जन्मदिन के पोस्टरों से सड़कों पर हादसों का खतरा, क्या किसी बड़े हादसे के इंतजार में बैठा है नगर निगम?

जन्मदिन के पोस्टरों से सड़कों पर हादसों का खतरा, क्या किसी बड़े हादसे के इंतजार में बैठा है नगर निगम?

राकेश खरे ब्यूरो बिलासपुर में एक बार फिर सड़कों के बीच लगे जन्मदिन के बैनर-पोस्टरों का दौर शुरू हो गया है। शहर के प्रमुख मार्गों पर बिजली के खंभों और सड़क के बीचोंबीच लगाए जा रहे ये पोस्टर अब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। कुछ वर्ष पहले भी जन्मदिन के बैनर से टकराकर एक बाइक सवार की दुर्घटना में मौत हो चुकी है, इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग ने उस घटना से कोई सबक नहीं लिया। मौजूदा स्थिति यह है कि सड़क के बीच लगे खंभों पर पोस्टर इस तरह लगाए जा रहे हैं कि जब वहां से बड़े वाहन गुजरते हैं तो हवा के दबाव से पोस्टर हिलने लगते हैं। ऐसे में पीछे से आने वाले दोपहिया वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ सकता है और कोई बड़ा हादसा हो सकता है। सवाल यह है कि आखिर सार्वजनिक सड़कों और खंभों पर इस तरह पोस्टर लगाने की अनुमति किसने दी? नगर निगम का अतिक्रमण अमला आखिर क्या कर रहा है? क्या शहर की सड़कों पर लोगों की सुरक्षा से ज्यादा जरूरी जन्मदिन के प्रचार-प्रसार के ये पोस्टर हो गए हैं? हैरानी की बात यह है कि नगर निगम का अतिक्रमण अमला समय रहते ऐसे पोस्टरों को हटाने के बजाय किसी दुर्घटना के बाद ही सक्रिय होता दिखाई देता है। क्या निगम के जिम्मेदार अधिकारी फिर किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं? यदि इन पोस्टरों की वजह से कोई वाहन चालक दुर्घटना का शिकार होता है, तो केवल पोस्टर लगवाने वालों की ही नहीं, बल्कि समय रहते कार्रवाई नहीं करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। शहर की सड़कों पर लोगों की जान जोखिम में डालने वाले इस तरह के पोस्टरों पर तत्काल कार्रवाई जरूरी है, वरना हादसे के बाद जांच और कार्रवाई का वही पुराना सिलसिला फिर शुरू होगा।

Trending News

Technology