जाबो’ कार्यक्रम के तहत फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण का व्यापक अभियान
*18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवा मतदाता सूची में जुड़वा सकेंगे नाम*
*23 अक्टूबर से दावा-आपत्तियां, 30 नवंबर को होगा निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन*

मुकेश साहू ब्यूरो मुंगेली, // नगरपालिकाओं तथा त्रिस्तरीय पंचायतों के आगामी आम/उप निर्वाचन 2026 को ध्यान में रखते हुए ‘जाबो’ (जागव वोटर) कार्यक्रम के तहत फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने एवं पुनरीक्षण कार्य का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य निर्वाचक नामावली को अधिक से अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना तथा पात्र नागरिकों की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहभागिता सुनिश्चित करना है। छत्तीसगढ़ में स्थानीय निर्वाचन के लिए ‘जाबो’ कार्यक्रम के माध्यम से मतदाता जागरूकता एवं जनभागीदारी पर पहले भी विशेष जोर दिया जाता रहा है।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 01 अक्टूबर 2026 की संदर्भ तिथि के आधार पर निर्वाचक नामावली तैयार की जाएगी। ऐसे युवा, जिन्होंने 01 अक्टूबर 2026 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, वे संबंधित नगरीय निकाय अथवा ग्रामीण निकाय की निर्वाचक नामावली में अपना नाम जुड़वाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं। वहीं पूर्व से दर्ज मतदाता अपने नाम, पता अथवा अन्य प्रविष्टियों की जांच कर आवश्यक संशोधन भी करा सकते हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर 2026 से 30 अक्टूबर 2026 तक निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन एवं दावा-आपत्तियां प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू होगी। दावा एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने की निर्धारित अवधि में नागरिक अपने नाम अथवा निर्वाचक नामावली से संबंधित प्रविष्टियों की जांच कर आवश्यक कार्यवाही कर सकते हैं। प्राप्त दावा एवं आपत्तियों का नियमानुसार निराकरण करने के बाद परिवर्धन, संशोधन एवं विलोपन से संबंधित प्रकरणों की प्रविष्टियां सॉफ्टवेयर में दर्ज की जाएंगी। इसके पश्चात चेकलिस्ट एवं अनुपूरक सूची तैयार कर अंतिम प्रक्रिया पूरी की जाएगी। निर्धारित समय-सारणी के अनुसार सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को किया जाएगा।

