More

    *भाजपा नेता अमर सुल्तानिया पर अवैध उत्खनन का आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की शिकायत*

    भाजपा नेता अमर सुल्तानिया पर अवैध उत्खनन का आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की शिकायत

    पिंकी कश्यप संपादक रायपुर अकलतरा। जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुड़पार के ग्रामीणों ने भाजपा नेता अमर सुल्तानिया के खिलाफ जिला कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर रामसागर जलाशय से अवैध मुरुम उत्खनन कराने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि जलाशय से निकाली जा रही मुरुम का उपयोग मुड़पार में निर्माणाधीन श्री श्याम एथेनाल एंड स्प्रीट लिमिटेड फैक्ट्री में कराया जा रहा है।
    ग्रामीणों के अनुसार, इस मामले की शिकायत पूर्व में 9 जनवरी 2026 को अकलतरा एसडीएम सुमित बघेल से भी की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर अब जिला कलेक्टर से हस्तक्षेप की मांग की गई है।
    शिकायत में ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले रात करीब 10 बजे जब वे रामसागर जलाशय पहुंचे, तब वहां एक चेन माउंटेन मशीन और तीन हाइवा वाहनों के जरिए मुरुम निकाली जा रही थी। ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर स्वयं अमर सुल्तानिया मौजूद थे। ग्रामीणों ने जब इसका विरोध किया तो कथित रूप से उन्हें धमकाया गया। शिकायत में कहा गया है कि अमर सुल्तानिया ने स्वयं को मुख्यमंत्री का करीबी बताते हुए ग्रामीणों को झूठे मामलों में फंसाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
    ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि तिलई से मुड़पार तक बनी बीएमडब्ल्यू सड़क भारी वाहनों के लगातार आवागमन से खराब हो चुकी है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
    ग्रामवासियों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध उत्खनन पर कार्रवाई करने की मांग की है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है।
    इस मामले में जब भाजपा नेता अमर सुल्तानिया से पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। वहीं अकलतरा एसडीएम सुमित बघेल से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। ग्रामीणों का आरोप है कि एसडीएम के संरक्षण में यह कार्य संचालित हो रहा है।

    Trending News

    Technology