Home अन्य खबरे रेडक्रॉस के जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सीखी स्वास्थ्य और...

रेडक्रॉस के जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सीखी स्वास्थ्य और प्राथमिक उपचार

0
4

रेडक्रॉस के जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सीखी स्वास्थ्य और प्राथमिक उपचार

*एचआईवी, एड्स से बचाव, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया और मानव सेवा के मूल्यों पर दिया प्रशिक्षण*

 मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली,// सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के तत्वावधान में जिले के अमोरा स्थित नवीन महाविद्यालय परिसर में स्वास्थ्य जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सुरक्षा, प्राथमिक उपचार, आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों तथा मानव सेवा के मूल्यों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.एन. धुर्वे के मार्गदर्शन में हुआ। इस अवसर पर रेड रिबन क्लब की समन्वयक श्रीमती अंजू कोशले, रेड रिबन क्लब सदस्य श्री सूर्यकांत चेलकर एवं श्री जितेंद्र साहू उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के उद्देश्यों, कार्यों एवं समाज में उसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि दुर्घटना या आपातकालीन स्थिति में समय पर दिया गया प्राथमिक उपचार किसी व्यक्ति के जीवन की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को प्राथमिक उपचार की सामान्य जानकारी होना आवश्यक है। कार्यक्रम में एचआईवी/एड्स जागरूकता पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। आईसीटीसी तखतपुर के परामर्शदाता श्री माजिद अली ने विद्यार्थियों को एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों एवं उपलब्ध उपचार सेवाओं के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने एचआईवी से प्रभावित व्यक्तियों के प्रति सकारात्मक, संवेदनशील एवं मानवीय व्यवहार अपनाने पर जोर दिया। साथ ही एचआईवी से जुड़ी भ्रांतियों एवं सामाजिक कलंक को दूर करने और वैज्ञानिक एवं तथ्यपरक जानकारी को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई।

प्रशिक्षण सत्र में स्वास्थ्य सुरक्षा, प्राथमिक उपचार तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं उचित प्रतिक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और आवश्यकता पड़ने पर आसपास के लोगों की मदद करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि जागरूकता का उद्देश्य केवल जानकारी प्राप्त करना नहीं, बल्कि युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी, सेवा भावना और मानवता के मूल्यों को मजबूत करना भी है। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के मूल उद्देश्य मानव सेवा की भावना से विद्यार्थियों को जरूरतमंदों की सहायता करने तथा समाज में स्वास्थ्य एवं जागरूकता का संदेश प्रसारित करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। महाविद्यालय प्रशासन, रेड रिबन क्लब एवं रेडक्रॉस से जुड़े पदाधिकारियों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here