी। बैठक में संस्कृत विषय विशेषज्ञ डॉ. रामबाबू मिश्र, अंग्रेजी विषय विशेषज्ञ रूही फातिमा, विक्रम सिंह ठाकुर, ज्योति राय, मोहन उपाध्याय, हिंदी विषय विशेषज्ञ संगीता सिंह, फनेंद्र राय, आशीष सिंह, उर्मिला देवांगन, बुद्धेश्वर उपाध्याय, गोविंद पांडेय, शिवशंकर नेताम, राहुल वर्मा, दत्ता मैडम सहित सभी विषय विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

