ग्राम कटघरी जलाशय में रिसाव से बढ़ा खतरा, जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

मनोज साहू ब्यूरो जांजगीर चांपा कटघरी/अकलतरा। जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा तहसील अंतर्गत ग्राम कटघरी स्थित जलाशय में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच पानी का रिसाव होने से खतरे की स्थिति बनी हुई है। जलाशय के आसपास के ग्रामीणों में भी संभावित खतरे को लेकर चिंता बढ़ गई है।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2023 में तत्कालीन कलेक्टर ऋचा प्रकाश ने जलाशय का निरीक्षण कर बांध की उचित मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्य कराने के लिए संबंधित विभाग को दिशा-निर्देश दिए थे। लेकिन करीब चार वर्ष बीतने के बावजूद ग्रामीणों के अनुसार बांध की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
ग्रामीणों का कहना है कि बांध के ऊपर केवल मिट्टी डालकर काम चलाऊ व्यवस्था की गई। वर्तमान में लगातार बारिश के कारण जलाशय में पानी का दबाव बढ़ने से रिसाव की स्थिति फिर गंभीर हो गई है। एहतियात के तौर पर जेसीबी की मदद से जलाशय का पानी बाहर निकाला जा रहा है, ताकि जलस्तर कम किया जा सके।
रिसाव वाले स्थान पर बोरियों में मिट्टी भरकर अस्थायी रूप से रोकथाम का प्रयास किया गया है, लेकिन इसके बावजूद पानी का रिसाव जारी रहने की बात सामने आ रही है। इससे ग्रामीणों को बांध की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
ग्रामीणों ने कोटमी सोनार के कर्रा नाला जलाशय की पूर्व में हुई घटना का हवाला देते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं से सबक लेते हुए जलाशयों की समय रहते जांच और स्थायी मरम्मत जरूरी है। उनका कहना है कि किसी बड़ी घटना का इंतजार करने के बजाय सिंचाई विभाग और प्रशासन को तत्काल जलाशय की तकनीकी जांच कराकर आवश्यक सुरक्षा एवं मरम्मत कार्य कराना चाहिए।
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं सिंचाई विभाग से मांग की है कि कटघरी जलाशय की तत्काल विशेषज्ञों से जांच कराई जाए, रिसाव के कारणों का स्थायी समाधान किया जाए और बांध की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि बारिश के दौरान किसी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
ग्रामीणों का सवाल है—क्या किसी बड़ी घटना के बाद ही प्रशासन और संबंधित विभाग की नींद खुलेगी?
